शुक्रवार, 9 मई 2025

पारिवारिक विवाद में तीन बच्चों के साथ कुएं में कुदी महिला, बच्चों की हुई मौत, महिला गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)।  जिले के देवरी थाना क्षेत्र के खसलोडीह गांव में एक हृदयविदारक घटना घटित हुई है। यहां एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ कुंएं में कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त करनी चाही। हालांकि गांव के लोगों ने महिला को बचा लिया, लेकिन उसके तीनों बच्चों की मौत हो गयी।


 मृतक बच्चों में 6 वर्षीय अविनाश कुमार, 3 वर्षीय रानी कुमारी, और 2 वर्षीय मासूम बच्ची फूल कुमारी शामिल है। वहीं बच्चों को लेकर कूदने वाली महिला सोनू चौधरी की पत्नी आरती देवी है। जिसे लोगों ने बेहोशी की हालत में कुएँ से बाहर निकाल कर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा है।


घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरती का पति सोनू चौधरी किसी रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने चला गया। वहीं शुक्रवार को आरती के सास- ससुर भी गांव में ही किसी शादी समारोह में शामिल होने चले गये। आरती घर मे बिल्कुल अकेली थी। इसी दौरान सुबह 11 बजे के करीब उसने यह आत्मघाती कदम उठाया और अपने तीनों बच्चे के साथ कुंएं में छलांग लगा दी। 


लेकिन आरती को कुएं में छलांग लगाते गांव के ही एक व्यक्ति ने देख लिया और शोर मचाया। शोर सुन लोग वहां इकट्ठा हो गए और सभी चारों को कुंए से बाहर निकाला। लेकिन जब तक उन्हें निकाला गया तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। वहीं आरती की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 


घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर पास्कल टोप्पो और प्रभारी थानेदार रिशु सिन्हा खसलोडीह गांव पहुंच मामले कि जांच पड़ताल करने में जुट गए हैं। वहीं घटना के बाद से पुरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो – रोकर बुरा हाल है। 



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें