गुरुवार, 12 जनवरी 2023

सर जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय में मनायी गयी विवेकानंद जयंती


गिरिडीह : सर जेसी बस बालिका उच्च विद्यालय के परिसर में राष्ट्रीय युवा दिवस सह विवेकानंद की जयंती  हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के  समक्ष दीप प्रज्वलित कर और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया।

 मौके पर प्रधानाध्यापक देवेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके द्वारा पहने कपड़ों से नहीं बल्कि उनके अंदर निहित गुणों से होती है। सामाजिक समरसता के पक्षधर रहे स्वामी जी युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का काम किया। कहा कि स्वामी विवेकानंद के आधुनिकता से अध्यात्म को जोड़ने के विचार युगों युगों तक युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं।

शिक्षक मुन्ना कुशवाहा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की छात्रा प्रज्ञा पाठक, अनुष्का कुमारी, नीलू कुमारी, जेना परवीन और तमन्ना परवीन ने विवेकानंद के जीवन परिचय और राष्ट्र के प्रति समर्पित उनके विचारों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया।

कार्यक्रम में शिक्षक अख्तर अंसारी, विपिन विश्वास, राजेंद्र कुमार, पापिया सरकार, संध्या संथालिया, गीता कुमारी सिन्हा, अमरीश कुमार, मिथिलेश कुमार, कुसुम कुमारी, अस्मिता प्रसाद, अमृता कुमारी, कृष्णा प्रिया, नाजिया, नरेश सहित विभिन्न बीएड कॉलेज के प्रशिक्षु शिक्षक शिक्षिकाएं  उपस्थित थे।

स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर गिरिडीह में निकाली गयी प्रभात फेरी


गिरिडीह : पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग अंतर्गत खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निर्देश के आलोक में जिला खेल कार्यालय द्वारा स्वामी विवेकानंद के जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी निकाली गयी। 

यह प्रभात फेरी गिरिडीह स्टेडियम से निकल कर पपरवाटांड़ तक गयी और पुनः गिरिडीह स्टेडियम वापस लौटी और उसका समापन किया गया। प्रभात फेरी में नेहरु युवा केंद्र, एन० सी०सी०, एन०एस०एस०, बैडमिंटन डे बोर्डिंग सेंटर इंडोर स्टेडियम गिरीडीह, आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, अन्य खेल संघ के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने  बैडमिंटन कोच मुकेश राम, क्रिकेट कोच संतोष तिवारी, फुटबॉल कोच अजय सुभाष तिर्की, कब्बडी कोच सौरभ कुमार, मोना मोना प्रेरणा सुरिन डिस्ट्रिक्ट लीड , यूसुफ इकवाल प्रोग्राम लीड और असजदुल्लाह गांधी फेलो पिरामल फाउंडेशन को प्रभात फेरी को सफलता पूर्वक आयोजन करने हेतु धन्यवाद दिया।

सोमवार, 9 जनवरी 2023

जिला स्तरीय स्पोर्ट्स क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन


गिरिडीह :  खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा  जिला स्तरीय स्पोर्ट्स क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन डीपीआरसी भवन में किया गया। इस स्पोर्ट्स क्विज़ प्रतियोगिता में नेहरु युवा केंद्र, एनएसएस, खेल संघ और विभिन्न विद्यालय से आये खिलाड़ी और छात्रों ने भाग लिया।
 प्रतियोगिता में प्रेमजीत सक्सेना ने प्रथम, आयुष राज ने द्वितीय और सुश्री प्रमिला कुमारी हांसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र दे कर सम्मानित किया गया।

बताया गया कि प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी 10 से 12 जनवरी में आयोजित राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स क्विज प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर के प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी को खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड द्वारा कैश अवार्ड, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र दे कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव राजेन्द्र गुप्ता, जिला कुश्ती संघ के सचिव युगल किशोर महतो,बैडमिंटन कोच मुकेश कुमार, फुटबॉल कोच अजय सुभाष तिर्की एवं प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षक उपस्थित थे।


विभिन्न विकास योजनाओं की उपायुक्त ने बैठक कर की समीक्षा, दिये कई निर्देश


गिरिडीह :  उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी विकास योजनाओं की समीक्षा की।

इस दौरान उपायुक्त ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन, पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन, केसीसी, सुखाड़ राहत, छात्रवृत्ति, मनरेगा, राजस्व कोर्ट द्वारा वाद का निष्पादन एव नामांतरण वाद निष्पादन, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस/मॉडल विद्यालय/जिला स्कूल/छात्रवृत्ति, JSLPS की स्वयं सहायता समूह/सखी मंडल फूलों झानो आशीर्वाद योजना, पेयजलापूर्ति, पर्यटन व खेलकूद, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई, सड़क/पुल, जन वितरण प्रणाली समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये। 


उपायुक्त ने शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग को आपस में बेहतर समन्वय बनाते हुए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के आवेदनों को तेज़ गति से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कल्याण पदाधिकारी को सभी प्रकार की छात्रवृत्ति का भुगतान शिक्षा विभाग से समन्वय बनाते हुए करने पर बल दिया। साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत अधिकाधिक आवेदन जेनरेट करने, प्राथमिकता के आधार पर सभी आवेदनों का निष्पादन करने पर बल दिया। सर्वजन पेंशन योजना के तहत लाभुकों की भी जानकारी ली। 
इसके अलावा उपायुक्त ने मनरेगा, सुखाड़ राहत योजना, पर्यटन संबंधित योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियों को सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करें। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों और बीडीओ सीओ शामिल हुए।

राज्य स्तरीय दो दिवसीय कृषि प्रशिक्षण का हुआ गिरिडीह में आयोजन


गिरिडीह : भारत ज्ञान विज्ञान समिति के द्वारा राज्य स्तरीय दो दिवसीय कृषि प्रशिक्षण का आयोजन जागो फाउंडेशन धनयडीह प्रशिक्षण भवन में किया गया। जिसमें गिरीडीह समेत बोकारो, धनबाद, दुमका, गोड्डा, देवघर और कोडरमा के प्रतिभागियों ने भाग लिया। 

इस प्रशिक्षण में देश के जाने-माने कृषि वैज्ञानिक डॉ दिनेश अबरोल, प्रो पार्थिब बसु, अंशुमान दास, ओपी भुरैटा, डॉ देवांजना, लेखक राधेश्याम मंगोलपुरी, भारत ज्ञान विज्ञान समिति के राष्ट्रीय महासचिव डॉ काशीनाथ चटर्जी, प्रांतीय अध्यक्ष शिव शंकर प्रसाद, प्रांतीय महासचिव विश्वनाथ सिंह, जिला सचिव बैजनाथ प्रसाद वर्मा, जिलाध्यक्ष मो आलम अंसारी उपस्थित रहे। 

इस दो दिवसीय कार्यशाला में झारखंड की वर्तमान खेती, झारखंड के भौगोलिक स्थिति, सिंचाई का साधन, कम पानी में होने वाली फसल जैसे कई बातों पर चर्चा हुई। प्रशिक्षक अंशुमान ने खेतों की उर्वरा को बनाए रखने के लिए फसलों के चक्र को बताया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की फसलों को एक साथ नहीं लगाना चाहिए। ओपी भुरैटा ने कहा कि खेती को पहचानों और बढ़ावा दो। राष्ट्रीय महासचिव काशीनाथ चटर्जी ने किसानों को एक मंच पर आने की वकालत की। कहा कि कोविड काल में BGVS ने बच्चों को खेत खलिहान में शिक्षा देने का काम किया है। अब बड़े छोटे किसानों को आधुनिक तकनीक के साथ खेती करने के लिए प्रेरित करें ताकि किसानी घाटे का सौदा न हो। घर में ही बीज संग्रहण व जैविक खाद का निर्माण करना होगा।

बेंगाबाद केवख़ुर्शीद अनवर हादी एवं डुमरी के जिला परिषद सदस्य सह किसान सभापति बैजनाथ महतो ने इस मौके पर अपना अनुभव साझा किया। प्रशिक्षण को सफल बनाने में अनिल कुमार कुशवाहा, योगेंद्र कुमार गुप्ता, रामप्रसाद राणा सहित कई साथियों की भूमिका सराहनीय रही।

मुख्यमंत्री के खतियानी जोहार यात्रा की तैयारी में जुटा जिला झामुमो


20 हजार लोगों का कार्यक्रम में होगा जुटान : जिलाध्यक्ष
गिरिडीह : आगामी 18 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के गिरिडीह आगमन की तैयारी को लेकर सोमवार को झामुमो जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता और जिला सचिव महालाल सोरेन के संचालन में एक बैठक हुई।

बैठक में मुख्य अथिति के रूप में उपस्थित केंद्रीय समिति के महासचिव सह सदस्य राज्य समन्यव समिति बिनोद पांडेय ने खतियानी जोहार यात्रा को सफल बनाने हेतु सभी कार्यकर्ताओं को घर घर जाकर लोगो को आमंत्रित करने को कहा। वहीं केंद्रीय समिति के फागु बेसरा ने मुख्यमंत्री के उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय समिति गिरिडीह जिला समिति के साथ होने की बातें कही।
सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं को हर प्रकार की मदद करने की बातें कही। वहीं गांडेय विधायक ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गांडेय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बढ़-चढ़कर भाग लेंने की बातें कही। मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री का खतियानी जोहार यात्रा गिरीडीह में ऐतिहासिक होगा। आगामी 18 जनवरी को कार्यक्रम के दौरान लगभग 20 हजार लोगों का जुटान स्थानीय झंडा मैदान में होगा। 
बैठक में पूर्व विधायक ज्योतिंद्र प्रसाद, निज़ामुद्दीन अंसारी, सुमन सिन्हा, गीता हाजरा, सोनी चौरसिया, सुमित्रा कुमारी, अजित कुमार पप्पू, शहनवाज अंसारी, इरशाद अहमद वारिस, राकेश सिंह रॉकी, अभय सिंह, राकेश सिंह टुन्ना, प्रदीप हाजरा,  गौरव कुमार, दिलीप रजक, दिलीप मंडल, रिंकू बरनवाल, मजीद अंसारी, राजू अंसारी, असगर अंसारी, नागेश्वर राय, पौलुष हांसदा, छक्कु साव, तेजलाल मंडल सहित काफी संख्या झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पंचखेरो डैम में हुआ माहुरी समाज का महामंडल आपके द्वार सह वनभोज कार्यक्रम


डोरंडा मंडल कमिटी और महिला कमिटी के हुआ गठन

गिरिडीह : डोरंडा मंडल के पंचखेरो डैम में माहुरी समाज द्वारा सोमवार को महामंडल आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का अध्यक्षता डोरंडा मंडल अध्यक्ष विपिन गुप्ता एवं मंच संचालन सुमंत गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम के दौरान डोरंडा मंडल कमिटी का चुनाव सम्पन्न कराया गया। जिसमे सर्वसम्मति से विपिन गुप्ता अध्यक्ष, बालमुकुंद गुप्ता उपाध्यक्ष ,सुमंत गुप्ता सचिव, गोपाल भदानी संगठन मंत्री और चंद्रशेखर गुप्ता कोषाध्यक्ष चुने गये।
 
वही इस मौके पर महिला समिति का भी गठन किया गया। जिसमे रीता देवी अध्यक्ष, खुशबू देवी उपाध्यक्ष,  सविता गुप्ता सचिव, नीतू देवी संयुक्त सचिव, रिचा भदानी संगठन मंत्री, नेहा कुमारी मीडिया प्रभारी, कविता देवी कोषाध्यक्ष, तथा सुनीता देवी को सर्वसम्मति धर्म संचार मंत्री बनाया गया।

इसके पूर्व कुलदेवी माँ मथुरासिनी की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम प्रारम्भ की गई। मौके पर महामंडल के उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम के संयोजक रवि कपिसवे ने समाज के लोगो को हर क्षेत्र में आगे आने को प्रेरित किया। वहीं कार्यक्रम के सहसंयोजक व महामंडल के संयुक्त महामंत्री शिव कुमार गुप्ता ने नवयुवकों को आगे आने का आह्वान किया। कहा कि नवयुवक के बिना कोई भी कार्यक्रम सफल नहीं हो सकता। क्योंकि नवयुवक समाज की रीड होते हैं।
 
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सह उपमहापौर प्रकाश सेठ, महामंत्री उमा शंकर चरण पहाड़ी, संगठन मंत्री प्रदीप कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी अनुज सेठ,  उप धर्म संचार मंत्री मनीष आकाश, केंद्रीय नवयुवक समिति सचिव हरि मोहन कंधवे, महिला समिति के केंद्रीय अध्यक्ष पूनम प्रकाश, मीना गुप्ता, परसाबाद मंडल के अध्यक्ष सतीश कुमार, तिलैया मंडल नवयुवक समिति के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, अमन कपिसवे, महेंद्र कुमार, विक्रांत कुमार, हिमांशु गुप्ता शिवम गुप्ता, विद्यानंद गुप्ता, धीरज गुप्ता, शुभम गुप्ता, अमित गुप्ता, संजीत गुप्ता, पवन गुप्ता, नवीन गुप्ता के अलावा डोरंडा, कुबरी, मकडीहा के माहुरी वैश्य मंडल के महिला व पुरुषों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुआ क्रियात्मक शोध विषयक गोष्ठी का आयोजन


गिरिडीह : विद्या भारती के योजनानुसार सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में सोमवार को क्रियात्मक शोध विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता विद्वत परिषद के संरक्षक तथा समिति के पूर्व उपाध्यक्ष उदयशंकर उपाध्याय ने की।

कार्यक्रम के दौरान विषय प्रवेश कराते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवकुमार चौधरी ने कहा कि विद्या भारती योजना में शोध अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे पठन-पाठन में आ रही समस्याओं का सम्यक समाधान होता है। कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में शोध पर विशेष बल दिया गया है। यह निरंतर शिक्षण व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया है।
वहीं विभाग शोध प्रमुख अजित कुमार मिश्र ने गोष्ठी में उपस्थित आचार्य बंधु-भगिनी को पीपीटी के माध्यम से क्रियात्मक अनुसंधान के महत्व एवं उसके विभिन्न आयामों की जानकारी दी।

जबकि अपने अध्यक्षीय आशीर्वचन में उदयशंकर उपाध्याय ने कहा कि विद्या भारती के चार आयामों में शोध एक अत्यंत महत्वपूर्ण आयाम है। क्रियात्मक शोध के माध्यम से शिक्षण की समस्याओं का सफलतापूर्वक समाधान किया जा सकता है। उन्होंने सभी आचार्य-दीदीजी को क्रियात्मक शोध को व्यवहारिकता में अपनाकर शैक्षिक समस्याओं को सुलझाने हेतु प्रेरित किया।

शोध गोष्ठी के सफल आयोजन में संकुल शोध प्रमुख सुश्री मोनिका सिंह, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र लाल बरनवाल एवं सभी आचार्य बंधु-भगिनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

स्कूल वैन पलटने से 6 वर्षीया स्कूली छात्रा की मौत


गिरिडीह : जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के बुधवाडीह के समीप सोमवार सुबह एक निजी स्कूल के वाहन टाटा मैजिक के पलटने से एक छह वर्षीया छात्रा रीया कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

बताया गया कि छात्रा रीया कुमारी अपने घर थाना क्षेत्र के जेमराडीह से उक्त स्कूल वाहन पर सवार होकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान बुधवाडीह के यह हादसा घटित हुई। जिसमे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 

सूचना मिलते ही धनवार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक बच्ची के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज  आगे की कार्रवाई करने में जुटी हैं।

रविवार, 8 जनवरी 2023

कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से राजद 2024 का लोकसभा चुनाव हर हाल में लड़ेगा


गिरिडीह : राष्ट्रीय जनता दल आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से हर हाल में लड़ेगा। इसकी घोषणा राजद के झारखंड प्रदेश प्रधान महासचिव संजय यादव, संसदीय बोर्ड झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष सुरेश पासवान और प्रदेश के अन्य पदाधिकारियो ने रविवार को राजधनवार में उपस्थित होकर किया। 
राजधनवार में रविवार को राजद की आहूत विशाल जनसभा में शामिल होते हुए राजद के प्रदेश नेताओं ने रविवार को शंखनाद कर दिया। प्रदेश नेताओं ने कहा कि राजद गरीब गुरबों की पार्टी है। इसके नेता लालू प्रसाद यादव ने हमेशा से गरीबों के हितों की बात की है। कहा कि पूरे देश के साथ साथ कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की जनता केंद्र की भाजपा सरकार से त्रस्त ही। महंगाई बेलगाम हो गई है। बेरोजगारी चरम पर पांच गई है। लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सुन रही है। 
राजद के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बन गई है। इस सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। तभी देश की जनता का भला होगा। कहा कि सांप्रदायिक शक्तियों और पूंजीपतियों की सरकार को जड़ मूल से समाप्त करने के लिए राजद कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से 2024 का चुनाव हर हाल में लड़ेंगा। कार्यक्रम में काफी संख्या में राजद के लोगों के साथ आमजन मौजूद थे।

सम्मेदशिखर पार्श्वनाथ में आदिकाल चली आ रही व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगा : उपायुक्त


गिरिडीह:  जैन धर्म के सर्वाेच्च तीर्थस्थल सम्मेद शिखर को लेकर उपजे विवाद के निपटारे को लेकर रविवार उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। सम्मेद शिखर मधुबन के गेस्ट हाउस में हुई इस बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सम्मेदशिखर पार्श्वनाथ में आदिकाल से जो व्यवस्था चली आ रही है। वो पहले की तरह ही चलता रहेगा। इसमें कोई फेरबदल नहीं होगा। आदिवासियों का सोहराय और मकर संक्रान्ति का पर्व भी शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। कहा कि जैन समाज और गैर जैन समाज  के लोगों के लिए पारसनाथ पर्वत पर पूर्व की भांति भ्रमण और तीर्थयात्रा जारी रहेगा।
वहीं उपायुक्त श्री लकड़ा ने कहा कि पारसनाथ पर्वत पर स्वामित्व के मुद्दे पर कोई विवाद नही रह गया है। डुमरी एसडीएम के नेतृत्व में एक कोर कमिटी का गठन किया गया है। जिसमे श्वेतांबर और दिगंबर जैन समाज के प्रतिनिधियों के साथ सम्मेद शिखर मधुबन के सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे और विवाद का निपटारा इसी कोर कमिटी के माध्यम से किया जाएगा। 
वहीं बैठक में मौजूद गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि सम्मेद शिखर पार्श्वनाथ में जैन समाज का भी तीर्थस्थल है। वहीं आदिवासी समुदाय का मरांग बुरू तीर्थस्थल भी है। कहा कि यहां जैनियों के साथ साथ आदिवासियों की भी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है और दोनों का सम्मान होना चाहिए। कहा कि आज से नही, बल्कि ब्रिटिश शासन के गजट से लेकर कई दशकों तक यह व्यवस्था बना हुआ है। इसमें किसी तरह का फेरबदल नहीं किया जा सकता है।
इस बैठक में अपर समाहर्ता विल्सन भेंगरा, डुमरी एसडीएम प्रेमलता मुर्मू, एसडीपीओ मनोज कुमार  प्रशिक्षु आईएएस उत्कर्ष कुमार,मधुबन थाना प्रभारी समेत गुणायतन ट्रस्ट के सुभाष जैन, तपोभूमि के दीपक मेपानी समेत कई जैन संस्था के प्रतिनिधि बी अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।

व्यवस्था बदलाव की राजनीति के लिए आम आदमी पार्टी चला रही अभियान : कृष्ण मुरारी शर्मा


गिरिडीह : बेंगाबाद प्रखंड के कर्णपुरा चौक पर रविवार को आम आदमी पार्टी की बैठक हुई। जिसमे बतौर अतिथि आप के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा शामिल हुए।
अपने संबोधन में श्री शर्मा ने कहा कि झारखंड के गाँव गाँव में व्यवस्था परिवर्तन की राजनीति के लिए आम आदमी पार्टी अभियान चला रही है। बिजली पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि बुनियादी सुविधाएं हरेक व्यक्ति को चाहिए होती है। लेकिन प्रदेश के लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी प्राप्त नहीं हो रही ही। उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली में जब 5 साल में स्कूल होस्पीटल ठीक हो सकता है तो झारखंड में 22 साल में क्यों नहीं? पंजाब में जनता को 300 युनिट बिजली फ्री मिल सकता है तो झारखंड में क्यों नहीं? श्री शर्मा ने कहा कि झारखंड में भी पंजाब की तरह एक एमएलए एक पेंशन कानून बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में जनता को 300 युनिट मुफ्त बिजली देने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरेगी। 
कार्यक्रम में रोजन अंसारी, जय प्रकाश वर्मा, मुशर्रफ हुसैन, किशोर तुरी, सरयू राय, शमीद अंसारी,शाहीद अंसारी ने भी अपनी बात रखी ।
 कार्यक्रम में कई नौजवानों ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। पार्टी में शामिल होने वाले युवा नेता दीपक कुमार, एनाउल अंसारी, नईम अंसारी , अलाउद्दीन अंसारी, शमीम अंसारी, मो इस्लाम, उमर हुसैन, ताज उद्दीन अंसारी, याकुब अंसारी, अब्दुल मजीद, सदाम अंसारी, तस्लीम अंसारी, सनाउल्लाह अंसारी, तनवीर अंसारी, राहुल कुमार सहित कई लोग शामिल हैं।