मंगलवार, 13 मई 2025

रिश्तेदार के घर जा रहे एक व्यक्ति की ट्रक के धक्के से हुई मौत

गिरिडीह (Giridih)। अपने रिश्तेदार के घर जा रहे एक व्यक्ति को एक तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन फानन में घायल को इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार कर उन्हें बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के क्रम में ही उनकी मौत हो गयी।


मृतक व्यक्ति की पहचान जिले के सरिया थाना क्षेत्र के फकीरा पहरी निवासी स्व सहदेव पांडेय के पुत्र शंभु पांडेय के रूप में हुई। घटना के सम्बंध में बताया गया कि शंभु पांडेय मंगलवार को अपने रिश्तेदार के घर पुरनानगर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने गिरिडीह- धनबाद मुख्य पथ पर वनांचल कॉलेज के समीप अपनी चपेट में ले लिया, और भागने का प्रयास किया। लेकिन स्थानीय लोगों ने ट्रक को पकड़ कर मुफ्फसिल थाने को घटना की सूचना दी।

       

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाना चली गयी। इधर, रास्ते मे शंभु पांडेय की हुई मौत के बाद उनके शव को गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही ब्राह्मण समाज से जुड़े कई पदाधिकारी समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। जहां पुलिस पोस्टमार्टम समेत अन्य प्रक्रिया करने में जुटी है। वहीं शंभु पांडेय की मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें