सोमवार, 5 जनवरी 2026

दुमका में ई-रिक्शा चालक की हत्या के विरोध में एनएच 114 A जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार

दुमका (Jharkhand)। जिले के शिकारीपाड़ा में एक ई- रिक्शा चालक की हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने शव को बीच चौक पर रखकर एनएच 114 A को जाम कर दिया है। आक्रोशित परिजन एवं अन्य लोग हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इस जाम से सड़क के दोनों ओर यात्री और माल वाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गई है।


क्या है मामला : दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के शिमला ढाका गांव में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद चल रहा था। इसे सुलझाने के लिए एक पक्ष कल रविवार को सफ़ारुद्दीन मियां के ई रिक्शा से थाना जा रहे थे। रास्ते में दूसरे पक्ष ने ई-रिक्शा को रोक उसके चालक सफ़ारुद्दीन मियां से उलझ पड़े। उनका कहना था कि तुम इन लोगों को अपने रिक्शा में क्यों बैठाया ? तुम इनकी तरफ़दारी करते हो। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग ई रिक्शा चालक सफ़ारुद्दीन मियां को लात घुसे और लाठी से पिटाई कर दी। जिससे रिक्शा चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार कर चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज हेतु दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन वहां से भी उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे देर शाम वर्धमान रेफर कर दिया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। आज सोमवार सुबह जैसे ही मृतक का शव उसके घर पहुंचा, आक्रोशित परिजन और अन्य ग्रामीण शव को शिकारीपाड़ा थाना से कुछ दूरी पर स्थित चौक पर रखकर एनएच 114 A दुमका रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया। परिजनों द्वारा सड़क जाम किए जाने से दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। यात्री वाहनों के साथ मालवाहक वाहन भी जाम में फंस गए हैं। इस जाम में तारापीठ पूजा अर्चना हेतु जाने वाले श्रद्धालुओं के कई वाहन भी फंसे है।


छह पुत्री का पिता था मृतक : मृतक सफ़ारुद्दीन मियां का भगीना मोइन अंसारी ने इस हत्या कांड में शामिल सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और मृतक के परिवार वालों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मृतक की छह पुत्री है, इनका लालन-पालन अब कैसे होगा। उन्होंने इस हत्याकांड के पीछे करीम मियां, कोबाद मियां, जलील अंसारी, अब्दुल मियां, रमजान अंसारी और बशीर मियां का हाथ बताते हुए उन सबों की गिरफ्तारी की मांग किया है।


 मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी : सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा जाम स्थल पहुंच परिजनों को समझाने बुझाने का काम कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही बीते रात में ही छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दिया गया है। इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। शेष आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक पदाधिकारी के आने के बाद इन्हें उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें