मंगलवार, 23 दिसंबर 2025

मासिक लोक अदालत में 19 मामलों का हुआ निष्पादन

19 लाख 49 हजार 900 रुपए सुलहनीय राशि संबंधित विभागों व पक्षकारों को हुआ प्राप्त

गिरिडीह(Giridih)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस मासिक लोक अदालत में कुल 19 मामलों का निष्पादन किया गया। जिसमें 19 लाख 49 हजार 900 रुपए सुलहनीय राशि संबंधित विभागों एवं पक्षकारों को प्राप्त हुआ।


प्राधिकार के सचिव सफदर अली नैयर ने बताया कि इस मासिक लोक अदालत के सफल संचालन हेतु 05 पीठों का गठन किया गया था। जिसमे सुलहनीय आपराधिक मामलों, सिविल वाद, क्लेम वाद, एनआई एक्ट वाद एवं बिजली विभाग, वन विभाग, उत्पाद विभाग, श्रम विभाग, माप-तौल विभाग, टेलीफोन विभाग से संबंधित मामलों का निष्पादन किया गया।


बताया कि इस मासिक लोक अदालत को सफल बनाने में सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण, विद्वान पैनल अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मियों एवं पारा लीगल वालंटियर्स की भूमिका सराहनीय रही। 


रोटरी गिरिडीह कपल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 36 यूनिट रक्त हुआ संग्रह

गिरिडीह (Giridih)। रोटरी गिरिडीह कपल एवं नवजीवन नर्सिंग होम के संयुक्त तत्वावधान में नवजीवन नर्सिंग होम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमे 36 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।


शिविर में रोटरी क्लब के सदस्यों एवं अस्पताल के कई कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर कई युवाओं एवं युवतियों ने पहली बार रक्तदान कर आज के दिन को यादगार बनाया। पहली बार रक्तदान करने वाले काफी उत्साहित नजर आए।


रोटरी गिरिडीह कपल के पदाधिकारियों ने कहा कि गिरिडीह में रक्त की कमी न हो, इसके लिए हर वर्ष हमारा क्लब रक्तदान शिविर का आयोजन करती है। वहीं नर्सिंग होम की सीईओ डॉ. स्वाति बगेड़िया ने कहा कि ब्लड डोनेशन करना बहुत ही पुण्य का काम है। नर्सिंग होम चिकित्सा के क्षेत्र में गिरिडीह वासियों को बेहतर सेवा देने के लिए हमेशा तत्पर था, है और रहेगा।


पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय के अभिभावक शिक्षक बैठक में शामिल हुए प्रखण्ड विकास पदाधिकारी

उत्कृट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को किया गया सम्मानित

गिरिडीह (Giridih)। पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय पचम्बा में आज विशेष अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन हुआ। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक के आदेशानुसार आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में बीपीओ भोला कुमार राय एवं समाजसेवी अनिल गुप्ता उपस्थित थे।


कार्यक्रम का शुभारंभ सभी आगत अतिथियों के साथ प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा, युनिसेफ समन्वयक संजय भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं अतिथीयों को पौधा एवं बाल संसद द्वारा निर्मित पेपर बुके भेंट कर किया गया।


बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक ने कहा कि शिक्षा बहुत जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चे को विद्यालय भेजने की अपील किया। वहीं उन्होंने एसएमसी माता समिति की सहभागिता पर भी बल दिया। वहीं उन्होंने विद्यालय में बच्चों और बैठक में अभिभावकों की उपस्थिति पर संतुष्टि जाहिर करते हुए कि आपकी उपस्थिति आप सबों के बच्चों के शिक्षा के प्रति जागरूकता और सहभागिता को प्रदर्शित कर रहा है।



 वहीं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी भोला कुमार राय, समाजसेवी अनील गुप्ता एवं युनिसेफ समन्वयक संजय भारती ने बैठक को संबोधित करते हुए विद्यालय की अनुशासन एवं शिक्षकों के कार्यशैली की प्रशंसा किया।


मौके पर प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने विद्यालय को प्राप्त उपलब्धियों से सबों को अवगत कराया। कहा कि यहां बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनमें अनुशासन और स्वच्छता के प्रति उन्हें जागरूक रहने की भी शिक्षा दी जाती है। बताया कि विद्यालय स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार फाइव स्टार प्राप्त कर प्रमाणीकरण में गोल्ड श्रेणी प्राप्त किया है। राज्य मेधा छात्रवृत्ति ओलंपियाड, राष्ट्रीय मेधा छात्रवृत्ति इंस्पायर अवार्ड में यहां के छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय की छात्राएं जिला स्तर पर टॉप रही हैं और पिछले साल भी जिला स्तर पर टॉप रही है यहां के बच्चे टॉप स्थान प्राप्त कर रहे हैं और अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन कर रहे हैं।


इस अवसर पर शत प्रतिशत उपस्थिति, रेल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 छात्र-छात्राओं एवं 18 अभिभावक, 4 एसएमसी सदस्य एवं चार शिक्षिकाओं को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तनु प्रिया, स्वीटी कुमारी, माया मरियम हंसदा, पूनम कुमारी, बीएड प्रशिक्षु श्रद्धा कुमारी, कविता कुमारी, एसएमसी अध्यक्ष सिंधु देवी, संजू देवी, सारिका देवी, काजल देवी, सोनी देवी, सुशीला देवी, गीता देवी, सरिता देवी, सोनी देवी, ललिता देवी सहित सैंकड़ों की संख्या मर अभिभावक उपस्थित थे।


एसआईआर स्पेशल रिवीजन विषय पर परिचर्चा का हुआ आयोजन

गिरिडीह (Giridih)। एसआईआर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन विषय पर सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में परिचर्चा का हुआ आयोजन किया गया। जिसमे महाविद्यालय में अध्यनयनरत सभी प्रशिक्षणार्थी एवं प्रध्यापकों ने भाग लिया।


मौके पर प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने कहा कि भारत के चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भारत में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 भारत के 12 राज्यों में संचालित करवाया है। वोट का अधिकार मौलिक अधिकार है या नहीं लंबे समय से यह बहस का मुद्दा है। इस कार्यक्रम के द्वारा भारतीय नागरिकता पर जो विवाद है उसे सुनिश्चित किया जाना है।



महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रो. कौशल राज ने कहा कि वर्तमान समय में एसआईआर की आवश्यकता अत्यधिक बढ़ गई है क्योंकि भारत में दूसरे राज्यों और देश से भी अत्यधिक पलायन हो रहा है। हमारे देश की नागरिकता आसानी से प्राप्त कर ली जा रही है। जिसमें सुधार की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम से जो भी वोटर कार्ड में त्रुटियां हैं या अवैध तरीके से बनाए गए हैं उसमें सुधार लाया जा सकता है। 


वहीं इस विषय पर प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. राजकिशोर प्रसाद , प्रो.धर्मेंद्र मंडल, प्रो. पोरस कुमार, प्रो.बृजमोहन कुमार, प्रो संदीप चौधरी, प्रो.सोमा सूत्रधर, राजेश,मिंकल, पूजा, प्रियेश आदि की सहभागिता रही।


लायंस क्लब ऑफ़ गिरिडीह एलिट ने किया जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित

गिरिडीह (Giridih)। लायंस क्लब ऑफ़ गिरिडीह एलिट ने शहर में चार स्थानों यथा तिरंगा चौक, सुभाष पब्लिक स्कूल, बक्सीडीह रोड एवं सिहोडीह में आज 200 से अधिक जरूरतमंद महिला पुरुषों के बीच कंबल वितरित किया।


क्लब के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने कहा कि लायन इंटरनेशनल का स्लोगन है जहां जरूरत वहां हम। इसी परिप्रेक्ष्य में कड़ाके की ठंड को देखते हुए क्लब द्वारा कंबल वितरण किया गया। कहा कि हमारा क्लब मानव सेवा के कार्य में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता है। क्लब अध्यक्ष लायन दशरथ प्रसाद एवं क्लब सचिव लायन सुदीप गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण कर मानव सेवा किया है। वहीं दूसरी ओर कंबल पाकर सभी जरूरतमंद लोगों ने खुशी जाहिर किया और क्लब को धन्यवाद दिया।


कार्यक्रम में क्लब निदेशक लायन संजय कुमार सिंह, लायन राजेश कुमार गुप्ता, लायन गुंजन कुमार शर्मा लायन, विकास गुप्ता, लायन उदय भदानी, लायन अनिता गुप्ता, लायन अरुण कुमार साव, लायन राहुल कृष्णा, लायन अवनीश अंशु, लायन शत्रुघ्न कुमार सिंह, लायन सुजीत लोहानी आदि शामिल थे।


थाना दिवस पर पचम्बा थाना में भूमि विवाद सम्बन्धी मामलों की हुई सुनवाई, ऑन द स्पॉट एक मामले का हुआ निष्पादन

गिरिडीह (Giridih)। सदर अनुमंडल क्षेत्र के पचम्बा थाना में आज थाना दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद एवं पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार मुख्य रूप से उपस्थित होकर आम लोगों की भूमि सम्बन्धी समस्याओं की सुनवाई की।


इस दौरान जमीन विवाद से जुड़े कुल तीन मामलों को प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के क्रम में अधिकारियों ने ऑन द स्पॉट एक मामले का निष्पादन कर दिया। जबकि शेष दो मामलों में दोनों पक्षों को आपसी बैठक के माध्यम से समाधान निकालने का निर्देश दिया गया।



मौके पर अंचलाधिकारी ने बताया कि डीसी साहब और एसपी साहब के निर्देश पर आज थाना दिवस पर भूमि सम्बन्धी विवादों की सुनवाई की गई। जिसमें करहरबारी के मामले का दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद ऑन द स्पॉट समाधान कर दिया गया। जबकि बोडो समेत एक अन्य मामले को दस्तावेज के अभाव में आज निष्पादित नहीं किया जा सका। उस दोनों मामले के लोगों को अगले थाना दिवस पर सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है।



उन्होंने कहा कि थाना दिवस पर भूमि विवादों को सुलझाने से दोनों पक्षों को बेवजह कोर्ट कचहरी के चक्कर से निजात दिलाने का प्रयास है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से शांति व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए आपसी सौहार्द के साथ विवादों के समाधान में सहयोग करने का आग्रह किया। यह भी कहा कि माह में कम से कम दो बार थाना दिवस आयोजन की कोशिश की जायेगी। ताकि अधिकाधिक विवाद थाना स्तर पर ही सुलझाया व सलटाया जा सके। 


सोमवार, 22 दिसंबर 2025

महात्मा गांधी रोजगार गांरन्टी योजना (मनरेगा) के नाम बदलने के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन

गिरिडीह(Giridih)। महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज शहर के जेपी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष सतीश केडिया के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि पहले इन लोगों ने गांधी जी की हत्या की उसके बाद भी जब गांधी इस देश के विचारधारा में जिंदा रहे तो आज गोडसे वादी विचारधारा गांधी के नाम को मिटाने की कोशिश कर रहे है उनके नाम पर चल रही योजनाओं के नाम बदल रहे है। कहा कि योजनाओं के नाम बदलने से गोड्से विचारधारा के लोग सोच रहे हैं कि इस देश से गांधी के नाम को मिटा देंगे तो यह उनकी भूल है, क्योंकि गांधी आज पूरी दुनिया के आदर्श है। कहा कि गांधी के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलना गांधी के देश में यह अत्यंत घृणित और गांधी को अपमानित करने का प्रयास है जिसे कांग्रेस पार्टी और यह देश कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा।


प्रदर्शन में मुख्य रूप से अशोक विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, नागेश्वर मंडल, इतवारी वर्मा, गायत्री देवी, लक्ष्मी कुमारी, जोगेश्वर महथा, पंकज सागर, अशोक कुमार निराला, महेश प्रसाद, अरुण मंगल, प्रभात सिंह, मोहन साव, भोला यादव, यश सिन्हा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


पर्यटन स्थलों में नव वर्ष पर पर्यटकों के लिये रहेगी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, एसपी डॉ बिमल कुमार ने लिया जायजा

गिरिडीह (Giridih)। नववर्ष के आगमन को देखते हुए जिले के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में जिले के पुलिस कप्तान डॉ. बिमल कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित पर्यटन स्थलों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।


सोमवार को स्वयं एसपी डॉ. बिमल कुमार गिरिडीह के प्रमुख पर्यटन स्थल वाटर फॉल और खंडोली पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे।


बता दें कि नववर्ष से पूर्व ही उसरी फॉल, वाटर फॉल, खंडोली, पारसनाथ, मधुबन, हरिहरधाम, राजधनवार के नोलेखा डैम समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने लगती है। नववर्ष के अवसर पर जिले के साथ-साथ अन्य जिलों से भी लोग परिवार संग पिकनिक मनाने यहां पहुंचते हैं। ऐसे में हजारों की संख्या में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।


जमशेदपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 58 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


जमशेदपुर(Jharkhand)। ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 58 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत 
जमशेदपुर पुलिस को यह कामयाबी मिली है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के स्लैग रोड स्थित प्रीतम पार्क में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। 

सूचना के सत्यापन के बाद सिटी एसपी की निगरानी में डीएसपी हेडक्वार्टर वन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पीसीआर और गश्त करने वाली टीम के साथ प्रीतम पार्क में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन खदेड़कर रौशन महतो और शिव किशोर पाण्डेय उर्फ शिवा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 58 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक स्कूटी बरामद की गई।


पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। वहीं, रौशन महतो की पत्नी लक्ष्मी कुमारी उर्फ पुतली और शिव किशोर पाण्डेय के भाई रवि किशोर पाण्डेय की भी ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्तता सामने आई है, जो पहले ही जेल जा चुके हैं।

झारखंड महाब्राह्मण संघ के जिलाध्यक्ष बने संतोष तिवारी, महाब्राह्मण संघ का स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न

गिरिडीह(Giridih)। सदर प्रखंड के पूर्णानगर में झारखंड महाब्राह्मण संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन रविवार को सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष शिवपूजन पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव शिवशंकर तिवारी व प्रदेश उपाध्यक्ष भीम पांडे शामिल थे।


प्रदेश संरक्षक उमेश तिवारी संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान परशुराम जी के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। सम्मेलन के दौरान संगठन और समाज के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।


सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शिवपूजन पांडेय ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, समाज के लोगों को अधिक से अधिक संगठन से जोड़ने एवं उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं उन्होंने समाज के लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता पर भी बल दिया। कहा कि हमारा समाज में शिक्षा का स्तर जितना अधिक होगा, हमारा समाज उतना ही अधिक सशक्त और समृद्ध होगा।


सम्मेलन के दौरान संगठन की पुरानी कमेटी को विघटित कर सर्वसम्मति से नई जिला कमेटी का गठन किया गया। जिसमे सर्वसम्मति से हांडाडीह निवासी संतोष कुमार तिवारी (अधिवक्ता) को जिलाध्यक्ष एवं पूर्णानगर निवासी विकाश तिवारी को जिला सचिव चुना गया। इसके अलावे उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष,सलाहकार एवं कार्यकारिणी सदस्यों सहित सभी प्रमुख पदों पर चयन किया गया।


मौके पर सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के समक्ष समाज का उत्थान एवं संगठन की नीतियों को प्रभावी तरीके से समाज के जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि जिस आशा एवं आकांक्षाओं के साथ समाज के लोगों ने उनके कंधे पर संगठन का दायित्व सौंपा है उसपर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।


इस अवसर पर शिवकुमार पांडे, अरुण पांडेय, सियाराम पांडेय, प्रदेश सचिव महानंद तिवारी, प्रदेश मंत्री रामप्रकाश तिवारी, प्रदेश संगठन मंत्री प्रशांत तिवारी, रामप्रसाद तिवारी, अवध किशोर तिवारी, सचितानंद पांडेह सहित जिले के सभी 32 गांवों के महाब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित थे।



आज 22 दिसम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 22: 12 :: 2025, सोमवार

22 दिसम्बर 2025 : आज पौष माह, शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि और सोमवार दिन है। दिसंबर का महीना शांति, उत्सव और आध्यात्मिक उमंग से भरा हुआ माना जाता है। जैसे-जैसे वर्ष अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता है, प्रकृति भी ठंडी हवाओं, मधुर धूप और शांत वातावरण के साथ एक नया संतुलन लेकर आती है। यह समय हेमंत ऋतु की स्थिरता और शीत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक होता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिसंबर अत्यंत विशेष महीना माना जाता है, क्योंकि इस दौरान उत्पन्न एकादशी, मोक्षदा एकादशी, धानुर्मास की शुरुआत, गीता जयंती और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं। इस महीने भगवान विष्णु की आराधना, दान, तप और साधना का विशेष महत्व माना जाता है। साल के अंतिम महीने में लोग नए वर्ष की तैयारियों, आध्यात्मिक साधना और परिवार के साथ समय बिताने पर विशेष ध्यान देते हैं। समृद्धि, शांति और शुभ फल प्राप्त करने के लिए यह महीना बेहद मंगलकारी माना जाता है।

द्वितीया तिथि आज 10:51AM तक जारी रहेगी। इसके बाद तृतीया तिथि लग जाएगी। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:59 AM से 12:40 PM तक है। आज के दिन राहुकाल 08:28 AM से 09:45 AM तक रहेगा। आज सोमवार के दिन सूर्य देव धनु राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा धनु राशि से मकर राशि में गोचर करेंगे। आज कोई विशेष त्योहार या व्रत नहीं है। वार के हिसाब से आप सोमवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान शिव को समर्पित होता है। सोमवार के दिन भगवान शिव की पूजा करने से कई लाभ मिल सकते हैं। इस दिन शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर जल, दूध और गंगाजल चढ़ाएं। साथ ही बेलपत्र, धतूरा अर्पित करें। महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने से रोग और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। शिव मंदिर में रुद्राक्ष दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस दिन सफेद रंग के कपड़े पहनने और व्रत रखने से मन में शांति और सकारात्मक ऊर्जा रहती है। आर्थिक तंगी दूर करने के लिए सोमवार की रात शिव मंदिर में घी का दीपक जलाएं और नौकरी में सफलता पाने के लिए शिवलिंग पर शहद चढ़ाएं। इन उपायों से जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता मिल सकती है।


आज का पंचांग: 22 दिसम्बर 2025, दिन: सोमवार  युगाब्द      : 5127         विक्रम संवत : 2082          शक संवत : 1947          ऋतु:  हेमन्त                      मास      :  पौष            पक्ष  :  शुक्ल पक्ष                  सूर्योदय : 07: 10 AM,  सूर्यास्त : 05:29 PM          तिथि : द्वितीया10:52 AM तक उपरांत तृतीया          नक्षत्र : उत्तराषाढ़ा 05:32 AM तक उपरांत श्रवण        राहुकाल : 08: 28 AM से 09: 45 AM तक          चन्द्रमा :  धनु राशि पर 10:06 AM तक उपरांत मकर राशि पर संचार करेगा                                              व्रत/त्यौहार : सोमवार व्रत, भगवान शिव उपासना दिवस




आज :: 22 :: 12 :: 2025  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज, आपका भाग्य आपको कुछ शक्तिशाली ऊर्जा भेज रहा है। आज आप अपने घर के लिए कुछ नया भी खरीद सकते हैं। समाज में और करीबी रिश्तेदारों के बीच आपकी उपलब्धियों की सराहना होगी। महिलाओं को अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए, नहीं तो लोग उनका फायदा उठा सकते हैं। जोड़ों के लिए आज रोमांस के लिए एक आदर्श दिन है। आज आपका भाग्यशाली अंक 5 है। आज आपको पैसे कमाने के नए विचार मिलेंगे, जिन पर आप विचार भी करेंगे। व्यवसाय में, व्यापारियों को अपने नेटवर्क का विस्तार करने पर ध्यान देना चाहिए। यदि आप विदेश में काम करना चाहते हैं, तो आपको सफलता मिल सकती है। सरकारी विभागों में काम करने वालों को गोपनीय मामलों के बारे में गंभीर रहने की आवश्यकता है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज आपको अपने भविष्य से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। आपको सलाह दी जाती है कि किसी से भी अनावश्यक बातचीत से बचें। यदि आप सिंगल हैं, तो बाहर जाएं और किसी ऐसे व्यक्ति से जुड़ें जिससे आप आकर्षित हों। आपका घरेलू जीवन सामान्य रहेगा। आज आपका भाग्यशाली रंग हरा है। आज आपका भाग्यशाली अंक 1 है। आज धीरे-धीरे बढ़ती आय आपको आर्थिक रूप से मजबूत कर सकती है। व्यवसाय में आंख मूंदकर भरोसा करना घातक हो सकता है। आज आपके काम में आपके जीवनसाथी का सहयोग प्रभावी साबित होगा। ऑफिस में आलस्य और लापरवाही से बचें।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आपके जीवन में नई रोशनी आई है। आपको आज अपने विचारों को शुद्ध रखने की आवश्यकता है, जिसका अर्थ है कि किसी के प्रति नकारात्मक भावनाओं को अपने मन में न आने दें। आप अपने बजट के भीतर घर की मरम्मत करवा सकते हैं। आज आप अपने रिश्ते के बारे में आश्चर्यचकित महसूस कर सकते हैं। प्रेमी आज अपनी लड़ाई खत्म करेंगे और एक नई शुरुआत करेंगे। आज आपका भाग्यशाली अंक 3 है। आपको आज आर्थिक रूप से योजना बनानी चाहिए। छोटे व्यवसाय मालिकों को आज कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। आपके करियर से जुड़ा एक सकारात्मक समय शुरू हो गया है; इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करें। निजी कंपनियों के कर्मचारियों की आज सैलरी में बढ़ोतरी हो सकती है।


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज, आप भाग्य की मदद से एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने से आपका व्यक्तित्व और निखरेगा और आपके जनसंपर्क मजबूत होंगे। किसी को प्रभावित करने के लिए कुछ नया सोचें। आप अपने जीवनसाथी के साथ रिश्तेदारों से मिलने जा सकते हैं। अपने प्रियजन से मिलने में कुछ कठिनाइयाँ आ सकती हैं। आज आपका भाग्यशाली रंग केसरिया है। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है। आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। आपको संपत्ति से जुड़े कामों से फायदा हो सकता है। आज कोई सहकर्मी आपको व्यवसाय से जुड़ी कुछ अच्छी जानकारी दे सकता है। नौकरी करने वालों को अपने सीनियर्स और सहकर्मियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने चाहिए।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज कुछ अच्छे लोगों से मिलने से आपका दिन और भी बेहतर बनेगा। आपको सामाजिक क्षेत्र में अपनी नेटवर्किंग स्किल्स दिखाने का मौका मिलेगा। शादीशुदा जोड़े जो लंबे समय से नाखुश हैं, उन्हें आज गंभीरता से बात करने की ज़रूरत है। अगर आप सिंगल हैं, तो आज कुछ नए लोगों से मिलने की कोशिश करें, या आखिरकार उस डेट पर जाएं जिस पर आप जाना चाहते थे। आज आपका लकी नंबर 7 है। अगर आपने किसी प्रॉपर्टी डील का फैसला किया है, तो आज आपको ज़रूर सफलता मिलेगी। आपकी बिज़नेस प्लान लीक हो सकते हैं, और कोई उनका गलत फायदा उठा सकता है। जिन युवाओं ने नई नौकरी के लिए अप्लाई किया है, उन्हें कंपनी से कॉल आ सकता है।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज का दिन आपके लिए शांतिपूर्ण रहेगा। आप ज़रूरतमंदों की मदद करने में सफल होंगे। आप लंबे समय बाद किसी पुराने करीबी दोस्त से मिल पाएंगे। आज आपका लकी नंबर 7 है। आर्थिक रूप से, यह समय आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। ज़मीन और प्रॉपर्टी के बिज़नेस से जुड़े लोगों को अच्छा मुनाफा होने की संभावना है। रिटेलर्स को अपने प्रोडक्ट्स में वैरायटी लाने की ज़रूरत है। आप काम की जगह पर बहुत मेहनत करेंगे, लेकिन नतीजे उम्मीद से कम हो सकते हैं।


तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन आपके लिए औसत रहेगा। आपको सुख और दुख दोनों को समान रूप से स्वीकार करना चाहिए और सब कुछ किस्मत पर छोड़ देना चाहिए। अगर आप अपने प्रियजनों के साथ ज़्यादा समय नहीं बिता पाए हैं, तो कुछ समय निकालकर उनसे लंबी बातचीत करें। आपका जीवनसाथी आपके बनाए हुए खाने की तारीफ़ करेगा। आज गाय को खाना खिलाएँ। आज आपका भाग्यशाली अंक 9 है। आज आपको सम्मान और इज़्ज़त के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी मिल सकता है। काम से जुड़े ज़्यादा प्रयास महत्वपूर्ण लाभ दिलाएँगे। आधिकारिक कामों के लिए दिन औसत रहेगा।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। दूसरों का सम्मान करने के बारे में अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट रखें। जल्द ही घर में कोई शुभ कार्यक्रम होने की संभावना है। आपको अपनी पसंद के व्यक्ति के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। शादीशुदा जोड़ों के लिए दिन औसत रहेगा। आज आपका भाग्यशाली अंक 8 है। आज आपको उम्मीद से ज़्यादा आर्थिक लाभ मिल सकता है। मौजूदा स्थिति में प्रॉपर्टी की बिक्री से मुनाफ़े की अच्छी संभावना है। करियर से जुड़ी योजनाएँ बनाते और लागू करते समय गंभीरता बनाए रखें। जिन लोगों की नौकरी में रचनात्मकता की ज़रूरत होती है, उनके लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। रोज़गार की तलाश कर रहे लोगों को आज कोई अच्छी खबर मिल सकती है।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आप दूसरों की ज़रूरतों और मूड को आसानी से समझ पाएँगे। आपका लापरवाह रवैया आपके माता-पिता को परेशान कर सकता है। जो लोग प्यार में हैं, उन्हें आज अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का मौका मिलेगा। अपने जीवनसाथी के लिए समय निकालें। आज आपका भाग्यशाली अंक 6 है। आज नियमों को नज़रअंदाज़ न करें, और अपनी कड़ी मेहनत पर पूरा भरोसा रखें। जिसने आपसे पैसे उधार लिए थे, वह समय पर लौटा देगा, जिससे आपका भरोसा बना रहेगा। आपको व्यवसाय से जुड़ा कोई भी काम किसी और पर नहीं छोड़ना चाहिए। कोई भी नया व्यवसाय शुरू करने से पहले ध्यान से सोचें। ऑफिस में कोई व्यक्ति अपने संपर्कों से आपके लिए चीज़ें आसान बना सकता है।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज आपको खुद पर ध्यान देने की ज़रूरत है। कुछ चीज़ों को नज़रअंदाज़ करना आपके लिए फायदेमंद होगा। कोई रिश्तेदार आपसे मिलने आ सकता है। अपने जीवनसाथी से ज़्यादा काम को प्राथमिकता देने से समस्याएँ हो सकती हैं। जो लोग रोमांटिक रिश्ते में हैं, वे आज मज़े करेंगे और अपने रिश्ते को संजोएँगे। आज आपका भाग्यशाली अंक 3 है। अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड सुरक्षित रखें। बकाया भुगतान वसूल होने की संभावना है। स्टील और धातु के व्यवसाय से जुड़े लोगों को आज अच्छा मुनाफ़ा होगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए स्थिति वैसी ही रहेगी। छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप मिल सकती है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज, किसी पर भी ज़्यादा भरोसा न करने में खास सावधानी बरतें। अपने विचार किसी के साथ भी शेयर न करें। नए शादीशुदा जोड़े अपने रिश्ते में ताज़गी लाने के लिए कुछ खास प्लान कर सकते हैं। आपकी लव लाइफ में रोमांस के मौके आएंगे, और आप अपने प्रियजन के साथ अच्छा समय बिताएंगे। आज आपका लकी नंबर 4 है। आपको अपने प्रोफेशन में सफलता मिलेगी। बिजनेस में फायदेमंद मौके मिलेंगे। कोई भी काम करते समय, आपको संभावित फायदों और ज़रूरी मेहनत दोनों पर विचार करना चाहिए।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज आपको किसी दूर जगह से कोई अच्छी खबर मिल सकती है। आपको घर के ज़रूरी मामलों में अहम भूमिका निभानी पड़ सकती है। महिलाएं आज किसी फंक्शन में शामिल हो सकती हैं। आपके जीवनसाथी के साथ थोड़ी बहस हो सकती है। आप अपने पार्टनर के साथ अपनी भावनाएं शेयर करने में हिचकिचा सकते हैं। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज आप आर्थिक रूप से बेहतर कर सकते हैं। जो बिजनेस मालिक आज कोई प्रोजेक्ट शुरू करते हैं, उन्हें काफी फायदा हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपना काम पूरी ईमानदारी से करना चाहिए। मार्केटिंग फील्ड में काम करने वालों को अपने काम पर पूरा ध्यान देना चाहिए।


कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷