रविवार, 11 मई 2025

बहन की ससुराल गये 12 वर्षीय बच्चे की बराकर नदी में डूबने से मौत

गिरिडीह (Giridih)। जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना घटित हुई। अपनी बहन के साथ उसके ससुराल आये एक 12 वर्षीय बच्चे की बराकर नदी में डूबने से मौत हो गयी। मृतक बच्चा बिरनी थाना क्षेत्र के निचितपुर गांव निवासी बीरेंद्र यादव के 12 वर्षीय पुत्र सुनील यादव था। 



जानकारी के अनुसार बिरनी निवासी बीरेंद्र यादव की पुत्री की शादी डुमरी थाना क्षेत्र के नुरंगों गांव में हुई थी। कल (शनिवार को) ही उसकी विदाई हुई थी। अपनी बहन के साथ सुनील भी अपनी बहन का ससुराल आया था। ससुराल के लोग नई बहू के आने की खुशी में  मशगूल थे। इसी बीच रविवार सुबह सुनील बिना किसी को कुछ भी बताये गांव के अन्य लड़कों के साथ बराकर नदी में नहाने चला गया। जहां नहाने के क्रम में वह गहरे पानी मे समा गया और डूब गया। 



वहां मौजूद अन्य लड़कों ने जब उसे डूबता देखा तो शोर मचाया। शोर सुन आसपास के लोग वहां पहुंचे और  काफी मशक्कत के बाद बेहोशी की हालत में सुनील को नदी से बाहर निकाला और सीधे गिरिडीह सदर अस्पताल ले कर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर सुन परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के चित्कार से पुरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। कल तक जिस परिवार में शादी की खुशी और उमंग थी उसी परिवार में आज मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।