रविवार, 5 जनवरी 2025

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::05 :: 01 :: 2025, रविवार

आज का पंचांग: 5 जनवरी 2025, रविवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष मास, शुक्ल पक्ष,  शिशिर ऋतु, तिथि षष्ठी उपरांत सप्तमी, नक्षत्र अश्विनी, सूर्योदय 07:13 प्रातः सूर्यास्त 05:41 सायं 
राहुकाल : शाम 04:30 बजे से 06:00 बजे तक, गुलिक काल दोपहर 03:00 बजे से 04:30 बजे तक, यमगंड दोपहर 12:00 बजे से 01:30 बजे तक, 
शुभ मुहूर्तः अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:04 बजे से 12:45 बजे तक, विजय मुहूर्त दोपहर 02:09 बजे से 02:51 बजे तक। रवि प्रदोष व्रत (भगवान शिव की आराधना के लिए शुभ दिन), सूर्य उपासना के लिए विशेष दिन। सुबह स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें और "ऊँ आदित्याय नमः" मंत्र का 108 बार जाप करें, जरूरतमंदों को अन्न और वस्त्र का दान करें।


आज :: 05:: 01 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन संभलकर रहने वाला है। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो जाएगा। अगर व्यापार में आपकी कोई योजना लंबे समय से अटकी हुई थी तो उसे अंतिम रूप दिया जा सकता है। ऑनलाइन काम करने वाले लोगों को कोई बड़ा ऑर्डर मिल सकता है। धार्मिक कार्यों में आपकी काफी रुचि रहेगी। दान-पुण्य के कामों में भी आप बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। राजनीति की ओर बढ़ रहे लोगों को जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।




वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन काफी भागदौड़ भरा रहने वाला है। अगर आप किसी यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे थे तो यह आपके लिए अच्छा रहेगा। लंबे समय बाद किसी पुराने मित्र से मिलने का मौका मिलेगा। आप परिवार के सदस्यों के लिए आसानी से कुछ समय निकाल पाएंगे। किसी की कही हुई बात पर भरोसा करने से आपको बचना होगा। कोई पुराना मित्र लंबे समय बाद आपसे मिलने आ सकता है। आय के स्रोत में वृद्धि होने से आप खुश रहेंगे।




मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन उलझनों से भरा रहने वाला है। आध्यात्मिक गतिविधियों में आपकी काफी रुचि रहेगी। कोई नया काम करना आपके लिए अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। व्यापार करने वाले लोगों को कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी किसी से शेयर नहीं करनी चाहिए, नहीं तो वे इसका फायदा उठा सकते हैं। आपकी कोई पुरानी गलती उजागर हो सकती है, जिसके बाद आपका जीवनसाथी आपसे नाराज रहेगा। सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ आपको मिलेगा।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहने वाला है। अगर आप स्वास्थ्य संबंधी किसी परेशानी से जूझ रहे हैं तो उसमें भी आपको राहत मिलेगी। मातृ पक्ष से आपको आर्थिक लाभ मिलता दिख रहा है। आप माता से कोई वादा कर सकते हैं। आपकी तरक्की देखकर आपके विरोधी परेशान रहेंगे। अगर आपके व्यापार में कहीं पैसा फंसा हुआ था तो वह भी मिलने की संभावना है। आपको कोई बड़ी डील मिल सकती है।




सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज का दिन सिंह राशि वालों के लिए अच्छा रहेगा। अपने काम को समझदारी से करें। व्यापार में कोई भी फैसला लेने से पहले आपको सोच-विचार कर लेना चाहिए। किस्मत आपका पूरा साथ देगी। परिवार में किसी शुभ कार्य के आयोजन से परिवार के सभी सदस्य खुश रहेंगे। संतान के विवाह की बात पक्की हो सकती है। किसी से भी बात करने से पहले आपको सोच-विचार कर लेना चाहिए। नौकरीपेशा लोगों पर किसी बात का झूठा आरोप लग सकता है।




कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज का दिन कन्या राशि वालों के लिए अच्छा रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य भरपूर मिलेगा। विदेश में रहने वाले किसी रिश्तेदार की याद आ सकती है। नौकरी में प्रमोशन के कारण आपको एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना पड़ सकता है। एक साथ कई काम होने से आपकी एकाग्रता बढ़ेगी। किसी से कोई बात बहुत सोच-समझकर ही कहनी पड़ेगी। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो जाएगा।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आजK का दिन तुला राशि वालों के लिए अच्छी संपत्ति मिलने के संकेत दे रहा है। भविष्य में आपको अच्छे लाभ मिलेंगे। जीवनसाथी के साथ डिनर डेट पर जाने का प्लान बना सकते हैं। नया घर, मकान, दुकान आदि खरीदने का सपना पूरा होगा। कुछ नए लोगों से मुलाकात होगी। मौसम का आपके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।




वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन मध्यम फलदायी रहने वाला है। अगर आपके परिवार के सदस्यों के बीच पैसों को लेकर कुछ मतभेद था तो वह भी सुलझ जाएगा। आपको कोई नई संपत्ति मिल सकती है। नौकरी में आपको अपने काम पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है और अपने बॉस से झूठ न बोलें। आपको अपने पिता से कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करनी होगी।



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन लाभकारी रहने वाला है। अविवाहित जातकों के जीवन में कोई नया मेहमान दस्तक दे सकता है। आपको परिवार के सदस्यों की जरूरतों पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है। जब आप अपने बच्चे की तरक्की देखेंगे तो आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। रोजगार को लेकर चिंतित लोगों को कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। आप अपने माता-पिता की सेवा के लिए भी कुछ समय निकालेंगे।




मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहने वाला है। आपको अपने भाई-बहनों का पूरा सहयोग मिलेगा। आपकी कोई इच्छा पूरी होने पर आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में आपको राहत मिलेगी। अगर लेन-देन से जुड़ा कोई मामला आपको परेशान कर रहा था तो आप उसे भी सुलझा लेंगे। आप अपने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती में कुछ समय बिताएंगे।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। आपको कोई भी फैसला बहुत सोच-समझकर लेना होगा। आपकी तरक्की के रास्ते में आ रही रुकावटें दूर होंगी। आप अपने व्यापार के लिए कुछ नया शोध कर सकते हैं, जो छात्र विदेश जाकर शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें बहुत मेहनत करने की आवश्यकता है। आपको किसी से भी पैसे उधार लेने से बचना होगा। आपके खर्चों में वृद्धि होने से आप तनाव में रहेंगे।




मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है, अटका हुआ पैसा मिलने की संभावना है। सामाजिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को जन समर्थन में वृद्धि मिलेगी, वे कुछ नए दोस्त भी बना सकते हैं। संतान को नई नौकरी मिलने से माहौल खुशनुमा रहेगा। आपके मान-सम्मान में वृद्धि होने से आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। अगर आप नौकरी को लेकर चिंतित थे, तो आपकी वह समस्या भी हल हो जाएगी।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


शनिवार, 4 जनवरी 2025

सड़क सुरक्षा के तहत निःशुल्क नेत्र व स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर किया गया जागरूक

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी, गिरिडीह शैलेश कुमार प्रियदर्शी के निर्देशानुसार यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बस स्टैंड, गिरिडीह में "निःशुल्क जांच शिविर एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें वाहन चालकों के आंखों की जांच की गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सकों द्वारा सभी आगन्तुक चालकों को नेत्र के साथ साथ उनके स्वास्थ्य की भी जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी।


इस दौरान हिट एंड रन एवं गुड सेमिरिथन योजना के बारे में बताया गया। सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन जरूर करने की भी सभी से अनुरोध की गई। वहीं दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को निष्पक्ष होकर आगे बढ़कर मदद करने और नज़दीकी अस्पताल में पहुंचा गुड सेमारिटन बनने की भी अपील की गई। मौके पर सभी बस चालकों एवं कंडक्टर को यात्रियों के साथ कैसा व्यवयहार रखा जाय इसकीं भी जानकारी दी गई। वहीं कहा गया कि यातायात नियमों का पालन करते हुए बस चालक और कंडक्टर यात्रियों के लिए उत्कृष्ट सेवा प्रदान कर एक सकारात्मक वातावरण बना सकते है।

कार्यक्रम में ट्रैफिक इंपेक्टर दुगन टोपनो, एमवीआई इरफान अहमद,एमवीआई शुभम लाल,एमवीआई गौरी शंकर, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधन (मोहम्मद वाजिद हसन), साकेत भारती जिला परिवहन कार्यालय से राजन कृति राकेश सिंह मंगलम एवं रवि उपस्थित थे।

उपायुक्त ने किया ईवीएम वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

गिरिडीह (Giridih)।  जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, नमन प्रियेश लकड़ा के द्वारा प्रखंड कार्यालय गिरिडीह स्थित ईवीएम वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। उन्होंने ईवीएम वेयर हाउस की विधि व्यवस्था से संबंधित आवश्यक पहलुओं की जांच की। ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उपायुक्त ने सीसीटीवी व अन्य उपकरणों की स्थिति और रखरखाव का जायजा लिया।
सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया।


वहीं मासिक निरीक्षण दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा परिसर का अवलोकन के क्रम में सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, बीयू हॉल, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनरेटर रूम, तैनात सुरक्षा बलों के लॉग बुक, अग्निशमन यंत्र आदि सहित अन्य व्यवस्थाओं तथा कमरों के सीलिंग आदि का जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में तैनात सशस्त्र सुरक्षा बलों को अपने कार्य एवं दायित्वों के प्रति सचेत व सक्रिय रहने के निर्देश दिए। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

विश्व ब्रेल दिवस पर नेत्रहीन विद्यालय में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता सह साक्षरता कार्यक्रम

गिरिडीह (Giridih)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में विश्व ब्रेल दिवस के अवसर पर नेत्रहीन विद्यालय अजीडीह में विधिक जागरूकता सह साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ता मो फैयाज अहमद ने बताया कि विश्व ब्रेल दिवस हर साल 4 जनवरी को मनाया जाता है। 


यह दिन, ब्रेल लिपि के आविष्कारक लुई ब्रेल के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। पैनल अधिवक्ता रविकांत शर्मा ने बताया कि लुई ब्रेल का जन्म 1809 में फ़्रांस में हुआ था। उन्होंने 10 साल की उम्र में फ़्रांस के रॉयल इंस्टीट्यूट फ़ॉर ब्लाइंड यूथ में पढ़ाई की थी।  उन्होंने उभरे हुए बिंदुओं की प्रणाली को विकसित किया, जिसे बाद में ब्रेल के नाम से जाना गया। कहा कि ब्रेल लिपि नेत्रहीन लोगों के लिए बनाई गई एक लेखन पद्धति है। ब्रेल लिपि किसी भी भाषा को लिखने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है। यह कई भाषाओं में उपलब्ध है, जैसे कि संस्कृत, अरबी, चीनी, हिब्रू, और स्पेनिश। ब्रेल लिपि पढ़ने के लिए, अंगुलियों को बायीं से दायीं ओर बिंदुओं पर चलाया जाता है और उभरे हुए पैटर्न को महसूस किया जाता है।


उन्होंने बताया कि विश्व ब्रेल दिवस 2025 की थीम  'समावेश और विविधता के माध्यम से सशक्तिकरण' हैं इस थीम का मकसद, दृष्टिबाधित लोगों को समाज के हर पहलू में शामिल करना और उन्हें स्वीकार करना है। ताकि हर कोई अपनी क्षमताओं के मुताबिक आगे बढ़ सके और योगदान दे सके। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएलबी दिलीप कुमार, अशोक कुमार वर्मा,कामेश्वर कुमार, सुनील कुमार, रिया कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्वर्ण व्यवसायियों व चैम्बर के पदाधिकारियों संग पुलिस पदाधिकारियों ने की बैठक

गिरिडीह में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण हेतु की गई विस्तृत चर्चा


गिरिडीह (Giridih)। चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं गिरिडीह पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में सिरसिया स्थित एक होटल में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ एक बैठक हुई। इस बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा और जिले में बढ़ते हुए अपराध पर कैसे नियंत्रण हो इस पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीत वाहन उरांव, साइबर डीएसपी आबिद खान, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी शैलेष कुमार, पचम्बा थाना निरीक्षक मंटू कुमार मुख्य रूप से उपस्थित हुए और स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बातचीत की।


व्यवसायियों ने शहर में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन को कई तरह के सुझाव भी दिए। वहीं बैठक में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने स्वर्ण व्यवसायियों को पूरी सुरक्षा देने की बात कही साथ ही शहर में चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सहयोग से चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा और स्वर्ण व्यवसायियों को सेंसर लगाने की बात कही। 


चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राहुल बर्मन ने कहा कि चेंबर व्यवसायियों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखती है और आगे भी ख्याल रखता रहेगा। व्यवसायियों को हो रही परेशानी और सुरक्षा का कैसे मुहैया कराया जाए इस पर गहन चिंतन किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों को सेंसर लगवा कर और सीसीटीवी कैमरा लगवा कर उनके दुकान की सुरक्षा की जाने की बातें कही। वहीं उन्होंने पुलिस प्रशासन के सहयोग से पेट्रोलिंग की व्यवस्था बढ़ाये जाने की भी बातें कही, ताकि जिले में हो रहे अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

 इस बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों में सौरभ बर्मन, विनोद बर्मन, प्रमोद स्वर्णकार, बबलू बर्मन, अजय स्वर्णकार, बाबू, गाजू सोनार, सुमेर, चिंटू कुमार, सुबोध बर्मन, संजय सहित कई लोग मौजूद थे।