गुरुवार, 3 जुलाई 2025

साइबर अपराध को अंजाम देते चार साइबर ठगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार और गिरिडीह बस स्टैंड के पास झिंझरी मोहल्ला से की है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में दीपु कुमार मंडल उर्फ दीपक मंडल (22 वर्ष), छोटी मंडल उर्फ छोटे मंडल (30 वर्ष), श्रवण राय (21 वर्ष) और मोहित कुमार मंडल (19 वर्ष) शामिल हैं। उक्त जानकारी गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर साइबर डीएसपी आबिद खां ने दी।


बताया कि ये चारों आरोपी गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। उनके पास से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किया हैं। बताया कि इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 26/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



डीएसपी आबिद खां ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से एसपी डॉ बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ लोग फोन के माध्यम से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही  एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खां के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान चारों ने स्वीकार किया है कि वे विभिन्न बैंकों का केवाईसी अपडेट, आधार अपडेट, कूरियर सर्विस और दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर फर्जी APK फाइल भेज कर लोगों से ठगी करते थे।


डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में छोटे मंडल के खिलाफ देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज है और तेलंगाना-हैदराबाद में भी उसके विरुद्ध साइबर ठगी के 65 केस लंबित हैं। वहीं दीपक मंडल के खिलाफ अहिल्यापुर थाना में और श्रवण राय के विरुद्ध गिरिडीह साइबर थाना में पूर्व से ही मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार चारों साइबर अपराधियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


डीएसपी आबिद खां ने कहा कि गिरिडीह पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। उन्होंने आम लोगों  से अपील किया कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या एप्लीकेशन पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। 



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें