मंगलवार, 16 दिसंबर 2025

केंद्रीय रेल मंत्री से मिला गिरिडीह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का प्रतिनिधिमंडल, गिरिडीह में रेल सेवा विस्तार पर की चर्चा

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में मुलाकात कर गिरिडीह एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख रेलवे मांगों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रदीप अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, GDCC सह चेयरमैन, मोंगिया स्टील गुनवंत सिंह मोंगिया, कोषाध्यक्ष, GDCC सीए विकास खेतान, जिला कोषाध्यक्ष भाजपा सह सदस्य ZRUCC मुकेश जलान एवं प्रदेश मंत्री, भाजपा युवा मोर्चा झारखंड संजीव कुमार शामिल थे।



केंद्रीय मंत्री संग बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस पर चर्चा की। जिस पर सहमति बनी कि यह ट्रेन न्यू गिरिडीह होकर सप्ताह में तीन दिन चलाई जायेगी, जिससे गिरिडीह, पारसनाथ और कोडरमा क्षेत्र को तेज़ एवं आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।


वहीं प्रतिनिधियों ने देवघर–जसीडीह–वाराणसी वंदे भारत को न्यू गिरिडीह–कोडरमा होकर सप्ताह में तीन दिन चलाने का प्रस्ताव दिया, ताकि बाबाधाम, काशी विश्वनाथ और पारसनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को एक मजबूत आध्यात्मिक रेल कॉरिडोर से जोड़ा जा सके। साथ ही नई दिल्ली–गोड्डा वंदे भारत को भी सप्ताह में तीन दिन चलाने की मांग रखी, क्योंकि वर्तमान में गोड्डा–नई दिल्ली ट्रेन अत्यधिक भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची से जूझ रही है। इस पर भी सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया गया।


माल ढुलाई के विषय पर चर्चा करते हुए प्रतिनिधियों ने न्यू गिरिडीह स्टेशन पर रैक प्वाइंट को और लंबा करने तथा बढ़ते औद्योगिक उत्पादन को देखते हुए एक अतिरिक्त नया रैक प्वाइंट विकसित करने की आवश्यकता बताई। इस पर सहमति बनी कि न्यू गिरिडीह को एक मजबूत लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जायेगा। बताया गया कि महेशमुंडा रैक प्वाइंट का टेंडर हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इस विषय पर भी संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आश्वासन मंत्री ने दी।

इसके अलावे गिरिडीह–कोडरमा–मधुपुर रेलखंड पर डबल लाइन, पारसनाथ–गिरिडीह सेक्शन पर यात्री सुविधाओं में सुधार एवं स्टेशन विस्तार तथा शेड निर्माण जैसे विषयों पर भी संक्षिप्त लेकिन सार्थक चर्चा हुई और सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख सामने आया।


प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह की औद्योगिक और खनिज महत्ता—कोयला, अभ्रक, स्टोन चिप्स, डोलोमाइट आदि—का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर रेल संरचना से रेलवे राजस्व में भारी वृद्धि होगी और क्षेत्र में रोजगार एवं व्यापार को नया बल मिलेगा। चैंबर ने विश्वास जताया है कि इन निर्णयों के क्रियान्वयन से गिरिडीह जिले के उद्योग, व्यापार, धार्मिक पर्यटन और समग्र आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी और यह क्षेत्र झारखंड के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल होगा।


केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संग हुई सकारात्मक वार्ता और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए गिरिडीह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी की सराहना की। जिनके विशेष प्रयासों और सहयोग से प्रतिनिधिमंडल को रेल केंद्रीय मंत्री से समय प्राप्त हुआ। उनकी सक्रिय भूमिका, संवेदनशीलता और सहयोग से ही गिरिडीह की वास्तविक आवश्यकताएँ केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुँचीं। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें