सोमवार, 8 दिसंबर 2025

टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर सदर अस्पताल सभागार में हुआ विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा सोमवार को टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का आयोजन सदर अस्पताल के सभागार में किया गया है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर टीबी उन्मूलन के प्रयासों को मजबूती प्रदान करना है।


प्रशिक्षण के दौरान संदिग्ध टीबी मामलों की पहचान के लिए उन्नत नवीन तकनिकों और स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल की जानकारी दी गयी। टीबी रोगियों के लिए उपचार एवं नए दवाओं एवं उनका Proper Supervision & Monitoring की भी जानकारी दी गयी। वहीं प्रशिक्षण के दौरान टीबी मामलो से संबंधित डेटा की रिकॉर्डिंग एवं रिपोर्टिंग में उन्नत तकनिक के साथ और भी बेहतर बनाने की भी जानकारी दी गई।


इस मौके पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, गिरिडीह डा० रेखा कुमारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन में CHO की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, ये सीधे ग्रामीण जनसमुदाय के सम्पर्क में होते है और जल्दी टीबी संबंधित मामलों की पहचान कर सकते है। वहीं बतौर प्रशिक्षक जिला यक्ष्मा केन्द्र के सिनियर डीपीएस संजीव कुमार एवं डीपीपीएमसी सह प्रभारी डीपीसी वीरेन्द्र प्रसाद यादव ने प्रशिक्षुओं को टीबी के नए दिशा निर्देशों, पोषण संबंधित सहायता एवं योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।


इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से आए CHO शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला यक्ष्मा केन्द्र के कर्मियों लिपिक बिजय कुमार, एसटीएलएस धर्मेंद्र कुमार, एसटीएस गौतम कुमार, एलटी रमाकान्त, एलटी पंकज कुमार, लेखापाल रवि कान्त सिन्हा, कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरज मंडल, मोहन प्रसाद यादव, मनोज राम, मो. कोनैन अंसारी, साजन ठाकुर, सुन्दवा हाड़ीन आदी ने भूमिका सराहनीय रही।



शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक में उपायुक्त ने दिया विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समावेशिता पर बल

गिरिडीह (Giridih)। उपायुक्त रामनिवास यादव ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समावेशिता पर बल देते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, समावेशी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर बल दिया। उन्होंने शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा प्राप्त राशि के पारदर्शी एवं यथोचित उपयोग, विद्यालयों में सुव्यवस्थित इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लास, ICT लैब, पुस्तकालय, तथा शैक्षणिक वातावरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उपायुक्त सोमवार को शिक्षा विभाग अंतर्गत सभी एजेंडा की बिंदुवार समीक्षा बैठक कर रहे थे।


बैठक के दौरान उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों एवं संसाधनों की स्थिति की समीक्षा कर, त्वरित कार्रवाई हेतु जिला मुख्यालय को सूचित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार व जिला प्रशासन द्वारा उचित प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समावेशी वातावरण मिल सकें।



बैठक में उपायुक्त ने समग्र शिक्षा, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ई- विद्यावाहिनी में शिक्षकों की उपस्थिति, पोशाक, छात्रवृति, पोषण वाटिका, विद्यालयों में मध्याह्न भोजन वितरण, विद्यालय में खाद्यान्न की प्रत्येक माह की ससमय उपलब्धता, पोषण वाटिका (किचन गार्डेन) की स्थापना, विद्यालयों में कार्यरत रसोईया समेत जिला स्तर पर शिक्षा विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की।


इस दौरान उन्होंने दो टूक लहजे में कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक मिड डे मील देने को प्राथमिकता बताया। वहीं उन्होंने पोशाक एवं छात्रवृति योजना से छात्रों को ससमय लाभान्वित करने को निर्देशित किया।


उन्होंने सभी प्रखंडों में ई-विद्या वाहिनी से शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने एवं एमआईसी कोऑर्डिनेटर को सभी तरह का डाटा शत प्रतिशत सही प्रविष्टि करने का निर्देश दिया। वहीं कार्य में तेजी लाते हुए सुधारात्मक प्रगति का निर्देश दिया। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत विद्यालयों का निरंतर भ्रमण कर विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति शौचालय एवं पेयजल समेत विभिन्न बिंदुओं का जायजा लेने को कहा।


*मेरा विद्यालय निपुण और मैं भी निपुण कार्यक्रम* की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने हिंदी भाषा पर सुधार करने हेतु सभी BEEO और BPO को निदेशित किया। कहा कि सभी विद्यालयों में शिक्षक हस्तपुस्तिका में दी गई कि साप्ताहिक योजना के अनुसार सभी सहायक सामग्रियों के माध्यम से कार्य कराना सुनिश्चित करना है। वार्षिक मूल्यांकन का कार्य होना है इसलिए सभी बच्चों को मध्याह्न भोजन के बाद नियमित पठन अभ्यास करवाना है। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े सभी पदाधिकारी, बीईईओ, बीपीओ समेत अन्य उपस्थित थे।


उपायुक्त ने दिया तय समय पर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश, कहा कार्य मे कोताही नहीं होगी बर्दास्त

गिरिडीह (Giridih)। उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में मनरेगा, पीएम आवास, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना समेत अन्य विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा के क्रम में उन्होंने कार्यों में कोताही बरतने वाले कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करने और लोगों को इसका लाभ देने को कहा।


मनरेगा योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने वैसे सभी योजनाओं जो वर्षों से पेंडिंग पड़े हुए हैं उन्हें अविलंब पूर्ण कराने, मानव दिवस सृजन में प्रगति लाने तथा शत-,प्रतिशत जियो टैगिंग कराने एवं पोटो हो खेल मैदान सहित अन्य योजना को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।


वहीं अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति, आवास योजना के लाभुकों की राशि की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी लंबित आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने एवं लाभुकों को किस्तों का भुगतान समय पर करने का निर्देश दिया। कहा कि कोई भी योग्य लाभुक इन योजनाओं से वंचित न रहे। इस क्रम में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को लंबित योजनाओं में अगले एक हफ्ते के अंदर प्रगति लाने का सख्त निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बरतें, ताकि सुनियोजित तरीक़े से योजनाओं को पूरा किया जाए और लोगों को उसका लाभ मिले।


बैठक में अबुआ आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 23-24 एवं 24-25 में दिए गए लक्ष्य, स्वीकृति, प्रथम/द्वितीय एवं तृतीय किस्त भुगतान, फेल्यर पेमेंट, हाउस कंप्लीशन, जियो टैगिंग आदि के संबंध में जानकारी ली। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत किए जा रहे कार्यों के लक्ष्यों को पूर्ण करने का एवं बिरसा हरित ग्राम योजना तथा बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना में प्रगति लाने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, निदेशक, डीआरडीए, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी प्रखंड समन्वयक समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 



स्टेट बैंक की एटीएम से चोरी करते रंगे हाथ धराया युवक, एटीएम में सेलोटेप लगा रुपये निकाल भाग रहा था युवक

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसिया के बिरसा चौक स्थित एसबीआई एटीम से चोरी करते एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार युवक आनंदी रवानी धनबाद का निवासी है।


जानकारी के अनुसार पटेल नगर निवासी उमाकांत वाजपेई अपने एटीएम कार्ड से 10000 रूपये की निकासी करने बिरसा चौक स्थित एसबीआई के एटीएम पहुंचे। उन्होंने पैसे निकालने के लिए एटीएम मशीन में अपना कार्ड डाला। सारी प्रक्रिया पूरी हुई, लेकिन मशीन से पैसे की निकासी नहीं हुई। तब वो बगल में स्थित दूसरे एटीएम मशीन से पैसे निकालने गये। जैसे ही दूसरे एटीएम में वो प्रवेश किये तभी उनके मोबाइल में पैसे निकासी का मैसेज आ गया। जिसके बाद वे तुरंत एसबीआई के एटीएम पहुंचे तो देखा, एक लड़का उनका पैसा निकालकर भाग रहा था। जिसके बाद उन्होंने हो - हल्ला मचाया। शोर सुन चौक पर मौजूद लोगों ने उस लड़के को धर दबोचा।


पूछताछ के क्रम में धराये युवक ने बताया कि वह अपनर 3 अन्य साथियों के साथ वहां था। जो सभी मौके से भाग निकले। बताया कि एटीएम मशीन के पैसे निकालने वाले स्थान पर उसने सेलोटेप साट कर किनारे खड़ा हो ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। इसी बीच उमाकांत वाजपेई आये। मोबाइल का मैसेज ओर स्थानीय लोगों की सहयोग से एटीम से पैसे चोरी करने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस अब युवक के तीन अन्य साथियों की तलाश करने में जुटी है।


बैलगाड़ी पर चढ़ा अलकतरा लदा ट्रक, हादसे में बैलगाड़ी चालक और बैलों की हुई मौत

गिरिडीह (Giridih)। जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अलकतरा लदा ट्रक बीती रात एक बैलगाड़ी पर चढ़ गया। घटना में बैलगाड़ी चालक और दो बैलों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक बैलगाड़ी चालक की पहचान घोरंजो निवासी नुनुराम भोगता के पुत्र मोहन भोगता के रूप में हुई है।


बताया गया कि मोहन भोगता कारोडीह गांव से बिचाली खाली कर अपने घर घोरंजो लौट रहे थे। इसी दौरान जमुआ -पचम्बा मुख्य मार्ग स्थित घोरंजो के समीप एक अलकतरा लदे ट्रक (संख्या एनएल 04 डी 8705) ने बैलगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दिया। घटना में बैलगाड़ी चालक और दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि अलकतरा लदे ट्रक के चालक कथित रूप से नशे में धुत था। जिस कारण उसने अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रक को सीधा बैलगाड़ी पर चढ़ा दिया। जिससे यह हृदय विदारक घटना घटित हुई।


घटना की सूचना पाकर जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव के साथ दोनों बैलों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जूट गई। जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास ने बताया कि ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। सरकार के प्रावधानों के तहत मृतक परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेरहाबाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गौतम सागर राणा ने बताया कि मृतक मोहन यादव बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे और बैलगाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। मुखिया ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।


चुनाव पदाधिकारियों ने जिला अधिवक्ता संघ के सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को दिया जीत का प्रमाण पत्र, दिलाया पद की शपथ

गिरिडीह(Giridih)। जिला अधिवक्ता संघ के वर्ष 2025- 27 के लिये सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संघ भवन के सभागार में सोमवार को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। स्टेट बार कांउसिल द्वारा नियुक्त इलेक्शन कमेटी के रिटर्निंग ऑफिसर महेंद्र देव, केशव दाराद और प्रमोद सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।


गौरतलब है कि जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों का चुनाव बीते शनिवार को सम्पन्न हुआ था। जिसमे 7 पदाधिकारी और 9 कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए थे। संघ के 824 मतदाताओं में 737 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर इन सभी पदाधिकारियों के पक्ष में अपना मत दिया था। जिसमे अध्यक्ष के पद पर प्रकाश सहाय, उपाध्यक्ष पद पर विशाल आनंद, महासचिव के पद पर चुन्नू कांत, संयुक्त सचिव प्रशासन के लिये शिवेंद्र कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव पुस्तकालय के लिये शुभोनील सामंता एवं कोषाध्यक्ष के पद पर अमित कुमार सिन्हा तथा सहायक कोषाध्यक्ष के पद पर दिनेश कुमार राणा विजयी हुए थे।


वहीं 9 कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अमित कुमार, भुनेश्वर महथा,  बिनोद कुमार पासवान, उत्तम कुमार सिन्हा, सृष्टि सौम्या, दिनेश प्रसाद शर्मा, बिनोद कुमार यादव, वैभव विशाल, बलराम राम विजयी हुए थे। इन सभी पदाधिकारियों को चुनाव पदाधिकारियों ने जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। साथ ही उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलाया।


इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश सहाय व महासचिव चुन्नूकांत के अलावे अन्य पदाधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कहा कि पूरी कमिटी अधिवक्ता हित के लिए काम करेगी। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ता प्रोटेक्शन बील को शीघ्र लागू कराने के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की भी बातें कही।


संदिग्ध स्थिति में जमुनिया जंगल में मिला युवक की लाश, परिजनों ने जताया हत्या की आशंका

गिरिडीह (Giridih)। जिले के देवरी प्रखण्ड अंतर्गत भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के फतेहपुर स्थित जमुनिया जंगल मे संदिग्ध स्थिति में बेहोशी की हालत में एक युवक के मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक युवक की पहचान जगसीमर गांव निवासी पलकधारी यादव के 33 वर्षीय पुत्र उपेंद्र यादव के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार उपेंद्र यादव रविवार की शाम चतरो बाजार से अपने घर लौट रहा था। लौटने के क्रम में फतेहपुर–भेलवाघाटी सड़क पर देवरी थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास वे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना के एएसआई बुद्धदेव उरांव अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।



वहीं सोमवार सुबह मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जता काफी उग्र हो गये। उनका आरोप था कि मृतक युवक की बाइक घटनास्थल से गायब थी और उसके एक पैर के नाखून भी गायब था। परिजनों और ग्रामीणों ने आशंका जताया कि उसकी हत्या की गयी है। आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने  प्रशासन से अविलम्ब मामले का उद्भेदन करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य पथ को जाम कर दिया। जिससे आवगमन पूरी तरह बाधित हो गया।



सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ जितेंद्र प्रसाद सदलबल घटना स्थल पहुंचे और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने हर पहलुओं पर जांच करने का आश्वासन दे जाम हंटवाने में सफलता पायी। बाद में पुलिस ने मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।


घटना के बाबत एसडीपीओ खोरीमहुआ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। हादसा मे युवक अपने ही बाइक से गिरा है, जिससे उसकी मौत हुई है। कहा कि युवक की बाइक भी बरामद हो गई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हर मानवीय एवं तकनीकी पहलुओं से इस मामले की जांच की जायेगी। कहा कि हत्या का मामला हुआ तो आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उसकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।



आज 08 दिसम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 08: 12 :: 2025, सोमवार

08 दिसम्बर 2025 : आज पौष माह, कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि और सोमवार दिन है। दिसंबर का महीना शांति, उत्सव और आध्यात्मिक उमंग से भरा हुआ माना जाता है। जैसे-जैसे वर्ष अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता है, प्रकृति भी ठंडी हवाओं, मधुर धूप और शांत वातावरण के साथ एक नया संतुलन लेकर आती है। यह समय हेमंत ऋतु की स्थिरता और शीत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक होता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिसंबर अत्यंत विशेष महीना माना जाता है, क्योंकि इस दौरान उत्पन्न एकादशी, मोक्षदा एकादशी, धानुर्मास की शुरुआत, गीता जयंती और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं। इस महीने भगवान विष्णु की आराधना, दान, तप और साधना का विशेष महत्व माना जाता है। साल के अंतिम महीने में लोग नए वर्ष की तैयारियों, आध्यात्मिक साधना और परिवार के साथ समय बिताने पर विशेष ध्यान देते हैं। समृद्धि, शांति और शुभ फल प्राप्त करने के लिए यह महीना बेहद मंगलकारी माना जाता है। चतुर्थी तिथि आज शाम 04:03 PM तक जारी रहेगी। इसके बाद पंचमी तिथि लग जाएगी। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:52 AM से 12:34 PM तक रहेगा। आज के दिन राहुकाल 08:20 AM से 09:37 AM तक रहेगा। आज सोमवार के दिन सूर्य देव राशि वृश्चिक राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा कर्क राशि में रहेंगे। आज कोई व्रत और त्योहार नहीं है। वार के हिसाब से आप सोमवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान शिव को समर्पित होता है। सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा करने से कई लाभ मिल सकते हैं। इस दिन शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर जल, दूध और गंगाजल चढ़ाएं। साथ ही बेलपत्र, धतूरा अर्पित करें। महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने से रोग और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। शिव मंदिर में रुद्राक्ष दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस दिन सफेद रंग के कपड़े पहनने और व्रत रखने से मन में शांति और सकारात्मक ऊर्जा रहती है। आर्थिक तंगी दूर करने के लिए सोमवार की रात शिव मंदिर में घी का दीपक जलाएं और नौकरी में सफलता पाने के लिए शिवलिंग पर शहद चढ़ाएं। इन उपायों से जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता मिल सकती है।


आज का पंचांग: 08 दिसम्बर 2025, दिन: सोमवार।  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082            शक संवत : 1947     ऋतु:  हेमन्त                      मास     :  पौष            पक्ष  :  कृष्ण पक्ष                  सूर्योदय : 07: 02 AM,     सूर्यास्त :05:24 PM  तिथि : चतुर्थी 04:03 PM तक उपरांत पंचमी        नक्षत्र : पुष्य 02:52 AM तक उपरांत आश्लेषा।        राहुकाल : 08: 20 AM से 09: 37 AM तक              चन्द्रमा : कर्क राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : सोमवार व्रत, भगवान शिव पूजन दिवस


आज :: 08 :: 12 :: 2025  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज का दिन आपके लिए खास रहेगा। आप ज़रूरतमंदों की मदद करने के लिए तैयार रहेंगे। आपको परिवार के किसी मामले में कंट्रोल बनाए रखना होगा। किसी से रोमांटिक बातचीत करते समय सावधान रहें। शादीशुदा लोगों की आज घरेलू ज़िंदगी बहुत अच्छी रहेगी। जो लोग प्यार में हैं, उन्हें आज अपने प्यार का इज़हार करने का मौका मिलेगा। आज आपका लकी नंबर 9 है। आज का दिन फाइनेंस के मामले में अच्छा रहेगा। ज़मीन खरीदना खास तौर पर फायदेमंद हो सकता है। अपने बिज़नेस में लोन या टैक्स से जुड़ी फाइलों में पूरी ट्रांसपेरेंसी बनाए रखें। काम से एक बहुत ज़रूरी ब्रेक आपको रिचार्ज करने में मदद करेगा।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज का दिन आपके लिए व्यस्त रहेगा। आपके पड़ोस में रहने वाले किसी व्यक्ति से दोस्ती होने के संकेत हैं। बाज़ार में खरीदारी करते समय अपने पर्स का ध्यान रखें। आपको अपने जीवनसाथी से खुशी और सपोर्ट मिलेगा। आप अपने प्रियजन के साथ कहीं बाहर जाने का प्लान बनाएंगे। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज आर्थिक लाभ का अच्छा मौका है। अभी आपके बिज़नेस में जो चल रहा है, उस पर ध्यान दें। किसी खास व्यक्ति से अचानक मुलाकात आपके करियर की दिशा बदल सकती है। नौकरीपेशा लोगों को सावधान रहना चाहिए; किसी गलती की वजह से कोई अधिकारी आपसे नाराज़ हो सकता है।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आपकी आकर्षक पर्सनैलिटी सभी को आपकी ओर खींचेगी। आप अपनी किसी खास स्किल को निखारने की कोशिश करेंगे। आपका जीवनसाथी आपसे खुश रहेगा क्योंकि कोई काम मनचाहे तरीके से पूरा होगा। अगर आप सिंगल हैं, तो खुद को सामने लाने में शर्माएं नहीं। रोमांटिक रिलेशनशिप में रहने वालों के लिए दिन अच्छा रहेगा। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज पॉजिटिव रहें और सही तरीके से पैसे कमाने की कोशिश करें। नया काम या बिज़नेस शुरू करने के लिए दिन अच्छा है। बिज़नेस वाले लोग अपने किसी कलीग को पार्टनर बना सकते हैं। काम पर किसी भी कलीग से बहस करने से बचें। सिंगिंग फील्ड से जुड़े लोगों को अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिलेगा।


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज आप अपने भविष्य के बारे में सोचेंगे। कुछ लोग आज अपने ससुराल में किसी बर्थडे सेलिब्रेशन या दूसरे इवेंट में शामिल हो सकते हैं। आप किसी साज़िश या प्लॉट में फंस सकते हैं; सावधान रहें। अपने जीवनसाथी को खुश रखने की कोशिश करें। आप अपने पार्टनर का प्यार पाने के लिए किसी गिफ्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज आप ऑनलाइन शॉपिंग पर पैसे खर्च कर सकते हैं। आपको किसी विदेशी बिज़नेस वेंचर से बड़ा प्रॉफ़िट होने की संभावना है। अगर आप नौकरी बदलने का सोच रहे हैं, तो समय अच्छा है। सरकारी कर्मचारियों को खास सुविधाएँ मिल सकती हैं।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज का दिन ऐसा है जब आपको किस्मत का साथ मिलेगा। अपना खाली समय बेकार में बिताने के बजाय, कुछ नया सीखने में इसका इस्तेमाल करें। कोई अपनी पर्सनल स्वार्थ के कारण आपके परिवार में कन्फ्यूजन पैदा कर सकता है; सावधान रहें। शादीशुदा ज़िंदगी खुशहाल रहेगी। आज आपको एहसास हो सकता है कि किसी के प्रति आपका बढ़ता आकर्षण सिर्फ़ एकतरफ़ा है। आज आपका लकी रंग सफ़ेद है। आज आपका लकी नंबर 7 है। आपको दिन के आखिर में कुछ एक्स्ट्रा इनकम की उम्मीद करनी चाहिए। आप रियल एस्टेट खरीदने का प्लान बना सकते हैं। आपको बिज़नेस में कॉम्पिटिशन वाली स्थिति से गुज़रना पड़ सकता है। आपकी नौकरी में नए मौकों के कारण, आपको नई जगह जाने का फ़ैसला करना पड़ सकता है।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज घर का माहौल शांतिपूर्ण रहेगा। दूसरों की नकल न करें, वरना आपको नुकसान होगा। आप अपने बच्चे के पढ़ाई में अच्छे परफॉर्मेंस से खुश रहेंगे। महिलाएँ आज ऑनलाइन कोई नई डिश सीखने की कोशिश करेंगी। नए शादीशुदा जोड़े एक-दूसरे के साथ ज़्यादा समय बिताने के मौके ढूंढेंगे। जो लोग प्यार में हैं, वे आज अपने लवर से मिलने के लिए ज़्यादा उत्साहित रहेंगे। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज आपको कहीं से अचानक फाइनेंशियल फ़ायदा हो सकता है। आज बिज़नेस की ग्रोथ और उसे नई दिशा देने के लिए शुभ है। पुश्तैनी प्रॉपर्टी मिलने के चांस हैं। कोई प्लान किया हुआ काम आज पूरा हो सकता है। प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों पर काम का बोझ ज़्यादा रहेगा।


तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज भाग्य के नज़रिए से आपके लिए दिन बहुत अच्छा रहेगा। महिलाओं को खरीदारी करते समय सोच-समझकर खर्च करना चाहिए। अगर ससुराल वालों के साथ आपके रिश्ते में कोई समस्या थी, तो आज उसमें सुधार होगा। आज अपने पार्टनर से झूठ बोलना ठीक नहीं है। कुल मिलाकर, आपके प्रेम जीवन के लिए दिन अच्छा है। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है। आप खोया हुआ पैसा वापस पा सकते हैं; प्रयास करें। नया व्यवसाय शुरू करने के लिए आज का दिन अच्छा है। शिक्षा और कंसल्टेंसी से जुड़े लोगों का दिन अच्छा रहेगा। आपकी प्रोफ़ाइल के आधार पर बड़े अवसर मिलने की संभावना है। ऑफिस में किसी को वित्तीय सहायता देने के बारे में सोच-समझकर फैसला लें।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज का दिन शुभ कार्यक्रमों के आयोजन का दिन रहेगा। आप में से कुछ लोग बहुत जल्द बड़े घर में शिफ्ट होंगे। आप अपनी चतुराई और बुद्धिमत्ता से किसी भी समस्या से पार पा लेंगे। आप अपने जीवनसाथी को उपहार देने का वादा कर सकते हैं। जो लोग शादी के योग्य हैं, उनके लिए समय उपयुक्त है। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है।आज आपको व्यवसाय में लाभ के कई नए अवसर मिलेंगे। आप संपत्ति या पिछले निवेश से अच्छे रिटर्न की उम्मीद कर सकते हैं; आत्मविश्वास बनाए रखें। प्रतियोगी परीक्षा में चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहें। अगर काम पूरा नहीं होता है, तो गुस्सा और तनाव आपके साथ जुड़े लोगों को परेशान कर सकता है।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज आप अपने अंदर अद्भुत ऊर्जा और आत्मविश्वास महसूस करेंगे। कोई कीमती चीज़ मिलने की संभावना है। आज आपको दोस्तों से मिलने का मौका मिलेगा। आप अपने जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे। आज आपके प्रेम जीवन के लिए बहुत अच्छा दिन रहेगा। आज आपका भाग्यशाली अंक 8 है। आज, कुछ अचानक लाभ के कारण भगवान में आपका विश्वास और मजबूत होगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को अनुशासन बनाए रखना चाहिए। ऑफिस में किसी के साथ अपना प्रोजेक्ट शेयर न करना ही उचित होगा। आप दिल से लोगों के बारे में अच्छा सोचेंगे, लेकिन लोग इसे आपकी मजबूरी या स्वार्थ समझेंगे।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज आपके जीवन में नए बदलाव आएंगे। आपने अपने परिवार के प्रति जो प्यार और सम्मान दिखाया है, उसका फल आपको निश्चित रूप से मिलेगा। प्यार के मामलों में गुस्सा करना आपके लिए अच्छा नहीं है। आज शादीशुदा जीवन के लिए बहुत अच्छा दिन रहेगा, और आपके जीवनसाथी को कुछ लाभ मिलेगा। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज इनकम बढ़ने के चांस हैं। बिज़नेस में उतार-चढ़ाव रहेगा। अपनी नौकरी में कोई भी बदलाव करने से पहले, उसके बारे में सही जानकारी ज़रूर लें। सरकारी नौकरियों में काम ज़्यादा हो सकता है। मिलिट्री डिपार्टमेंट से जुड़े लोगों को सब्र रखना होगा।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन आपके लिए बहुत फ़ायदेमंद रहेगा। आप शाम को अपने परिवार वालों के साथ बातें करते हुए बिताएंगे। शादीशुदा लोगों के लिए आज का दिन काफ़ी अच्छा है। अपनी लव लाइफ़ में, आपको एहसास होगा कि आपका पार्टनर आपसे कितना प्यार करता है। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज आपको कोई भी फाइनेंशियल प्रॉब्लम नहीं होगी। अगर आप कोई बड़ा ट्रांज़ैक्शन करने जा रहे हैं, तो किसी बड़े की सलाह लेना आपके लिए फ़ायदेमंद होगा। कुछ लोगों का धीमा चल रहा बिज़नेस अब धीरे-धीरे रफ़्तार पकड़ने लगेगा। काम पर अपने कलीग्स की एक्टिविटीज़ को नज़रअंदाज़ न करें। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा है।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन बहुत बढ़िया रहने वाला है। आपको कोई सरप्राइज़ गिफ़्ट मिल सकता है। अगर आपके पास कोई पुरानी कीमती चीज़ पड़ी है, तो आप उसे बेचने के बारे में सोच सकते हैं। अगर कोई अपना आपसे नाराज़ है, तो आप उसे गिफ़्ट भेज सकते हैं। किसी खास इंसान से मिलकर आपका दिल रोमांस से भर जाएगा। आप अपनी शादीशुदा ज़िंदगी को लेकर काफ़ी खुश नज़र आएंगे। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज पैसे कमाने के लिए गलत कामों में शामिल न हों। थोड़ी तेज़ी से आगे बढ़ने के लिए, बिज़नेस और समाज में अपना नेटवर्क बढ़ाने पर ध्यान दें। कंसल्टेंसी से जुड़ा काम फ़ायदेमंद रहेगा। करियर में आगे बढ़ने के अच्छे मौके हैं। काम के बाद स्ट्रेस कम करने का कोई तरीका ढूंढें।


कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


रविवार, 7 दिसंबर 2025

बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर नगर एवं प्रखंड क्षेत्रों में हुई अलाव की व्यवस्था

गिरिडीह (Giridih)। बढ़ती ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कदम उठाए हैं। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र समेत सभी प्रखंडों के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। ताकि रात के समय ठंड से परेशान लोगों को राहत मिल सके।


शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के उन सभी स्थानों को चिन्हित कर अलाव की व्यवस्था की गई है। जहां जरूरतमंद, दिहाड़ी मजदूर, प्रवासी राहगीर और बेघर लोग अधिक संख्या में रहते या गुजरते हैं। 


उपायुक्त ने उन सभी स्थानों पर अलाव की व्यवस्था का लगातार निगरानी करने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया हैं। साथ ही प्रशासनिक टीमों को भी निरंतर अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने का निर्देश दिया है ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सकें। 


प्राधिकार की टीम ने किया गिरिडीह मंडल कारा का औचक निरीक्षण

गिरिडीह (Giridih)। झारखण्ड उच्च न्यायालय एवं झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने रविवार को गिरिडीह मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। प्राधिकार की टीम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मार्तंड प्रताप मिश्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विनोद कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो. सफदर अली नैयर एवं न्यायाधीश प्रभारी मो. दानिश नवाज आदि शामिल थे।


टीम द्वारा मुख्य रूप से जेल मैनुअल के अनुसार मंडल कारा के बंदियों के लिए तैयार किये जा रहे भोजन एवं पेयजल की गुणवत्ता तथा कारा की रसोई का जायज़ा लिया। वहीं कारा में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी से बंदियों के स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में भी पूछताछ की। टीम ने बंदियों से बात चीत कर उन्हें मिल रही मूलभूत सुविधाओं तथा अन्य समस्याओं के विषय में जानकारी प्राप्त किया।


मौके पर जेल अधीक्षक सुश्री हिमानी प्रिया ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम को आवंटन के अभाव में जेल में हो रही असुविधाओं से अवगत कराया। इस दौरान प्राधिकार के सचिव ने मंडल कारा स्थित लीगल एड क्लीनिक का जायज़ा लिया और बंदियों से उनके मुकदमे की पैरवी के लिए अधिवक्ता होने या नहीं होने की भी जानकारी ली। मौके पर टीम ने जेल प्रशासन को जेल की सुरक्ष एवं व्यवस्था से संबंधी जरूरी निर्देश भी दिये।