गुरुवार, 13 फ़रवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::13 :: 02 :: 2025 गुरुवार

13 फरवरी 2025 : आज पवित्र फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि और दिन गुरुवार है। आज भगवान विष्णु एवं भगवान चित्रगुप्त की पूजा   उपासना करें। यह व्रत बहुत ही पुण्यदायी होता है। श्री विष्णुसहस्रनाम का पाठ करें। आज से फाल्गुन महीना शुरू हो गया है। पंचांग के अनुसार आज सूर्य कुंभ राशि में रहेगा। वहीं चन्द्रमा दिन-रात सिंह राशि पर संचार करेगा। इस दिन धार्मिक पुस्तकों व चने की दाल का दान करें। विष्णु भगवान और चित्रगुप्त भगवान की मन से उपासना करें। श्री सूक्त के पाठ से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। विष्णु जी के 108 नाम का मानसिक जप करें। आज गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान व दान पुण्य करें। वस्त्र का दान बहुत ही पुण्यदायी होता है, इससे कष्ट समाप्त व धन आगमन तथा शुभता का आगमन होता है, पुण्य की प्राप्ति होती है। पार्थिव शिवलिंग बनाकर रूद्राभिषेक करें। परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर श्री रामचरित मानस का पाठ करें। श्री अरण्यकाण्ड का पाठ करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। श्री चित्रगुप्त व्रत कथा का पाठ व श्रवण करने से स्वर्ग की प्राप्ति होती है।



आज का पंचांग: 13 फरवरी 2025, गुरुवार, 
विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, मास : फाल्गुन, पक्ष : कृष्ण पक्ष, तिथि : प्रतिपदा 08:22 PM तक उपरांत द्वितीया, ऋतु : शिशिर, नक्षत्र : मघा 09:07 PM तक उपरांत पूर्व फाल्गुनी, सूर्योदय : 07:04 AM, सूर्यास्त : 06: 17 PM, राहुकाल : 01:58 PM से 03:55 PM तक, चन्द्रमा : सिंह राशि पर संचार करेगा। व्रत/त्यौहार : गुरुवार व्रत, भगवान चित्रगुप्तवार


आज :: 13:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहेगा। आपकी प्रॉपर्टी का सौदा फाइनल होने से आप खुश रहेंगे और अगर आपने लोन के लिए अप्लाई किया था तो यह भी आपको आसानी से मिल जाएगा। कार्यक्षेत्र में आपके बॉस आपके काम से खुश रहेंगे और आपको उनसे कोई अच्छी खबर मिल सकती है जैसे प्रमोशन आदि। किसी बाहरी व्यक्ति के मामले में ज्यादा न बोलें, नहीं तो इससे आपकी परेशानी बढ़ सकती है। भाग्यशाली अंकः 8, भाग्यशाली रंगः केसरिया


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों को आज जोखिम भरे काम करने से बचना होगा और आपके अंदर ऊर्जा बनी रहेगी। जो आपको नए काम करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। आप अपने जीवनसाथी के लिए कोई बिजनेस शुरू कर सकते हैं। आपके कुछ गुप्त शत्रु होंगे, जिन्हें आप आसानी से पहचान कर परास्त कर पाएंगे। आपको काम पर ध्यान केंद्रित करना होगा। किसी भी बात को लेकर बेवजह तनाव लेने से बचना होगा। भाग्यशाली अंक: 6, भाग्यशाली रंगः हरा


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों को आज कोई जिम्मेदारी बाला काम मिल सकता है। आपको अपनी निर्णय लेने की क्षमता से लाभहोगा। व्यापार में किसी से उधार लेने से बचें, क्योंकि इससे आपको बाद में परेशानी हो सकती है। अगर आपको पैसों से जुड़ी कोई समस्या है, तो उसमें लापरवाही न करें। आप अपने घर के रख-रखाव पर पूरा ध्यान देंगे। आप कुछ नई चीजें भी खरीद सकते हैं। आपको किसी विवाद में पड़ने से बचना होगा। भाग्यशाली अंक: 1,भाग्यशाली रंगः केसरिया


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों को आज अपने काम पर पूरा ध्यान देना होगा और छोटी-छोटी गलतियों को नजरअंदाज न करें। अगर कोई समस्या लंबे समय से आपको घेरे हुए थी, तो वह भी दूर हो सकती है। करियर में आपको अच्छे अवसर मिलेंगे। परिवार के सदस्यों के बीच मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को बेहतर अवसर मिल सकता है। आपके लिए बेहतर होगा कि आप अपने पारिवारिक मामलों को घर पर रहकर ही सुलझाएं। भाग्यशाली अंकः 7, भाग्यशाली रंगः पीला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। अगर आपको कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या आ रही है, तो वह भी ठीक हो जाएगी। ऑफिस में सहकर्मियों के साथ आपके अच्छे संबंध बनेंगे। आपको अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार करने की जरूरत है। आपको जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना है। अगर परिवार के सदस्यों के बीच अनबन चल रही है तो दोनों पक्षों की बात सुनकर ही कोई फैसला लें। आपका व्यापार पहले से बेहतर चलेगा जिससे आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। भाग्यशाली अंकः 1, भाग्यशाली रंगः भुरा


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन मुश्किलों से भरा रहने वाला है। आप अपनी आमदनी बढ़ाने पर पूरा ध्यान देंगे लेकिन आपको किसी से कोई भी समझौता पूरी कागजी कार्रवाई करने के बाद ही करना चाहिए। प्रेम जीवन जी रहे लोगों का अपने पार्टनर से किसी बात को लेकर विवाद हो सकता है। नया घर खरीदना आपके लिए अच्छा रहेगा। छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे। आपकी दीर्घकालिक योजनाओं को गति मिलेगी। भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः गहरा पीला



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज का दिन तुला राशि वालों के लिए शांतिपूर्वक रहने वाला है। आपकी आमदनी अच्छी रहेगी। आपको अपने जीवनसाथी की बातों का सम्मान करना होगा। मन में प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहेगी। नया घर खरीदने का सपना पूरा होगा। आपकी लापरवाही के कारण आपकी कुछ परेशानियां बढ़ेंगी। चिंता के कारण आप अधिक तनाव में रहेंगे। घूमते-फिरते आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी, जिसे आपको लीक नहीं होने देना चाहिए। भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः केसरिया


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज का दिन वृश्चिक राशि वालों के लिए तनाव भरा रहने वाला है। आपको किसी काम को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। आपको अपने घर के कामों पर पूरा ध्यान देना चाहिए। कुछ नया करने की कोशिश करना आपके लिए बेहतर रहेगा। आपको अपने खान-पान पर पूरा ध्यान देना चाहिए। अपने किसी मित्र की कही कोई बात आपको बुरी लग सकती है। किसी विरोधी की बातों से प्रभावित न हों। घूमते-फिरते आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। आपके बच्चे को छात्रवृत्ति मिल सकती है।
भाग्यशाली अंक: 6, भाग्यशाली रंगः गुलाबी
 

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आप अपने माता-पिता के साथ कुछ समय बिताएंगे। यदि कार्य क्षेत्र में कोई तकनीकी समस्या चल रही थी, तो उसका असर आपके काम पर पड़ेगा। आपके अधिकारों में वृद्धि होगी। पारिवारिक समस्याओं को लेकर आप थोड़े चिंतित रहेंगे, लेकिन बातचीत के जरिए उन्हें सुलझाने का प्रयास करेंगे। आपको कोई सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है। यदि आपका कोई काम रुका हुआ था,तो वह भी पूरा हो जाएगा। भाग्यशाली अंक: 7, भाग्यशाली रंगः काला



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन थोड़ा जटिल रहने वाला है। अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आप जो भी कदम उठाएंगे, वह बेहतर होगा। आपकी किसी जरूरत की पूर्ति होने से परिवार में सरप्राइज पार्टी का आयोजन हो सकता है। आपको अपने काम में लापरवाही बरतने से बचना होगा। रोजगार को लेकर चिंतित लोगों को बेहतर अवसर मिलेगा। आपको थोड़ा सोच-समझकर ही राजनीति में कदम रखना चाहिए। भाग्यशाली अंक: 6, भाग्यशाली रंगः भुरा और हरा का मिक्स (खैरो रंग)


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन ईमानदारी से काम करने का रहेगा। आप अपने काम से अपने बॉस को खुश करेंगे, जिनसे आपको अच्छा मार्गदर्शन मिलेगा। साझेदारी में कोई डील फाइनल होगी, लेकिन आपको वाहन का इस्तेमाल सावधानी से करना होगा। आप छोटे बच्चों के लिए कोई उपहार ला सकते हैं। आप किसी धार्मिक आयोजन में हिस्सा लेंगे। आपकी कला कौशल में निखार आएगा। आपको अपनी आय के स्रोत पर ध्यान देना होगा। भाग्यशाली अंक: 9, भाग्यशाली रंगः सुनहरा


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में लड़ाई-झगड़ा होने की संभावना है, इसलिए थोड़ा सावधान रहें, काम में आपको अपने किसी सहकर्मी की मदद लेनी पड सकती है। आप अपनी पढ़ाई को लेकर काफी उत्साहित रहेंगे, आपमें ऊर्जा अधिक रहने के कारण आपके कई काम पूरे हो जाएंगे। जीवनसाथी की जरूरतों को पूरा करने में आप काफी पैसा खर्च करेंगे। भाग्यशाली अंकः 9,भाग्यशाली रंगः नीला


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷



बुधवार, 12 फ़रवरी 2025

मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने किया लंबित काण्डों की समीक्षा, दिया कई आवश्यक निर्देश

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन हुआ। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित इस अपराध संगोष्ठी के दौरान एसपी डॉ बिमल ने जहां लंबित काण्डों की समीक्षा की वहीं उन्होंने उन कांडों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु नियमित रूप से एंटी क्राईम चेकिंग करने का भी निर्देश दिया।


मौके पर उन्होंने महिला अपराध को लेकर वैज्ञानिक एव अन्य जांच से संबंधित बीएनएसएस में दिए गए प्रावधानों को लेकर जिले के सभी अनुसंधानकर्ता को प्रशिक्षित करने एवं लंबित वारण्ट व कुर्की का निष्पादन में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।


एसपी ने अनुसंधानकर्ता को E sakshya aap में 07 साल से अधिक सजा वाले केस में घटनास्थल, गवाह का बयान इत्यादि रिकॉर्ड कर केस होने के 24 घंटा के अंदर अपलोड करने का निर्देश दिया। सीएमपीएस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि न्यायालय में गवाही हेतु निर्गत तिथि को अवश्य उपस्थित होकर अपना गवाही दे। वहीं IGOT Karamyogi aap के बाबत भी सभी उपस्थित पदाधिकारियों व थाना प्रभारियों को एसपी ने विस्तृत जानकारी दी। 


उन्होंने डायन प्रथा जैसे अपराध की रोकथाम हेतु गांव गांव में जाकर लोगो के बीच में नाटकीय रूप में प्रचार प्रसार करना का निर्देश दिया। साथ ही आगामी शब-ए-बारात पर्व के दौरान विधि व्यवस्था संधारण हेतु भी सभी थाना प्राभारियों व पुलिस पदाधिकारियों एसपी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

सऊदी अरब से दो महीने बाद प्रवासी मजदूर का शव पहुंचा गांव, शव पहुंचते ही मचा कोहराम

गिरिडीह (Giridih)। सऊदी अरब से दो महीने बाद हीरामन महतो का शव बुधवार की शाम उसके पैतृक गांव खेतको पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के चीत्कार से गांव का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। बता दें कि गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखण्ड के खेतको गांव निवासी सुखदेव महतो का पुत्र हीरामन महतो सऊदी अरब में नौकरी करता था। जहां काम के दौरान ही बीते आठ दिसंबर 2024 को उसकी मौत हो गई थी। 

उसकी मौत की खबर परिवार जनों को मिलने के बाद उनके ऊपर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन मृतक का शव वापस लाने को लेकर लगातार मिडिया के माध्यम से सरकार से गुहार लगा रहे थे। अंततः केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद उसकी लाश हवाई मार्ग से मंगलवार की रात सऊदी अरब से कोलकाता पहुंचा। वहीं कोलकत्ता से एम्बुलेंस द्वारा बुधवार की शाम उसका शव उसके पैतृक गांव खेतको पहुंचा।


 शव के गांव पहुंचते ही परिवार के लोगों का रो रो का बुरा हाल हो गया। वही गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक हीरामन महतो अपने पीछे पत्नी सोमरी देवी, दो पुत्री सुनीता कुमारी और सरिता कुमारी तथा दो पुत्र रामेश्वर कुमार व विजय कुमार समेत भरा पूरा परिवार को छोड़ गया है।


समाजसेवी सिकन्दर अली ने कहा कि गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग जिले के काफी लोग प्रवासी मजदूर के रूप में देश के अन्य राज्यों व विदेश में काम करते है। काम के दौरान मजदूर के साथ घटना घटने के बाद मुआवजा एक बड़ी समस्या होती है। महीनों तक मजदूरों का शव विदेश में पड़ा रहता है। मजदूरों का शव आने का परिजन हर दिन इंतजार कर परेशान रहते हैं। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग किया हैं।

डाक विभाग द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की उड़ाई जा रही धज्जियां

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह के जाने-माने सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल का कहना है कि डाक विभाग द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन किया जा रहा है। साथ ही इस कानून की खुले आम धज्जियां उड़ाई जा रही है। खंडेलवाल ने बताया कि उनके द्वारा दिनांक 30 नवंबर 2022 को केंद्रीय लोक सूचना पदाधिकारी, डाकघर अधीक्षक का कार्यालय, गिरिडीह को ऑनलाइन भेजा गया था। जिसमें उन्होंने तीन बिंदुओं पर सूचनाएं मांगी थी। प्रावधानुसार उन्हें उक्त सूचना का जवाब 35 दिनों के भीतर मिलना चाहिए था लेकिन उस अवधि में उन्हें जवाब नहीं मिला।

11 फरवरी 2025 को डाक विभाग द्वारा एक पत्र प्रेषित कर कहा गया है कि उनके द्वारा दिनांक 30 नवंबर 2022 को भेजे गए सूचना आवेदन 6 फरवरी 2025 को प्राप्त हुआ है। पत्र में यह भी कहा गया है कि इंडिया पोस्ट की वेबसाइट में किसी भी सामग्री को मात्र 90 दिनों की अवधि तक ही खोजा जा सकता है। विभाग द्वारा भौतिक रूप से किसी भी सामग्री को मात्र 18 माह तक ही अभिलेखों में संधारित रखा जाता है। 


खंडेलवाल ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 में यह स्पष्ट  प्रावधानित है कि किसी भी लोक प्राधिकार को दस्तावेजो को 20 वर्षों तक संधारित किया जाना आवश्यक है, लेकिन डाक विभाग के द्वारा मात्र 18 माह तक ही दस्तावेजों का संधारण किया जाना सरासर गलत एवं सूचना कानून का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन है।

खंडेलवाल ने डाक विभाग को एक पत्र प्रेषित कर कहा है कि डाक विभाग को सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 का अक्षरशः पालन करने और दस्तावेज (POD) प्रूफ आफ डिलीवरी जो 20 वर्षों तक संधारित नहीं रखे जाते, उन्हें भविष्य में 20 वर्षों तक संधारित रखने को कहा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि प्रूफ आफ डिलीवरी एक अत्यंत ही आवश्यक दस्तावेज होता है। जिसे संबंधित न्यायालय अथवा कार्यालय में समय-समय पर प्रस्तुत किया जाना आवश्यक हो जाता है।  


खंडेलवाल के पत्र को रुपेश पाल (ADG PG) कमरा संख्या 236 H1, डाक भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट, नई दिल्ली को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दिया गया है। खंडेलवाल ने भरोसा जताया है कि उनकी शिकायत पर डाक विभाग द्वारा जल्द ही संज्ञान लिया जाएगा जिससे देश की करोड़ों जनता को लाभ मिल सकेगा।

चतरा के रेंजर ने खरीदी पत्नी के नाम से दो लाख रुपये में दो एकड़ जंगल की जमीन

चतरा (Chatra)। चतरा जिले के हंटरगंज में रेंजर के पद पर पदस्थापित सूर्यभूषण कुमार ने अपनी पत्नी पार्वती कुमारी के नाम से दो एकड़ जंगल की जमीन खरीदी है. रेंजर सूर्यभूषण कुमार ने अपने कार्यक्षेत्र में ही दो एकड़ जंगल की जमीन को दो लाख रुपया में खरीदा है. रेंजर ने जंगल किस्म की जमीन को रैयती बताते हुए अपनी पत्नी पार्वती कुमारी के नाम निबंधित भी करा लिया है. इसकी शिकायत मुख्य सचिव से की गई है.


जानकारी के मुताबिक, रेंजर सूर्यभूषण कुमार ने अपनी पत्नी पार्वती कुमारी के नाम पर जो दो एकड़ जमीन खरीदी है. वह हंटरगंज प्रखंड के मौजा डाहा, परगना दंतार थाना के अंतर्गत खाता संख्या 61 के अधीन प्लॉट संख्या 320 है. इस जमीन की खरीदारी सरदार यशवंत सिंह (पिता-स्व.रामविलास सिंह) और सरदार अजीत सिंह (पिता-स्व.गिरिजीनंदन सिंह) से की गई है.


राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अभिलेख में इस जमीन का किस्म जंगल दर्ज है. इसी आधार पर शिकायतकर्ता ने रेंजर सूर्यभूषण कुमार पर गलत तरीके से संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है. 


शिकायत कर्ता ने अपने शिकायत में यह भी कहा है कि उनके कार्यकाल में इस तरह के कई और भी मामले हो सकते हैं, जिसकी जांच एसीबी से कराई जाए.इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को भी लिखा गया है.

अनुसंधान अधिकारी को 25 हजार का मोबाइल फोन देने का गृह विभाग ने जारी किया संकल्प

मोबाइल फोन की अवधि चार साल होगी,रिचार्ज के लिए प्रति माह दिये जायेंगे 500 रुपये 

रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने या तबादला होने पर फोन जमा करना होगा अनिवार्य


मोबाइल फोन की खरीददारी पुलिस मुख्यालय द्वारा की जायेगी


रांची (Ranchi)। झारखंड सरकार केस के आईओ (अनुसंधान अधिकारी) को 25,000 रुपये का मोबाइल फोन देगी. यह प्रस्ताव 21 जनवरी को हुई कैबिनेट बैठक में पारित किया गया था. गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इससे संबंधित संकल्प जारी किया है.


जारी संकल्प में कहा गया है कि मोबाइल फोन की खरीददारी पुलिस मुख्यालय द्वारा की जायेगी. दिये गये मोबाइल फोन की अवधि चार साल होगी. अवधि समाप्त होने के बाद केस के आईओ को उस फोन को विभाग के कार्यालय में जमाकर नया मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं.


इस दौरान फोन की सुरक्षा और गोपनीयता का दायित्व संबंधित केस आईओ का होगा. सभी ऑडियो-वीडियो इलेक्ट्रॉनिक कार्यों के लिए डाटा रिचार्ज के लिए प्रति माह 500 रुपये भी दिये जायेंगे.जारी संकल्प में यह भी कहा गया है कि चार साल तक केस आईओ को कोई नया मोबाइल सेट नहीं दिया जायेगा.

 वहीं यह भी कहा गया है कि रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने की स्थिति में केस आईओ को मोबाइल फोन विभाग के कार्यालय में जमा करना होगा. तबादला होने पर भी फोन जमा करना अनिवार्य होगा.

आश्चर्यजनक : भैंस ने दी एक साथ तीन बच्चों को जन्म, उमड़ पड़ी है देखने वालों की भीड़

मेरठ (Uttar Pradesh)। आमतौर पर गाय या भैंस जब गर्भवती होती है तो उसका एक ही बच्चा होता है। हजार में किसी एक रेयर केस में ही एक से अधिक बच्चा होने की बात सामने आती है। लेकिन मेरठ (Meerut) में रहने वाले एक किसान के आश्चर्य का ठिकाना तब नहीं रहा जब उसकी भैंस ने एक या दो नहीं बल्कि तीन बछड़े को जन्म दिया।


इस चमत्कार को देखने पूरा का पूरा गांव जमा हो गया। मामला मेरठ के दौराला ब्लॉक के महलका गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले एक किसान, जिसका नाम नुमान कुरैशी है, उसकी भैंस गर्भवती थी। भैंस का पेट हद से ज्यादा फूला हुआ था। कई लोगों को उम्मीद थी कि भैंस दो बच्चों को जन्म देगी। लेकिन जब भैंस के बच्चों का जन्म हुआ तो सबके आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। भैंस ने एक या दो नहीं बल्कि तीन बच्चों को जन्म दिया। इस घटना की चर्चा दूर-दूर तक हो रही है। 


स्वस्थ हैं तीनों बच्चे
किसान की भैंस और उसके बछड़ों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग आ रहे हैं। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि भैंस ने एक साथ तीन बच्चे जने हैं। आमतौर पर भैंस एक ही बच्चे को जन्म देती है। काफी रेयर मामलों में दो बच्चों का जन्म होता है। लेकिन यहां तो चमत्कार ही हो गया और भैंस ने तीन बच्चों को जन्म दिया। देखने वाले भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि डिलीवरी के बाद भैंस और तीनों बच्चे स्वस्थ हैं।


लोगों ने जताई हैरानी
भैंस द्वारा तीन बच्चों को जन्म देना किसी चमत्कार से कम नहीं है। इसके बारे में पता चलते ही लोग किसान के घर की तरह दौड़े चले आ रहे हैं। लोगों ने इस घटना पर हैरानी जताई। वहीं किसान का कहना है कि उसकी भैंस का पेट काफी ज्यादा फूल गया था। उसे अंदाजा था कि इसमें एक से ज्यादा बच्चे हैं लेकिन इनकी संख्या तीन है, उसने नहीं सोचा था।

17 साल की नाबालिग हुई प्रेग्नेंट, अब कर रही पति के साथ ही रहूंगी..!! की जिद्द

लड़की के परिजनों ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, पहुंची पुलिस

मुजफ्फरपुर (Bihar)।  बिहार के मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 साल के युवक को 17 साल की युवती अपना दिल दे बैठी। इसके बाद दोनों नाबालिग युवक और युवती ने भागकर एक दूसरे से शादी कर ली। वहीं अब नाबालिग युवती मां बनने वाली है, परंतु इस बात की जानकारी जैसे ही दोनों के परिजनों के लगी तो विवाद हो गया। दोनों परिवारों के बीच जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। हालात यह हैं कि अब इस मामले में पुलिस को भी उलझा कर रख दिया है।


लड़के की माँ युवती को स्वीकार रही बहु

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की एक 17 साल की युवती गर्भवती हो गई है और अब अपने 16 साल के प्रेमी के घर से जाने की जिद्द पर अड़ गई है। परंतु लड़की की मां इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रही है, जबकि लड़के की मां युवती को अपनी बहू बनाकर रखने को तैयार है। इस बात को लेकर दोनों परिवार में हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। लड़के के घर पर लड़की के परिजनों ने हंगामा किया। इस हंगामे के चलते आस-पास काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि लड़की अपने परिजन से चोरी छिपे पिछले एक माह से प्रेमी के घर पर रह रही थी और जब उसकी मां को यह बात पता चली तो वो महिला आयोग की टीम के साथ उसके प्रेमी के घर पर पहुंची और घंटो हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ।


भाग कर दोनों नाबालिग ने कर ली है शादी

जानकारी के अनुसार युवती दसवीं कक्षा की छात्रा है और युवक सिकंदरपुर में एक दुकान में काम करता है। स्कूल जाते और लौटते वक्त रोज कुछ न कुछ सामान उस दुकान से खरीदती थी। इसी दौरान दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। दोनों को प्यार का खुमार इस कदर चढ़ा कि दोनों ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया। इसके बाद दोनों अपना-अपना घर छोड़कर समस्तीपुर भाग गए। वहीं पर एक मंदिर में दोनों ने पूरे विधि-विधान से शादी की। जानकारी के मुताबिक, प्रेमी प्रेमिका दोनों नाबालिग है।


लड़की के परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

इसके बाद लड़की के परिजनों ने लड़के के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लड़की को ट्रेस करना शुरू कर दिया। इसके बाद लड़की को समस्तीपुर से पुलिस ने बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया। लड़की ने कोर्ट में पेशी के दौरान कहा कि वह घर से झगड़ा करके अपनी मौसी के घर गई थी, परंतु सच तो यह है कि उसने अपने प्रेमी से चुपके से शादी कर ली थी। कुछ दिन घर में रहने के बाद लड़की फिर से अपने प्रेमी के घर चली गई। लड़की की मां लड़के के घर गई और जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहंची। पुलिस को देखकर लड़का मौके से फरार हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। बाद में दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया गया।