गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह में सोमवार अहले सुबह एक बाराती वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी। टक्कर इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। वहीं मौके पर ही दो की मौत हो गयी। जबकि हादसे में पांच अन्य लोग घायल हो गए। जिनमे चार की स्थिति नाजुक बतायी जाती है। घटना के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह डुमरी मुख्य पथ पर जोड़ा पहाड़ी के पास की है।
मृतकों में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कुम्हरलालो निवासी 36 वर्षीय संतोष कुमार वर्मा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पालमो निवासी विनोद दास शामिल हैं। जबकि घायलों में कुम्हरलालो निवासी 44 वर्षीय खीरू वर्मा, 40 वर्षीय पप्पू वर्मा, 45 वर्षीय बबलू वर्मा, 40 वर्षीय प्रदीप वर्मा एवं 20 वर्षीय सोनू कुमार शामिल हैं।
घटना के बाबत बताया जा रहा है कि रविवार की रात पीरटांड थाना क्षेत्र के कुम्हारलालो से गांडेय थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव बारात गई थी। शादी समारोह सम्पन्न होने के बाद सोमवार अहले सुबह लगभग चार बजे बारात वापस लौट रही थी। इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा से जैसे ही वाहन आगे बढ़ी जोड़ापहाड़ी के समीप बोलेरो चालक को झपकी आ गयी और वाहन पेड़ से जा टकरायी। घटना में वाहन चालक और वाहन पर सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने अपनी टीम को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं गम्भीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की छानबीन करने में जुटी है। वहीं घटना के बाद शादी की ख़ुशी मातम में पसर गयी, वंही अस्पताल में परिजनों के चित्कार से पुरा माहौल गमगीन हो गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें