मंगलवार, 23 दिसंबर 2025

थाना दिवस पर पचम्बा थाना में भूमि विवाद सम्बन्धी मामलों की हुई सुनवाई, ऑन द स्पॉट एक मामले का हुआ निष्पादन

गिरिडीह (Giridih)। सदर अनुमंडल क्षेत्र के पचम्बा थाना में आज थाना दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद एवं पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार मुख्य रूप से उपस्थित होकर आम लोगों की भूमि सम्बन्धी समस्याओं की सुनवाई की।


इस दौरान जमीन विवाद से जुड़े कुल तीन मामलों को प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के क्रम में अधिकारियों ने ऑन द स्पॉट एक मामले का निष्पादन कर दिया। जबकि शेष दो मामलों में दोनों पक्षों को आपसी बैठक के माध्यम से समाधान निकालने का निर्देश दिया गया।



मौके पर अंचलाधिकारी ने बताया कि डीसी साहब और एसपी साहब के निर्देश पर आज थाना दिवस पर भूमि सम्बन्धी विवादों की सुनवाई की गई। जिसमें करहरबारी के मामले का दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद ऑन द स्पॉट समाधान कर दिया गया। जबकि बोडो समेत एक अन्य मामले को दस्तावेज के अभाव में आज निष्पादित नहीं किया जा सका। उस दोनों मामले के लोगों को अगले थाना दिवस पर सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है।



उन्होंने कहा कि थाना दिवस पर भूमि विवादों को सुलझाने से दोनों पक्षों को बेवजह कोर्ट कचहरी के चक्कर से निजात दिलाने का प्रयास है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से शांति व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए आपसी सौहार्द के साथ विवादों के समाधान में सहयोग करने का आग्रह किया। यह भी कहा कि माह में कम से कम दो बार थाना दिवस आयोजन की कोशिश की जायेगी। ताकि अधिकाधिक विवाद थाना स्तर पर ही सुलझाया व सलटाया जा सके। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें