गुरुवार, 3 जुलाई 2025

झामुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका भाजपा का पुतला, कहा भोगनाडीह की घटना भाजपा की साजिश

गिरिडीह(Giridih)। झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए साहेबगंज के भोगनाडीह में हुल दिवस के मौके पर हुए विवाद को सोची-समझी साजिश बताया। 


संजय सिंह ने गुरुवार को झामुमो में प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा ने हमेशा देश को बांटने और झारखंड के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने हुल दिवस जैसे ऐतिहासिक अवसर पर माहौल बिगाड़ने के पीछे भाजपा का हाथ बताया और प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।


उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के पीछे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत खराब होना बताया। कहा कि उस दिन हेमन्त सोरेन दिल्ली में अपने पिता के पास मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।


प्रेसवार्ता के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए जोरदार नारेबाजी की और जेपी चौक पहुंचकर भाजपा का पुतला दहन किया। कार्यकर्ता “भाजपा मुर्दाबाद” और “हुल दिवस के अपमान का बदला लेगा झारखंड” जैसे नारों के साथ सड़क पर उतरे। झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। मौके पर विधायक केदार हाजरा जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्प, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा समेत कई झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें