शनिवार, 15 नवंबर 2025

रजत जयंती वर्ष में कला संगम द्वारा गिरिडीह में होगा अंतर्राष्ट्रीय नाट्य व नृत्य महोत्सव : राजेंद्र बगेड़िया

आगामी 29, 30, 31 जनवरी और 1 फरवरी को होगी गिरिडीह में चार दिवसीय नाट्य प्रतियोगिता

गिरिडीह (Giridih)। आगामी 29, 30, 31 जनवरी और 1 फरवरी को गिरिडीह में चार दिवसीय नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा। उक्त निर्णय कला संगम की कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। अधिवक्ता संघ भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक अध्यक्षता संरक्षक राजेन्द्र बगडिया ने की। जबकि संचालन सचिव सतीश कुंदन ने किया।


बैठक को सम्बोधित करते हुए संरक्षक राजेन्द्र बगेड़िया ने कहा कि झारखंड स्थापना के पच्चीस वर्ष पूर्ण होने पर इस वर्ष कला संगम द्वारा अखिल भारतीय बहुभाषी नाटक, नृत्य प्रतियोगिता की रजत जयंती मनाई जाएगी। कला संगम द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय नाटक और नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमे देश के बारह राज्यों के कलाकारों के अलावे पड़ोसी देश नेपाल, श्रीलंका, और बंगलादेश की भी टीमों को आमंत्रित किया गया है। नाटक और नृत्य प्रतियोगिता हेतु टीमों का पंजीकरण आगामी 15 नवंबर से 31 दिसंबर तक करने का निर्णय लिया गया। बैठक को संरक्षक सतविंदर सिंह सलूजा, संयोजक चुन्नूकांत, अजय कुमार सिन्हा ने भी सम्बोधित करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का प्रायोजक सलूजा गोल्ड होगा। जबकि प्रतियोगिता स्व. उमा रानी ताह की स्मृति में आयोजित की जाएगी।


बैठक के दौरान इस बार के आयोजन की अनुमानित बजट नौ लाख होने की बातें कही गयी। वहीं इस बार सभी सदस्यों का डिजिटल आईडी कार्ड बनाये जाने का भी निर्णय लिया गया। जिसके लिये सभी सदस्यों को आगामी 15 दिसंबर तक सदस्यता शुल्क के साथ पासपोर्ट साईज का फोटो अनिवार्य रूप से सचिव के समक्ष जमा कर देने को कहा गया। वहीं बैठक में सात सदस्यीय कोष संग्रह समिति का गठन किया गया, जिसमें सतीश कुन्दन, मदन मंजर्वे, पंकज ताह, रवीश आनंद, बिनय बक्शी तथा कोर्डिनेटर देवेंद्र सिंह व शिवेंद्र सिन्हा को शामिल किया गया। पत्राचार एवं स्मारिका 'सर्जना' के प्रकाशन हेतु संपादक मंडल गठन की जिम्मेवारी सचिव सतीश कुन्दन को दी गई।


बैठक में संस्था का रजिस्ट्रेशन कराने का भी निर्णय लिया गया। जिसकी जिम्मेवारी कार्यकारी अध्यक्ष पंकज ताह को दी गई। रजिस्ट्रेशन हेतु बीस हजार का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं इस दौरान कला संगम के नाट्य दल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने आजमगढ़ और डिहरी ओनसोन भेजन का निर्णय लिया गया। बैठक में डॉ तारक नाथ देव, सह संयोजक सुनील भूषण, राजेश सिन्हा, संगीत प्रभारी अरित चंद्रा, संजय सिन्हा, देवेंद्र सिंह, शिलधर प्रसाद, नीतीश आनंद, रवीश आनंद, शुभम, मनोज कुमार मुन्ना, अनुराग सागर, सुनील लाभ, सिद्धांत रंजन, आकाश, विकास, इंद्रजीत,संदीप, संस्कृति, अनुष्का, कविन्द्र भट्टाचार्य, संजय सिन्हा, सुजय गुप्ता आदि उपस्थित थे। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें