बुधवार, 30 अप्रैल 2025

नामांकन प्रपत्र और परीक्षा शुल्क में वृद्धि के खिलाफ छात्रों में आक्रोश, कॉलेज गेट जाम कर दिया धरना

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह कॉलेज में स्नातक सेमेस्टर 3 के प्रवेश प्रपत्र और परीक्षा शुल्क में वृद्धि के खिलाफ छात्र- छात्राओं ने बुधवार को कॉलेज का मेन गेट पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज का मुख्य द्वार जाम कर धरना पर बैठ गए हैं।


आदिवासी छात्रसंघ के अगुवाई में शुल्क बढ़ोतरी के खिलाफ धरना पर बैठे विद्यार्थियों का कहना है कि वर्षों से गिरिडीह कॉलेज में अध्ययनरत SC, ST, OBC विद्यार्थियों को आरक्षण के तहत प्रवेश प्रपत्र शुल्क और परीक्षा शुल्क में छूट मिलती थी। लेकिन अब यूनिवर्सिटी द्वारा इसे समाप्त कर दिया गया है। जो हरिजन, आदिवासी, दलित, पिछड़ा छात्रों के लिये शिक्षा में आरक्षण के विरुद्ध कदम है।

विद्यार्थियों का कहना है कि यह कदम उन्हें पढ़ाई से वंचित करने का एक षडयंत्र है। इसके कारण हजारों का भविष्य और पढ़ाई से वंचित हो जा रहे हैं। आदिवासी छात्रसंघ के प्रदीप सोरेन ने कहा कि कॉलेज प्राचार्य को पूर्व में ही यह अवगत करा दिया गया था कि इस विषय पर सकारात्मक पहल नहीं हुई कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने को हम छात्र बाध्य होंगे।


शुल्क वृद्धि के खिलाफ धरना पर बैठे छात्रों में आदिवासी छात्र संघ के मुजिलाल टुडू, रोशन मरांडी, शैलेन्द्र मुर्मू, प्रेम टुडू, सोनेलाल मुर्मू भोलाराम टुडू, दीपक मरांडी, विकाश किस्कु, अरविंद टुडू, अनिल मुर्मू के अलावे सेमेस्टर 3 के विद्यार्थी मणिलाल मुर्मू, फ्रांसिस मरांडी, परमेश्वर मुर्मू, सत्यनारायण हेंब्रम, सूरज मुर्मू, बबलू मरांडी, भीमलाल मरांडी, रोहित कुमार मुर्मू, भीमसेंट सोरेन, प्रकाश टुडू, जूलियस सोरेन, साइमन मरांडी, अमित किस्कू, नैनीत सोरेन, आदि विद्यार्थी शामिल हैं।


एक मुस्लिम युवक ने 13 वर्ष छोटी जनजातीय लड़की का धर्मांतरण करवा बंगाल ले जाकर किया निकाह

आरोपी मुस्लिम युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Jharkhand : झारखण्ड के सरायकेला- खरसावाँ में पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को अपने से 13 वर्ष छोटी जनजातीय लड़की का धर्मांतरण करवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मुस्लिम युवक ने लड़की का धर्मांतरण करवाने के बाद उसे पश्चिम बंगाल ले जाकर निकाह किया। आक्रोशित लोगों ने उसके घर पर भी पथराव किया है।


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि 32 साल के तस्लीम आलम ने 19 वर्षीय जनजातीय समाज की लड़की का अपहरण किया।  इसके बाद जबरन उसका धर्मांतरण करवाया गया। यह घटना यहाँ के झिमरी गाँव में हुई।लड़की की उम्र 19 वर्ष है। वह इंटरमीडिएट की छात्रा है। लड़की को इस्लाम कबूल करवाने के बाद तस्लीम ने पश्चिम बंगाल के बीरभूमि ले जाकर उससे निकाह किया। स्थानीय लोग इस पर आक्रोशित हैं। उन्होंने तस्लीम आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने तस्लीम को गिरफ्तार कर लिया है। 


हालाँकि, कार्रवाई में देरी के चलते लोग आक्रोशित हो गए औए उन्होंने तस्लीम के घर पथराव कर दिया और आग लगा दी। स्थानीय लोगों को समझाने के लिए गई पुलिस टीम पर भी पत्थरबाजी हुई। इसके लिए कुछ स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया गया है।पुलिस ने तस्लीम को गिरफ्तार करने के साथ ही लड़की से भी पूछताछ की है। वह कुड़मी समुदाय की है। लड़की का कोर्ट में बयान भी दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने कहा है कि आगे की कार्रवाई लड़की के बयान के आधार पर होगी।


    बाबुलाल ने लिया मामले को गम्भीरता से लिया

धर्मांतरण के इस पूरे मामले को बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उठाया है। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से इस मामले में कार्रवाई की माँग की है। उन्होंने पोस्ट में निकाहनामे के दस्तावेज भी लगाए हैं। उन्होंने बताया है कि तस्लीम तीन बच्चों का बाप है। बाबूलाल ने एक्स पर लिखा, “सरायकेला, झारखंड की एक बेटी का धर्म परिवर्तन कर बंगाल में विवाह कराने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवक तस्लीम, तीन बच्चों का पिता है, जबकि युवती इंटरमीडिएट की छात्रा बताई जा रही है। 19 वर्षीय युवती की उम्र भी संदेहास्पद मानी जा रही है। पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र उचित कारवाई करे।”इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा। अपनी पोस्ट में आगे उन्होंने लिखा, “हम उम्मीद करते हैं कि ‘समर स्पेशल हॉली डे और शॉपिंग फेस्टिवल’ से वापस लौटने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी इस संवेदनशील मामले का संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई का आदेश बिना विलम्ब देंगे।”

कोलकाता के श्रतुराज होटल में भीषण आग, 14 मरे, घटना के बाद से होटल मालिक फरार

कोलकाता (West Bengal)। कोलकाता के मेचुआपट्टी इलाके में स्थित श्रतुराज होटल में भीषण आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई अन्य लोग गम्भीर रूप से झुलस कर घायल हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर में सनसनी फैल गयी है। घटना मंगलवार रात को घटित हुई है। वहीं घटना के बाद से होटल मालिक फरार हो गया है। 


कोलकाता के सर्वाधिक व्यस्तम मेचुआपट्टी इलाके में स्थित श्रतुराज होटल में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ लोगों को जान बचाने के लिए होटल की खिड़कियों से कूदना पड़ा। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के घायल होने की खबर है।


घटना की सूचना रात करीब 8:15 बजे दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि 14 शव बरामद किए गए हैं और दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। घटना की जानकारी मिलते ही कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम और मंत्री शशि पांजा मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी घटना पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं।


होटल मालिक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। इस हादसे ने प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने राज्य सरकार से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने की अपील की है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कोलकाता नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है और होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर तीखी आलोचना की है। फिलहाल पूरे इलाके में मातम पसरा है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है।

नेता प्रतीपक्ष से मिले सूचना अधिकार कार्यकर्ता, किया सूचना आयुक्तों की नियुक्ति कराने की मांग

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह के जाने-माने सूचनाधिकार कार्यकर्ता  सुनील खण्डेलवाल ने बुधवार को राज्य के पहले मुख्यमंत्री सह नेता प्रतीपक्ष बाबुलाल मरांडी से मुलाकात किया। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को झारखंड में सूचनायुक्तों की नियुक्ती नहीं होने के कारण आम जनता को हो रही समस्याओं से अवगत कराया। 


श्री खंडेलवाल ने बताया कि राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति नहीं होने के कारण गिरिडीह जिले सहित अन्य कार्यालयों में सूचना कानून पूरी तरह से पंगु हो गया है। परिणाम स्वरूप भ्रष्ट पदाधिकारीयों के मन से इस कानून का भय लगभग समाप्त हो गया है। ऐसे में राज्य के लाखों लोग अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो रहे हैं।  


 उन्होंने राज्यहित को ध्यान में रखते हुए नेता प्रतिपक्ष से झारखंड राज्य सूचना आयोग को सक्रिय करने एवं सूचनायुक्तों की जल्द नियुक्ति हेतु आवश्यक पहल करने की मांग की। मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने  इस अति संवेदनशील विषय पर जल्द ही संज्ञान ले आवश्यक करवाई का आश्वासन खण्डेलवाल को दिया।

झारखण्ड में आज होगी झमाझम बारिश, सभी जिलों के लिये अलर्ट जारी

रांची (Jharkhand)।  राजधानी रांची समेत कई जिलों में आज बारिश के साथ-साथ वज्रपात और ओलावृष्टि दर्ज की गई है. इससे मौसम काफी सुहावना हो गया और दोपहर में अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री की गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम की ऐसी ही स्थिति आज यानी बुधवार को भी रहने वाली है.


रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया, बंगाल में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर आज अच्छा खासा देखा जाएगा. बंगाल से आ रही हवा, नमी लेकर आ रही है, जिससे पूरे राज्य में अच्छी खासी बारिश हो सकती है. बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है. ऐसे में किसान खासतौर पर इस समय अपनी फसल को लेकर सचेत रहें. वहीं, लोग भी खराब मौसम में निकलने से बचें.


ओलावृष्टि से सावधान रहने की अपील
बीते 24 घंटे में खासतौर पर दोपहर के 2 से 6 बजे के बीच 5 बार ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया. अलर्ट खासतौर पर रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, लातेहार, कोडरमा, खूंटी और रामगढ़ के लिए जारी किया गया था. यहां पर हवा 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की बात कही गई है. ओलावृष्टि से सावधान रहने और लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान में शरण लेने की चेतावनी जारी की गई थी.


 पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट
आज कुछ जिलों में नहीं बल्कि पूरे राज्य में बारिश, आंधी-तूफान, वज्रपात और ओलावृष्टि को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. हवा 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. आंधी-तूफान के दौरान पोल, खंबा या पेड़ गिरने जैसी घटनाएं भी देखी जाती हैं. ऐसे में लोग इस समय किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें और चेतावनी को हल्के में न लें.



तापमान में भारी गिरावट की संभावना
संभावित तापमान की बात करें तो गिरिडीह, देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम 31 और न्यूनतम 21 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री, पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम 33 और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।



पाकिस्तान पर आज होगा फैसला? पीएम ने सेना को दी खुली छूट

नई दिल्ली (New Delhi)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार से जवाब की बढ़ती मांग के बीच पीएम मोदी सेना को पूरी तरह से ऑपरेशनल आजादी दे दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रमुखों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें सेना की क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और उन्होंने सेना द्वारा की जाने वाली किसी भी कार्रवाई के लिए पूर्ण राजनीतिक समर्थन का वादा किया।


वहीं दूसरी ओर अमेरिका, कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले के बाद की स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो दोनों देशों के विदेश मंत्रियों से आज या कल बात करने की प्लानिंग कर रहे हैं।


ब्रूस ने कहा कि अमेरिकी सरकार भारत और पाकिस्तान दोनों सरकारों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका न केवल विदेश मंत्री स्तर पर बातचीत कर रहा है, बल्कि कई अन्य राजनयिक चैनलों के माध्यम से भी बात कर रहा है। ब्रूस ने आगे बताया कि सेक्रेटरी रुबियो ने दोनों देशों से स्थिति को और खराब होने से बचाने का आग्रह किया है और उम्मीद है कि वे दोनों देशों के विदेश मंत्रियों से बात करेंगे।

आज 30 अप्रैल ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 30:: 04 :: 2025, बुधवार

30 अप्रैल 2025 :  आज वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की उदया तिथि तृतीया और बुधवार दिन है। तृतीया तिथि आज दोपहर 2 बजकर 12 मिनट तक रहेगी। आज दोपहर 12 बजकर 2 मिनट तक शोभन योग रहेगा। साथ ही आज शाम 4 बजकर 18 मिनट तक रोहिणी नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज अक्षय तृतीया मनाई जाएगी। वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि आज किया गया दान -पुण्य का ह्रास नहीं होता है। यह पुण्य मंगल व यश प्राप्ति का सुअवसर देता है। श्री सूक्त का पाठ करें। आज जल, मिठाई सप्त अन्न व गुड़ का दान करना बहुत फलित होता है। अक्षय तृतीया के दिन सोने-चांदी की खरीदारी और शुभ कार्यों की शुरुआत करना अच्छा माना जाता है।आज बुधवार को गणपति जी की पूजा करना न भूलें। पंचांग के अनुसार सूर्य 30 अप्रैल मेष राशि में रहेगा। वहीं चंद्रमा 1 मई सुबह 03:14 तक वृष राशि उपरांत मिथुन राशि पर संचार करेगा। 



आज का पंचांग: 30 अप्रैल 2025, दिन : बुधवार
युगाब्द      : 5127,  विक्रम संवत : 2082   
शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म
महीना       : बैशाख     पक्ष  :  शुक्ल पक्ष
सूर्योदय : 05: 41 AM, सूर्यास्त : 06: 56 PM
तिथि : तृतीया 02:12 PM तक उपरांत चतुर्थी
नक्षत्र : रोहिणी 04:18 PM तक उपरांत म्रृगशीर्षा
राहुकाल : 12:24 PM से 02:00 PM  तक
चन्द्रमा :   वृष राशि पर 03:14 AM तक उपरांत मिथुन राशि पर संचार करेगा 
व्रत/त्यौहार : बुधवार व्रत, अक्षय तृतीया, रोहिणी व्रत, मातंगी जयंती



आज :: 30 :: 04 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज खुश रहने के लिए लव लाइफ से जुड़े सभी मुद्दों को सुलझा लें। व्यावसायिक रूप से आप अच्छे और भाग्यशाली रहेंगे। छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याएं रहेंगी जबकि आपका धन-धान्य बना रहेगा। ऑफिस में भी आज आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आज का दिन मेष राशि वालों के लिए अच्छा रहेगा। आप कोई पुराने विवाद से मुक्त हो सकते हैं, जिससे आपको बड़ी राहत मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय में लाभ के योग बनेंगे। पत्नी और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर आप चिंता मुक्त रहेंगे। परिवार में आपसी सामंजस्य बनेगा। किसी नए कार्य की शुरुआत आज आप कर सकते हैं।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज कार्यालय में आपका प्रदर्शन बेहतरीन रहने वाला है। वित्त और स्वास्थ्य दोनों दिन भर अच्छे रहेंगे, जिससे खुशी के पल आप महसूस करेंगे। वहीं, एक खुशहाल रिश्ते को व्यावसायिक सफलता का भी सहारा मिलता है। पैसों को सोच-समझकर खर्च करें। आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। आपका कोई पुराना रुका हुआ कार्य पूर्ण हो सकता है, जिसकी आप कई दिनों से प्रतीक्षा कर रहे हैं। आज किसी विशिष्ट व्यक्ति से मुलाकात आपके जीवन में बड़ा परिवर्तन आएगा। किसी धार्मिक यात्रा आदि पर जाने का विचार मन में बन सकता है। व्यापार-व्यवसाय में लाभ होगा। कोई नया वाहन आदि आज आप खरीद सकते हैं।


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज अपनी क्षमता साबित करने के लिए दफ्तर में हर मुद्दे को सुलझाएं। निवेश के लिए आज का दिन अच्छा है लेकिन एक्सपर्ट से बात करना जरूरी है। स्वास्थ्य भी आज अच्छा रहने वाला है। वहीं, प्रेम जीवन भी शानदार रहेगा। आज का दिन आपके लिए उतार चढ़ाव से भरा रहेगा। आपके मन में कई आशंकाओं का वास रहेगा। किसी को बड़ी धनराशि उधार के रूप में देना आपके लिए ठीक नहीं होगा। आपके मन में किसी नए कार्य की योजना बन सकती है। आर्थिक तौर से कल कुछ मुश्किलों का सामना आपको करना पड़ सकता है। व्यापार-व्यवसाय में गिरावट महसूस होगी। पत्नी और बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता बनी रहेगी।



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
रिश्ते में छोटी-मोटी नोकझोंक के बावजूद आपकी लव लाइफ अच्छी रहेगी। करियर में सफल होने के लिए हर आने वाली चुनौती को पूरी शिद्दत से हल करें। अच्छे श्रोता बनें और अपने साथी के साथ समय बिताएं। आज आप अपने स्वास्थ्य को लेकर कुछ परेशान रह सकते हैं। मौसमी बीमारियों के चलते आपका स्वास्थ्य गिर सकता है। व्यापार-व्यवसाय में सहयोगी वर्ग आपका विरोध में आ सकता है, जिस कारण व्यापार क्षेत्र में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित होगी। पत्नी और बच्चों के जीवन के लिए आप कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं।


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
हर आकर्षक व्यक्ति पर लेफ्ट स्वाइप करने से आप तुरंत उसके प्यार में नहीं पड़ सकते। आपको खुद को समय देना होगा। गलत फैसला लेने से बचें। कोई मित्र आपकी सहायता कर सकता है। परिवार किसी फंक्शन में आपके साथ शामिल हों सकता है। आज आप कोई नया कारोबार शुरू करने का मन बना सकते हैं, जिसमें आपको सफलता प्राप्त होगी। आपको रुका हुआ धन प्राप्त हो सकता है। साथ ही आज सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आपको किसी विशेष पद से सम्मानित किया जा सकता है, जिससे समाज में आपका सम्मान बढ़ेगा। व्यापार-व्यवसाय में बड़ा लाभ प्राप्त होगा। आय के मार्ग खुलेंगे। पत्नी और बच्चों के कहीं बाहर घूमने का मूड बन सकता है।


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
काम पर समझौता करने में जल्दबाजी न करें। आज अपने बिजी कार्यक्रम के कारण कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। बहस की उम्मीद की जा सकती है लेकिन आखिर में आप आसानी से विवाद को सुलझा लेंगे। आज कुछ बातों को इग्नोर करना आपके लिए अच्छा रहेगा। नहीं तो आप बड़ी समस्या में उलझ सकते हैं। व्यापार-व्यवसाय में बड़ा पैसा लगाने से पहले अच्छी तरह सोच विचार लें। किसी नए कार्य की शुरुआत न करें। साथ ही अपने पार्टनर से अपनी मन की बात शेयर न करें, नहीं तो आपको नुकसान हो सकता है। परिवार में आपसी कलह उत्पन्न हो सकता है। पत्नी के स्वास्थ्य की चिंता बनी रहेगी।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज धन-वृद्धि के योग बन रहे हैं। काम पर एनर्जी थोड़ी लो हो सकती है। सिंगल लोगों को कई निराशाजनक प्रयासों के बाद प्यार खोजने से थोड़ा ब्रेक लेना चाहिए। यह ब्रेक उन्हें यह जानने में मदद करेगा कि उन्हें वास्तव में एक साथी से क्या चाहिए। आज का दिन आप कुछ परेशानियां के चलते परेशान नजर आएंगे। आपके सोचे हुए कार्यों में रुकावट उत्पन्न होगी।  व्यापार-व्यवसाय में व्यर्थ के खर्च दिखाई देंगे। आर्थिक स्थिति में गिरावट महसूस होगी। आज आप किसी नए कार्य को लेकर शुरुआत करने का प्रयास न करें, नहीं तो भारी नुकसान में जा सकते हैं। पत्नी और बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता मन बनी रहेगी। बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी आप परेशान दिखाई देंगे।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज काम के सिलसिले में किसी यात्रा की योजना बना सकते हैं क्योंकि पूरी संभावना है कि सब कुछ आपके पक्ष में होगा। प्यार से जुड़ी उम्मीदें आपके मानसिक स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती हैं। आप गलत जगह पर प्यार की तलाश कर रहे हैं। जो आपका है, वह खुद ही आपके पास आएगा। आज आप किसी अपने के स्वास्थ्य को लेकर परेशान रहेंगे। माता पिता का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ सकता है। व्यापार-व्यवसाय में अपने पार्टनर का कल आपको सहयोग मिलेगा। कोई बड़ा काम कल आप शुरू कर सकते है। काम में रूकावट जरूर आएगी। वाणी पर संयम रखें।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
पैसों की समस्या दरार पैदा कर सकती है। बहस करने से बचें। खुद को यह याद दिलाना चाहिए कि आप और आपका पार्टनर एक साथ क्यों हैं। संघर्ष से निपटें और फिर पैसों की स्थिति को सुलझाने की दिशा में काम करें।आज आप लंबी यात्रा आदि पर जाएं तो वाहन आदि का प्रयोग संभलकर करें, नहीं तो चोट आदि लग सकती है। कोई नया काम शुरू करें, तो सहयोगियों से जानकारी लें। वैसे व्यापार में बड़ा निवेश करना कल आपके लिए ठीक नहीं होगा। नया वाहन आदि खरीदने का मन बन सकता है। परिवार में पत्नी और बच्चों के लिए आपको कहीं बाहर शिफ्ट होना पड़ सकता है।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज आपको अपना पूरा फोकस काम पर रखना चाहिए। शादीशुदा जोड़ों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर मनमुटाव हो सकता है। बात-चीत करने और एक-दूसरे के लिए समय निकालने की सलाह दी जाती है। आपको अपने परिवार को छोटे-मोटे झगड़ों में शामिल होने से बचाना चाहिए। आज आप बाहर की यात्रा पर जा सकते हैं। वाहन आदि के चलाने में आप सावधानी बरतें। परिवार में किसी बात को लेकर आपको मतभेद का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार मे पुराने साथियों से आपको धोखा मिल सकता है। कार्यक्षेत्र में रुकावट आएगी और बनता हुआ कार्य बिगड़ सकता है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
आज खर्चों को कंट्रोल करें। सेहत पर ध्यान दें। अच्छे ह्यूमर वाला कोई आकर्षक व्यक्ति आपसे संपर्क कर सकता है। बिना आपको एहसास हुए ही आप दोनों के बीच चीजें तेजी से बदल जाएंगी। आपके सितारे आने वाले दिनों में आपके लिए खुशहाल रिश्ते की भविष्यवाणी करते हैं।  आज आपको वाणी पर नियंत्रण रखना होगा। वाद विवाद से आप दूर रहें। पारिवारिक जीवन में उतार चढ़ाव की स्थिति बनेगी। आप किसी कार्य के सिलसिले में किसी विशेष व्यक्ति से मिल सकते हैं, परंतु कार्य पूर्ण होने में संदेह है। पत्नी से संबंध मधुर होंगे।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आपका दोस्त आज आपको किसी ऐसे स्पेशल व्यक्ति से मिलवा सकता है, जो आपको अच्छा फील करवाएगा। उनकी उपस्थिति में आपको खुशी महसूस होगी, जिससे आप उनसे दोबारा मिलने की इच्छा करेंगे। आज आपके लव सितारे आपका साथ देंगे। इसलिए धैर्य बनाए रखें। आज आप अपनी पर्सनल लाइफ में कोई बड़ा डिसीजन ले सकते हैं, जिस कारण आपका परिवार और आप काफी प्रभावित होंगे। आज स्वास्थ्य को लेकर स्थिति सामान्य रहेगी। व्यापार-व्यवसाय में आप किसी बड़ी डील का हिस्सा बन सकते हैं, जिस कारण आय के स्रोत बढ़ेंगे। परिवार में आपसी विवाद खत्म होंगे। सामंजस की स्थिति नजर आएगी और पत्नी का पूर्ण सहयोग मिलेगा।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷