बुधवार, 9 जुलाई 2025

आज 09 जुलाई ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 09: 07 :: 2025, बुधवार

09 जुलाई 2025 : आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि और बुधवार दिन है। आज दिन की शुरुआत विशेष योगों और नक्षत्र के प्रभाव के साथ होगी। आज धार्मिक कार्यों और निर्णयों के लिए शुभता को ध्यान में रखकर समय चुनना लाभदायक रहेगा। आज रवि योग बन रहा है और साथ ही भद्रा का भी साया रहेगा। आज चतुर्दशी तिथि देर रात 1 बजकर 37 मिनट तक रहेगी। वहीं, रात 10 बजकर 9 मिनट तक ब्रह्म योग रहेगा। साथ ही पूरा दिन पूरी रात पार कर के भोर 4 बजकर 50 मिनट तक मूल नक्षत्र रहेगा।

आज बुधवार दिन है। बुधवार बुद्धि और व्यापार के कारक ग्रह बुध से शुरू होता है। आज वार के हिसाब से आप बुधवार का व्रत रख सकते हैं, जो गणेश जी को समर्पित होता है। इस दिन बुद्धि के दाता गणेश जी की पूजा आराधना करने से जीवन में सकारात्मकता आएगी और बुद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होगा। गणेश जी की आराधना करने से जीवन की परेशानियों से निकलने की बुद्धि खुलती है और व्यापार में लाभ के रास्ते मिलते हैं।बुधवार के दिन भगवान गणेश और भगवान बुध को प्रसन्न करने के लिए कई उपाय किए जा सकते हैं। सबसे पहले सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और फिर गणेश मंदिर में जाकर भगवान गणेश की पूजा करें। उन्हें हरी मूंग और दूर्वा चढ़ाएं। इसके अलावा, आप गणेश मंत्र का जाप भी कर सकते हैं। बुधवार के दिन गणेश एवं बुध की पूजा करने से बुद्धि और विद्या में वृद्धि होती है। साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि आती है।  आज सूर्य देव मिथुन राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा धनु राशि में रहेंगे।



आज का पंचांग:  09 जुलाई 2025, दिन : बुधवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       शक संवत : 1947     ऋतु :  वर्षा मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  शुक्ल पक्ष         सूर्योदय : 05: 30 AM, सूर्यास्त : 07: 22 PM    तिथि : चतुर्दशी 01:37 AM तक उपरांत पूर्णिमा   नक्षत्र : मूल 04:49 AM तक उपरांत पूर्वाषाढ़ा   राहुकाल : 12:26 PM से 02:10 PM तक     चन्द्रमा : धनु राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : बुधवार व्रत,भगवान गणेश पुजन दिवस



आज :: 09 :: 07 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। परिवार के सदस्यों की मदद से आपके निजी काम भी काफी हद तक पूरे हो जाएंगे। महिलाओं को आज अपने लिए आवाज उठाने की जरूरत है। विवाहित लोगों के लिए दिन सामान्य रहेगा। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आपको पैसे कमाने के नए रास्ते दिखेंगे। व्यापारिक गतिविधियां बेहतरीन रहेंगी। व्यापार में किसी तरह का बदलाव लाने की जरूरत है। आप किसी प्रोजेक्ट रिसर्च पर काम कर सकते हैं। किसी खास व्यक्ति की मदद से आपका रुका हुआ काम आगे बढ़ सकता है।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज आप ऊर्जावान महसूस करेंगे। सितारे कहते हैं कि आज आपको परिवार या संपर्क में किसी बुजुर्ग की मदद करनी होगी। घरेलू जीवन में आपका जीवनसाथी आपको कोई अच्छी बात बताएगा। एकतरफा प्यार आपको निराश कर सकता है। आज आपका लकी नंबर 8 है। आर्थिक रूप से आप अच्छा कर रहे हैं। घरेलू खरीदारी में सुविधा से ज्यादा खर्च न करें। व्यापार की बात करें तो कारोबारियों को नेटवर्क बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। सरकारी विभागों में कार्यरत लोगों को गुप्त कार्यों में गंभीरता बरतनी होगी।



मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : आज आपके लिए तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। बड़ों और सज्जनों का आदर करने में अग्रणी रहें। महिलाएं अपने व्यक्तित्व को निखारने पर विशेष ध्यान देंगी। किसी का सकारात्मक व्यक्तित्व आपमें उत्साहवर्धक बदलाव लाने वाला है। इस राशि के नवविवाहित लोगों के लिए आज का दिन खुशनुमा रहने वाला है। लवमेट के रिश्ते में कुछ अनबन हो सकती है। आज आपका शुभ अंक 4 है। विदेश में व्यापार करने के योग बन रहे हैं। जब तक कोई सहकर्मी आपको चुनौती देने की कोशिश नहीं करता, तब तक काम थोड़ा उबाऊ रहेगा। सरकारी अधिकारियों को कुछ अपेक्षाएं हो सकती हैं।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)) : आज का दिन आपके लिए किस्मत का साथ देने वाला है। आज आपको महसूस हो सकता है कि किसी व्यक्ति के प्रति बढ़ता आकर्षण केवल एकतरफा है। दांपत्य जीवन में उचित सामंजस्य बना रहेगा। गुप्त नवरात्रि में मां दुर्गा के सामने कपूर जलाएं, आपके लिए शुभ रहेगा। आज आपका लकी रंग नारंगी है। आज आपका लकी नंबर 6 है। आर्थिक रूप से आप पहले से काफी बेहतर कर रहे हैं। प्रॉपर्टी या पैसों के लेन-देन को लेकर बहुत सावधान रहें। बिजनेस में कोई जरूरी काम आसानी से पूरा हो जाएगा। आपके बच्चे को नई नौकरी मिल सकती है। सरकारी कर्मचारियों के रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं।



सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज आप घर में नवीनीकरण और सजावट से जुड़े बदलाव करेंगे। शादीशुदा लोगों का घरेलू जीवन काफी अच्छा रहेगा। आज आपका लकी नंबर 11 है। आज आप अपने पार्टनर के साथ आगे बढ़ने के बारे में सोचेंगे।अगर आप अपनी मौजूदा भूमिका में अटके हुए महसूस करते हैं, तो नए रास्ते पर विचार करें। आर्थिक रूप से यह एक बेहतर विकल्प हो सकता है। आधिकारिक काम आसानी से पूरे होंगे। बिजनेस में आपके कुछ दुश्मन आपके खिलाफ कोई नई साजिश रच सकते हैं, सावधान रहें।



कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : आज आप कोई नया सृजन शुरू कर सकते हैं। गृहणियां आज घर में कुछ बदलाव लाने के लिए उत्सुक नजर आ सकती हैं। किसी बचपन के मित्र से भी आपकी मुलाकात हो सकती है। पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़ेगा। प्रेम संबंधों के मामले में आप भाग्यशाली रहेंगे। आज आपका शुभ अंक 2 है। आज आप दूसरों को सलाह देकर भी धन प्राप्त कर सकते हैं। आपकी योग्यता और मेहनत में कोई कमी नहीं है। आपके मिलनसार और प्रभावशाली व्यक्तित्व के कारण कोई डील मिलने में आसानी होगी।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज आपका भाग्य अच्छा रहने वाला है। परिवार में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। घर की साज-सज्जा में आपको अपने भाई-बहनों का पूरा सहयोग मिलेगा। विवाहित लोगों को अपने गृहस्थ जीवन का ध्यान रखना चाहिए। प्रेम जीवन जी रहे लोग रिश्ते में सच्चाई को महत्व देंगे। आज आपका शुभ अंक 8 है। आज आजीविका के क्षेत्र में अच्छी वृद्धि होगी। व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए दूसरों से उधार लेकर व्यापार न बढ़ाएं। किसी भी संपत्ति का सौदा बहुत सावधानी से करें। कार्यस्थल पर नए विचार लाने का प्रयास करें।



वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) : आज आपका दिन अनुकूल रहेगा। पारिवारिक स्तर पर मिली कोई अच्छी खबर आपकी मानसिक स्थिति को उत्तेजित रखेगी। अपने स्वार्थ के लिए किसी बच्चे को दूसरे के खिलाफ भड़काने से बचें। आपकी सलाह किसी जरूरतमंद के लिए कारगर साबित होगी। आप अपने जीवनसाथी के साथ धार्मिक कार्यों में ध्यान लगाएंगे। प्रेम जीवन में आपके लिए कोई बहुत सनसनीखेज खबर आ सकती है। आज आपका शुभ अंक 6 है। आज रियल एस्टेट में निवेश करने से पहले अच्छी तरह सोच लें। अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं को क्रियान्वित करने का यह सही समय है। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी बदलने से पहले उसके बारे में उचित जानकारी प्राप्त कर लें। सैन्य विभाग से जुड़े लोगों को धैर्य बनाए रखना होगा।



धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : आज आपका दिन काफी हद तक ठीक रहेगा। काम के साथ-साथ घर के कामों में हाथ बंटाने से घर का माहौल उचित बना रहेगा। रिश्तों में आ रही छोटी-छोटी नकारात्मक बातों को नजरअंदाज करें। आज आर्थिक रूप से आपको अपनी संपत्ति बढ़ाने का कोई बड़ा अवसर मिलने की संभावना है। आप नया घर, मकान, वाहन आदि खरीदने की योजना बना सकते हैं। आज व्यापार में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें। रोजगार की दिशा में काम कर रहे लोगों को आज कोई ऐसी जानकारी मिलेगी, जिससे वे प्रसन्न होंगे।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी) : आज जरूरतमंदों को भोजन दान करें। घर के महत्वपूर्ण निर्णयों में आपकी राय काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। आपको ऐसे लोगों से बचना चाहिए, जो आपसे कोई काम निकलवाना चाहते हैं। अगर आप अविवाहित हैं, तो आज कोई आपका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेगा। अगर आपके जीवनसाथी को आपके सहयोग की जरूरत है, तो उनका सहयोग जरूर करें। आज आपका लकी नंबर 6 है। अगर आप साझेदारी में काम कर रहे हैं, तो लेन-देन में उदारता बरतें। कार्यक्षेत्र में आप जो काम खुद करेंगे, उसमें आपको सफलता मिल सकती है। बीमा, लोन या पॉलिसी से जुड़े कारोबार में लाभकारी स्थितियां बनी रहेंगी।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) : आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। अच्छे काम के लिए आपको सम्मान मिल सकता है। जीवनसाथी के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने का समय आ गया है। आप संतान प्राप्ति, या अधिक संतान प्राप्ति के बारे में सोच रहे होंगे। सिंगल राशि के जातकों की आज किसी बेहद दिलचस्प और बुद्धिमान व्यक्ति से मुलाकात होगी। आज आपका लकी रंग नीला है। आज आपका लकी नंबर 7 है। किसी नए कारोबार में पैसा लगाने के योग बन रहे हैं। बच्चों को किसी प्रतियोगिता में सफलता मिलने से घर में खुशी का माहौल रहेगा। आज कोई आपका उधार दिया हुआ पैसा ब्याज सहित लौटा सकता है। बॉस द्वारा दी गई जिम्मेदारियों के प्रति अतिरिक्त गंभीरता दिखाएं।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) : आज आप दान-पुण्य के कामों में दिन बिताएंगे। परिवार के सदस्यों के साथ विवाद हो सकता है और निजी संबंध भी खराब हो सकते हैं, सावधान रहें। अगर आप शादीशुदा हैं तो जीवनसाथी के साथ रिश्ते मजबूत होंगे। प्रेम संबंधों के लिए दिन रोमांचक रहेगा। आज आपका लकी रंग हल्का लाल है। आज आपका लकी नंबर 3 है।आर्थिक रूप से यह समय आपको फायदा पहुंचा सकता है। आज रियल एस्टेट में निवेश करने से पहले एक बार अच्छे से सोच लें। व्यापार में कुछ नया करने की इच्छा प्रबल रहेगी। अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू करने का यह सही समय है। कार्यक्षेत्र में आप खूब मेहनत करेंगे, लेकिन परिणाम उम्मीद से कम मिलने के संकेत हैं।


कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷



मंगलवार, 8 जुलाई 2025

कुरैशी मोहल्ला में फिर हुआ तनाव, पुलिस की सजगता से स्थिति हुआ नियंत्रित

गिरिडीह(Giridih)। नगर थाना क्षेत्र के कुरैशी मोहल्ला में मुहर्रम जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद मंगलवार को एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि पुलिस की सजगता के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हो पाया और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।


बता दें कि मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस विवाद में एक व्यक्ति घायल भी हुआ था। उसी मामले को लेकर एक बार फिर कुरैशी मोहल्ला में दो पक्ष आपस में टकरा गए। नौबत यहां तक आ गई कि दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी भी होने लगी। हालांकि नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी शैलेष प्रसाद सदल बल मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को खदेड़ भगाया।


वहीं मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी 1 नीरज सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पूरी मामले की जानकारी ली। मामले के सम्बंध में डीएसपी नीरज सिंह ने कहा कि मुहर्रम के दिन दो मोहल्लों के बीच तनाव पैदा हो गया था। आज पुनः उसी मामले को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि मुहल्ले में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। 


बहरहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। डीएसपी ने आम लोगों से संयमित रहने और जहां जरूरी होने पर पुलिस से मदद लेंने की अपील की है।


विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाजरत मरीज की हुई मौत, लगा अस्पताल प्रबन्धन पर पुनः लापरवाही का आरोप

गिरिडीह (Giridih)। नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया में संचालित विश्वनाथ नर्सिंग होम में इलाजरत 35 वर्षीय धनेश्वर दास नामक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गयी। धनेश्वर दास की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा अस्पताल में जमकर हंगामा किया।


बता दें कि पूर्व भी इस अस्पताल में ऐसा ही मामला घटित हुआ था। उस वक्त भी अस्पताल प्रबंधन सवालों के घेरे में आया था। बाबजूद इसके अस्पताल प्रबंधन अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं ला रही है। इसी बीच यह घटना घटित हुई। मृतक धनेश्वर दास की पत्नी रिंकी देवी ने अस्पताल प्रबधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सही तरीके से इलाज नहीं करने का भी आरोप लगाया है। पति की मौत पर रोती बिलखती रिंकी ने कहा कि उसके दो छोटे छोटे बच्चे है। अब उसका भरन पोषण कैसे होगा?


हालांकि इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने किसी प्रकार की कोई लापरवाही से इनकार किया है। लेकिन सूचना पर पहुंचे माले नेताओं व भीम सेना के दवाब में आकर अस्पताल प्रबंधन ने मृतक की आश्रिता पत्नी को अंतिम संस्कार के लिए बतौर मुआवजा 50 हजार रुपये दिया। उसके बाद परिजन उसके शव को लेकर पैतृक गांव चले गए।


विद्युत विभाग के पदाधिकारियों संग बैठक कर चैंबर ने की स्मार्ट मीटर समेत अन्य बिजली समस्या पर चर्चा

गिरिडीह (Giridih)। जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स केे प्रतिनिधियों ने मंगलवार को विद्युत विभाग के पदाधिकारियों केे साथ बैठक कर स्मार्ट मीटर एवं बिजली आपूर्ति में हो रही बाधाओं  तथा लो वोल्टेज की समस्या पर चर्चा की। कहा कि हाल के वर्षों में भारी खर्च होने के बाद भी बिजली आपूर्ति में बाधा और लो वोल्टेज की समस्या जस की तस बनी हुई है। इसका निराकरण और समाधान शीघ्र अतिशीघ्र किया जाय।



बैठक के दौरान चैम्बर के पदाधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के घरों के बाहर ही मीटर लगाना अनिवार्य नहीं है; मीटर घर के भीतर प्रवेश द्वार के समीपतम स्थान पर लगाया जा सकता है। मीटर लगाने की जिम्मेदारी लेने वाली एजेंसी आगामी 10 वर्षों तक उसकी देखरेख करेगी, और यदि कोई तकनीकी गड़बड़ी होती है तो निःशुल्क बदलने की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाओं को देखते हुए चैंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि चैम्बर के के दो सदस्यों के घर या प्रतिष्ठान में मौजूदा मीटर के समानांतर स्मार्ट मीटर को स्थापित किया जाय और सात दिनों तक दोनों की रीडिंग ली जाये। उसके बाद चैंबर यह आह्वान करेगा कि आम जनता को स्मार्ट मीटर लगवाना चाहिए या नहीं।



बैठक के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों ने बिजली बिलों के वितरण में हो रही देरी पर चिंता जताया और कहा कि इससे राज्य सरकार की 200 यूनिट तक की निःशुल्क बिजली देने की योजना प्रभावित हो सकती है, विशेषकर तब जब कई माहों का बिल एक साथ जारी होता है। वहीं बैठक में चैम्बर के पदाधिकारियों ने प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर AB स्विच लगाने की मांग की। ताकि किसी फॉल्ट की स्थिति में केवल संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति रोकी जाए।



वहीं विभागीय पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले माह तक चार-पाँच ट्रांसफार्मरों के समूहों पर यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने लो वोल्टेज की समस्या के बाबत बताया कि जसीडीह ग्रिड से कम वोल्टेज वाली आपूर्ति आ रही है। जिस कारण यह समस्या है। पदाधिकारियों ने आगामी सप्ताह के भीतर इस समस्या का समाधान कर लेने का आश्वासन चैम्बर के पदाधिकारियों को दिया। मौके पर अधीक्षण अभियंता ने चेंबर से समय-समय पर ऐसे संवाद करते रहने का आग्रह किया ताकि गिरिडीह में विद्युत आपूर्ति की स्थिति को बेहतर बनाया जा सके।


बैठक में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, शहरी क्षेत्र के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं स्मार्ट मीटर स्थापित करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार के साथ चेंबर के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष विकास खेतान, कार्यकारिणी सदस्य सजय भूदौलिया, निर्मल कुमार, प्रशांत बगड़िया एवं विकास बसईवाला मुख्य रूप से मौजूद थे।


गिरिडीह की सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह बनी योगासना स्पोर्ट की राज्यस्तरीय जज

गिरिडीह (Giridih)। झारखंड योगासना स्पोर्ट संघ द्वारा धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय योगासना स्पोर्ट जजेज ट्रेनिंग प्रोग्राम में गिरिडीह की सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह ने सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर योगासना स्पोर्ट के राज्य स्तरीय लेवल टू की जज बनी।


बता दें कि बीते 5 जुलाई से 7 जुलाई तक धनबाद में सम्पन्न हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। जिसमे गिरिडीह योगासना स्पोर्ट संघ की ओर से सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह भी शामिल हुई थी।


जिला योगासना स्पोर्ट संघ के तकनीकी इंचार्ज सह कोषाध्यक्ष अमित स्वर्णकार ने कहा कि सोनी कुमारी, मुक्ता कुमारी और निमित सिंह के योगासना स्पोर्ट के राज्य स्तरीय जज बनने से गिरिडीह जिला योगासना संघ में हर्ष का माहौल है। बताया कि इन तीनों के राज्यस्तरीय जज बनने से अब गिरीडीह के खिलाड़ियों को तकनीकी रूप में मजबूत करने में मदद मिलेगी और जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराने के लिए अब बाहर से जज नहीं बुलाना पड़ेगा।


वहीं गिरिडीह जिला योगासना स्पोर्ट संघ से जुड़े इन तीनों के राज्य स्तरीय जज बनने से जिलाअध्यक्ष संतोष शर्मा, मुख्य संरक्षक राजेश जलान, संरक्षक नवीनकांत सिंह, सचिव अनीता ओझा, दयानंद जयसवाल, पुष्पा शक्ति, रोहित श्रीवास्तव, नितेश नंदन, संजीत कुमार, उत्कर्ष गुप्ता, आकाश कुमार स्वर्णकार, रोहित राय ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


राष्ट्रीय अल्पबचत अभिकर्ता संघ ने सौंपा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को 6 सूत्री मांगों से सम्बंधित ज्ञापन

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय अल्पबचत अभिकर्ता संघ की गिरिडीह जिला इकाई ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को एक ज्ञापन सौंपा। देश के 6 लाख से अधिक राष्ट्रीय बचत अभिकर्ताओं के 6 सूत्री मांगो के समर्थन में केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर संघ की गिरिडीह इकाई ने यह ज्ञापन सौंपा।


इसके पूर्व संघ के सदस्यों ने अध्यक्ष सुधीर आनन्द एवं आराधना देवी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उसके बाद उन्हें देश के 6 लाख से अधिक राष्ट्रीय बचत अभिकर्ताओं के 6 सूत्री मांगो से सम्बंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मंत्री ने संघ के सदस्यों को उनकी इन मांगों से केंद्रीय वित्त मंत्री को अवगत कराने के साथ साथ उनसे मुलाकात करवाने का भी आश्वासन संघ के पदाधिकारियों को दिया।


मौके पर संघ के सचिव बीरेंद्र कुमार पाठक, बबीता कला, बिंदु देवी, कल्याणी, रविन्द्र चौरसिया, नवीन कुमार, उदयन बनर्जी, उदय गुप्ता, मधुकर कुमार, जसप्रीत सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।  


राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर गिरिडीह जिला बीमा कर्मचारी संघ ने किया द्वार प्रदर्शन

गिरिडीह(Giridih)।  केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा 9 जुलाई को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारी को लेकर गिरिडीह जिला बीमा कर्मचारी संघ ने मंगलवार को एलआईसी कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल के गिरिडीह शाखा इकाई द्वारा यह द्वार प्रदर्शन कार्यक्रम मंगलवार को भोजनावकाश के समय किया गया।


संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने बताया कि कल बुधवार को देश के तमाम श्रमिक संगठनों द्वारा एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आवाहन किया गया है। जिसमें हमारा संघ भी शामिल है। इस हड़ताल के माध्यम से एलआईसी एक्ट संशोधन बिल, बीमा कानून संशोधन बिल तथा आईआरडीए कानून संशोधन बिल का विरोध किया जाएगा। कहा कि वर्ष 2012 के बाद एलआईसी में उप कर्मचारी और सफाई कर्मियों की बहाली नहीं हुई है जबकि वर्ग 3 और वर्ग 4 के कर्मचारियों की काफी रिक्तियां हैं। देश में बेरोजगारी और महंगाई काफी बढ़ी है। केंद्र सरकार के गलत कृषि नीति के कारण देश में किसानों की आत्महत्या बढ़ी है तथा कृषि उपज घटा है। यह हड़ताल सरकार के जन विरोधी, मजदूर विरोधी किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ है। इसलिए आम जनता और दुकानदारों से भी आग्राह हैं कि कल के हड़ताल को वे भी अपना नैतिक समर्थन दे।


कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष संजय शर्मा मंडलीय संगठन सचिव अनुराग मुर्मू, सहायक सचिव प्रवीण कुमार हंसदा, संयुक्त सचिव विजय कुमार व राजेश कुमार उपाध्याय, कुमकुम वाला वर्मा, उमानाथ झा, विनय कुमार, रोशन कुमार, श्वेता राजेश कुमार, विजय कुमार, प्रभाष कुमार शर्मा, देवनाथ दास, कुलजीत कुमार रवि, श्वेता कुमारी, अंशु कुमारी सिंघानिया, सबा परवीन, नीतीश कुमार गुप्ता, प्रीतम कुमार मेहता, माहेश्वरी वर्मा, गौरव कुमार सिंह, नीरज कुमार सिंह, संजय कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार, प्रदीप प्रसाद, पंकज कुमार, विजय मंडल, नागेश्वर लाल आदि कर्मी शामिल थे। 


पति के साथ मुहर्रम मनाने मायके आयी विवाहिता की कुंए में मिली लाश, पति फरार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता की कुंए में तैरती लाश मिली है। मृतका की पहचान बैरिया निवासी अकबर अंसारी की 35 वर्षीय बेटी शहनाज खातून  के रूप में हुई है। बताया गया कि विवाहिता शहनाज खातून का निकाह बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चकाई थाना क्षेत्र के गगनपुर गांव निवासी मंजूर अंसारी के साथ हुई थी। मंजूर कोलकाता में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। शनिवार को शहनाज अपने पति मंजूर के साथ मुहर्रम पर्व मनाने कोलकाता से अपनी मायके आई थी। मंगलवार सुबह गांव के ही एक कुएं में शहनाज की लाश मिली। वहीं घटना के बाद से उसका पति मंजूर अंसारी फरार है।



परिजनों ने बताया कि सोमवार देर रात अचानक शहनाज के छोटे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। बच्चे के रोने की आवाज सुन शहनाज के पिता अकबर अंसारी जागे तो देखा कि शहनाज कमरे में नहीं है। परिवार वाले घबरा गए और इधर-उधर खोजबीन शुरू की। जब काफी देर तक कुछ पता नहीं चला तो हीरोडीह थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और शहनाज की तलाश शुरू की। इसी दौरान कुंए में उसकी लाश मिली। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को कुंए से निकलवा उसे सपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।


घटना के सम्बंध में मृतका के पिता अकबर अंसारी ने बताया कि उसका दामाद मंजूर अंसारी और उसके ससुराल के लोग लगातार दूसरी शादी में मिलने वाले दहेज के सामान की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करते रहते थे। कहा कि मंजूर अंसारी का किसी महिला के साथ अवैध सम्बन्ध है और वह अपनी सारी कमाई उसी पर खर्च करता है। शहनाज को ठीक से कपड़े तक नहीं देता और मायके से पैसे मंगवाता था।


 पूर्व में कई बार इस दहेज को लेकर काफी विवाद हुआ था, थाना में आवेदन दिया गया था और पंचायत बैठाकर मामला सुलझाया गया था। पंचायत में यह फैसला सुनाया गया था समय के अनुसार दहेज दिया जा चुका है। फिर दूसरे शादी के दहेज की मांग करना गलत है। वहीं थाना ने भी विवाद को सुलझा दिया। उसके बाद उसका पति उसकी विदाई करा उसे अपने साथ ले गया था। लेकिन अब मायके में ही शहनाज की लाश मिली है। पुलिस मामले की जांच करने एवं मृतका के फरार पति मंजूर अंसारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने में जुट गई है।