मंगलवार, 18 फ़रवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::18 :: 02 :: 2025 मंगलवार

18 फरवरी 2025 : आज पवित्र फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि और दिन मंगलवार है। आज  मंगलवार का व्रत रख सकते हैं। इस दिन हनुमान जी की पूजा विधिवत रूप से करने का विधान है। साथ ही आज यशोदा जयंती भी है। इस दिन माता यशोदा की पूजा पूजा-अर्चना करने का विधान है। संकटमोचक बजरंगबली जी की उपासना करें। यह व्रत बहुत ही पुण्यदायी होता है। सुन्दरकाण्ड का पाठ करें। फलों व तिल का दान करें। हनुमान चालीसा के 07 पाठ से सभी कष्ट दूर होते हैं। भगवान भोलेनाथ व माता दुर्गा जी के नाम का मानसिक जप करें। दान पुण्य करें। लाल वस्त्र व धन का दान बहुत ही पुण्यदायी होता है, इससे कष्ट समाप्त व धन आगमन तथा शुभता का आगमन होता है। ब्रम्ह मुहूर्त में शिव मंदिर में शिवलिंग पर जल व बेलपत्र व मधु अर्पित करने से अखण्ड पुण्य की प्राप्ति होती है। आज मन्दिर में रूद्राभिषेक करें। रोग से निवारण हेतु हनुमान बाहूक का पाठ करें।



आज का पंचांग: 18 फरवरी 2025, मंगलवार, 
विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, मास : फाल्गुन, पक्ष : कृष्ण पक्ष, तिथि : षष्ठी, ऋतु : शिशिर, नक्षत्र : चित्रा 07:35 AM तक उपरांत स्वाति, सूर्योदय : 06: 48 AM, सूर्यास्त : 06: 03 PM, राहुकाल : 03:30 PM से 04:55 PM तक, चन्द्रमा :  तुला राशि पर संचार करेगा। व्रत/त्यौहार : मंगलवार व्रत, माता यशोदा जयंती


आज :: 18:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज का दिन आपके लिए किसी भी विवाद से दूर रहने का रहेगा। आप अपने स्वास्थ्य पर भी काफी ध्यान देंगे, जिसके लिए आप योग और व्यायाम का सहारा लेंगे। पारिवारिक रिश्तों में अगर कड़वाहट थी, तो वह भी दूर हो जाएगी। आप अपनी बुद्धि और विवेक से कोई निर्णय लेंगे। कार्यक्षेत्र में आप लोगों को आश्चर्यचकित करेंगे। आपको कोई बड़ा पद मिल सकता है। आपको अपने जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करना होगा। भाग्यशाली अंकः 2, भाग्यशाली रंगः लाल


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन तनाव से राहत देने वाला रहेगा। आपको अपनी ऊर्जा सही काम में लगानी होगी। आपको समय का सदुपयोग करना होगा और अपनी दिनचर्या को बेहतर रखने का प्रयास करना होगा, जो युवा रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, उन्हें कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। छात्रों का पढ़ाई में मन लग सकता है। भाग्यशाली अंक: 1,भाग्यशाली रंगः भुरा


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि के जातकों को किसी नए तरीके से धन कमाने का मौका मिलेगा। आप अपनी आर्थिक स्थिति पर पूरा ध्यान देंगे। सामाजिक कार्यक्रमों में आप बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। आपको अपने मन में नकारात्मक विचार नहीं रखने हैं। आप अपने किसी मित्र के लिए कुछ पैसों का इंतजाम भी कर सकते हैं। ईश्वर की पूजा-अर्चना में आपकी काफी रुचि रहेगी। आपको किसी सरकारी योजना का लाभ भी मिलेगा। आप अपनी मेहनत से समय से पहले कोई काम पूरा कर लेंगे। भाग्यशाली अंकः 1, भाग्यशाली रंगः हरा


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि के जातक आज कुछ नया सीखेंगे। आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी। टीम वर्क के जरिए आप समय से पहले कोई काम पूरा कर लेंगे। बिजनेस में किसी के साथ पार्टनरशिप करने से आपको बचना होगा। आप नया घर खरीद सकते हैं। अगर आप कोई गलती करते हैं तो आपको अधिकारियों की डांट खानी पड़ेगी। किसी की सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करने से आपको नुकसान होगा। भाग्यशाली अंक: 6, भाग्यशाली रंगः काला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन परेशानियों से मुक्ति दिलाने वाला रहेगा। कार्य क्षेत्र में आपकी अच्छी सोच का लाभ मिलेगा और यदि आपका कोई काम काफी समय से रुका हुआ था तो वह भी पूरा हो सकता है, लेकिन आपको संतान की संगति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। राजनीति की ओर अग्रसर लोगों को नया पद मिल सकता है। आपको अपने किसी भी काम को लेकर सावधान रहना होगा। भाग्यशाली अंक: 5,भाग्यशाली रंगः केसरिया


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वाले लोगों को अपने काम में बिल्कुल भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए और किसी भी विपरीत परिस्थिति में धैर्य बनाए रखना होगा। आपको अपने आस-पास रहने वाले विरोधियों से भी सावधान रहने की आवश्यकता है। छोटे-मोटे लाभके अवसरों को हाथ से न जाने दें। यदि आपने किसी को कुछ उधार दिया था तो वह आपसे वापस भी मांग सकता है। व्यापार में आपको अच्छा लाभ मिलेगा। भाग्यशाली अंक: 6, भाग्यशाली रंगः गुलाबी



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि वालों के लिए आज का दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में कोई जिम्मेदारी वाला काम मिलने से आप तनाव में रहेंगे। आपको कोई नया पद मिल सकता है। अगर आप यात्रा पर जाते हैं तो वाहन का प्रयोग सावधानी से करें। आपकी तरक्की के रास्ते में आ रही रुकावटें दूर होंगी। आप अपने माता-पिता से पारिवारिक समस्याओं के बारे में बात कर सकते हैं। भाग्यशाली संख्या: 1,भाग्यशाली रंगः सुनहरा


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन दान-पुण्य के कामों में आगे बढ़ने वाला रहेगा। आप आत्मविश्वास से भी भरपूर रहेंगे। आपकी कला कौशल में निखार आएगा। अगर बच्चों के विवाह में कुछ परेशानियां आ रही थीं तो वे भी दूर होंगी। आपको वरिष्ठ सदस्यों का पूरा सहयोग मिलेगा। आप किसी महत्वपूर्ण चर्चा में भाग ले सकते हैं। आपका कोई मित्र किसी बात को लेकर आपसे नाराज रहेगा। भाग्यशाली अंक: 8,भाग्यशाली रंगः पीला-हरा 
 


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे। आपको अपने वरिष्ठों का पूरा सहयोग मिलेगा। आप किसी नए कोर्स में एडमिशन ले सकते हैं। आपके अंदर कुछ नया करने की इच्छा जागृत होगी। अगर आपको नर्व से जुड़ी कोई समस्या थी तो उसके लिए आपको कुछ जरूरी टेस्ट करवाने पड सकते हैं। आप अपने जीवनसाथी को शॉपिंग पर ले जा सकते हैं। आपको अपने मन में किसी के प्रति ईर्ष्या या द्वेष की भावना नहीं रखनी है। भाग्यशाली अंक: 2, भाग्यशाली रंगः हरा



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि के जातकों को काम के संबंध में कुछ नए अवसर प्राप्त होंगे। अपनी योग्यता के अनुसार काम मिलने से आप काफी प्रसन्न रहेंगे। आपको कोई भी निर्णय सोच-समझकर लेने की जरूरत है। आपको अपने खान-पान पर पूरा ध्यान देना चाहिए, रोजगार को लेकर चिंतित युवाओं को अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। आपको कुछ नए संपकों से लाभ होगा। आपकी मुलाकात कुछ खास लोगों से होगी, जो आपके काम में आपकी काफी मदद करेंगे। भाग्यशाली अंक: 3, भाग्यशाली रंगः आसमानी


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहेगा। आप अपने काम से अपने बॉस को खुश रखेंगे। आपको किसी विरोधी के बहकावे में आने से बचना होगा। आप अपनी नौकरी में कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। आप अपने बच्चे का दाखिला किसी नए कोर्स में करा सकते हैं। आपको अपने स्वास्थ्य पर पूरा ध्यान देने की आवश्यकता है।  भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः सफेद


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन कुछ नए प्रयास करने का रहेगा।कामकाज को लेकर आपके मन में उथल-पुथल रहेगी। एक साथ कई काम होने से आपकी एकाग्रता बढ़ेगी। आप किसी पूजा आदि का आयोजन कर सकते हैं। किसी से भी कोई वादा सोच-समझकर ही करें। आपको अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों में बिल्कुल भी ढील नहीं देनी है। किसी भी तरह के झगड़े की स्थिति में चुप रहें। भाग्यशाली अंक: 6,भाग्यशाली रंगः गुलाबी


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


 

सोमवार, 17 फ़रवरी 2025

जामताड़ा में घटित हुई शर्मनाक घटना,दस वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या

पुलिस ने किया दुष्कर्मी व हत्या के आरोपी को गिरफ्तार

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, जाम हंटाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव 


जामताड़ा (JHARKHAND)। जामताड़ा जिले के नाला‎ थाना क्षेत्र के डाबर गांव स्थित जंगल से रविवार को एक 10 ‎साल की बच्ची का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। ग्रामीण हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को शव के साथ सड़क पर उतर आए और रोड जाम कर दिया। सूचना पर लोगों को समझाने पहुंची पुलिस पर भी आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। जिस कारण पुलिस पीछे हट गई। इस बीच खबर है कि पुलिस ने हत्या के नामजद आरोपी मदन बाउरी (40) को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।


घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार डाबर गांव की एक 10 साल की बच्ची शनिवार सुबह 10 बजे से अपने घर से गायब थी। ‎परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका ‎कहीं कोई पता नहीं चल पाया। उसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना नाला थाना की पुलिस को दी। इस बीच रविवार को गांव के समीप स्थित जंगल में बच्ची का शव होने की खबर परिजनों व ग्रामीणों को मिली। सूचना पर काफी संख्या में लोग घटनास्थल पहुंचे और शव की स्थिति देख हतप्रभ रह गये। लोगों ने आशंका जताया कि बच्ची के ‎साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गयी है।  

ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से चिप्स, कुरकुरे और अन्य सामान जब्त किए हैं। पुलिस ने अंदेशा जताया कि आरोपी ने बच्ची को इन्हीं सामग्रियों का लालच देकर आरोपी जंगल लाया और उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।


रविवार को बच्ची का शव मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने नाला थाना में‎ ‎स्थानीय एक व्यक्ति मदन बाउरी (40) को नामजद आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस बीच घटना का कथित आरोपी गांव से फरार हो गया था। लोगों ने उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस पर दवाब बनाया। लेकिन  सोमवार सुबह तक जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी तो लोग आक्रोशित हो गए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची के शव को दुमका-नाला मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आसपास की दुकानें भी बंद करवा दी। सड़क जाम की सूचना पर जब पुलिसकर्मी जाम हटवाने पहुंची तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन पर पथराव किया। जिससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा। बाद में पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार किया तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ और लोग सड़क जाम हंटाया।

शोक सभा आयोजित कर कॉलेज के पुस्तकालय कर्मी रहे भरत चौधरी को दी गयी श्रद्धांजलि

गिरिडीह (Giridih)।  गिरिडीह कॉलेज पुस्तकालय में कार्यरत रहे सेवानिवृत कर्मी भरत चौधरी का बीते 14 फरवरी को निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन पर सोमवार को गिरिडीह कॉलेज में एक शोक सभा आयोजित कर कॉलेज परिवार ने उन्हें भाव भीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शोक सभा मे उपस्थित लोगों ने 2 मिनट का मौन रख ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया।


शोक सभा को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने बताया कि भरत चौधरी ने वर्ष 1971 से वर्ष 2011 तक गिरिडीह कॉलेज के पुस्तकालय में अपनी सेवा देकर सेवानिवृत्त हुए थे। कहा कि भरत चौधरी कॉलेज परिवार के एक महत्वपूर्ण सदस्य थे। उनके निधन से कॉलेज परिवार काफी मर्माहत है। उनके योगदान को कॉलेज परिवार हमेशा याद रखेगा। प्राचार्य ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।


शोक सभा मे मौजूद डॉ. मृगेंद्र नारायण सिंह, प्रो धर्मेंद्र कुमार वर्मा, प्रो गुलाम समदानी, शैलेश प्रसाद, पंकज कुमार प्रियदर्शी, प्रदीप कुमार, दिवाकर रविदास, विनोद कुमार सिंह, मुहम्मद रमीज राजा, विजय ठाकुर, हीरालाल मण्डल, चित्रांश साकेत आदि ने भी शोक संवेदना व्यक्त किया।

रेलवे स्टेशन पर पत्नी संग ट्रेन का इंतजार करते दिखे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा

रांची (RANCHI)। तीन बार झारखंड के सीएम रहे अर्जुन मुंडा प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर किसी आम आदमी की तरह बैठकर ट्रेन का इंतजार करते दिखे. रेलवे स्टेशन पर अक्सर वीआईपी एंट्री होते देखी जाती है. स्टेशन पर अगर किसी मोहल्ले का पार्षद भी आ जाए तो लोग माला लिए पहुंच जाते हैं. लेकिन इन सबों से इतर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का यह रूप चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रयागराज के महाकुंभ से वापस अपने घर लौटते वक्त अर्जुन मुंडा रेलवे स्टेशन पर अपनी पत्नी के साथ देखे गए. जिसके बाद उनकी सादगी की हर जगह जमकर तारीफ हो रही है. 


अर्जुन मुंडा ने खुद अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा..."महाकुंभ में स्नान कर आज प्रयागराज से झारखंड लौटा हूं. महाकुंभ के भव्य आयोजन के लिए केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की सरकार को बहुत- बहुत बधाई.

इस आयोजन का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु आस्था के इस महापर्व में भाग लेने के लिए पूरे देश और विदेश से भी आ रहे हैं. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए सरकार के द्वारा सभी जगहों पर बेहतर इंतजाम किया गया है. इस भव्य आयोजन की व्यवस्था में लगे सभी लोग बधाई के पात्र हैं. सभी का बहुत बहुत आभार.


निःशुल्क चिकित्सा शिविर में डेढ़ से अधिक मरीजों का हुआ स्वास्थ्य जांच

गिरिडीह(Giridih)। सदर प्रखंड के सिरसिया पंचायत के दुधपनिया में अखिल भारतीय मजदूर कल्याण सेवा संघ द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का उद्घाटन झामुमो नेता प्रणव वर्मा, डॉ अशोक कुमार वर्मा,स्थानीय मुखिया एवं संस्था के सचिव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर में क्षेत्र के लगभग 150 से अधिक महिला-पुरुषों का स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया।


इस चिकित्सा शिविर में सिहोडीह में संचालित भी सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ अशोक कुमार वर्मा, डॉ अजय कुमार, डॉ सचिन कुमार, डॉ अनु कुमारी, डॉ शशी भूषण प्रसाद द्वारा मरीजों का इलाज किया गया। 


शिविर में चिकित्सकों ने गठिया, सईटिका, एनीमिया, मलेरिया, टाइफाइड से ग्रसित मरीजों का इलाज किया गया वहीं सबों का शुगर और बीपी की जांच कर मरीजों को उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया।


 चिकित्सकों ने शिविर में इलाज हेतु पहुंचे सभी मरीजों को अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने एवं खान-पान पर ध्यान देने का भी सलाह दिया। इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर को सफल बनाने में संस्था के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।