मंगलवार, 31 दिसंबर 2024

किसान जनता पार्टी के निष्क्रिय पदाधिकारियों के जगह पर दूसरे का चयन 21 जनवरी को

गिरिडीह (GIRIDIH)। किसान जनता पार्टी की एक बैठक मंगलवार को झंडा मैदान में हुई। बैठक को संबोधित करते हुये पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह  ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय संयोजक, सचिव एवं गिरिडीह जिला अध्यक्ष का लगातार बैठकों में अनुपस्थिति से पार्टी के लोग नाराज हैं। और, उनके स्थान पर दूसरे संस्थापक सदस्य को अवसर देने का मांग कर रहे हैं। 



बैठक में सर्वसम्मति से  21 जनवरी 2025 को केंद्रीय संयोजक एवं सचिव तथा जिला अध्यक्ष का चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। इस हेतु इच्छुक संस्थापक सदस्य 100/- रुपया शुल्क जमा कर  15 जनवरी 2025 तक अपना दावा प्रस्तुत करेंगे। एक पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार होने पर गुप्त मतदान के माध्यम से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। 




 बैठक में किसान जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जोगेश्वर ठाकुर जिला उपाध्यक्ष कुदरत अली, तिसरी अंचल अध्यक्ष दासो मुर्मू बेंगाबाद अंचल अध्यक्ष नबी अंसारी, गिरिडीह अंचल अध्यक्ष मुकेश राय, मुंशी हंसदा, थाम्भी मंडल, इब्राहिम मियां, रामेश्वर सिंह, खुशबू देवी, पुष्पा मुर्मू, बबलू टुडू, ममता कुमारी, मालती देवी, मोतीलाल हेंब्रम, मोहम्मद तैयब, संगीता मरांडी, लालिया देवी, दहनी देवी, विजय कुमार, भागीरथ राय आदि  उपस्थित थे।


पिकनिक स्पॉट के सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे नगर विकास मंत्री व पुलिस अधीक्षक

नववर्ष के स्वागत को सज धज कर तैयार है गिरिडीह का पिकनिक स्पॉट उसरी फॉल व खंडोली डैम


गिरिडीह (GIRIDIH)। नए वर्ष 2025 के स्वागत की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गई है। पिकनिक स्पॉट, मंदिर, होटल, रेस्टोरेंट में नववर्ष के स्वागत को लेकर तैयारी जोरों पर है। नूतन वर्ष का आगाज अधिकतर लोग मंदिरों में मत्था टेककर करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। इसे लेकर दुखिया महादेव मंदिर, खंडोली पार्क, उसरी फॉल, विश्वनाथ मंदिर, नर्मदाधाम मन्दिर, हरिहर धाम मन्दिर, खरगडीहा स्थित जलीय सूर्यमन्दिर, झारखंडी धाम मन्दिर समेत विभिन्न प्रखंडों में स्थित मन्दिर पिकनिक स्थल को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी चल रही है।


इधर नववर्ष को देखते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खंडोली पहुंचे और वहां आने वाले सैलानियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इस बाबत सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। मौके पर मंत्री ने वहां पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया। ताकि प्रकृति का आनंद लेने खंडोली पहुंचने वाले सैलानियों को किसी भी प्रकार की असुविधा बाल न हो।


मौके पर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने कहा कि  31 दिसंबर और 1 जनवरी को पिकनिक स्पॉट पर जुटने वाले भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।  ताकि मोबाइल छिनतई, चैन छिनतई आदि किसी प्रकार की कोई घटना न हो। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शराब पीकर गाड़ी से आने वालों की जांच के लिए मोबलाइजर मशीन से जांच की जाएगी। खंडोली पर्यटन में सुरक्षा के दृष्टिकोण को देखते हुए चंदन कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। मौके पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी शैलेश कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह,खंडोली पर्यटन के संचालक प्रमोद कुमार समेत कई लोग शामिल थे।


युवाओं में है जबरदस्त उत्साह :

नए साल को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। नूतन वर्ष 2025 के स्वागत की तैयारी के लिए एक तरफ युवा और बच्चे जहां पार्कों और पिकनिक स्पॉट पर जाने की योजना बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ घर के बुजुर्ग एवं बड़े सदस्य मंदिरों में मत्था टेककर नववर्ष की शुरुआत करने की योजना बनाने में जुटे हैं।

गिरिडीह के दो जूडो खिलाड़ी का राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

गिरिडीह (GIRIDIH)। गिरिडीह जिले के दो जूडो खिलाड़ियों समीर संसारी और साक्षी समीर का चयन राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता आगामी 14 जनवरी से 20 जनवरी तक महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित होगा। जिसमें -40 kg  वर्ग में समीर अंसारी और -48kg वर्ग में साक्षी कुमारी शामिल होंगी। यह जानकारी गिरिडीह जिला जुडो संघ के महासचिव उज्जवल सिंह ने दी।


उन्होंने बताया कि झारखंड जूडो संघ के तत्वाधान में बीते 28, 29 एवं 30 दिसंबर को रांची के नामकुम  में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित था। जिसमे पूरे झारखंड प्रदेश के कुल 600 जूडो खिलाड़ी ने हिस्सा लिये थे। उनमें गिरिडीह के दोनों खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये अपना स्थान सुरक्षित करा लिया।


उक्त दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये चयनित होने पर जिला जूडो संघ के मुख्य संरक्षक अमरजीत सिंह सलूजा, अधिवकता चुन्नू कांत, संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष डॉ विजय सिंह एवं कोच ऋषि सिंह सलूजा ने आदि ने उन्हें बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। मौके पर संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ जूडो जैसे खेल में भी अपना करियर बनाना चाहिये। खास कर लड़कियों को सेल्फ डिफेंस करने हेतु जुडो का प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिये।