● जिले में एक नगर निगम और दो नगर पंचायतों के लिये होगा चुनाव
●गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 1,50,992, बड़की सरिया नगर पंचायत में 14,436 एवं धनवार नगर पंचायत में हैं 12,396 मतदाता
गिरिडीह (Giridih)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में प्रेसवार्ता कर बताया कि आज से पूरे नगर निकाय क्षेत्र में निषेधाज्ञा प्रभावी कर दिया गया है। इस दौरान धरना प्रदर्शन एवं जुलूस पूरी तरह से प्रतिबन्धित रहेगा। आम मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की तिथि आगामी 29 जनवरी से आगामी 04 फरवरी तक निर्धारित की गई है। वहीं नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 05 फरवरी को की जायेगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 06 फरवरी निर्धारित है। चुनाव मैदान में खड़े अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीक अगामीन 07 फरवरी को आवंटन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में एक नगर निगम एवं दो नगर पंचायतों में चुनाव होना है। जिसके लिये मतदान दिनांक 23 फरवरी को प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना आगामी 27 फरवरी को प्रातः 08:00 बजे से प्रारंभ होगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने हेतु अलग-अलग कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। बताया कि गिरिडीह नगर निगम के मेयर पद के अभ्यर्थियों के लिए समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता के कार्यालय कक्ष में अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन प्रपत्र दाखिल किया जाएगा।
जबकि बड़की सरैया नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए अनुमंडल कार्यालय, बगोदर सरिया में अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय प्रकोष्ठ में एवं धनवार नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता के कार्यालय प्रकोष्ठ में नामांकन प्रपत्र दाखिल किया जाएगा।
उन्होंने ने बताया कि गिरिडीह नगर निगम का महापौर पद अनुसूचित जाति अन्य के लिये आरक्षित है। जबकि बड़की सरैया नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला और धनवार नगर पंचायत का अध्यक्ष का पद अनारक्षित अन्य है।
उपायुक्त ने बताया कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 वार्ड हैं। जिनमें वार्ड संख्या 01 से 09 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी सदर प्रखंड कार्यालय स्थित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में, वार्ड संख्या 10 से 18 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी सदर अंचल कार्यालय स्थित अंचलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में, वार्ड संख्या 19 से 27 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी सदर प्रखण्ड सह अंचल स्थित कार्यपालक दंडाधिकारी के कार्यालय कक्ष कमरा संख्या 01 में एवं वार्ड संख्या 28 से 36 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी सदर प्रखण्ड सह अंचल स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता के कार्यालय कक्ष कमरा संख्या 02 में नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बड़की सरैया नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड हैं। जिनमे वार्ड संख्या 01 से 06 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी सरिया प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय स्थित अंचलाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में एवं वार्ड संख्या 07 से 12 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी सरिया प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय स्थित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि धनवार नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड हैं। वार्ड संख्या 01 से 06 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी प्रखंड सह अंचल कार्यालय धनवार स्थित अंचलाधिकारी के कार्यालय में एवं वार्ड संख्या 07 से 11 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी प्रखंड सह अंचल कार्यालय धनवार स्थित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में कुल 1,50,932 मतदाता हैं। जिनमे 75,266 पुरुष और 75,725 महिला और 01 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। वहीं निगम क्षेत्र में कुल 137 मतदान केंद्र हैं। जबकि बड़की सरैया नगर पंचायत में कुल 14,436 मतदाता हैं। जिनमे 7, 555 पुरुष और 6, 881 महिला मतदाता शामिल हैं। यहां कुल 15 मतदान केंद्र हैं। वहीं धनवार नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 12,396 मतदाता हैं। जिनमे 6,315 पुरुष एवं 6,081 महिला मतदाता शामिल हैं। यहां कुल 14 मतदान केंद्र हैं।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता बिजय सिंह बरुआ, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विसपुते, निदेशक डीआरडीए रँथु महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) तेज कुमार हांसदा, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती समेत प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें