मंगलवार, 28 जनवरी 2025

उत्तरप्रदेश में बड़ा हादसा : जैन निर्वाण महोत्सव का 65 फीट ऊँचा मंच गिरा, हादसे में 7 की मौत

बागपत (Uttarpradesh)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में आयोजित जैन निर्वाण महोत्सव का 65 फीट ऊंचा मंच गिर गया। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत होने की सूचना है जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायलों बताए जाते हैं।


बता दें कि यह महोत्सव पिछले 25-30 सालों से लगातार होता आ रहा है। इसके लिए परमिशन भी ली गई थी। आज मंगलवार को बड़ौत के जैन कॉलेज मैदान में आदिनाथ भगवान के निर्वाण के लड्डू चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था। काफी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु लड्डू चढ़ाने स्टेज पर खड़े थे। कुछ लोग स्टेज पर चढ़ने वाले सीढ़ियों पर भी खड़े थे। तभी अचानक सीढ़ियां टूटीं और लकड़ी का पूरा स्टेज गिर गया। स्टेज गिरने से वहां मौजूद कई लोग इसके नीचे दब गए। मौके पर अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई। 


मामले की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत कई आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस के जवानों ने तुरंत वहां राहत व बचाव का कार्य शुरू कर दिया। इस हादसे में 7 श्रद्धालुओं की दब कर मौत हो गई है। वहीं दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गये। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। जिन घायलों को कम चोट आई थीं उनका प्राथमिक उपचार कर वापस घर भेज दिया गया। बाकी 20 लोगों का उपचार जारी है।


क्षमता से अधिक लोगों के मंच पर चढ़ने से हुआ हादसा

हादसे को लेकर डीएम अस्मिता लाल और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया- बड़ौत में जैन समाज का कार्यक्रम था। यह कार्यक्रम पिछले 25-30 साल से होता आ रहा है। इस कार्यक्रम के लिए अनुमति ली गई थी। सीढ़ियां टूटने से लकड़ी का स्टेज टूट गया। बताया कि क्षमता से अधिक श्रद्धालु स्टेज पर चढ़ गए थे, जिस कारण अधिक भार से स्टेज टूट गया। जिस कारण वहां मौजूद लोग मंच के नीचे दब गए। पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।बताया कि इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हुई है। 20 लोगों का उपचार कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। बाकी 20 लोगों का उपचार जारी है।   


डीएम और एसपी ने बताया कि आखिर मंच कैसे ढह गया। कहां किसने लापरवाही बरती, सभी चीजों की जांच की जा रही है।


सीएम योगी ने जताया शोक

वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के लिए पुलिस और प्रशासन को आदेश दिए हैं। साथ ही पीड़ितों के जल्द ठीक हो जाने की भी कामना की है।

ऐसी भी होती है माँ ? तीन साल के मासूम को माँ ने बेरहमी से पीटा, मासूम बच्चा आईसीयू में

मुम्बई (Mumbai)।   अपने जिगर के टुकड़े तीन साल के मासूम बेटे के साथ एक महिला ने ऐसा दूरव्यवहार किया जिसे देख और सुन सबों का दिल दहल उठा। महिला ने अपने मासूम बेटे को न केवल उठाकर पटका बल्कि प्लास्टिक की पाइप से इस कदर पीटा कि उसके पूरे पीठ पर नील निशान पड़ गए। ममता को शर्मसार करने वाली यह घटना देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में घटित हुई है।

पति का गुस्सा पत्नी ने मासूम पर उतारा

मुंबई के घाटकोपर के नारायण नगर में रहने वाली गुड़िया बानू खान कहीं घूमने जाने के लिए अपने शौहर मैसाद से जिद्द कर रही थी। लेकिन मैसाद के पास समय नहीं था, इसलिए उन्होंने टालने की कोशिश की। इस बात से नाराज गुड़िया ने अपना सारा गुस्सा अपने तीन साल के बेटे पर उतार दिया। गुड़िया ने उनके बेटे को पहले उठाकर पटक दिया। इससे भी उसका मन नहीं भरा, तो उसने प्लास्टिक की पाइप उठाकर मासूम बच्चे को अंधाधुंध पीटने लगी। जिससे उनका बेटा पहले तो चींखता रहा और फिर बेहोश हो गया।


मासूम की हालात नाजुक, आईसीयू में भर्ती

जानकारी होने पर बच्चे के पिता मैसाद घर पहुंचे और बच्चे को राजवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बच्चे को आईसीयू में भर्ती किया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के पीठ पर दर्जनों नील के निशान हैं। इसके अलावा शरीर के बाकी हिससों पर भी गंभीर चोटें आई हैं। चूंकि बच्चा पहले से ही कमजोर है, इसलिए वह अपनी मां की बर्बरता को झेल नहीं पाया और बेहोश हो गया।


पहुंची पुलिस, दर्ज किया पिता का बयान

सूचना पाकर अस्पताल पहुंची स्थानीय पुलिस को दिए बयान में बच्चे के पिता मैसाद ने बताया कि कुछ साल पहले उसकी शादी गुड़िया के साथ हुई थी। उन दोनों का एक तीन साल का बेटा है और वह सपरिवार घाटकोपर के नारायण नगर में रहते थे। गुड़िया हमेशा घूमने जाने की जिद्द करती थी। लेकिन समय का अभाव रहने के कारण वह उसकी उस जिद्द को पूरा नहीं कर पाया तो उसने मासूम बच्चे पर अपना सारा गुस्सा उतार दिया।

मोबाइल बन्द कर फरार है आरोपी मां

पुलिस ने बच्चे की हालत देखने और बच्चे के पिता की शिकायत पर आरोपी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच एवं आरोपी महिला की तलाश कर रही है, लेकिन वह मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गई है।

कुएं में मिला शुक्रवार से लापता वृद्ध का शव, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। जिले के गावां क्षेत्र के परसौनी गांव के एक कुएं से तीन दिनों से लापता वृद्ध का शव बरामद हुआ है। मृतक 73 वर्षीय भुवनेश्वर राय था। घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह सदलबल गांव पहुंचे और शव को कुएं से निकलवा उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।  


मिली जानकारी के अनुसार भुवनेश्वर राय पिता स्व यमुना राय की नतनी का बीते गुरुवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मना भुवनेश्वर शुक्रवार सुबह शौच जाने की बात कह घर से निकले और अचानक गायब हो गये। मृतक की तीन पुत्री एवं दो पुत्रों समेत परिवार के अन्य लोगों ने उनकी सभी सम्भावित स्थानों पर तलाश किया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया।

सोमवार की शाम जब सिंचाई के लिए लोग कुएं में डीजल मशीन लगा पानी निकाल रहे थे तब लोगों की नजर कुएं में पड़े शव पर गई। कुएं में गायब भुवनेश्वर राय का शव मिलने से गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसकी सूचना गांवा थाना की पुलिस को दी।

सूचना पाकर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना के बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक 3 दिन से गायब था। लेकिन परिजनों ने थाने में इसकी कोई जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की अनुसंधान करने में जुटी है।

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::28 :: 01 :: 2025 मंगलवार


28 जनवरी 2025: आज माघ कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि और मंगलवार का दिन है। चतुर्दशी तिथि मंगलवार शाम 7 बजकर 36 मिनट तक रहेगी। आज रात 11 बजकर 51 मिनट तक वज्र योग रहेगा। आज सुबह 8 बजकर 58 मिनट तक पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र रहेगा, उसके बाद उत्तराषाढ़ा नक्षत्र लग जाएगा। आज सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर शुक्र मीन राशि में प्रवेश करेंगे। विष्टि करण, उत्तर का दिशाशूल और धनु राशि का चंद्रमा है। आज पूरे दिन हनुमान जी की पूजा का योग बना है।




आज का पंचांग: 28 जनवरी 2025, मंगलवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, मास : माघ, पक्ष : कृष्ण पक्ष,  ऋतु : वैदिक ऋतु - हेमंत, द्रिक ऋतु - शिशिर, तिथि : चतुर्दशी 07:36 PM तक उपरांत अमावस्या, नक्षत्र : पूर्वाषाढ़ा 08:58 AM तक उपरांत उत्तराषाढ़ा, सूर्योदय : 07:12 AM प्रातः सूर्यास्त : 06: 07 PM सायं, राहुकाल : 03:23 PM से 04:45 PM तक, चन्द्रमा:  धनु राशि पर 02:52 PM तक उपरांत मकर राशि पर संचार करेगा।



आज :: 28:: 01 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि के जातक अपने काम को प्राथमिकता देंगे, जिससे उनका काम आसानी से पूरा हो जाएगा। आपको कोई भी फैसला जल्दबाजी की बजाय शांति से लेना चाहिए, जो आपके लिए बेहतर रहेगा। प्रेम जीवन जी रहे लोग अपने पार्टनर के साथ अपने रिश्ते को लेकर काफी उत्साहित रहेंगे। आप अपने घर में कोई नया वाहन ला सकते हैं। अपने स्वास्थ्य पर पूरा ध्यान दें। किसी की बातों में न आएं। शुभ रंग : पीला, शुभ अंक : 5



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी लेकर आने वाला है। आप मौज-मस्ती और आनंद के मूड में रहेंगे। आप अपने काम को लेकर काफी उत्साहित रहेंगे। अगर कुछ परेशानियां लंबे समय से आपको घेरे हुए थीं, तो वे भी दूर होती नजर आ रही हैं। आप दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में कुछ समय बिताएंगे। आपको अपने जीवनसाथी के साथ अपने रिश्ते को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए, नहीं तो आपकी कोई बात उन्हें बुरी लग सकती है। कार्यक्षेत्र में आपको पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करने की जरूरत है। शुभ रंग : गुलाबी, शुभ अंक : 5



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। आपकी आर्थिक तंगी भी दूर होगी। नौकरी में प्रमोशन के चलते आपको एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ सकता है। संतान पक्ष से कोई निराशाजनक समाचार सुनने को मिल सकता है। किसी काम से आपको अचानक यात्रा पर जाना पड़ सकता है।  शुभ रंग : भुरा, शुभ अंक : 6



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन थोड़ा मुश्किल भरा रहने वाला है। अपना खाली समय इधर-उधर न गवाएं, नहीं तो आपकी परेशानियां बढ़ जाएंगी, जो युवा रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, उन्हें कोई चिंताजनक सूचना सुनने को मिल सकती है। दान-पुण्य के कामों में आपकी काफी रुचि रहेगी। पैसों से जुड़े मामलों पर आपको पूरा ध्यान देने की जरूरत है। अपने काम को लेकर बिल्कुल भी लापरवाही न करें। कुछ खास लोगों से मिलने का मौका मिलेगा। शुभ रंग : सफेद, शुभ अंक : 9



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज का दिन सिंह राशि वालों की आमदनी में बढ़ोतरी करने वाला है। व्यापार कर रहे लोगों ने अगर कोई नया प्रोजेक्ट शुरू किया था तो उनके लिए अच्छा रहेगा। आप छोटे बच्चों के साथ मौज-मस्ती में कुछ समय बिताएंगे। पारिवारिक मामलों को लेकर आप अधिक तनाव में रहेंगे। किसी सदस्य की तबीयत खराब होने से भागदौड़ अधिक रहेगी। कार्य क्षेत्र में आपको कोई जिम्मेदारी वाला काम मिल सकता है। अगर आप नौकरी बदलने की सोच रहे थे तो आपकी इच्छा भी पूरी होगी। शुभ रंग : नीला, शुभ अंक : 6



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। आपको अपनी सेहत को दुरुस्त रखना होगा। खचों में बढ़ोतरी के कारण तनाव रहेगा। अगर आप अपने काम में कोई बदलाव नहीं करते हैं तो आपके लिए अच्छा रहेगा। आपको अपने दोस्तों से कुछ ऐसा नहीं कहना है जो उन्हें बुरा लगे। विद्यार्थियों को अगर पढ़ाई में कुछ परेशानी महसूस हो रही थी तो वह भी दूर हो जाएगी। आपके घर पर किसी मेहमान के आने से माहौल खुशनुमा रहेगा। शुभ रंग : नीला, शुभ अंक : 7



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
भाग्य की दृष्टि से तुला राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। कुछ नया करने की आपकी इच्छा प्रबल रहेगी। आप अपने काम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। कुछ अनजान लोगों से दूरी बनाकर रखना आपके लिए बेहतर रहेगा। परिवार में कोई शुभ कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। संतान के किसी काम से आप कहीं बाहर जा सकते हैं। शुभ रंग : पीला,शुभ अंक : 6


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन अपने बढ़ते खर्चों पर लगाम लगाने का रहेगा। खूब सारा धन मिलने से आपकी परेशानियां बढ़ेंगी। परिवार में कोई शुभ और मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। लेन-देन से जुड़े मामलों को भी आपको मिल बैठकर निपटाने की जरूरत है। धर्म-कर्म के कामों में आपकी काफी रुचि रहेगी। अपने शारीरिक कष्टों को नजरअंदाज न करें। शुभ रंग : नीला, शुभ अंक : 3



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन योजना बनाकर काम करने का रहेगा। विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे। कुछ नया करने की आपकी आदत बनी रहेगी। आप मिल बैठकर पारिवारिक समस्याओं का समाधान करेंगे। घूमते-फिरते आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। अपने विरोधियों के बहकावे में न आएं। कार्यक्षेत्र में आपको कोई पुरस्कार मिल सकता है, जिससे आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। शुभ रंग : भुरा, शुभ अंक : 6



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन किसी बड़े लक्ष्य की पूर्ति का रहेगा। आपको तेज रफ्तार वाहनों के प्रयोग से सावधान रहना होगा। कार्यस्थल पर आपके बॉस आपको कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं। आपके काम में बढ़ोतरी होने से आप थोडे चिंतित रहेंगे। सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने का मौका मिलेगा। आपकी प्रतिष्ठा और सम्मान में वृद्धि होगी।
शुभ रंग : केसरिया, शुभ अंक : 2



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन लाभकारी रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में आप अपने अनुभवों का लाभ उठाएंगे। जीवनसाथी के साथ तालमेल अच्छा रहेगा। आप जिस भी काम में हाथ डालेंगे, उसमें आपको सफलता जरूर मिलेगी। लंबे समय के बाद किसी पुराने मित्र से मिलने का मौका मिलेगा। आप नया घर खरीद सकते हैं। आपको अपने जरूरी कामों पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है। परिवार में किसी शुभ कार्य के आयोजन से परिवार के सभी सदस्य खुश रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपको कोई जिम्मेदारी वाला काम मिल सकता है। शुभ रंग : सुनहरा, शुभ अंक : 1



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि के लोगों के प्रयास बेहतर रहेंगे, उन्हें कोई नई नौकरी मिल सकती है। भाई-बहनों का पूरा सहयोग मिलेगा। राजनीति में काम करने वाले लोगों को अपने काम से नई पहचान मिलेगी। आपको अपनी पुरानी गलती से सबक लेना होगा। अगर आप काम के लिए किसी और पर निर्भर हैं, तो आपके काम में देरी हो सकती है। आपकी मेहनत रंग लाएगी। परिवार के सदस्यों के बीच कलह होने की संभावना है। किसी नए काम में आपकी रुचि बढ़ सकती है।शुभ रंग : पीला, शुभ अंक : 5


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


         🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷