शनिवार, 20 दिसंबर 2025

आपकी निर्भीकता और निष्पक्ष पत्रकारिता का गिरिडीह पुलिस सम्मान करती है : पुलिस अधीक्षक

गिरिडीह पुलिस केंद्र में हुआ पुलिस मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन


गिरिडीह(Giridih)। समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने हेतु आज पपरवाटांड़ स्थित पुलिस केंद्र के सभागार में पुलिस मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस मीडिया संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार शामिल हुए।


​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने प्रेस के सभी बंधुओं का बीते दिनों सम्पन्न हुए सभी पर्व-त्योहार का शांतिपूर्ण माहौल में निष्पादन कराने में प्रेस के बंधुओं के योगदान की सराहना की।



उन्होंने कहा कि "मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। गिरिडीह पुलिस आपकी निर्भीकता और निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान करती है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा वातावरण बनाना है जहाँ पुलिस और प्रेस मिलकर जिले को अपराध मुक्त और सुरक्षित बना सकें।" ऐसे कार्यक्रम के आयोजन से पुलिस एवं पत्रकारों के मध्य और अधिक मजबूत सामंजस्य स्थापित होगा।


​इस अवसर पर पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल के लिए एक संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया। जिसमें पत्रकारों ने जिले में विधि व्यवस्था संधारण के लिए अपनी ओर से हरसंभव जागरूकता का प्रसार करने के साथ ही कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।


कार्यक्रम मे पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने जिले में उत्कृष्ट रिपोर्टिंग और जन-जागरूकता फैलाने वाले सभी प्रेस के बन्धुओं को अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एएसपी, डीएसपी समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें