रांची (Jharkhand)। झारखण्ड राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी है। रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने बताया कि राज्य के 48 नगर निकायों में आगामी 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी।
जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 28 जनवरी यानी कल से शुरू हो जाएगी।
नामांकन : 29 जनवरी से 04 फरवरी
स्कूटनी : 05 फरवरी को की जाएगी और
नाम वापसी : 06 फरवरी को
चुनाव चिन्ह आवंटन : 07 फरवरी को किया जाएगा।
मतदान : 23 फरवरी को एवं
मतगणना : 27 को होगी।
09 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत के लिए होगा चुनाव। राज्यभर में 43,23,574 मतदाता इस बार मतदान करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की मंजूरी मिल चुकी है। वहीं झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के तहत 31 मार्च 2026 तक नगर निकाय चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न करना अनिवार्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए फरवरी में चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। बताया कि चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है।
गौरतलब है कि राज्य में नगर निकाय चुनाव गैर-दलीय आधार पर कराए जाएंगे। बावजूद इसके सभी प्रमुख राजनीतिक दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस समेत अन्य दल शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने में जुट गए हैं। सभी दल इस चुनाव में अपने समर्थन के प्रत्याशी की जीत कैसे सुनिश्चित हो इस दिशा में अपनी रणनीति बनाने में अधिसूचना जारी होने के पूर्व से ही जुटे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें