सोमवार, 8 दिसंबर 2025

बैलगाड़ी पर चढ़ा अलकतरा लदा ट्रक, हादसे में बैलगाड़ी चालक और बैलों की हुई मौत

गिरिडीह (Giridih)। जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अलकतरा लदा ट्रक बीती रात एक बैलगाड़ी पर चढ़ गया। घटना में बैलगाड़ी चालक और दो बैलों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक बैलगाड़ी चालक की पहचान घोरंजो निवासी नुनुराम भोगता के पुत्र मोहन भोगता के रूप में हुई है।


बताया गया कि मोहन भोगता कारोडीह गांव से बिचाली खाली कर अपने घर घोरंजो लौट रहे थे। इसी दौरान जमुआ -पचम्बा मुख्य मार्ग स्थित घोरंजो के समीप एक अलकतरा लदे ट्रक (संख्या एनएल 04 डी 8705) ने बैलगाड़ी को जोरदार टक्कर मार दिया। घटना में बैलगाड़ी चालक और दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि अलकतरा लदे ट्रक के चालक कथित रूप से नशे में धुत था। जिस कारण उसने अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रक को सीधा बैलगाड़ी पर चढ़ा दिया। जिससे यह हृदय विदारक घटना घटित हुई।


घटना की सूचना पाकर जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव के साथ दोनों बैलों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जूट गई। जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास ने बताया कि ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। सरकार के प्रावधानों के तहत मृतक परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेरहाबाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गौतम सागर राणा ने बताया कि मृतक मोहन यादव बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे और बैलगाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। मुखिया ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें