गिरिडीह (Giridih), 18 जून 2026 । उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने खनन क्षेत्रों में नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाने, अवैध रूप से खनिजों का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि खनन कार्य पूरी तरह से नियमों के अनुरूप हो और सरकार को राजस्व की हानि न हो। उन्होंने खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। चेक पोस्ट और पिकेट पर वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा ओवरलोडिंग और बिना चालान के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों को तत्काल जब्त किया जाए। उन्होंने रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्र में खनन संबंधित गतिविधियों पर निगरानी रखने और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तत्काल रिपोर्ट करने का निर्देश दिया। उन्होंने टास्क फोर्स के सदस्यों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने को निर्देशित किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, IAS प्रशिक्षु यश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, खनन विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें