सोमवार, 3 फ़रवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::03 :: 02 :: 2025 सोमवार

03 फरवरी 2025 : आज माघ माह के शुक्ल पक्ष की उदया तिथि पंचमी है। आज सोमवार का दिन है।आज पंचमी तिथि सुबह 6 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। इसके बाद षष्ठी तिथि लग जाएगी। आज कुंभ मेले का आखिरी अमृत स्नान किया जाएगा। शाही स्नान के लिए ब्रम्ह मुहूर्त का समय सबसे शुभ माना जाता है जो सुबह 4:03AM से 05:09AM तक रहेगा। इसके अलावा आज स्कन्द षष्ठी का पर्व भी मनाया जाएगा। 




हिन्दू धर्म में बसंत पंचमी का खास महत्व है। ज्ञान की देवी मां सरस्वती की बसंत पंचमी के दिन पूजा की जाती है। शास्त्रों में बसंत पंचमी को ऋषि पंचमी (Rishi Panchami)  नाम से भी जाना जाता है। मां सरस्वती को ज्ञान की देवी माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार बसंत पंचमी का त्योहार हर वर्ष माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि के दिन मनाया जाता है। इस साल इस तिथि की शुरुआत 2 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजकर 14 मिनट पर होगा। इसका समापन 03 फरवरी को प्रातः 06 बजकर 53 मिनट पर होगा। मान्यता है कि माघ मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मां सरस्वती ब्रह्माजी के मुख से प्रकट हुई थी, और इसीलिए इस तिथि को बसंत पंचमी के पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व भारत के साथ-साथ पश्चिमोत्तर बांग्लादेश और नेपाल में भी धूमधाम से मनाया जाता है। इस त्योहार के साथ ही ठंड के मौसम की विदाई हो जाती है और साल के सबसे अच्छे माने जाने वाले मौसम यानी बसंत की शुरुआत हो जाती है। बसंत पंचमी में मां सरस्वती को पीले रंग के भोग और फूल अर्पित किए जाते हैं। बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती को आप पीले रंग के प्रसाद का भोग लगा सकते हैं। क्योंकि माता को पीला रंग प्रिय है। अगर आप भी माता को भोग मीठा चढ़ाना चाहते हैं तो आप लड्डू का भोग लगा सकते हैं। बसंत पंचमी का शिक्षा और संगीत के क्षेत्र से जुड़े लोग साल भर इंतजार करते हैं। इस दिन देश भर में शिक्षक और छात्र मां सरस्वती की पूजा कर उनसे और अधिक ज्ञानवान बनाने की प्रार्थना करते हैं। बसंत पंचमी के दिन विद्या और बुद्धि की देवी सरस्वती की विधि-विधान से पूजा अर्चना की जाती है।




आज का पंचांग: 03 फरवरी 2025, सोमवार, 
विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, मास : माघ, पक्ष : शुक्ल पक्ष, तिथि : पंचमी तिथि 06:53 AM उपरांत षष्ठी 04:37 AM तक, ऋतु : शिशिर, नक्षत्र : रेवती 11:16 PM तक उपरांत अश्विनी,  सूर्योदय : 07:09 AM प्रातः सूर्यास्त : 06: 11PM सायं, राहुकाल : 08:32 AM से 09:55 AM तक, चन्द्रमा: मीन राशि पर 11:16 PM तक उपरांत मेष राशि पर संचार करेगा। व्रत-त्यौहार : गुप्त नवरात्रि का पांचवा व छठा दिन, बसंत पंचमी, सोमवार व्रत, स्कन्द षष्ठी




आज :: 03:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज मेष राशि वालों का परिवार के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा। आपका कामकाज उत्तम बना रहेगा। धन लाभ होगा परन्तु अचानक खर्चे भी होंगे। आज चतुराई का प्रयोग करते हुए कार्य करेंगे उसमें सफलता मिलेगी। मेहनत से कठिन कार्यों को भी आसानी से पूरा कर लेंगे। आप अपनी कार्य योजनाओं को अपनी इच्छानुसार पूरा करेंगे। भाग्यशाली अंक: 7, भाग्यशाली रंग : सफेद


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
दिन की शुरुआत अच्छी होने वाली है, माता- पिता का स्नेह मिलेगा, संतान सुख अच्छा मिलेगा। कामकाज में धन लाभ होगा। हंसते- खेलते आज का दिन व्यतीत होगा सिर्फ अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। किसी तरह की कोई चुनौती आपके सामने आ सकती है। विधार्थियों को पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। भाग्यशाली अंक:  8 भाग्यशाली रंगः नारंगी रंग


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों का आज का दिन अच्छा व्यतीत होने वाला है। आज का दिन छात्रों के लिए अच्छा है, छात्रों को परीक्षा-प्रतियोगिता में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। परिवार के मामले में अच्छा सुख मिलने वाला है, आज आप प्रसन्न रहेंगे तथा आप आज के दिन को हंसी-खुशी के साथ व्यतीत करेंगे। अपने ऊपर से काम का बोझ किसी से शेयर कर थोड़ा हल्का महसूस कर पाएंगे। भाग्यशाली अंक: 2,भाग्यशाली रंगः हल्का नीला रंग



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज का दिन कर्क राशि वालों के लिए बेहद अच्छा है, आप जो भी कार्य करेंगे उसमें ईश्वरीय मदद आपको मिलेगी। आपको अपनी मेहनत और अथक प्रयास का फल अवश्य मिलेगा। परिवार का सुख आशा के अनुसार मिलने वाला है। आर्थिक स्थिति अच्छी बनी रहेगी। किसी भी अनबन को जल्द ही सुलझाने की कोशिश करें। महिलाओं का दिन घर के कामों में बीतेगा। भाग्यशाली अंक : 2, भाग्यशाली रंगः नारंगी रंग


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज छात्र अपनी योग्यता और बुद्धिमता के आधार पर सफलता हासिल करेंगे। परिवार के साथ अच्छा तालमेल रहेगा। आज का दिन आपके लिए उत्तम है। आज के दिन आपके मन में नया उत्साह और जोश देखने को मिलेगा। आज सेहत सामान्य रहने वाली है। आपकी सलाह पर चलकर कोई पढ़ाई के क्षेत्र में बेहतर परिणाम लाने वाला है। भाग्यशाली अंक : 2 भाग्यशाली रंगः गुलाबी रंग


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज का दिन कामकाज के लिए बेहतरीन होगा। कामकाज के मामले आज दिन आपको लाभ देने वाला है। आज मूड अच्छा रहने वाला है, परिवार के लोगों के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा। हो सकता है आप उनके साथ यात्रा भी करें। व्यक्तिगत काम से ज्यादा व्यावहारिक कामों में रुचि रहेगी। नौकरी को लेकर कोई लापरवाही न बरतें। भाग्यशाली अंक : 3, भाग्यशाली रंगः नारंगी रंग



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
मित्र या परिवार के लोगों के साथ आपकी अच्छी यात्रा हो सकती है। एक दूसरे के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा। कार्यक्षेत्र में भी उत्तम स्थिति देखने को मिलेगी। अपने डेली रूटीन में आप कुछ बदलाव कर सकते हैं। आज आपके अच्छे लोगों से संपर्क स्थापित होंगे, जो आपको कार्य में सफलता प्राप्ति के लिए सहायता एवं मार्गदर्शन करेंगे। भाग्यशाली अंक : 7, भाग्यशाली रंगः हल्का पीला रंग


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों को आज शिक्षा एवं प्रतियोगिता के क्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी। परिवार के सदस्यों से हर संभव सहयोग मिलता रहेगा। आज आप कार्यक्षेत्र में अपने प्रतिस्पर्धियों से आगे रहेंगे। किसी आउटडोर एक्टिविटी में हिस्सा ले सकते हैं। आज भाग्य आपका साथ देगा। तरक्की पाने के लिए आप जीतोड़ मेहनत करेंगे। भाग्यशाली अंक : 3 भाग्यशाली रंगः चंदन
 


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज आप कामकाज में अपना बेस्ट देंगे। फलस्वरूप आपको अच्छा लाभ होगा। साहस और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। व्यापार में अनुभव महत्वपूर्ण है, गलतियां दोहराने से बचें। आज आपको जीवनसाथी और संतान की तरफ से सुखद समाचार प्राप्त होंगे। पारिवारिक सुख अच्छा मिलेगा।भाग्यशाली अंक: 3, भाग्यशाली रंगः गुलाबी रंग



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज भाग्य का साथ मिलेगा। कामकाज के क्षेत्र में आशातीत लाभ का सुख हासिल होगा। इस समय आपके लिए वैवाहिक जीवन का सुख उत्तम रहेगा। जल्द ही अपना मकान बनवाने या खरीदने की तैयारी शुरू कर सकते हैं। जीवनसाथी के साथ आपके संबंध अच्छे बने रहेंगे। आज दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी।भाग्यशाली अंक : 9, भाग्यशाली रंगः नीला रंग



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
आज आपका दिन काफी तनावभरा रहने वाला है, आपके स्वभाव में गंभीरता एवं एकाग्रता की कमी हो सकती है। परिवार के साथ कुछ पल सुकून से आप व्यतीत करेंगे। प्रॉपर्टी अथवा रुपये-पैसे के लेनदेन को लेकर बहुत अधिक सावधानी बरतें। आज व्यापारी वर्ग को विशेष रूप से अच्छे फल प्राप्त होंगे, जिससे धन लाभ के योग बनेंगे। भाग्यशाली अंक : 1, भाग्यशाली रंगः पीला रंग


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज के दिन की शुरुआत अच्छी ख़बर से होने वाली है। काम काज में अच्छा धन लाभ होगा। धन का संचय भी कर सकते हैं। आपके लिए सुखद समाचारों की प्रधानता बनी रहेगी। परिवार के किसी मामले पर अपनी पकड़ बनाकर रखने की जरूरत होगी। छात्र अपना ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करेंगे। भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः ग्रे रंग


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷




रविवार, 2 फ़रवरी 2025

साइबर अपराधियों ने गोड्डा डीसी का बनाया फर्जी फेसबुक अकाउंट

डीसी ने आम लोगों को आगाह किया 

गोड्डा (Godda)। गोड्डा डीसी जिशान कमर के नाम का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर आमलोगों को गुमराह किया जा रहा है। डीसी ने इसके प्रति आम लोगों को आगाह किया है। कहा है कि यह करतूत साइबर अपराधियों की है।


 सूचना विभाग ने भी सूचना जारी कर कहा है कि डीसी जिशान कमर के नाम व प्रोफाइल फोटो से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पोस्ट किए जा रहे हैं। ऐसे फेक फेसबुक आईडी या किसी अन्य अनाधिकृत सोशल मीडिया एकाउंट या फोन नंबर से पैसे मांगने व अन्य प्रलोभन से कोई कॉल या संदेश आता है, तो सतर्क हो जाएं। 


ऐसे फर्जी अकाउंट को ब्लॉक कर दें। साथ ही यह भी आगाह किया गया है कि यदि आपकी निजी जानकारी का दुरुपयोग हुआ हो या आर्थिक नुकसान हुआ हो तो राष्ट्रीय साइबर अपराध रिर्पोटिंग पोर्टल या स्थानीय थाने को तुरंत सूचना दें।


मृतक के शव के साथ परिजनों ने किया सड़क जाम, दो घण्टे बाद काफी मशक्कत से हंटा जाम

गिरिडीह (Giridih)। सिहोडीह निवासी ऋतिक कुमार राम नामक मजदूर के हाई टेंशन बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी। मौत से मर्माहत मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने मृतक के शव के साथ बरगंडा चौक पर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग किया। वहीं जाम की सूचना मिलने के बाद नगर एवं मुफ्फसिल थाना की पुलिस जाम स्थल पहुंच परिजनों एवं उग्र ग्रामीणों को समझाने बुझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन उग्र लोग  बगैर मुआवजा मिले जाम हंटाने को तैयार नहीं थे। 


बता दें नगर निगम द्वारा सिहोडीह मेन रोड में सोलर लाइट लगाया जा रहा था।  सिहोडीह निवासी ऋतिक कुमार सोलर लाइट लगाने का काम कर रहा था। इस दौरान सोलर लाइट का पोल गाड़ने के क्रम में पोल का ऊपरी हिस्सा 11 हजार तार के संपर्क में आ गया और पूरे पोल में करंट दौड़ गया। जिससे ऋतिक राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उसे लेकर आनन फानन में सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद उग्र ग्रामीण व मृतक के परिजन मृतक मजदूर के शव को लेकर बरगंडा चौक पहुंचे और मुख्य सड़क पर शव को रख कर गिरिडीह- देवघर मुख्य पथ को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।

मुख्य सड़क के जाम हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जाम स्थल पर पहुंचे पुलिस के पदाधिकारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों व परिजनों को समझाने में सफलता पायी। उसके बाद सड़क जाम को हटाया। इस दौरान मृतक के आश्रित को सरकारी प्रवधानुसार तत्काल प्रदान किये जाने वाली राहत राशि मृतक के आश्रित को दिया गया। वहीं सोलर लाइट लगाने वाले संवेदक द्वारा भी उचित मुआवजा देने की बात कही गई।

     अशोक राम निवर्तमान वार्ड पार्षद 

घटना के संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधि अशोक राम ने बताया कि मृतक ऋतिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसकी एक पुत्री भी है। पूरा परिवार बेहद गरीब है। मृतक ही एक मात्र घर का कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा देने की मांग किया।

भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय ओंकारेश्वर श्री शिवालय मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा

गिरिडीह (Giridih)। नगर क्षेत्र के मेट्रोर्स गली में नवनिर्मित ओंकारेश्वर श्री शिवालय मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में भारी संख्या में युवतियां और महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुई। ढोल नगाड़ा के साथ यह कलश यात्रा विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए  अरगाघाट उसरी नदी तट पर पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों व पुजारियों द्वारा कलश में जल भरवाया गया। कलश में जल भर पुनः सभी अपने सिर पर कलश लेकर मंदिर परिसर पहुंचे और मंदिर परिसर में कलश रखा। इस दौरान पूरा इलाका हर हर महादेव का जयघोष से गुंजायमान रहा।


समिति के नवीन सन्हिा ने बताया कि श्री शिवालय पूजा समिति द्वारा मेट्रोर्स गली में उसरी नदी के तट पर श्री ओंकारेश्वर शिवालय मंदिर का निर्माण कराया गया। इस भव्य शिवालय के निर्माण मे पॉवर हाउस, बरगंडा, चित्रगुप्त कॉलोनी आदि इलाके में रहने वाले लोगों ने आर्थिक सहयोग किया है। 


बताया कि मन्दिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय अनुष्ठान का आयोजन किया गया है। जिसका शुभारम्भ आज कलश यात्रा से की गई। बताया कि तीन फरवरी को देवताओं का अधिवास और स्थान पर देवताओं को विराजमान किया जाएगा। वहीं 4 फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा जलाभिषेक हवन और भंडारा का आयोजन किया जाएगा।


कलश यात्रा में नवीन सिन्हा, चुन्नूकांत, चन्दन सिन्हा, विकास सिंह, उमेश प्रसाद, राजीव रंजन, दीपक सिन्हा, अजय सिन्हा, नुनूलाल मरांडी, वीरेंद्र यादव, लक्ष्मी राय, अरुण राय सहित काफी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण शामिल थे।

23 वां राष्ट्रीय पारा एथलेटिक चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे गिरिडीह के आकाश

गिरिडीह (Giridih)। आगामी 17 फरवरी से 20 फरवरी तक चेन्नई में होने वाले 23 वां राष्ट्रीय पारा एथलेटिक चैंपियनशिप में गिरिडीह के आकाश कुमार सिंह झारखण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे। आकाश सिंह इसके पूर्व राष्ट्रीय पैरालंपिक, राष्ट्रीय पारा क्रिकेट और राष्ट्रीय पारा बैडमिंटन चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राष्ट्रीय पारा एथलेटिक चैंपियनशिप के लिये उनका चयन होने से गिरिडीह के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।


बता दें कि बीते दोनों रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल ग्राउंड में राज्य स्तरीय पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप संपन्न हुआ था। जिसमे राज्य भर के खिलाड़ी शामिल हुये थे। जिसमें गिरिडीह के राजेंद्र नगर निवासी रविंद्र नाथ सिंह के पुत्र आकाश कुमार सिंह भी शामिल हुए थे। राज्य स्तरीय पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आकाश ने डिस्कस थ्रोअर एवं शॉर्ट पुट थ्रो दोनों ही प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राज्य स्तरीय पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आकाश ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पैरालंपिक बोर्ड इंडिया द्वारा तय मानक को पुरा किया, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय पैरा एथलीट चैंपियनशिप के लिये हुआ है।


चेन्नई में आगामी 17 फरवरी से 20 फरवरी तक होने वाले 23 वा राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आकाश सिंह टी 44 कैटेगरी में डिस्कस थ्रो और शॉर्ट पुट थ्रो में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह जानकारी झारखंड राज्य पारा एथलेटिक्स बोर्ड द्वारा दी गई।

वन भूमि का अतिक्रमण कर बनाये जा रहे मकान को विभागीय टीम ने किया ध्वस्त

गिरिडीह (Giridih)। वन विभाग की जमीन का अतिक्रमण कर बनाये जा रहे मकान को वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुये ध्वस्त कर दिया। घटना गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड की बंकीकला पंचायत के करमैय गांव की है। जहां वन विभाग की जमीन का अतिक्रमण कर गांव के नसरूद्दीन अंसारी, ईशाक अंसारी, इब्राहिम अंसारी द्वारा मकान का निर्माण किया जा रहा था। 

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सदल बल घटना स्थल पहुंची और जेसीबी की मदद से निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर दिया। प्रभारी वन पाल दिवाकर तांती के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में वनरक्षी रंजन कुमार शर्मा, दाउद आलम, विनोद कुमार, पप्पू कुमार शर्मा, सुरुचि कुमारी व विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे।

प्रभारी वन पाल दिवाकर तांती ने बताया कि वन भूमि का अतिक्रमण कर उस पर अवैध तरीके से मकान निर्माण किये जाने की सूचना मिली। सूचना के आलोक में विभाग द्वारा एक टीम का गठन किया। गठित टीम जब वन भूमि पर पहुंची तो सूचना को सत्य पाया और जेसीबी लगाकर निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

ग्यारह हजार वाले बिजली तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में हाई टेंशन बिजली करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गयी। मृतक मजदूर ऋतिक कुमार राम सिहोडीह का ही रहने वाला था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।


मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा रविवार को सिहोडीह मेन रोड में सड़क किनारे सोलर लाइट लगाया जा रहा था। जिसमे सिहोडीह निवासी ऋतिक कुमार सोलर लाइट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

बताया गया कि सोलर लाइट का पोल गाड़ने के दौरान पोल का ऊपरी हिस्सा 11 हजार तार के संपर्क में आ गया और पूरे पोल में करंट दौड़ गया। जिसके ऋतिक राम को जोरदार करंट का झटका लगा। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।  घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आनन फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।

पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, डेढ़ माह पूर्व अपनी मर्जी से किया था ब्याह

हत्यारोपी पति गिरफ्तार, पूछ ताछ करने में जुटी है पुलिस

बोकारो (Bokaro)। जिले के गांधीनगर थाना अंतर्गत जरीडीह बस्ती रविदास टोला में रोहित दास (38 वर्ष) की पत्नी मोनिका कुमारी (20 वर्ष) की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी। रोहित ने अपनी मर्जी से मोनिका के साथ 10 दिसंबर 24 को मोनिका के साथ शादी की थी।  


सूचना पाकर थाना प्रभारी पिंटू महथा, एएसआइ श्रीकांत दरवे, राजेश छतरी सहित सशस्त्र बल के जवान पहुंचे और जांच पड़ताल की। मृतका की सास कौशल्या देवी ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह उठी और बहू को जगा हुआ नहीं पाया तो उसके कमरे में गयी। कंबल हटाया तो वह मृत पड़ी थी। रोहित वहां नहीं था। मोनिका के गले में निशान था और मुंह से खून में निकल रहा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके वाले धनबाद के टुंडी से जरीडीह पहुंचे। मां द्रोपदी देवी, भाई सुमित रविदास और जीजा रंजीत रविदास ने कहा कि मोनिका की गला घोट कर हत्या की गयी है। इसमें ससुराल के अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया।


शव के पास मिला नोट

 जांच के दौरान पुलिस को मोनिका के शव के पास एक कागज मिला है। इसमें लिखा है कि सादर प्रणाम, मैं रोहित एवं मोनिका, हम लोग दोनों अपनी मर्जी से मार रहे हैं। इसमें घर वालों का कोई हाथ नहीं है और बाहर वालों को कोई हाथ नहीं है। हम लोग जी नहीं सके, मर तो सकते हैं साथ में। नीचे दोनों का नाम है। लोग आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि शायद रोहित भी अपनी जान देना चाहता होगा, परंतु पत्नी की हत्या करने के बाद उसका मन बदल गया और वह भाग गया।


पति पर लगा हत्या का आरोप 

पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद उसका पति रोहित फरार हो गया था। मृतका की सास के बयान और मायके वालों के आरोप पर पुलिस मृतका के फरार पति रोहित की तलाश में जुट गयी। पुलिस ने पत्नीहन्ता पति रोहित को नावाडीह थाना क्षेत्र के सुरही से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति रोहित पकड़ा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।


 12 वर्ष जेल में रहा है रोहित

आरोपी की मां ने बताया कि उसके तीन पुत्र हैं। रोहित सबसे बड़ा है। दो बेटा बाहर रह कर रोजगार करता है। दूसरा बेटा चंदन दास फिलहाल यहां पर है, जो शुक्रवार की रात अलग कमरे में सोया हुआ था। रोहित की मां कौशल्या देवी और चाचा रामू दास ने बताया कि रोहित हत्या के आरोप में 12 साल बाद हजारीबाग सेंट्रल जेल से अक्टूबर 2023 में ही बेल पर छुटा था। 


तीन बच्चों की माँ को चाकू मार किया था हत्या

वर्ष 2010 में रोहित का प्रेम प्रसंग जागेश्वर बिहार के समीप बड़गांव में रहने वाली एक महिला के साथ चल रहा था। वह महिला तीन बच्चों की मां थी। रोहित उस पर शादी करने और पति को छोड़ने का दबाव बना रहा था। महिला तैयार नहीं हुई थी। चार सितंबर 2012 को रोहित बड़ागांव के उस विद्यालय में पहुंचा, जहां वह महिला एमडीएम बनाने का काम करती थी। उसे बाहर बुलाया और चाकू मार पर हत्या कर दी। स्वयं को भी चाकू मार लिया था। इसके बाद वह बेहोश हो गया था। उस वक्त वहां उसकी पिटाई भी हुई थी। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। ठीक होने के बाद वह जेल चला गया था। वर्ष 2020 में उसे सजा सुनायी गयी थी। चाचा ने बताया कि रोहित सनकी मिजाज का है।