गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह के उसरी झरना (वाटरफॉल) में डूबने से रविवार को एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक किशोर जमुआ थाना क्षेत्र के दुम्मा निवासी बीएसएफ जवान बीरेंद्र कुमार वर्मा का पुत्र प्रीतम कुमार उर्फ प्रिंस था। वह गिरिडीह में अपने नाना अर्जुन प्रसाद वर्मा के घर रहकर इंटर की पढ़ाई करता था।
जानकारी के अनुसार प्रिंस रविवार को अपने दो दोस्तो के साथ घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला था। ट्यूशन के बाद तीनो छात्र वाटर फॉल चले गए। जहां नहाने के क्रम में प्रिंस फॉल में डूब गया। उसके दोस्तों ने पहले अपने स्तर से उसे बचाने का काफी प्रयास किया। लेकिन वो दोनों सफल नहीं हुए तो उन्होंने शोर मचा लोगों से मदद की गुहार लगाई। शोर सुन आस पास के लोग वहां जुट गये और उसे फॉल से निकालने में जुट गये। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने प्रिंस को फॉल से बाहर निकाला। हालांकि जब तक उसे फॉल से बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस बीच सूचना पाकर मुफ्फसिल थाने की पुलिस एवं प्रिंस के परिजन घटनास्थल पहुंचे। मृतक के नाना अर्जुन प्रसाद वर्मा ने बताया कि प्रिंस बड़ा चौक स्थित एक कोचिंग सेंटर जाने की बात कह सुबह करीब 8.30 बजे घर से निकला था। दोपहर लगभग 12 बजे उसके दोस्तो ने कॉल कर बताया कि प्रिंस वाटरफॉल में डूब गया है। सूचना पाकर परिजन तत्काल परिजन एंबुलेंस लेकर वाटरफॉल पहुंचे और आनन फानन में उसे लेकर नवजीवन नर्सिंग होम पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। इधर इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें