रांची (RANCHI)। झारखण्ड सरकार द्वारा मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के लाभुकों के खाते में आज 28 दिसम्बर से राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। लाभुकों के खाते में राशि मिलने लगे हैं। हालांकि पूर्व में सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज 28 दिसम्बर को रांची के नामकुम में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित कर मंईयां सम्मान योजना की राशि लाभुकों के खाते में सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री को हस्तांतरित करना था। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन हो जाने के कारण राज्य में 7 दिवसीय राजकीय शोक मनाया जा रहा है। इस कारण उस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।
वहीं आज शनिवार 28 दिसम्बर को सुबह-सुबह 6:15 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया और कहा -पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह जी के निधन के कारण मंईयां सम्मान का आज का कार्यक्रम टाल दिया गया है। पर- मैंने जो वादा अपने राज्य की महान जनता से किया था- उसे पूरा कर रहा हूं, हर मंईयां के खाते में ₹2500, साल के पूरे ₹30000- हमेशा!!
मुख्यमंत्री मंत्री द्वारा सोशलमीडिया एक्स पर इस पोस्ट के बाद लाभुकों के खाते में आज से ही राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। हालांकि शनिवार और रविवार को बैंकों की छुट्टी की वजह से हो सकता है कि राशि थोक के भाव में लाभुकों के खाते में सोमवार को पहुंचे।
24 जिलों के बीच 5225 करोड रुपए आवंटित
बता दें इस योजना पहले फंड की वजह से समस्या आई थी। लेकिन अब अनुपूरक बजट पास होने के बाद कोष की व्यवस्था कर ली गई है। राज्य सरकार ने 5225 करोड रुपए झारखंड के 24 जिलों के बीच आवंटित किया है। सूत्रों के अनुसार 5225 करोड रुपए चालू वित्तीय वर्ष के चार माह की अवधि के लिए आवंटित हुई है। यह राशि जिलों में रजिस्टर्ड लाभुकों के खाते में जाएगी। खाते में राशि भेजने की जानकारी लाभुकों को एसएमएस से भी दी जाएगी। इसके लिए विभाग ने पहले ही एसएमएस खरीद चुका है।
गिरिडीह को 423. 61 करोड़ राशि आवंटित
वहीं इस योजना के लिये सभी ज़िलों को राशि भी आवंटित कर दी गई है। लाभुकों की संख्या को देखते हुए सबसे अधिक राशि गिरिडीह जिले को आवंटित हुई है। राजधानी रांची दूसरे स्थान पर है। जबकि सबसे कम राशि सिमडेगा जिले को आवंटित हुई है। सबसे अधिक राशि गिरिडीह को 423. 61 करोड़, रांची को 419.93 करोड़, सिमडेगा को 83.58 करोड़ का आवंटन हुआ है जबकि धनबाद को 353.76 करोड़ की राशि का आवंटन प्राप्त हुआ है। बता दें कि इस योजना में अब तक 55.25 लाख महिला लाभुकों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। प्राप्त सूचनानुसार मईयां सम्मान योजना की बढ़ी हुई राशि ₹2500 का भुगतान लाभुकों के बैंक खाते में किया जाने लगा है और लाभुकों के खाते में भी आज से राशि पहुंचनी शुरू हो गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें