शुक्रवार, 21 मार्च 2025

पूर्व विधायक सह भाजपा नेत्री सीता सोरेन समेत 5 के विरुद्ध प्राथमिकी

रांची (Ranchi)। पूर्व विधायक सह भाजपा नेत्री सीता सोरेन एवं उनके बोर्डीगार्ड समेत 5 लोगों के खिलाफ रांची की सीजेएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा देवाशीष घोष की बहन रीना घोष ने दर्ज कराया है। दर्ज मुकदमा में रीना घोष अपने भाई का अगवा करने और हथियार का भय दिखाकर गाड़ी की चाबी, जमीन के कागजात और एटीएम कार्ड छीन का आरोप लगाया है। कोर्ट ने इस केस की सुनवाई के लिए 28 अप्रैल की तारीख तय की है। इस दिन शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जाएगा।


सीता सोरेन के निजी सचिव थे देवाशीष

सीजेएम कोर्ट में दिए आवेदन में रीना घोष ने बताया है कि उनका भाई देवाशीष घोष पहले सीता सोरेन के निजी सचिव थे। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में जामताड़ा सीट से हार के बाद सीता सोरेन ने उन पर चुनाव में ज्यादा खर्च करने का आरोप लगा उनसे पैसे लौटाने का दबाव बनाने लगीं। आरोप है कि बीते 7 मार्च को देवाशीष को जबरन अगवा कर धनबाद के सरायढेला स्थित एक होटल में ले जाया गया। वहां हथियार का भय दिखाकर उनकी गाड़ी की चाबी, जमीन के कागजात और एटीएम कार्ड छीन लिया गया।



हथियार के बल पर पैसे ट्रांसफर कराने का आरोप

रीना ने शिकायतवाद में कहा है कि हथियार के बल पर जबरन देवाशीष से 3 लाख रुपये भी सीता सोरेन के खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा, उनकी गाड़ी में रखे बैंक के चेक भी ले लिए गए। इतना ही नहीं, रीना का आरोप है कि एक फर्जी पिस्तौल दिखाकर देवाशीष के खिलाफ सरायढेला थाना में केस दर्ज कराया गया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।


सीता सोरेन ने भी लगाया था आरोप 

बता दें कि कुछ दिन पूर्व सीता सोरेन ने देवाशीष पर जानलेवा हमले की कोशिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि एक होटल में देवाशीष उन पर फायरिंग करने वाला था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने देवाशीष को गिरफ्तार कर लिया और वह अभी जेल में हैं। अब कोर्ट इस पूरे मामले की सुनवाई करेगी और 28 अप्रैल को आगे की कार्रवाई तय होगी।

आज 21 मार्च का राशिफल, कैसा रहेगा आपका दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::21 :: 03 :: 2025, शुक्रवार

21 मार्च 2025 :  आज चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि और शुक्रवार दिन है। सप्तमी तिथि आज पूरा दिन पार कर भोर 4 बजकर 24 मिनट तक रहेगी। आज 21 मार्च को शाम 6 बजकर 42 मिनट तक सिद्धि योग रहेगा। वहीं आज देर रात 1 बजकर 46 मिनट तक ज्येष्ठा नक्षत्र रहेगा। आज का दिन देवी लक्ष्मी, दुर्गा, पार्वती, संतोषी माता सहित सभी देवी स्वरूपों और शुक्र ग्रह को समर्पित माना जाता है। इस दिन विशेष रूप से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है, क्योंकि वे धन, वैभव और समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी हैं। इसके साथ ही, इस दिन मां दुर्गा और मां संतोषी की उपासना और व्रत करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और सुख-शांति प्राप्त होती है।

शीतला सप्तमी: आज शीतला सप्तमी व्रत है। चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि को शीतला सप्तमी व्रत रखा जाता है। इसके अगले दिन शीतला अष्टमी पर माता को बसौड़े का भोग अर्पित किया जाता है, जो एक दिन पहले ही तैयार किया जाता है। मान्यता है कि देवी माता शीतला की पूजा करने से भक्तों को शीतला यानी चेचक समेत सभी प्रकार का स्वास्थ्य लाभ मिलता है। 



आज का पंचांग   : 21 मार्च 2025
विक्रम सम्वत : 2082      दिन : शुक्रवार
शक संवत:      1946      ऋतु : बसंत
मास : चैत्र                     पक्ष : कृष्ण पक्ष 
तिथि : सप्तमी 04:24 AM तक उपरांत अष्टमी
नक्षत्र : ज्येष्ठा 01:45 AM तक उपरांत मूल
सूर्योदय : 06: 24 AM, सूर्यास्त : 06:33 PM
राहुकाल : 11:03 AM से 12:34 PM तक
चन्द्रमा :   वृश्चिक राशि पर 01:45 AM तक उपरांत धनु राशि पर संचार करेगा। 
व्रत/त्यौहार : शुक्रवार व्रत, शीतला सप्तमी


आज :: 21:: 03 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
क़ानूनी मामलों की वजह से तनाव मुमकिन है। अगर आपने ज़्यादा खुले दिल से पैसे ख़र्च किए तो आप आर्थिक तौर पर बाद में समस्या का सामना कर सकते हैं। मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियाँ मज़ेदार रहेंगी, अगर पूरे परिवार की उसमें सहभागिता हो। आपके ज़हन में काम का दबाव होने के बावजूद आपका प्रिय आपके लिए ख़ुशी के पलों को लाएगा। अगर कहीं बाहर जाने की योजना है तो वह आख़िरी वक़्त पर टल सकती है। सितारे इशारा कर रहे हैं कि किसी नज़दीकी स्थान की यात्रा हो सकत है। यह सफ़र मज़ेदार रहेगा और आपके प्रिय लोगों का साथ मिलेगा। भाग्यशाली संख्याः 1,भाग्यशाली रंगः लाल 


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आपका कोई सोचा हुआ काम पूरा हो जायेगा। इस राशि के छात्रों के करियर में आज के दिन नया बदलाव आयेगा। जो उनके भविष्य के लिए फायदेमंद होगा। आपकी सेहत बेहतर बनी रहेगी। इस राशि के जो लोग सोशल साइट्स से जुड़े हैं, उनकी जान-पहचान किसी ऐसे व्यक्ति से होगी, जो उनको लाभ पहुंचाएगा। कारोबार में कुछ लोग मददगार साबित होंगे। दोस्तों के साथ बेहतर दिन बीतेगा। आज आप नए विचारों से परिपूर्ण रहेंगे और आप जिन कामों को करने के लिए चुनेंगे, वे आपको उम्मीद से ज़्यादा फ़ायदा देंगे। भाग्यशाली संख्या: 5,भाग्यशाली रंगः भूरा 


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज आपके दुश्मन आप को नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे, लेकिन सफल नहीं हो पाएंगे। आपके अंदर मार्ग दर्शन करने की अपार क्षमता है जो आपको भविष्य में आगे बढ़ने में मदद करेगी। रुके हुए कार्यों को तेजी से निपटाएंगे, मधुर भाषा में बात करेंगे तो लाभ मिलेगा, आपके बिजनेस में लाभ होगा। आपका सोशल रिलेशन और अधिक मजबूत होगा। संसाधनों में वृद्धि होगी। आप सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। आप अपनी मेहनत से आय के साधन में वृद्धि करने में सफल होंगे, क्रोध पर नियंत्रण रखें वरना बनते काम बिगड़ सकते हैं। भाग्यशाली संख्या: 3,भाग्यशाली रंगः गुलाब 

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
अपने जीवनसाथी के मामले में गैर-ज़रूरी टांग अड़ाने से बचें। अपने काम-से-काम रखना बेहतर रहेगा। कम-से-कम दखल दें, नहीं तो इससे निर्भरता बढ़ सकती है। कोई बड़ी योजनाओं और विचारों के ज़रिए आपका ध्यान आकर्षित कर सकता है। किसी भी तरह का निवेश करने से पहले उस व्यक्ति के बारे में भली-भांति जाँच-पड़ताल कर लें। परिवार की शांति अचानक आयी समस्याओं की वजह से भंग हो सकती है। लेकिन ज़्यादा चिंता करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि समय सब ठीक कर देगा। वक़्त का तकाज़ा यह है कि शांति से परेशानी का सामना किया जाए। भाग्यशाली संख्याः 9, भाग्यशाली रंगः हल्का पीला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। आपको कुछ काम में किसी अनुभवी व्यक्ति से मदद मिल सकती है। परिवार के साथ मूवी का प्लान बना सकते हैं। पैसों का लेन देन करने से आपको बचना चाहिए। अगर आप समय का सदुपयोग करेंगे, तो आपको फायदा जरूर मिलेगा। किसी तरह की पुरानी बातों पर ध्यान देने से आपको बचना चाहिए। कामकाज की स्थिति मजबूत रहेगी। आप अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग और गंभीर रहेंगे। अपने मनमौजी बर्ताव पर क़ाबू रखें, क्योंकि यह आपकी दोस्ती को बर्बाद कर सकता है। भाग्यशाली संख्या: 3, भाग्यशाली रंगः नारंगी 


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज का दिन सामान्य रहेगा। परिवार में भी सब सामान्य होगा। दूसरों के निजी मामलों में दखल ना दें। आपको लंबी दूरी की यात्रा अथवा विदेशगमन से लाभ मिलने के योग हैं। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। कार्यक्षेत्र में कठिन परिश्रम से आपको शुभ परिणामों की प्राप्ति होगी। वित्तीय मामलों से जुड़े फैसले कुछ समय के लिए टाल दें। आज आपको आर्थिक दिशा में विशेष ध्यान रखना होगा। आपने निस्वार्थ भाव से काम किया जिसका फल आपको अब मिलेगा। भाग्यशाली संख्या: 5, भाग्यशाली रंगः हल्का भूरा


तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
स्वास्थ्य का ध्यान रखें और चीज़ों को व्यवस्थित करें। आप दूसरों पर कुछ ज़्यादा ख़र्चा कर सकते हैं। कोई दोस्त अपनी निजी समस्याओं के समाधान के लिए आपसे राय मांग सकता है। आज आप जीवन में सच्चे प्रेम की कमी का अनुभव करेंगे। ज़्यादा चिंता न करें, हर चीज़ समय के साथ बदलती है और इसलिए आपकी रोमांटिक ज़िंदगी में भी बदलाव आएगा। अगर आज आप यात्रा कर रहे हैं तो आपको अपने सामान की अतिरिक्त सुरक्षा करने की ज़रूरत है। अलग-अलग नज़रिए के चलते आपके और आपके जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।भाग्यशाली संख्या: 3,भाग्यशाली रंगः नीला 


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। पारिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे। थोड़ी-सी मेहनत करके आप अपने उद्देश्यों को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हो सकता है। व्यावसायिक कार्यों के लिहाज़ से आज का दिन बेहतर है। आप हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश कर सकते हैं। वैवाहिक जीवन खुशियों से भरा रहेगा। ऑफिस का बढ़िया माहौल आपको खुश कर सकता है। आपके खर्चों में अचानक वृद्धि हो सकती है, स्वास्थ्य का ध्यान रखें। प्रतिभा पर भरोसा रख कार्य करें। भाग्यशाली संख्याः 9, भाग्यशाली रंगः गहरा लाल


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज आपकी सहायता कोई मित्र या रिश्तेदार करेगा, किसी धार्मिक स्थल पर जाने की सम्भावना है। व्यक्तिगत कार्यों में उलझेगे। आप निरंतर मेहनत और प्रयास से उन्नति की ओर बढ़ रहे हैं। नए लोगों से संपर्क से लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ रहेगा। कोर्ट कचहरी के मामले में सफल होंगे। खर्चा बढ़ेगा लेकिन इसकी चिंता ना करें। आज आपका मन भटक सकता है और आप अपने जीवनसाथी व किसी और के बीच खुद को भावनात्मक तौर पर झुलता हुआ महसूस करेगा। किसी अजनबी व्यक्ति से नजदीकी न बढ़ाए।भाग्यशाली संख्याः 9, भाग्यशाली रंगः हल्का नीला


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज के दिन आपके चेहरे पर मुस्कान बिखरी रहेगी और अजनबी भी जाने-पहचाने से महसूस होंगे। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक़ नहीं होगा। दोपहर के बाद किसी पुराने दोस्त से मुलाक़ात दिन को ख़ूबसूरत बना देगी। आप अपने सुनहरे दिनों को याद करके पुरानी यादों में डूब जाएंगे। आज के दिन घटनाएँ अच्छी तो होंगी, लेकिन तनाव भी देंगी जिसके चलते आप थकान और दुविधा महसूस करेंगे। जीवनसाथी के साथ एक आरामदायक दिन बीतेगा। बेवजह के कामों में समय की बर्बादी न करें।भाग्यशाली संख्याः 2,भाग्यशाली रंगः सफ़ेद 


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
आज आपका दिन शानदार रहेगा। कामकाज से जुड़ी कोई बड़ी चुनौती आपके सामने आयेगी। साथ ही आप इसमें सफल भी होंगे। घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा। आपको अचानक धन लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। आपको किस्मत का पूरा-पूरा साथ मिलेगा। साथ ही दूसरे लोग आपके कामकाज से प्रभावित भी होंगे। आपकी तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। परिवार में मधुरता के साथ विश्वास भी बढ़ेगा। किसी खास व्यक्ति से आपकी मुलाकात होगी। भाग्यशाली संख्या: 6,भाग्यशाली रंगः हल्का नीला


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज आपकी नौकरी तथा व्यवसाय में स्थिति अच्छी रहेगी। प्रतियोगिता में सफलता तथा रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। किसी कार्य के संपन्न होने से आपके प्रभाव में वृद्धि होगी। मन शांत तथा प्रसन्न रहेगा। माता-पिता के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरुरत है। आज किसी पुराने दोस्त से मुलाकात हो सकती है। परिवार के लोग आपसे खुश रहेंगे और घर में शांति बनी रहेगी। चल अचल संपत्ति की दिशा में सफलता मिलेंगी। कार्य सफलता से प्रसन्नता रहेगी। आत्मविश्वास से कार्य सिद्ध होंगे। आर्थिक योजनाएं सफलतापूर्वक सिद्ध होंगी। स्वभाव थोड़ा उग्र रहेगा किसी के भरोसे पर कोई काम न करें। भाग्यशाली संख्या: 5,भाग्यशाली रंगः हल्का लाल

कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷

गुरुवार, 20 मार्च 2025

गिरिडीह कॉलेज में हुआ दो दिवसीय "विकसित भारत युवा संसद" कार्यक्रम का आगाज

शामिल हुए आर के महिला कॉलेज व सरिया कॉलेज के प्रिंसिपल के साथ एनवाईके के युवा कार्यक्रम अधिकारी 

गिरिडीह (Giridih)।  युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गिरिडीह कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई 1 द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद 2025" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  



कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार को नेहरू युवा केन्द्र (एनवाईके) के युवा कार्यक्रम अधिकारी रवि कुमार मिश्र, गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुज  कुमार, आर.के. महिला कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मधुश्री सेन सान्याल, सरिया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार लाल, साहित्यकार डॉ. छोटू प्रसाद, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की संयुक्त सचिव डॉ निकिता गुप्ता, अधिवक्ता अमित सिन्हा, प्रोफेसर मृगेंद्र नारायण सिंह एवं डॉ बलभद सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।



श्वेता सिंह, सोनू कुमार एवं अमित कुमार के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारम्भ रिद्धि, लक्ष्मी, काजल व रिया सिंह द्वारा प्रस्तुत गणेश बंदना एवं साजन पाठक द्वारा गाये स्वागत गीत से किया गया। 


मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1 के प्रोग्राम ऑफिसर प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम आयोजित करा  2047 के विकसित भारत के सपनों को एक मजबूत आधार प्रदान करने की सशक्त कोशिश कर रहा हैं। इसी उद्देश्य के तहत गिरिडीह में“विकसित भारत युवा संसद 2025" कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गिरिडीह कॉलेज को इस कार्यक्रम हेतु नोडल जिला सेंटर बनाया गया है। जिसमें गिरिडीह एवं कोडरमा जिले के प्रतिभागी शामिल हुए हैं। 



कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने "एक राष्ट्र एक चुनाव" विषय पर निर्धारित 3 मिनट में अपने अपने विचार प्रस्तुत किये। जिसका निर्णायक मंडली में शामिल डॉ निकिता गुप्ता, अधिवक्ता अमिता सिन्हा, डॉ मधुश्री सान्याल, डॉ छोटू प्रसाद, डॉ संतोष कुमार लाल ने सराहना की। साहित्यकार डॉ. छोटू प्रसाद ने प्रतिभागियों को रचनात्मक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने हेतु प्रेरित किया। वहीं डॉ. संतोष कुमार लाल और डॉ. मधुश्री सेन सान्याल ने छात्रों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी की महत्ता को समझाया। वहीं अतिथियों ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए इसे युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक मंच बताया।


कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन अनुराग सागर एवं सुशांत मंडल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई 1 के स्वयंसेवक सुजल कुमार, सजन पाठक, कौशल सिंह, सुधांशु अग्रवाल, रिया सिंह, काजल कुमारी, काजल मंडल, अनुराग सागर, सलोनी कुमारी, दीपाली कुमारी, पायल कुमारी, लक्ष्मी कमारी, अंकित कुमार, जय, राहुल प्रकाश, लाडली परवीन, चांदनी परवीन आदि की भूमिका सराहनीय रही।