बुधवार, 8 जनवरी 2025

गिरिडीह जिले के तीन युवाओं का हुआ राष्ट्रीय युवा महोत्सव हेतु चयन

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह जिले के तीन युवाओं का चयन आगामी 12 जनवरी 2025 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव कार्यक्रम के लिये हुआ है। इन युवाओं में जिले के राजधनवार प्रखंड के रौनक कुमार मिश्रा व मोहम्मद जुबेर अहमद तथा गिरिडीह सदर प्रखंड के प्रिंस कुमार पांडेय  शामिल है। तीनों युवाओं की इस सफलता के लिये नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा एवं जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने शुभकामनाएं देते हुए  उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


बता दें कि रौनक कुमार मिश्रा ने जिला खेल कार्यालय एवं नेहरू युवा केंद्र, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके उपरांत उन्होंने प्रमंडलीय और राज्य स्तर पर भी अपनी काबिलियत का प्रदर्शन कर विजेता के रूप में द्वितीय स्थान हासिल किया। अब वे झारखंड से चयनित 60 युवाओं की दल के साथ राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 में भाग लेने जा रहे हैं, जो 12 जनवरी 2025 को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा।


मोहम्मद जुबेर अहमद और प्रिंस कुमार पांडे ने भी अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। दोनों ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग ऑनलाइन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता ने उन्हें झारखंड टीम के साथ राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होने का अवसर प्रदान किया है।इन तीनों युवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी ने जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है।

भाजपा नगर कमिटी की बैठक में सदस्यता अभियान कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा

गिरिडीह (Giridih)। भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई की बैठक मंगलवार को नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सदस्यता अभियान प्रभारी के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीतम प्रकाश एवं नगर निगम के पूर्व मेयर सुनील पासवान मुख्य रूप से उपस्थित थे।


बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को लेकर टीम बनाई गई। जिसमें 30 शक्ति केंद्र एवं 125 बूथों में  तीन तीन कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई। जिन्हें सदस्यता अभियान को मूर्त रूप देने हेतु जिम्मेवारी सौंपी गई। वहीं संगठन से जुड़े सभी सदस्यों से भी नए सदस्यों को शामिल कराने की अपील की गई। इस दौरान संगठन 50,000 नए सदस्यों को बनाने के लक्ष्य निर्धारित किया गया। 
बैठक में जयशंकर सिंन्हा, संजीत सिंह पप्पू, ज्योति शर्मा, अजय पाठक, नीलू सिन्हा आशीष जालान, अरुण गुप्ता, हबलू गुप्ता, अमित आर्य, विवेक कुमार, विकी, उत्तम पांडेय, अमित तर्वे आदि उपस्थित थे।

शहर के एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर लगाये गये सभी सीसीटीवी कैमरा को दुरुस्त करने की मांग

गिरिडीह (Giridih)। नगर निगम के उपनगर आयुक्त से चेंबर के सदस्यों ने मंगलवार को मुलाकात कर शहर के एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर लगाये गये सभी सीसीटीवी कैमरा को दुरुस्त करने की मांग किया। साथ ही शहर के चौक चौराहों को अतिक्रमण से मुक्त कराने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की भी बातें कही। 
ताकि शहर में जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल सके।


बता दें कि शहर कर सभी सड़कों पर जाम की समस्या इन दिनों आम हो गयी। जिससे लोगों को काफी फजीहतों का सामना करना पड़ता है। जाम से शहर की सड़कों की स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि दुपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को छोड़ दें तो पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। चैम्बर के पदाधिकारियों ने इस विषय मे कोई ठोस कदम उठाने की उप नगर आयुक्त से मांग की। मौके पर चैम्बर के अध्यक्ष राहुल बर्मन, सचिव विकास गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य राहुल कुमार,सुदीप गुप्ता, गौतम सागर आदि मौजूद थे।

भाजपा सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए सदस्यता प्राभारी

गिरिडीह (Giridih)। जिले के पीरटांड प्रखण्ड के बिशनपुर में भाजपा सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता सह पीरटांड प्रखण्ड के सदस्यता अभियान प्रभारी सुरेश साव शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम में प्रखण्ड अध्यक्ष अजय सिंह, अरविन्दचंद्र राय, प्रदीप सिंह, राम नारायण सिंह, सुधीर सिंह, विकास मरांडी, फलेंदर सिंह, राजेश जायसवाल, शैबाल घोष मौजूद थे।


इस दौरान अभियान प्राभारी ने भाजपा के सदस्यता अभियान को एक मिशन के रूप में लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की संगठनात्मक मजबूती बेहद जरूरी है। उन्होंने भाजपा के सभी सक्रिय सदस्य को कम से कम 50 नए लोगों को पार्टी का ऑनलाइन सदस्य बनाने की अपील किया।

दुष्कर्म आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

गिरिडीह (Giridih)। जिले के घोडंथबा ओपी प्रभारी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी युवक प्रियांशु राणा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी युवक ने नाबालिग को घर पहुंचाने के बहाने उसे जंगल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस सम्बंध में नाबालिग की मां ने थाना में आवेदन देकर प्रियांशु पर गंभीर आरोप लगाया था।


थाने को दिए आवेदन में नाबालिग की मां ने बताया था कि उसकी बेटी रविवार को ट्यूशन पढ़ने गयी थी।   लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह अपनी नाबालिग बेटी को तलाशने निकली, तो उसे खोजते हुए जंगल जा पहुंची, जहां उन्होंने प्रियांशु राणा को बेटी के साथ जबरन गलत हरकत करते देखा। इसपर मां ने चिल्लाना शुरू किया जिसे सुन आस पास के ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे और आरोपी को पकड़कर ओपी पुलिस को सौंपा दिया। 


इस मामले में ओपी प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और आरोपी को जेल भेजा गया है। वहीं पीड़िता को 164 का बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट भेजा गया है।

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::08 :: 01 :: 2025, बुधवार


आज का पंचांग: 8जनवरी 2025, बुधवार, 
विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष मास, शुक्ल पक्ष,  शिशिर ऋतु, तिथि नवमी 02: 26PM तक उपरांत दशमी, नक्षत्र अश्विनी 4:30 PM तक उपरांत भरनी, सूर्योदय 07:18 AM प्रातः सूर्यास्त 05:36 PM सायं, राहुकाल : 12:27 PM से 01:44 PM तक चन्द्रमा मेष राशि पर संचार करेगा



आज :: 07:: 01 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए कल का दिन लंबे समय से अटके काम पूरे करने का रहेगा। आपका कोई पुराना मित्र लंबे समय बाद आपसे मिलने आ सकता है। अगर परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य में कुछ समस्या चल रही थी तो उसके लिए आपको अधिक भागदौड़ करनी पड़ेगी। आपका कोई कानूनी मामला आपके लिए सिरदर्द बनेगा, क्योंकि आप लंबे समय से उसमें लापरवाही बरत रहे थे। आपको अपने पैसों को लेकर कोई योजना बनानी होगी।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए कल का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में आपको कोई बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। आपके कंधों पर काम का बोझ अधिक रहेगा। जीवनसाथी आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा। परिवार में अगर किसी सदस्य से कोई विवाद चल रहा था तो वह भी दूर हो जाएगा। अगर बच्चे ने कोई परीक्षा दी थी तो उसमें उसे सफलता मिलती दिख रही है। आपका कोई सहकर्मी आपके काम में आपकी पूरी मदद करेगा।




मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए कल का दिन कुछ नया काम करने के लिए अच्छा रहेगा। आप अपने पिता से काम के सिलसिले में सलाह ले सकते हैं। आपका बच्चा आपसे कुछ मांग सकता है, जिसे आप जरूर पूरा करेंगे। आपके परिवार में किसी सदस्य के रिटायर होने के कारण सरप्राइज पार्टी का आयोजन हो सकता है। अगर लेन-देन से जुड़ा कोई मामला आपको परेशान कर रहा था, तो उससे भी आपको राहत मिलेगी।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के लिए कल का दिन सोच-समझकर काम करने के लिए अच्छा रहेगा। आपको किसी अजनबी पर भरोसा करने से बचना होगा। आपके जीवनसाथी को आपकी कोई बात बुरी लग सकती है। व्यापार में आपकी योजनाएं सफल होंगी, जिससे आपको खुशी होगी। ससुराल पक्ष से किसी से पैसे उधार न लें, अन्यथा आपकी परेशानियां बढ़ सकती हैं। छात्रों की पढ़ाई में कुछ नई समस्याएं आएंगी।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के लिए कल का दिन थोड़ा मुश्किल भरा रहने वाला है। कार्यस्थल पर अगर आपका बॉस आपको कोई काम सौंपता है तो उसमें बिल्कुल भी देरी न करें। आप नया घर खरीद सकते हैं। कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी किसी से शेयर न करें। परिवार के सदस्यों के साथ किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां आपकी मुलाकात कुछ प्रभावशाली लोगों से होगी। अपने मनमाने व्यवहार के कारण आप कोई गलती कर सकते हैं।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए कल का दिन सामान्य रहने वाला है। कार्यस्थल पर आपके सहकर्मी आपके काम में आपका पूरा साथ देंगे। आपको अपने काम को योजना बनाकर पूरा करने की जरूरत है। दान-पुण्य के कामों में आपकी काफी रुचि रहेगी। अगर आपका कोई महत्वपूर्ण काम काफी समय से रुका हुआ था तो वह भी पूरा हो सकता है। किसी बात को लेकर मन ही मन चिंतित रहेंगे।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि वालों के लिए कल का दिन सेहत के लिहाज से उतार-चढ़ाव से भरा रहने वाला है। आप अपने जीवन साथी को कहीं घुमाने ले जा सकते हैं। अगर आपने किसी से कुछ उधार लिया था तो वो आपसे वापस मांग सकता है। आपको अपनी प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों पर थोड़ा ध्यान देना होगा। आपको किसी पुराने दोस्त की याद आ सकती है। अगर आपने किसी को पैसे उधार दिए थे तो वो आपको वापस कर सकते हैं।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों के लिए कल का दिन खुशियों से भरा रहने वाला है। अगर आप अपनी नौकरी बदलने की योजना बना रहे थे तो आप ऐसा कर सकते हैं। पैसों से जुड़े मामलों में किसी बाहरी व्यक्ति से सलाह लें। पिता की कही कोई बात आपको बुरी लग सकती है। आमदनी में बढ़ोतरी से आप खुश रहेंगे। आपको कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना है। अगर आप घर पर रहकर ही पारिवारिक मामलों को सुलझा लेंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा।



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों के लिए कल का दिन मिलाजुला रहने वाला है। आप किसी धार्मिक आयोजन में हिस्सा ले सकते हैं। सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करने से बचना होगा। कार्यस्थल पर आपके सहकर्मी आपके काम से काफी खुश रहेंगे और आपको प्रमोशन भी दे सकते हैं। आप किसी नए काम में रुचि विकसित कर सकते हैं। किसी पुरानी बीमारी के उभरने से आपकी परेशानियां बढ़ेंगी। भाई-बहनों से आपको पूरा सहयोग मिलेगा।




मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों को अपने पारिवारिक मामलों को मिल-बैठकर सुलझाने की जरूरत है। आपको वाहनों का इस्तेमाल सावधानी से करना होगा। आप अपनी जरूरतों को आसानी से पूरा कर पाएंगे। आपके बढ़ते खर्च आपको परेशान करेंगे। कोई भी नया काम शुरू करने से पहले अच्छे से सोच-विचार कर लें। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को बेहतर अवसर मिलेगा।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
कुंभ राशि वालों के लिए कल का दिन मध्यम फलदायी रहने वाला है। आपको अपने काम में सफाई के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। यदि आप काफी समय से किसी काम की योजना बना रहे थे तो आज आपका कोई काम पूरा हो सकता है। किसी की सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा न करें। आपको कोई भी निवेश बहुत सोच-समझकर करने की जरूरत है। छात्रों को बौद्धिक और मानसिक बोझ से राहत मिलेगी।




मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए कल का दिन सामान्य रहने वाला है। आपके घर पर किसी मेहमान के आने से परिवार के सभी सदस्य व्यस्त रहेंगे। आपको किसी भी काम को लेकर जल्दबाजी नहीं दिखानी है। परिवार के सदस्यों की सहमति से ही कोई फैसला लेंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा। बच्चों की संगति पर आपको विशेष ध्यान देना होगा, राजनीति की ओर कदम बढ़ा रहे लोगों के कुछ नए विरोधी उत्पन्न हो सकते हैं।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷

मंगलवार, 7 जनवरी 2025

पुजारी के घर डकैती मामले के फरार सात आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस डकैती कांड में पूर्व में हुई थी दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी


गिरिडीह(Giridih)। जिले के धनवार थाना क्षेत्र स्थित राजा मंदिर के पुजारी चंद्रिका पांडेय के आवास में एक सप्ताह पूर्व देर रात हुई डकैती मामले में पुलिस को एक बार फिर सफलता मिली है। धनवार पुलिस ने डकैती की घटना में संलिप्त सात अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सागर मुंडा, सूरज टुडू, पृथ्वी लोहार, सुनील नयाल, इलियास अंसारी, बीटूनाग सबर एवं मोहन किस्कू का नाम शामिल है। जिनके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, चार मोबाइल फोन एवं एक चाकू बरामद किया गया है।यह जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।


 एसपी ने बताया कि कुछ अपराधकर्मियों के गिरोह के द्वारा गृह डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके संबंध में चन्द्रिका पंडित के लिखित आवेदन के आधार पर धनवार थाना में धारा 310(2) / 311 बी०एन०एस० के अन्तर्गत काण्ड सं 0-01/25 अंकित करते हुए अपराधकर्मियों के विरूद्ध काण्ड प्रतिवेदित कराया गया था। काण्ड के त्वरित उद्भेदन हेतु  अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद एवं जमुआ पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार महतो के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं काण्ड के अनुसंधान के क्रम में अब सात और भी आरोपियों को तकनिकी व मानवीय सहयोग से गिरफ्तार किया गया है। 

ज्ञात हो कि धनवार थाना क्षेत्र स्थित राजा मंदिर के पुजारी चंद्रिका पांडेय के आवास में एक सप्ताह पूर्व देर रात कुछ अपराधकर्मियों द्वारा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। वहीं भागने के क्रम में दो अपराधियों को ग्रामीणों ने धर दबोचा था और इसे फिर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस का उस मामले में अनुसंधान जारी था। इसी क्रम में 7 अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस सफल रही।



हार्डकोर नक्सली तालो मरांडी उर्फ सुनील मरांडी गिरफ्तार

झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में सक्रिय था गिरफ्तार हार्डकोर नक्सली तालो मरांडी

 गिरिडीह( Giridih)। झारखंड और बिहार सीमा क्षेत्र से गिरिडीह पुलिस ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र से कुख्यात नक्सली तालो मरांडी उर्फ सुनील मरांडी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली तालो मरांडी उर्फ सुनील मरांडी भाकपा माओवादी का हार्डकोर सदस्य है और सीमावर्ती इलाकों में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने की कार्रवाई

गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को सोमवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि तालो बलियारी गांव के चोलखो नदी से होते हुए जंगल के रास्ते से अपने रिश्तेदार के घर जा रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर तालो को गिरफ्तार कर लिया।



कई नक्सली कांडों में वांछित था नक्सली तालो

एसपी डाॅ बिमल कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार नक्सली तालो मरांडी, पिता स्व० संझला मरांडी, बिहार के जमुई जिला के  चकाई थाना क्षेत्र के नेहालडीह चिहरा का निवासी है। तालो मरांडी भेलवाघाटी थाना क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई नक्सली घटना में मुख्य आरोपी है। गुनियाँथर पंचायत के जेडो नदी के किनारे जमीन के अंदर गाड़ कर रखे भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। इसके अलावा निर्माणाधीन पुल के ठेकेदार से लेवी वसूली के लिए धमकी और सुरक्षा गार्ड से मारपीट के मामलों में भी तालो का नाम सामने आया था। इसके खिलाफ झारखंड और बिहार में कुल चार मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम में थे शामिल

इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक के अलावे एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, भेलवाघाटी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बुद्धीनाथ मार्डी, ,सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, हवलदार किशुन मिस्त्री, आरक्षी सुनील कुमार यादव, सुखदेव कुमार साव, अर्जुन उराँव, अन्टु कु० सिंह,  अजय कुमार,  अशोक कुमार, राकेश कुमार राय, दीपक प्रसाद मेहता,  राजेश कुमार महतो, एसएसबी 35 बी की टीम, के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस सफलता को नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।




नक्सली तालों मरांडी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी :

गिरफ्तार नक्सली तालों मरांडी के विरुद्ध विस्फोटक बरामदगी मामले में भेलवाघाटी थाना कांड सं0- 07/20 दि0- 23.04 2020 धारा-3/4/5 विस्फोटक अधि0 एवं 17 सी०एल०ए० एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं वर्ष 2020 में ही ग्राम गुनियाथार पंचायत निर्माणाधीन नदी पुल के ठीकेदार से लेवी लेने की घटना में भी सुरक्षा गार्ड के साथ मार-पीट एवं धमकी देने में तालो मरांडी का अहम भुमिका रहने मामले में भेलवाघाटी थाना कांड सं 14/20 दिनांक 24/05/ 2020 धारा 147/ 148/ 149/ 323/ 324/ 341/ 307/ 385/ 504/506/34 भा0द0वि0 एवं 17 CLA एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

इसके अलावा झारखण्ड बिहार सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सली घटना को कारित करने के आरोप में तालो मरांडी के विरुद्ध चकाई थाना कांड सं 91/18 दिनांक  07/07/2018 में धारा-16/ 17/ 18/ 19/ 20/ 22 UAP Act के तहत एवं
चकाई थाना कांड सं 11/19 दिनांक 17/ 11/ 2019 धारा-302/307/342 भादवि एवं 25(1–b) /26/35/27 आर्म्स एक्ट एवं विष्फोटक पदार्थ अधि0 के अंतगर्त दर्ज कांड शामिल है।