गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह के जाने माने युवा चिकित्सक दिवंगत डॉ अमित गौड़ का सपना आज साकार हो गया। उन्होंने गिरिडीह जैसे शहर में जिस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की नींव रखी थी उसका आज भव्य उद्घाटन हुआ। अब गिरिडीह और इसके आस-पास के मरीजों को इलाज हेतु रांची, धनबाद या किसी दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। मरीजों के सभी तरह की बीमारियों का इलाज यहां एक ही छत के नीचे होगा। सूबे के मंत्री सुदिव्य सोनू ने अस्पताल का फीता काट कर उद्घाटन किया। इस मौके पर काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन मौजूद थे।
बता दें कि दिवंगत डॉ. अमित गौड़ ने गिरिडीह के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो यह सपना देखा था। लेकिन असमय उनका निधन हो जाने के बाद उनके परिवार के लोगों व सहयोगियों में रंजीत कुमार गौड़, सुमित गौड़, नीरज शाहबादी, विश्वजीत सिंह (गुड्डू सिंह), साहिल सलूजा आदि ने उनके उस सपने को आज साकार किया।
उद्घाटन पश्चात हॉस्पिटल के सीईओ संजीत नायक ने बताया कि अस्पताल तीन चरणों में शुरू होगा। पहले चरण में ओपीडी, डायलिसिस, दंत चिकित्सा, सीटी स्कैन, टीएमटी जैसी सेवाएं आज से शुरू कर दी गई हैं। शीघ्र ही इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर चालू होगा। जबकि अंतिम चरण में कार्डियोलॉजी, एंजियोग्राफी और हार्ट कैथ लैब जैसी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह हॉस्पिटल गिरिडीह की सेहत की नई पहचान बनेगा। यह संस्थान जनता के लिए, जनता के साथ हमेशा खड़ा रहेगा।
वहीं मंत्री सोनू ने कहा कि यह अस्पताल न केवल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है, बल्कि यह इस क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने जा रहा है। कहा कि यह अस्पताल गिरिडीह के लिए 'नई उम्मीद' है, जो बड़े शहरों जैसी सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध कराएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें