शनिवार, 15 नवंबर 2025

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर डीसी एसपी ने बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह (Giridih)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया।


मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आज का दिन हम सभी झारखंडवासियों के लिए अत्यंत गर्व और उत्साह का दिन है। आज जहां झारखंड प्रदेश अपने स्थापना के गौरवशाली 25 वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, वहीं आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी है। उन्होंने कहा कि झारखंड की यह धरती न केवल खनिज संपदा से समृद्ध है, बल्कि अपनी जीवंत लोक संस्कृति, लोक परंपरा, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। एक ऐसा सफ़र जिसमें संघर्ष, अस्मिता, संस्कृति, और विकास की कहानियाँ समाई हैं।


 उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता की गाथा है। उनका साहस और योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता एवं समाज के अधिकारों की रक्षा हेतु जो बलिदान दिया है उसे देश सदियों तक याद रखेगा। उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता और अदम्य साहस का ही आज परिणाम है कि हम अपनी माटी,संस्कृति और धरोहर को संरक्षित रखे हुए हैं।


कहा कि बिरसा मुंडा ने ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया एवं अपने अधिकारों के संरक्षण के लिए दृढ़ संकल्पित रहे। बहुमुखी प्रतिभा के धनी भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का श्रोत है। हम सभी को उनके आदर्शों, मूल्यों एवं विचारों को आत्मसाथ करना चाहिए। इस दौरान जिला नजारत उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी गिरिडीह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें