मंगलवार, 25 फ़रवरी 2025

दिवंगत भाजपा नेता बाबुल गुप्ता के परिवार से मिलने पहुंची केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जताया शोक


गिरिडीह (Giridih)।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद दिवंगत बाबुल प्रसाद गुप्ता के बरवाडीह स्थित आवास पहुंची और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 



बता दें कि बीते बुधवार 19 फरवरी की शाम लगभग 6: 15 बजे बाबुल गुप्ता ने 80 वर्ष की उम्र में अपने बरवाडीह स्थित निवास स्थान पर अंतिम सांस ली थी। बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही पार्टी से जुड़े थे। वह गिरिडीह में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार गिरिडीह के मारवाड़ी श्मसान घाट में किया गया,उनके छोटे पुत्र संदीप गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।

     बाबुल प्रसाद गुप्ता (फाइल फोटो)

वहीं गुरुवार को उन्हें अंतिम विदाई देने पूर्व मंत्री चन्द्र मोहन प्रसाद, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, भाजपा के गिरिडीह प्रभारी शशि भूषण भगत, प्रदेश के नेता बबन गुप्ता, निर्वतमान उप महापौर प्रकाश सेठ, हरमिंदर सिंह बग्गा, दिनेश यादव, संजीत सिंह पप्पू, संत कुमार लल्लू, विनय सिंह आदि उनके आवास पहुंचे थे। पार्टी नेताओं ने दिवंगत वरिष्ठ भाजपा नेता को पार्टी का झंडा ओढ़ा उन्हें अंतिम विदाई दी थी। उस दौरान पार्टी नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर के समक्ष ही दो मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया था।

वहीं उनके दिन की खबर सुन मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी उनके आवास पहुंची और उनके परिवार के लोगों से मिली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत बाबुल गुप्ता के छोटे पुत्र संदीप गुप्ता से भी मिल कर उन्हें भी सांत्वना दी।


केंद्रीय मंत्री दिवंगत नेता के पुत्र संदीप समेत परिवार के सदस्यों हर सम्भव सहयोग का भरोसा भी दिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उषा कुमारी समेत कई लोग मौजूद थे। कुछ देर वहां रुक कर केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत नेता के तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर वहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान की।