सोमवार, 14 अप्रैल 2025

विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन बनेंगी JMM की कार्यकारी अध्यक्ष

रांची(Ranchi)।  गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी मिलेगी। वह JMM की कार्यकारी अध्यक्ष बनेंगी। इसकी घोषणा आज झारखंड मुक्ति मोर्चा के 13वां महाधिवेशन में हुई है। बता दें कि आज से पार्टी का 2 दिवसीय महाधिवेशन शुरू हो गया है। जिसमे पार्टी के सांगठनिक ढांचे समेत अन्य कई बिंदुओं पर चर्चा होगी।


आज से शुरू हुई झामुमो के 13वें महाधिवेशन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन व्हिल चेयर पर बैठकर  पहुंचे। इस मूमेंट की तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के पीछे खड़े हैं। हेमंत सोरेन व्हिल चेयर को पकड़े हुए दिखाई पड़ रहे हैं। मौके पर शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन भी उनके साथ नजर आ रही हैं। वह भी व्हिल चेयर पर बैठकर ही इस महाधिवेशन में पहुंची हैं।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर लिखा है कि “झारखण्ड ही नहीं, पूरे देश-दुनिया के लोग आदरणीय दिशोम गुरुजी को आदर-सम्मान की नजरों से देखते हैं। आदरणीय दिशोम गुरुजी जी के नेतृत्व तथा असंख्य क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के बाद हमें झारखण्ड अलग राज्य मिला। आदरणीय दिशोम गुरुजी ने झारखण्ड मुक्ति मोर्चा का जो विशाल पेड़ लगाया है, और जिस पेड़ की जड़ें झारखण्ड के घर-घर में फैली हुई हैं, उसे सींचने का काम हमें करना है। हमारे अगुआ नेताओं के संघर्ष को सम्मान देने का काम हमें करना है। गौरतलब है कि शिबू सोरेन अब 81 साल के हो गये हैं और उनको स्वास्थय संबंधी परेशानियां भी होती रहते हैं। 


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यह भी लिखा है कि “आज आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की अध्यक्षता में रांची में आयोजित झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के 13वें महाधिवेशन कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस दो दिवसीय महाधिवेशन में शामिल झामुमो परिवार के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं और जुझारू सिपाहियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। 

अंबेडकर जयंती पर समाज को जोड़ने और एक दूसरे की मदद करने का लें प्रण : उपायुक्त


बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उपायुक्त ने दी श्रद्धांजलि

गिरिडीह(Giridih)।  उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलावासियों को अंबेडकर जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दी।  उपायुक्त श्री लकड़ा ने कहा कि आज बाबा साहब अंबेडकर जी का जन्मदिवस है। इस साल हम सभी बाबा साहेब की 134 वीं जयंती मना रहे है।  


भारत रत्न, संविधान निर्माता, महान क्रांतिकारी, विधि विशेषज्ञ एवं समाज सुधारक बाबा साहब ने देश को एक सूत्र में पिरोये रखने के लिए हमें एक ऐसा संविधान दिया है, जिसमें समाज के सभी जाति एवं पिछड़े वर्गों को विकास के समान अवसर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के दिखाए पथ पर चलते हुए महिलाओं के उत्थान और बेटियों को शिक्षा का सामान अवसर मिले इस दिशा में हम सभी को मिलजुलकर कार्य करने की आवश्यकता है। 


उपायुक्त ने कहा कि बाबा साहेब के विचार और आदर्श हमेशा समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। राष्ट्र के निर्माण में उनके संघर्षों एवं मूल्यों का अहम योगदान है। उनके विचार को आत्मसात करते हुए न सिर्फ एक आदर्श व्यक्ति, बल्कि एक उत्कृष्ट एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी बाबा साहेब की अद्भुत प्रतिभा, ज्ञान एवं आदर्शों को दुनिया हमेशा याद रखेगी। 


आक्रोशित किसानों ने किया नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का पुतला दहन

गिरिडीह(Giridih)। रजिस्टर टू की सत्यापित कॉपी की मांग को लेकर बीते गुरुवार से तिसरी अंचल कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे किसान जनता पार्टी के लोगों धरना के पांचवे दिन आज सोमवार को झारखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री सह धनवार विधायक  बाबूलाल मरांडी की शव यात्रा निकाल आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। किसान जनता पार्टी की नेत्री नीलम कुमारी और 
संयोजक दासो मुर्मू के नेतृत्व में निकाली गई इस शव यात्रा सह पुतला दहन कार्यक्रम में काफी संख्या में किसान और पार्टी के नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।


पार्टी नेत्री नीलम कुमारी ने कहा कि वर्ष 2022 में रजिस्टर टू का सत्यापित कॉपी की मांग को लेकर जब किसान गिरिडीह के आंबेडकर चौक पर धरना दे रहे थे, उस वक्त धरना स्थल पहुंच धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी ने किसानों को हर हाल में रजिस्टर टू की सत्यापित कॉपी दिलाने का वादा किया था। लेकिन उसके बाद से आज तक बाबूलाल मरांडी ने किसानों का कभी कोई सुध नहीं लिया। जिससे आक्रोशित किसानों ने आज बाबूलाल मरांडी का पुतला दहन किया।  कहा कि बाबूलाल मरांडी का शव यात्रा तिसरी ब्लॉक परिसर से निकाल कर पूरे तिसरी बाजार में घुमाया गया और वापस तिसरी ब्लॉक परिसर में आकर  पुतला दहन किया गया।


मौके पर मौजूद किसानों ने कहा कि जो विधायक अपने गांव, पंचायत और ब्लॉक का जिम्मेवारी संभालने के काबिल नहीं है वह पूरे झारखंड राज्य का नेता प्रतिपक्ष है। इससे बड़ा झारखंड का दुर्भाग्य क्या हो सकता है। बाबूलाल मरांडी जैसे निकम्मे नेता के हाथ में झारखंड में भाजपा का कमान होने के वजह से भाजपा का यह दुर्गति हो रहा है। अभी भाजपा 22 सीट पर है। आगामी चुनाव के बाद 2 सीट भी भाजपा जीत नहीं पाएगी। 


इस शव यात्रा सह पुतला दहन कार्यक्रम में बट्टू मरांडी, छात्रधारी सिंह, जहांगीर अंसारी, लालिया देवी, सुनीता मरांडी,  सबीना हेंब्रम, मुंशी मुर्मू, मालती देवी, मुकेश राय, तालों  हेंब्रम, रघु मुर्मू, मदन तुरी, सांझली  मरांडी, दहनी देवी, रनिया टुडू, दशमी बास्के, संजीव हंसदा, सलोनी हेंब्रम, घाटू हेंब्रम, सुरेश हेंब्रम, दासो मरांडी, जागो मुर्मू, संतोष बास्के, मालती सोरेन,  मुन्नी हंसदा, बड़की हेंब्रम, सुनीता मरांडी, मोनिका बेसरा, संतोषी मरांडी, बसंती टुडू, ढोलो सोरेन, देना टुडू, छोटकी हंसदा, बुधनी मुर्मू, रेशमी टुडू, महामुनि मुर्मू, बिशना मरांडी, जीतन हेंब्रम, पाने हेंब्रम, संजीव हंसदा आदि शामिल थे।

जिला पुलिस महकमा द्वारा जिला मुख्यालय समेत सभी अनुमंडलों में "जन शिकायत समाधान कार्यक्रम" 16 को

गिरिडीह(Giridih)। आम नागरिको की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निवारण हेतू गिरिडीह जिला पुलिस महकमा द्वारा आगामी 16 अप्रैल को जिला मुख्यालय समेत जिले के सभी अनुमंडल मुख्यालय में "जन शिकायत समाधान कार्यक्रम" का आयोजन आहूत है। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा एक प्रेस बयान जारी कर दी गयी। 


बताया गया कि महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड, राँची के आदेश पर आगामी 16 अप्रैल को 
पूर्वाह्न 11:00 बजे से जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन के अलावे डुमरी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरी के कार्यालय परिसर में, बगोदर सरिया अनुमंडल के औरा पंचायत भवन में तथा खोरीमहुआ अनुमंडल के धनवार थाना परिसर में 'जनशिकायत सामाधान कार्यक्रम' का आयोजन होगा।


उक्त कार्यक्रम में जिला के आम नागरिक उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। बताया गया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन त्वरित गति से जन शिकायत सामाधान कार्यक्रम के दौरान ही किया जाएगा एवं वैसे मामले जिसका निष्पादन कार्यक्रम के दौरान नही किया जा सकेगा, उन्हे एक निर्धारित समय बताया जाएगा और उस निर्धारित समयावधि के अन्दर प्राप्त शिकायत का निष्पादन किया जाएगा।


जिला पुलिस महकमा द्वारा जिले वासीयों से  उक्त कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने होने और अपनी समस्याओं को रखने की अपील की गई है। साथ ही कहा गया है कि गिरिडीह पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर है। आप अपनी शिकायत व समस्या मोबाइल नं0- 9241891347 पर एवं Email ID-jansikayatat-giridih@jhpolice.gov.in पर भी साझा कर सकतें है ।


सीएनटी में थाना क्षेत्र की बाध्यता का खत्म होना: 'सांस्कृतिक विस्थापन' की शुरुआत?



                        ✍️ सुधीर पाल
छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act), 1908, झारखंड के आदिवासियों की भूमि सुरक्षा की आत्मा है। यह कानून आदिवासियों को न केवल बाहरी ज़मींदारी शोषण से बचाता है, बल्कि उनके सामाजिक-आर्थिक ताने-बाने को भी संरक्षित करता है। इस कानून की एक प्रमुख धारा यह सुनिश्चित करती है कि आदिवासी भूमि का क्रय-विक्रय केवल एक ही थाना क्षेत्र के आदिवासी समुदायों के भीतर हो — ताकि भूमि का नियंत्रण बाहरी ताक़तों या असमान आर्थिक शक्तियों के हाथ न लगे। अब झारखंड सरकार इस थाना क्षेत्रीय बाध्यता को हटाने पर विचार कर रही है। यदि यह निर्णय लागू होता है, तो राज्यभर के किसी भी आदिवासी को — जो आर्थिक रूप से सक्षम है — किसी भी जिले या थाना क्षेत्र में आदिवासी भूमि खरीदने का अधिकार मिल जाएगा।


सरकार की मान्यता है कि यह सुधार ‘आदिवासी समुदायों के बीच व्यापक भूमि सुलभता’ और ‘आर्थिक गतिशीलता’ को बढ़ावा देगा। यह निर्णय विशेषकर उन आदिवासियों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जो एक जिले से दूसरे जिले में जाकर बसते हैं, नौकरी करते हैं या कोई उद्यम करना चाहते हैं। परंतु... नीतिगत मंशा और जमीनी सच्चाई — अक्सर दो अलग-अलग संसार होते हैं।


इस बदलाव के संभावित सकारात्मक पक्ष निम्न गिनाए जा सकते हैं: 
1. स्वतंत्रता और गतिशीलता में वृद्धि:
आदिवासी समुदाय के शिक्षित, प्रवासी या व्यावसायिक वर्ग को अब अपने ही राज्य के भीतर भूमि खरीदने की सैद्धांतिक आज़ादी मिल जाएगी।
2. आंतरिक निवेश और विकास:
यदि एक आदिवासी उद्यमी या समूह किसी अन्य जिले में भूमि खरीदकर उद्योग या कृषि स्टार्टअप करना चाहता है, तो वह ऐसा कर पाएगा — बिना कानूनी अड़चनों के।
3. राज्य के भीतर आदिवासी-आदिवासी लेन-देन को मान्यता: यह स्पष्ट कर सकता है कि राज्य की सीमाओं के भीतर आदिवासी समुदायों का आपसी विश्वास और लेन-देन सशक्त है।

लेकिन... निहित खतरे कहीं गहरे हैं
1. आदिवासी समाज के भीतर वर्गीय विभाजन गहरा होगा: यह निर्णय आदिवासी समाज में एक नया आर्थिक श्रेणीभेद पैदा कर सकता है। जिन आदिवासियों के पास पूंजी होगी — जैसे ठेकेदार, नेता, कारोबारी — वे अन्य जिलों की उपजाऊ और सामरिक दृष्टि से लाभकारी जमीनें खरीदेंगे। इस प्रक्रिया में गरीब, हाशिए पर पड़े आदिवासी समुदाय और भी वंचित हो सकते हैं।

2. कॉर्पोरेट पूंजी का प्रवेश द्वार: यह सबसे गंभीर चिंता है। बड़े कॉर्पोरेट, खनन या रियल एस्टेट कंपनियाँ, जो पहले सीधे आदिवासी भूमि नहीं खरीद सकती थीं, अब “आदिवासी मुखौटों” के माध्यम से हर जिले में ज़मीन हथियाने का नया रास्ता पा जाएँगी।

सरकार का यह फैसला सांस्कृतिक विस्थापन को न्योता है। सांस्कृतक विस्थापन का मतलब है समुदाय को उसकी परंपराओं, मान्यताओं, जीवनशैली, सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक पहचान से धीरे-धीरे या अचानक काट दिया जाता है। यह केवल भौगोलिक विस्थापन नहीं होता, बल्कि यह उस 'जड़ से उखाड़ देने की प्रक्रिया' का नाम है, जो बाहर से नहीं बल्कि कभी-कभी विकास और सुधार के नाम पर भीतर से ही होती है। थाना क्षेत्र की बाध्यता हटाना — सांस्कृतिक विस्थापन का द्वार खोलता है?

1. ग्राम-आधारित जीवन व्यवस्था का विघटन: आदिवासी समाज ‘गांव’ को मात्र भौगोलिक ईकाई नहीं मानता — वह एक जीवित सामाजिक संरचना है, जिसमें हर व्यक्ति की एक भूमिका होती है।
थाना क्षेत्र की सीमा तक भूमि की बिक्री की अनुमति दरअसल इसी संरचना की रक्षा करती है। जब बाहर के लोग — भले ही वे आदिवासी ही क्यों न हों — इस संरचना में दाखिल होंगे, तो यह संतुलन टूटेगा।यह ग्रामसभा की सर्वोच्चता और पारंपरिक ग्राम गणराज्य की सत्ता को धीरे-धीरे कमज़ोर कर देगा।
2. पारंपरिक 'सामूहिक' अवधारणाओं का क्षरण: आदिवासी समाज में भूमि एक संपत्ति नहीं, बल्कि साझी विरासत होती है। एक ही जाति या गोत्र के लोगों के बीच भूमि स्थानांतरण भी सामाजिक सहमति से होता है। यदि अब कोई धनिक आदिवासी किसी अन्य क्षेत्र में ज़मीन खरीदता है, तो यह भूमि को वस्तु (commodity) में बदलने की दिशा में पहला कदम होगा — जो पूंजीवादी संस्कृति की घुसपैठ है।
3. भाषा, बोली और परंपरा की टूटती कड़ी:  हर थाना क्षेत्र एक खास बोली, रीति, सामाजिक परंपरा और भूमि उपयोग की पद्धति से जुड़ा होता है। जब कोई बाहरी (चाहे वो आदिवासी हो) उस क्षेत्र में बसता है, तो धीरे-धीरे स्थानीय बोली, त्योहार, रीति और लोकसंस्कृति दबती है। उदाहरण के लिए: नागपुरी भाषी क्षेत्र में अगर संताली या हो भाषी बड़े पैमाने पर बसते हैं, तो नागपुरी बोली के अस्तित्व पर प्रश्नचिन्ह खड़ा होगा।
4. 'आदिवासी मुखौटे' के ज़रिए बाहरी हस्तक्षेप: कॉर्पोरेट, खनन कंपनियाँ, बिल्डर लॉबी — सभी को आदिवासी भूमि में रुचि है। वे अब "आदिवासी नामधारी दलालों" के ज़रिए दूसरे ज़िलों में ज़मीन खरीदवाएँगे। यह एक सांस्कृतिक आक्रमण होगा — नकाब में। और यह आक्रमण आदिवासी ही आदिवासी के खिलाफ इस्तेमाल होगा।
5. पारंपरिक न्याय और सामाजिक अनुशासन का विघटन: थाना क्षेत्रीय सीमा सामाजिक अनुशासन और सामाजिक जवाबदेही का भी आधार है। स्थानीय गांव और समुदाय अपने क्षेत्र के भीतर होने वाले विवादों, ज़मीन के झगड़ों और सामाजिक विघटन को लोक व्यवस्था और परंपरा से हल करते हैं। जब कोई बाहरी व्यक्ति आता है, तो यह तंत्र काम नहीं करता — विवाद कानूनी पेचीदगियों में फंसता है, और लोकन्याय की परंपरा दरक जाती है।
6. 'अजनबीपन' का स्थायी भाव:  अपने ही राज्य के भीतर जब एक आदिवासी दूसरे क्षेत्र में जाकर ज़मीन खरीदकर बसता है, तो वह वहां 'स्थानीय नहीं' होता। वह सामाजिक संबंधों से कटा होता है, लोक-मान्यताओं से अनजान होता है, और उसकी जीवन शैली धीरे-धीरे शहरी-व्यक्तिवादी संस्कृति की ओर झुकती है। यह "अपने में होकर भी अजनबी बन जाना" — सांस्कृतिक विस्थापन का सबसे गहरा रूप है।


यदि यह फैसला बिना व्यापक संवाद, समुदाय की राय, और ग्रामसभाओं की अनुमति के लिया गया —तो यह एक प्रकार का 'भीतर से किया गया विस्थापन' होगा। भूमि बदलेगी, परंपरा बदलेगी, सोच बदलेगी और अंततः पहचान भी बदल जाएगी।और यही सांस्कृतिक विस्थापन का न्योता है। अबुआ सरकार का यह फैसला किसके लाभ के लिए है?

(लेखक रांची के वरिष्ठ पत्रकार व मंथन मीडिया संस्थान के संस्थापक संपादक हैं।)


बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर NSS स्वंयसेवकों ने किया माल्यार्पण, निकाला पदयात्रा

गिरिडीह(Giridih)। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर गिरिडीह कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 द्वारा माल्यार्पण एवं पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।


इस दौरान एनएसएस के स्वयंसेवकों ने जागरूकता पदयात्रा निकाल, बाबा साहेब के विचारों, संविधान निर्माण में उनके योगदान तथा सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। 


इस कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवक सुशांत मंडल, अमित कुमार, जय राहुल, सोनू कुमार, कौशल कुमार, सुधांशु कुमार, प्रिंस राज, सचिन कुमार, कन्हैया कुमार, सुगीता टुडू, चांदनी, जन्नत, एवं फरहत  आदि शामिल थे। बाद में स्वयंसेवकों ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।


दिवंगत डॉ अमित गौड़ का सपना हुआ साकार, गिरिडीह में मर्सी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का हुआ उद्घाटन

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह के जाने माने युवा चिकित्सक दिवंगत डॉ अमित गौड़ का सपना आज साकार हो गया। उन्होंने गिरिडीह जैसे शहर में जिस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की नींव रखी थी उसका आज भव्य उद्घाटन हुआ। अब गिरिडीह और इसके आस-पास के मरीजों को इलाज हेतु रांची, धनबाद या किसी दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। मरीजों के सभी तरह की बीमारियों का इलाज यहां एक ही छत के नीचे होगा। सूबे के मंत्री सुदिव्य सोनू ने अस्पताल का फीता काट कर उद्घाटन किया। इस मौके पर काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन मौजूद थे।



बता दें कि दिवंगत डॉ. अमित गौड़ ने गिरिडीह के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो यह सपना देखा था। लेकिन असमय उनका निधन हो जाने के बाद उनके परिवार के लोगों व सहयोगियों में रंजीत कुमार गौड़, सुमित गौड़, नीरज शाहबादी, विश्वजीत सिंह (गुड्डू सिंह), साहिल सलूजा आदि ने उनके उस सपने को आज साकार किया। 


उद्घाटन पश्चात हॉस्पिटल के सीईओ संजीत नायक ने बताया कि अस्पताल तीन चरणों में शुरू होगा। पहले चरण में ओपीडी, डायलिसिस, दंत चिकित्सा, सीटी स्कैन, टीएमटी जैसी सेवाएं आज से शुरू कर दी गई हैं। शीघ्र ही इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर चालू होगा। जबकि अंतिम चरण में कार्डियोलॉजी, एंजियोग्राफी और हार्ट कैथ लैब जैसी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह हॉस्पिटल गिरिडीह की सेहत की नई पहचान बनेगा। यह संस्थान जनता के लिए, जनता के साथ हमेशा खड़ा रहेगा।

वहीं मंत्री सोनू ने कहा कि यह अस्पताल न केवल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है, बल्कि यह इस क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने जा रहा है। कहा कि यह अस्पताल गिरिडीह के लिए 'नई उम्मीद' है, जो बड़े शहरों जैसी सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध कराएगा।




 

गिरिडीह एसडीएम को पदोन्नति देकर नगर निगम प्रशासक बनाने की चैम्बर अध्यक्ष ने की मांग

गिरिडीह (Giridih)।  गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमार्स के अध्यक्ष सह गिरिडीह सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने गिरिडीह के वर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) जिनका कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, उन्हें पदोन्नति के साथ नगर निगम गिरिडीह का प्रशासक नियुक्त करने की मांग किया है। 



यह मांग श्री झुनझुनवाला ने सोशल मीडिया 'एक्स' के माध्यम से राज्य के शीर्ष नेतृत्व से की है। निर्मल झुनझुनवाला ने  'एक्स' के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन से, गिरिडीह की जनता के हित मे इस मांग को गंभीरता से लेंते हुए और जनहित में उचित निर्णय लेने विशेष आग्रह किया है। 



निर्मल झुनझुनवाला का कहना है कि वर्तमान एसडीएम ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, कुशल प्रबंधन और जनता से सीधा संवाद स्थापित कर विश्वास अर्जित किया है। यदि उन्हें नगर निगम का प्रशासक नियुक्त किया जाता है तो निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों की समस्याओं का समाधान भी प्रभावी रूप से किया जा सकेगा। 


उन्होंने अपने पोस्ट में यह विश्वास जताया गिरिडीह की जनता को आशा है कि जनप्रतिनिधि इस जनभावना का सम्मान करेंगे और जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेंगे।  उन्होंने कहा है कि इस सहयोग के लिए गिरिडीह की जनता हमेशा राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के आभारी रहेंगे।

आज 14 अप्रैल ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 14 :: 04 :: 2025, सोमवार

14 अप्रैल 2025 :  आज वैशाख माह के कृष्ण पक्ष की उदया तिथि प्रतिपदा और दिन सोमवार है। आज सुबह 08:25 तक प्रतिपदा तिथि रहेगी। इसके पश्चात कृष्ण पक्ष द्वितीया तिथि की शुरुआत होगी, जो मंगलवार 15 अप्रैल सुबह 10:55 तक रहेगी। 
आज मेष संक्रांति व्रत है। मेष संक्रांति सूर्य उपासना की उत्तम तिथि है। सोमवार भी है। संक्रांति का महान दिवस दान व पुण्य प्राप्ति का होता है। आज सोमवार को महादेव की पूजा करना न भूलें। शिवलिंग का पूजन करें। 
हर माह की सूर्य संक्रांति का नियमित व्रत रखें। आज सूर्य व चन्द्रमा के बीज मंत्र का जप करें। सात अन्न का दान करना बहुत फलित होता है। किसी भी शिव मन्दिर परिसर में नीम, महुआ, बेल, बरगद, आम, पाकड़ व पीपल का पेड़ लगाएं। अपने घर के मंदिर में अखण्ड दीप जलाइए। श्री आदित्यहृदय स्तोत्र का 03 बार पाठ बहुत फ़लदायी है। मन का सात्विक होना बहुत आवश्यक है। मन्दिर में कीर्तन कराएं। सूर्य उपासना व्यक्ति को निर्भय बनाती है। पार्थिव का शिवलिंग बनाकर उनका रुद्राभिषेक करें। शिवपुराण का पाठ भी कर सकते हैं। उदित सूर्य को जल अर्पित करें। गायत्री मंत्र का जप करें। मेष संक्रांति को भगवान सूर्य को प्रसन्न करने के लिए गायत्री मंत्र व श्री आदित्यहृदयस्तोत्र का पाठ उदित सूर्य के समक्ष करें।





आज का पंचांग: 14 अप्रैल 2025, दिन : सोमवार
युगाब्द      : 5127,  विक्रम संवत : 2082   
शक संवत : 1947     ऋतु :  बसंत
महीना       : बैशाख     पक्ष  :  कृष्ण पक्ष
सूर्योदय : 05: 57 AM, सूर्यास्त : 06: 46 PM
तिथि : प्रतिपदा 08:25 AM तक उपरांत द्वितीया
नक्षत्र : स्वाति 12:13 AM तक उपरांत विशाखा
राहुकाल : 07:44 AM से 09:19 AM तक
चन्द्रमा :  तुला राशि पर संचार करेगा 
व्रत/त्यौहार : सोमवार व्रत, मेष संक्रांति, बैसाखी, अम्बेडकर जयंती




आज :: 14 :: 04 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहने वाला है। जो लोग सोशल साइट्स से जुड़े हैं, उनकी जान-पहचान किसी ऐसे व्यक्ति से हो सकती है, जो उन्हें फायदा पहुंचा सकता है। आज आपको अपने पार्टनर से गंभीरता से बात करने की जरूरत है। सिंगल राशि के लोगों को दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने में मजा आएगा। आज आपका लकी नंबर 2 है। अगर आज आप अपने घर या बिजनेस में कोई फैसला लेते हैं, तो यह आपके लिए फायदेमंद रहेगा। ऑफिस में अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज का दिन आपके लिए तरक्की से भरा रहेगा। अगर आप रिलेशनशिप में हैं, तो इस बात को लेकर थोड़ी बहस हो सकती है कि आपका पार्टनर अपने पैसे कैसे खर्च कर रहा है। अपने जीवनसाथी के लिए कुछ प्लान करने में जल्दबाजी न करें। आज आपका लकी रंग सफेद है। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज आपको रिश्तों से लाभ मिल सकता है। ऑनलाइन व्यापार करने वाले लोगों को आज लाभ मिलने की संभावना है। कोई व्यक्ति किसी प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग में आपकी मदद कर सकता है। आप कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। आज आपकी आंतरिक शक्ति भी कार्यक्षेत्र में दिन को बेहतर बनाने में मददगार साबित होगी।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज अपने हिसाब से समय बिताने की कोशिश करें। राजनीति से जुड़े लोगों को बेहतर अवसर मिल सकता है। ध्यान रखें कि घर का कोई महत्वपूर्ण मामला आज सार्वजविक हो सकता है। आपकी अपने पूर्व लव पार्टनर से मुलाकात हो सकती है। आप अपने जीवनसाथी से प्यार से बात करेंगे। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज अचानक लाभ-हानि की स्थिति बन सकती है, इसलिए जो भी काम करें उसमें सावधानी बरतें। अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आप नए कदम उठाएंगे। कमीशन से जुड़े व्यवसाय में आप लाभ की स्थिति में रहेंगे। अगर आप कार्यस्थल पर अपने लिए अच्छी जगह बनाना चाहते हैं तो आपको सीनियर का दिल जीतना होगा।




कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज आपको खुद पर ध्यान देना होगा। लोगों को अपनी बात कहने से न रोकें। कुछ परिस्थितियाँ जो आपको अपने अनुकूल लगती हैं, वे आपके विरुद्ध भी जा सकती हैं। विवाहित राशियों को अपने पुराने जुनून की याद आएगी। आज प्रेम जीवन में खुशियाँ आएंगी। आज आपका शुभ अंक 5 है। आपको अपने विदेशी संपर्कों से लाभ मिलने की संभावना है। ऑनलाइन लेन-देन में आपको सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यापार में उधार लेने से बचने का प्रयास करें। आईटी सेक्टर से जुड़े लोगों को वेतन वृद्धि और पदोन्नति मिलने की पूरी संभावना है। आपको अपने सहकर्मियों का सहयोग मिलता रहेगा।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज जरूरतमंदों को भोजन कराना आपके लिए लाभकारी रहेगा। आपको ऐसे लोगों से दूर रहना चाहिए जो आपसे कोई काम निकलवाना चाहते हैं। अगर आप अविवाहित हैं तो आज कोई आपका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेगा। आज आपको अपने साथी के साथ गंभीर बातचीत करने की आवश्यकता महसूस होगी। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज कोई बड़ा निवेश करने से पहले लाभ-हानि का भी आकलन कर लें। राजनीति में आप सक्रिय भूमिका निभाएंगे। आज आपको अपने व्यापारिक मामलों में निर्णय लेते समय सावधानी बरतनी होगी। सरकारी काम में लापरवाही के लिए आपकी आर्थिक दंड भुगतता पड़ सकता है। युवाओं को किसी बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल सकता है।


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज आपके ग्रह की स्थिति बहुत अच्छी बनी हुई है। आपको अपनी इच्छा शक्ति बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए। आज इस बात का ध्यान स्खें कि किससे क्या और कैसे बोलना है। आप अपने जीवनसाथी की कोई इच्छा पूरी करने की कोशिश करेंगे। आज आपको सच्चे प्यार का एहसास होगा। सिंगल लोग बहुत खुश महसूस करेंगे। आज आपका लकी नंबर 4 है। गलत तरीकों से पैसे पाने की कोशिश आज आपको परेशानी में डाल सकती है। अगर आपने प्रॉपर्टी का लेन-देन करने का मन बनाया है, तो आज उसमें आपको सफलता जरूर मिलेगी। अगर आपकी व्यापारिक योजनाएँ लीक होती हैं, तो कोई उनका फायदा उठा सकता है। जिन युवाओं ने नई नौकरी के लिए आवेदन किया है, उन्हें कंपनी से कॉल आ सकती है।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। कभी-कभी लापरवाही और अति आत्मविश्वास के कारण आपको धोखा मिल सकता है। जीवनसाथी को स्पेस देने से पारिवारिक जीवन सुचारू रूप से चलेगा। प्रेम जीवन जी रहे लोगों के लिए आज का दिन थोड़ा कमजोर रहेगा। आज आपका लकी रंग हरा है। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज पैसे खर्च करने से बचें, यह आपके लिए मुश्किल हो सकता है। पैसों के लेन-देन के कारण किसी करीबी रिश्तेदार से संबंध खराब हो सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। बिजनेस से जुड़ा कोई सरकारी मामला आज सुलझ सकता है । आप अपनी मौजूदा नौकरी में शानदार प्रदर्शन करके पेशेवर ऊंचाइयों को छू सकते हैं।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज का दिव आपके लिए शुभ परिणाम लेकर आएगा। घर पर रिश्तेदारों के आने से आपका कोई महत्वपूर्ण काम रुक सकता है। जीवनसाथी से आपको खुशी और सहयोग मिलेगा। अगर आप किसी से प्यार करते हैं तो आज भूलकर भी कुछ ऐसा व करें जिससे वो नाराज हो जाए। आज आपका लकी रंग पीला है। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज कोई दोस्त आपकी आर्थिक मदद कर सकता है। छोटे उद्योग करने वालों को उम्मीद से
ज्यादा मुनाफा होगा। रियल एस्टेट डील होने की संभावना है। आपका करियर बढ़िया चल रहा है, आपकी सैलरी बढ़ सकती है। नेचुरल प्रोडक्ट से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा।



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज अपने काम से काम रखना समझदारी है। परिवार के सदस्यों से मनमुटाव हो सकता है और निजी रिश्ते भी बिगड़ सकते हैं, सावधान रहें। अगर आप शादीशुदा हैं तो जीवनसाथी के साथ रिश्ते मज़बूत रहेंगे। प्रेम संबंधों के लिए दिन रोमांचक रहेगा। आज आपका लकी रंग नारंगी है। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज पहले किए गए निवेशों से मिलने वाले रिटर्न से आर्थिक समृद्धि आएगी। मेडिकल स्टोर चलाने वालों को उम्मीद से ज्यादा धन लाभ होगा। व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों पर गंभीरता से बिचार करें। आज नौकरी में लंबे समय से चली आ रही परेशानियां खत्म हो सकती हैं।




मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज दिन की शुरुआत आपके लिए बेहतर रहने वाली है। किसी सेलिब्रिटी से आपको आमंत्रण मिल सकता है। आपको अपनी निजी बातें किसी से शेयर करने से बचना चाहिए। शादीशुदा लोगों का घरेलू जीवन आज आपको
कुछ नया करने के लिए प्रेरित करेगा। आपकी लव लाइफ शानदार चल रही है और आगे भी जारी रहेगी। आज आपका शुभ रंग पिच है। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज किसी को उधार दिया हुआ पैसा वापस मिल सकता है। आप व्यवसाय को सफल और ऊंचा बनाएंगे, श्रम का उचित लाभ मिलने के भी योग हैं। नई प्रॉपर्टी की योजना बवाना अच्छा रहेगा। आज आप अपने करियर के लिए कुछ बेहतरीन कदम उठा सकते हैं। नौकरीपेशा
लोगों को घर से काम करवा बोरिंग लग सकता है, आपको अपने ऑफिस के दिन याद आएंगे।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
आज आपका भाग्य आपका साथ देगा। आप घर में नवीनीकरण और सजावट से जुड़े बदलाव करेंगे। आज आप अपने पार्टनर के साथ आगे बढ़ने के बारे में सोचने वाले हैं। शादीशुदा लोगों का घरेलू जीवन बहुत अच्छा रहेगा। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज आपको व्यापार में लाभ पाने के लिए सहकर्मियों के साथ मिलकर काम करना होगा। प्रॉपर्टी से जुड़े कामों में लाभ हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों और सहकर्मियों से मधुर संबंध बनाए रखने चाहिए।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज जरूरतमंदों को खाना खिलाना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। बड़ों और सज्जनों का सम्मान करने में अग्रणी बनें। किसी का सकारात्मक व्यक्तित्व आपमें रोमांचक बदलाव लाने वाला है। आपको अपने प्रिय को थोड़ा स्पेस देना चाहिए। इस राशि के नवविवाहित लोगों के लिए आज का दिन खुशनुमा रहने वाला है। आज आपका शुभ अंक 2 है। आज पैसों के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतें। व्यापार से संबंधित नए अनुबंध या समझौते होने की संभावना है। आपको किसी नए शहर में नौकरी के बेहतरीन अवसर मिल सकते हैं।



कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷