गुरुवार, 3 अप्रैल 2025

दूरदर्शन के सिम्फनी ऑफ इंडिया चैलेंज रियलिटी शो के फाइनल में पहुंचे गिरिडीह का अक्षय सिन्हा

मचा रहा गिटारिस्ट कंपोजर चैलेंज में धमाल

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह जिले के जमुआ निवासी अक्षय सिन्हा दूरदर्शन पर प्रसारित सिम्फनी ऑफ इंडिया चैलेंज रियलिटी शो के फाइनल में पहुंच धमाल मचा रहे हैं। 


बता दें कि बेहतर संगीतकारों को देश के पटल पर लाने के उद्देश्य से दूरदर्शन पर हर दिन शाम छह बजे यह रियलिटी शो, प्रसारित होता था। जिसे देखने को देशभर के दर्शकों के साथ जमुआ के लोग भी खासे उत्साहित रहते थे। हालांकि फिलवक्त शो के फाइनल की तारीख मुकर्रर नहीं होने के कारण प्रसारण पर ब्रेक लगा है। लेकिन शो के फाइनल की तारीख तय होने के बाद पुनः इस शो का प्रसारण शुरू होगा। 


जिले के जमुआ प्रखण्ड के चितरडीह गांव निवासी अनूप कुमार सिन्हा के पुत्र अक्षय सिन्हा इस शो में सेमीफाइनल तक का सफर पार कर फाइनल में पहुंच चुके हैं। अक्षय  इस शो के टॉप फाइव में है। इस शो में वह गिटारिस्ट कंपोजर प्रतियोगिता के प्रतिभागी हैं। इस शो के जज बॉलीवुड सिंगर स्वरूप खान, श्रुति पाठक और पद्मश्री सोमा घोष हैं। इसके अलावा मेहमान जज पद्मश्री रोनू मजूमदार, बांसुरी वादक राकेश चौरसिया और उस्ताद तौफिक कुरैशी हैं।


बैटल ऑफ बैंड्स इंटरनेशनल म्यूजिक शो में भी दिखेंगे अक्षय

दूरदर्शन पर शीघ्र ही प्रसारित होने वाले बैटल ऑफ बैंड्स इंटरनेशनल संगीत कार्यक्रम में भी अक्षय दिखेंगे। अक्षय इस कार्यक्रम का हिस्सा बन चुके हैं। इसमें देश के अलावा रुस, यूके, मालदीव, मॉरीशस, अफगानिस्तान और नेपाल जैसे देशों से भी प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। अक्षय को इस कार्यक्रम में टीवी पर देखने को जमुआ सहित पूरे गिरिडीह के लोग उत्साहित व लालायित हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें