सोमवार, 25 मार्च 2019

झारखण्ड : सीटों के बंटवारे से बिदका राजद

यूपीए गठबंधन ने झारखण्ड में किया 7-4-2-1 के फार्मूले पर सीटों का बंटवारा



उम्मीदवार चयन की तैयारी जारी
लंबे समय से गठबंधन को लेकर जारी जद्दोजहद के बीच झारखंड में विपक्षी दलों ने गठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा कर लिया है. रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष और दुमका से जेएमएम के सांसद शिबू सोरेन की मौजूदगी में विपक्षी दलों के नेताओं ने सीट बंटवारे की घोषणा की. 

गठबंधन के तहत कांग्रेस को सात, जेएमएम को चार, जेवीएम को दो तथा राजद को एक सीट दी गई है. कांग्रेस पार्टी राज्य की धनबाद, हजारीबाग, रांची, चाईबासा, धनबाद, चतरा और लोहरदगा सीट पर चुनाव लड़ेगी. जबकि जेएमएम को जमशेदपुर, दुमका, राजमहल और गिरिडीह की सीट दी गई है.

झारखंड विकास मोर्चा को गोड्डा और कोडरमा की सीट दी गई है. राजद के खाते पलामू की सीट आई है. हालांकि राजद ने इस समझौते को मानने से फिलहाल इनकार किया है. चतरा पर भी उसका दावा बरकरार है. 

शिबू सोरेन के रांची स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेस में जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, विधायक चंपई सोरेन, झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय मौजूद थे.

हेमंत सोरेन ने कहा है कि जल्दी ही उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी. तथा गठबंधन में शामिल सभी दल साझा चुनाव प्रचार में जाएंगे. उनका दावा है कि झारखंड में बीजेपी को करारी शिकस्त देंगे.

झारखंड में महागठबंधन सीट की सूची :-

रांची-             (कांग्रेस)
खूंटी –           (कांग्रेस)
लोहरदगा-       (कांग्रेस)
हजारीबाग-      (कांग्रेस)
चतरा –           (कांग्रेस)
धनबाद-           (कांग्रेस)
पश्चिम सिंहभूम- (कांग्रेस)

दुमका-     (झामुमो)
राजमहल- (झामुमो)
गिरिडीह-  (झामुमो)
जमशेदपुर- (झामुमो)

कोडरमा – (झाविमो)
गोड्डा –      (झाविमो)

पलामू-       (राजद)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें