रविवार, 20 अक्टूबर 2019

विपक्ष को आड़े हाथों ले सीएम ने गिनाया सरकार की उपलब्धि

सादा राशनकार्ड धारियों को भी मिलेगा आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड की सुविधा : मुख्यमंत्री

*मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रेम्बा मोड़ में किया जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जनसभा*



 *गिरिडीह :-*  सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार 20 अक्टूबर को जिले के जमुआ विधानसभा क्षेत्र के रेम्बा मोड़ में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के तहत जन सभा को सम्बोधित करते हुये कहा कि अब न केवल लाल और पीला राशन कार्ड धारियों को बल्कि सादा राशनकार्ड धारियों को भी आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि कल से यानि 21 अक्टूबर से सभी प्रज्ञा केंद्रों पर सभी सादा कार्डधारियों का भी गोल्डेन कार्ड निःशुल्क बनेगा। कहा कि इस कार्ड के जरिये कोई भी गरीब किसी भी नामी अस्पतालों में गम्भीर बीमारियों का 5 लाख तक का इलाज निःशुल्क करा सकेंगे। मौके पर उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी जनोपयोगी और महत्वाकांक्षी योजनाओं का जिक्र करते हुये उसकी उपलब्धि से जनता को अवगत कराया।

*किसान सम्मान निधि की दूसरी क़िस्त 23 को*

    भाजपा जिलाध्यक्ष  सुनील अग्रवाल की अध्यक्षता एवं संचालन में आयोजित इस जनसभा को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार राज्य की सरकार ने किसानो को सम्मान देने की योजना शुरू की है। जिसके तहत राज्य के 26 लाख किसानो को 6 हजार रुपये तीन किस्तो में दिया जाना है। 26 लाख किसानों को पहली क़िस्त की राशि दी जा चुकी है। दूसरी क़िस्त की राशि आगामी 23 अक्टूबर को गिरिडीह में होने वाले कार्यक्रम के दौरान दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों का ध्यान रख कर कार्य कर रही है। कहा कि शहर की सारी सुविधाएं गांव में मिले इसके लिये हर गांव में स्ट्रीट लाईट लगाने का काम किया जा रहा है। 2022 तक  प्राथमिकता के आधार पर हर घर में जल की व्यवस्था करने हेतु पाइप लाइन बिछाने का काम की जा रही है।

*नारी के सशक्त हुए बिना विकास सम्भव नहीं*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अनादि काल से नारी शक्ति की पूजा करते आ रहे हैं। इसलिये कोई भी देश और राज्य तभी सशक्त और समृद्ध होगा जब वँहा की नारी सशक्त होगी। इसके लिये सखी मण्डल के माध्यम से नारी शक्ति को स्वरोजगार से जोड़ सरकार उन्हें समृद्ध कर रही है।

*कांग्रेस और बाप बेटे की सरकार ने प्रदेश लूटा*

  मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जंहा 67 वर्षों तक प्रदेश को लूटा वंही बाप बेटे की सरकार ने भी प्रदेश  की प्राकृतिक संसाधनों को जमकर लूटा है। कहा कि प्रदेश में 40 प्रतिशत प्राकृतिक संसाधन है बाबजूद प्रदेश में गरीबी व्याप्त है। उन्होंने कहा की झामुमो ने प्रदेश को बेचने का काम किया लेकिन उनकी सरकार विकास को गति दे रही है। ताकि आने वाली पीढ़ी गरीबी में न जिये। उन्होंने कहा कि 2022 में नया भारत तभी बनेगा जब नया झारखण्ड बनेगा।

*जो बेटा बाप का नहीं हुआ वह आपका क्या होगा*

 मुख्यमंत्री ने प्रतिपक्ष के नेता हेमन्त सोरेन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो बेटा अपने बाप का नहीं हुआ वह आपका कितना होगा इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। कहा झामुमो के पार्टी सुप्रीमो हैं गुरूजी उनके बेटा ने उन्हें 364 दिन पिंजड़ा में कैद करके रखा और अब चुनाव आने वाला है तो पिंजड़ा से पंक्षी उडा रहा है। रघुवर दास ने कहा कि दुमका की जनता ने गुरूजी (शिबू सोरेन) को नकार दिया है। वँहा के आदिवासी, दलित और शोषितों का जमात सजग हो गया है। कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पुरे राज्य से झामुमो का सफाया हो जायेगा।

*मुख्यमंत्री को पगड़ी और गीता किया गया भेंट*

   मुख्यमंत्री के मंच पर पहंचने के बाद भाजपाइयों ने जंहा उन्हें फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। वंही विधायक जमुआ केदार हाजरा ने मुख्यमंत्री को पगड़ी और गीता भेंट कर उनका स्वागत किया।

*जनसभा में मुख्य रूप से थे उपस्थित*

मुख्यमंत्री के इस जोहार जन आशीर्वाद यात्रा जन सभा में रांची के सांसद संजय सेठ, कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, जमुआ विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक सुकर रविदास, प्रणव वर्मा, जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, अशोक उपाध्याय, विभाकर पाण्डेय, दिनेश यादव, विनय शर्मा, विनय सिंह, दारा हाजरा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 *कई ने थामा भाजपा का दामन*

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ओबीसी सेल के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी परमेश्वर यादव ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा। इसी प्रकार हुलास यादव, धीरेन्द्र मण्डल, खागो मण्डल के अलावे झामुमो, भाकपा माले, राजद आदि दलों को छोड़ कई लोग अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।


*नहीं गये मुख्यमंत्री चतरो,देवरी और मण्डरो*

मुख्यमंत्री का आज रेम्बा मोड़ में जन सभा को सम्बोधित करने के उपरान्त रोड शो करते जमुआ चौक ,चतरो, देवरी और मण्डरो होते हुये कोदम्बरी जाने का कार्यक्रम निर्धारित था। लेकिन मुख्य मंत्री ने सिर्फ जमुआ चौक तक ही रोड शो किया और वंही से धनवार के रास्ते कोदम्बरी के लिये प्रस्थान कर गये। जंहा से पुनः हेलीकॉप्टर पर सवार हो मुख्यमंत्री कोडरमा के लिये कूच कर गये।

*मायूस दिखे लोग*

मुख्यमंत्री के चतरो,देवरी और मण्डरो नहीं पहुंचने से उन सभी क्षेत्र के लोग खासे मायूस दिखे। लोगो की आँखें मुख्यमंत्री का इंतज़ार करते करते पथरा गयी। लेकिन मुख्यमंत्री ने रास्ता बदल कर कोदम्बरी निकल गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें