गुरुवार, 19 दिसंबर 2024

ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के चार खिलाड़ी करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

रांची।  20 दिसम्बर से 23 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने वाली ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के चार कराटे खिलाड़ी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों में तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। जो सिकोकई कराटे इंटरनेशनल उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित इस चैंपियनशिप में अपने-अपने आयु वर्ग और वजन वर्ग में काता एवं कुमिते स्पर्धा में भाग लेंगे।


प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों में मिस्टी कुमारी (11 वर्ष) काता और 40 किलो वर्ग के कुमिते में, अदित राज (9 वर्ष) काता और 40 किलो वर्ग के कुमिते में, राकेश तिर्की पुरुष वर्ग में काता और 55 किलो वर्ग के कुमिते में, तथा अभिजीत बैनर्जी 50 किलो वर्ग के कुमिते में शामिल होंगे।


इंटरनेशनल मार्शल आर्ट अकादमी (इमा) के अध्यक्ष संसाइ अनिल किस्पोट्टा टीम कोच की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी पूरी तरह से तैयार हैं और प्रतियोगिता में झारखंड के लिए पदक जीत सभी खिलाड़ी राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बताया कि प्रतियोगिता में कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के ट्राइबल और माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन एवं ईस्ट इंडिया कराटे एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शिहान सुनील किस्पोट्टा भी इस आधिकारिक तौर पर शामिल होंगे। 

बेटी ने अपनी मां को मौत के घाट उतारा, कई दिनों से थी लापता मृतका

मुजफ्फरपुर। जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली राजपूत टोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 75 वर्षीय कृष्णा देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतका कृष्णा देवी कई दिनों से लापता थीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मिठनपुरा थाने में दर्ज कराई थी। आज सुबह उनका शव घर से ही बरामद हुआ।

परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या उनकी ही बेटी ने की है। मृतका के पोते ने आरोप लगाया है कि उसकी फूआ (मृतका की बेटी) ने अपनी मां की संपत्ति पर कब्जा जमाने के लिए कई बार उन्हें धमकाया था। उसने अदालत में संपत्ति बंटवारे का मुकदमा भी दायर किया था। पोते का मानना है कि उसकी फूआ ने ही उसकी दादी की हत्या की है।

घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टाउन डीएसपी सीमा देवी भी घटनास्थल का मुआयना करने पहुंची हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ठंड का कहर : मंडप में बेहोश हुआ दूल्हा तो दुल्हन ने ठुकरा दी शादी

दूल्हा-दुल्हन का टूटा रिश्ता,बगैर दुल्हन लिए दूल्हे को लौटना पड़ा वापस
 

इस वर्ष ठंड का कहर पूरे सुमार पर है. दिन पर दिन बढ़ती जा रही है.  ठंड का कहर इस हद तक बढ़ गया है कि आम जन जीवन खासा प्रभावित हो गया है. वहीं इस ठंड का कहर ने एक युवक पर ही कहर ढा दिया. युवक को ठंड में शादी करने का खामियाजा तक भुगतना पड़ा. शादी से पहले ही दूल्हा-दुल्हन का रिश्ता टूट गया,और बगैर दुल्हन लिए ही दूल्हे को वापस लौटना पड़ा.


क्या है मामला

यह मामला झारखण्ड के देवघर जिले कर मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा की है. जहां शादी के दौरान दूल्हा बेहोश हो गया. जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दी. दूल्हा घोरमारा का और दुल्हन भागलपुर की रहने वाली थी. देवघर प्रखंड के घोरमारा मंडल स्थित सुखाड़ी मंडल बगीचा में एक शादी का आयोजन किया गया. दूल्हा अनुज कुमार घोरमारा का रहने वाला था और दुल्हन भागलपुर की रहने वाली थी। हंसी-खुशी और गाजे-बाजे के साथ दूल्हा सुखारी मंडल बगीचा पहुंचा। वधू पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया। वहीं इस गार्डन में खुले आसमान के नीचे वरमाला मंच बनाया गया था. जहां धूमधाम से दूल्हा-दुल्हन की शादी की रश्म अदा की जा रही थी.

खुले आसमान के नीचे बने मंडप में दूल्हा हुआ बेहोश 

सुखारी मंडल उद्यान में मंडप भी खुले आसमान के नीचे बनाया गया था. दूल्हा-दुल्हन की वरमाला के बाद अब बारी थी एक और रस्म की। इस रस्म में दोनों परिवार बैठे थे. तभी अचानक दूल्हा कांपते हुए बेहोश हो गया। आनन-फानन में दूल्हे को कमरे में ले जाया गया और गांव के एक डॉक्टर को बुलाया गया. डॉक्टर ने सर्दी से बचाव के लिए एक इंजेक्शन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद दूल्हे को होश आया। डॉक्टर का मानना   है कि दूल्हा सुबह से खाली पेट था और ठंड के कारण बेहोश हो गया.

दुल्हन ने कर दी शादी से इनकार 

इंजेक्शन लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद जब दूल्हे को होश आया तो दूल्हा फिर से रस्म शुरू करने के लिए मंडप पर बैठ गया. फिर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया. दुल्हन का मानना   था कि दूल्हे को कोई बीमारी हो सकती है. जिसके कारण ये शादी नहीं हो सकती. दोनों पक्ष के लोगों ने दुल्हन को काफी समझाया, लेकिन दुल्हन शादी न करने की जिद पर अड़ी रही.

पहुंची पुलिस, लेकिन नहीं मानी दुल्हन

दुल्हन के शादी से इनकार करने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. सुबह करीब पांच बजे तक विवाद चलता रहा। विवाद की जानकारी जैसे ही मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन को हुई. वे सदलबल सुखारी मंडल उद्यान पहुंचे. जहां मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन ने दोनों पक्षों को समझाया लेकिन दुल्हन शादी नहीं करने पर अड़ी रही. अंतत: दूल्हा बिना दुल्हन के घोरमारा लौट गया और दुल्हन अपने घर भागलपुर लौट गयी.

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल :: 19 :: 12 :: 2024, गुरुवार

आज का पंचांग:: 19 दिसम्बर 2024, गुरुवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष मास, कृष्ण पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 5, दक्षिणायन, दक्षिणगोल, हेमन्त ऋतु, तिथि चतुर्थी सुबह 10:03 तक तदनन्तर पंचमी, नक्षत्र आश्लेषा, सूर्योदय 7:26am, सूर्यास्त 5:25pm, राहुकाल दोपहर 1:30 से 3:00 तक कल: गण्डमूल विचार


आज :: 19 :: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
वैवाहिक सम्बन्धों में अविश्वास की भावना न आने दें। विद्यार्थियों को शिक्षकों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। लेकिन फिर भी आपको पढ़ाई पर काफी ध्यान देना चाहिये। माता के स्वास्थ्य की चिन्ता रहेगी। लवमेट के साथ घूमने के लिये जा सकते हैं।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
किसी महत्वपूर्ण बैठक के लिये आपको निमन्त्रण मिल सकता है। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को आज बहुत ही अच्छे प्रपोज़ल प्राप्त हो सकते हैं। अपनी प्रतिभा का जबरदस्त उपयोग कर पायेंगे। छोटे भाई बहनों को लेकर थोड़ी चिन्ता हो सकती है। प्रेमीजन के साथ एकान्त में समय बितायेंगे।


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
किसी महत्वपूर्ण कार्य को लेकर थोड़ी परेशानी होगी। आज धन उधार न दें वरना वापस मिलने में कठिनाई हो सकती है। अपरिचितों पर विश्वास करने से बचना चाहिये। दूसरों के झगड़ों में पड़ने से बचें। बाहर का भारी और तला भुना भोजन करने से आपको बचना चाहिये।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
नया रोजगार शुरू करने के लिये दिन बहुत ही अच्छा है। आपकी दिनचर्या व्यवस्थित रहेगी। आपका मन काफी प्रसन्न रहेगा। घर के नवीनीकरण की योजना बना सकते हैं। नयी सम्पत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं। नकदी की समस्या हल हो सकती है।


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
विवाहेतर सम्बन्धों को लेकर आकर्षित हो सकते हैं। जोड़ों और घुटनों में दर्द की समस्या हो सकती है। रुका हुआ धन आपको वापस नहीं मिलेगा। अत्यधिक वाचालता और क्रोध के कारण आपके सम्बन्ध प्रभावित होंगे। इंश्योरेंस में आप धन का निवेश कर सकते हैं। यात्रा के दौरान परेशानी महसूस होगी।


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज का दिन आपके लिये शुभ फलप्रदायक होने वाला है। प्रतिद्वन्द्वी आपके सामने परास्त होंगे। घर परिवार की किसी समस्या का समाधान मिलेगा। राजनीति से जुड़े लोग अपनी कूटनीतिक क्षमता का प्रयोग करते हुये कोई बड़ा काम कर सकते हैं। दाम्पत्य सम्बन्धों में प्रेम बढ़ेगा।


तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज कारोबारी उद्देश्य से यात्रा करनी पड़ सकती है। उच्च पद पर आसीन लोगों को महत्वपूर्ण पेपर्स को सम्भालकर रखना चाहिये। आप अपने तौर-तरीकों पर बदलाव ला सकते हैं। अति आत्मविश्वास में आकर काम करने से बचें। बुद्धिमान मित्रों से सलाह लेकर काम करना हितकर होगा।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
दूसरों के मामलों में अनावश्यक राय न दें। कुछ बारीक गलतियाँ कर सकते हैं जिसके कारण आपको बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है। बोलचाल के दौरान सही भाषा का प्रयोग करें। पर्यटन के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिये दिन बहुत ही अच्छा है।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
सोशल मीडिया के माध्यम से आपको नये मित्र मिल सकते हैं। आपके प्रतिद्वन्द्वी भी आपका सम्मान करेंगे। परिवार के साथ शॉपिंग के लिये जा सकते हैं। आपको कारोबार में नये तरीकों को प्रयोग करना पड़ सकता है। किन्तु किसी पर भी ज्यादा विश्वास न करें।


मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो,गा,गी)
फिल्म प्रोफेशन से जुड़े लोगों को बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। आपको पुराने अनुभवों का लाभ मिलेगा। आपके व्यवहार में कुछ सकारात्मक परिवर्तन होंगे जिससे आपके परिजन काफी प्रसन्न होंगे। पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वैवाहिक जीवन काफी सुखद रहेगा।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
अधिकारी वर्ग से ज्यादा बहस न करें। मेडिकल विद्यार्थियों के लिये दिन बहुत ही अच्छा है। अपने लक्ष्य को लेकर काफी सजग रहेंगे। कार्यक्षेत्र में कुछ राजनीति का सामना करना पड़ेगा। अनावश्यक बातों को लेकर तनाव में हो सकते हैं।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आपके सामने अचानक परेशानियाँ खड़ी हो सकती हैं। वाहन में कुछ खराबी आ सकती है। गूढ़ विद्याओं को सीखने के प्रति इच्छा जागृत होगी। एलर्जी और सर्दी को लेकर परेशानी होगी। आय को लेकर थोड़े चिन्तित हो सकते हैं।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷