गुरुवार, 18 जून 2026

पहल : खेलों के माध्यम से दिया गया नशामुक्त गिरिडीह निर्माण का संदेश

गिरिडीह(Giridih),18 जून 2026। युवाओं एवं खिलाड़ियों के बीच नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज गिरिडीह स्टेडियम में क्रॉस कंट्री दौड़ एवं रस्सा कस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस क्रॉस कंट्री दौड़ का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने हरी झंडी दिखाकर किया।


प्रतियोगिता में आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केन्द्र, डे-बोर्डिंग बैडमिंटन प्रशिक्षण केन्द्र एवं क्रीड़ा किसलय प्रशिक्षण केन्द्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान अंडर-12, अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


अपने सम्बोधन में जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशामुक्ति जागरूकता अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने सामूहिक समन्वय, टीम भावना, अनुशासन एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।


नशामुक्त समाज निर्माण में भूमिका निभाएं युवा : उपायुक्त

उपायुक्त रामनिवास यादव ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। बताया कि नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत जिले में चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, योग कार्यक्रम, शपथ ग्रहण समारोह, हस्ताक्षर अभियान एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिसमे उन्होंने सभी वर्ग के लोगों की सहभागिता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशिक्षकों, खेल कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन एवं समन्वय में जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ अमन राज ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें