गिरिडीह(Giridih)। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में अराजकता की स्थिति है। बर्तमान हेमन्त सरकार के कार्यकाल में अवैध काम करने वालों का मनोबल काफी बढ़ गया है। अवैध धंधा करने वालों को यह सरकार संरक्षण दे रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उक्त बातें रविवार की शाम गिरिडीह के बरवाडीह स्थित दिवंगत भाजपा नेता सह पूर्व जिलाध्यक्ष बाबुल प्रसाद गुप्ता के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
इसके पूर्व रघुवर दास भाजपा नेता सह पूर्व जिलाध्यक्ष बाबुल प्रसाद गुप्ता के तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं उन्होंने दिवंगत नेता के पुत्र सन्दीप गुप्ता समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात किया और परिवार का हाल चाल लिया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में जमीन हड़पो अभियान तो गिरिडीह से लेकर पूरे राज्य में चल रहा है। राज्य में अघोषित संकट की स्थिति उत्पन्न है। इसे लेकर जनता में काफी आक्रोश है। कहा कि यह सरकार ने जल जंगल और जमीन की बात कह सत्ता में आयी। लेकिन इसी सरकार में जल जंगल और जमीन की लूट मची है।
मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मंत्री चन्द्रमोहन प्रसाद, जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष यदुनंदन पाठक, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, सन्त कुमार लल्लू, परमेश्वर यादव समेत काफी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें