GIRIDIH/KODARMA। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा के प्रश्न पत्र गिरिडीह से ही लीक हुआ था। पड़ोसी जिला कोडरमा की पुलिस ने इस मामले का उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना पर गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र के न्यू-बरगंडा इलाके के एक घर मे छापेमारी कर पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी रोहित कुमार के अलावे मुकेश कुमार, लालमोहन कुमार, अशु कुमार पांडेय, कृष्णा कुमार पांडेय एवं कमलेश कुमार शामिल हैं। ये सभी गिरिडीह मे रहकर पढ़ाई व मजदूरी करते हैं। कोडरमा पुलिस ने इन छह आरोपियों को हिरासत में लेकर अपने साथ कोडरमा चली गयी।
बता दें कि कोडरमा की पुलिस ने मंगलवार अहले सुबह गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा स्थित एक घर मे छापेमारी की। इस छापेमारी के नेतृत्व कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह व डीएसपी मुख्यालय रतिभान सिंह कर रहे थे। छापेमारी में काफी संख्या में सशस्त्र पुलिस के जवान भी शामिल थे।
पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड रोहित कुमार ने पुलिसिया पूछताछ के दौरान यह खुलासा किया कि उन्हें गिरिडीह में प्रश्न पत्रों से भरे वाहन से माल उतारने के लिए श्रमिक के रूप में लगाया गया था। इसी दौरान उन्होंने सील पैक प्रश्न पत्र को ब्लेड से काटकर चोरी किया और उसका पीडीएफ बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें से लीक हुए 10वीं विज्ञान के प्रश्न पत्र की प्रतियां बरामद हुई हैं। जांच के दौरान उस कंबल और चटाई को भी जब्त किया गया है, जिसमें प्रश्न पत्र छिपाकर ले जाया गया था। पुलिस अब इन सभी आरोपियों की उम्र, व्यवसाय और पते की पुष्टि करने में जुटी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें