गुरुवार, 30 जनवरी 2025

कबीर ज्ञान मंदिर में दो दिवसीय सद्गुरु विवेक साहब निर्वाण महोत्सव शुरू

पहले दिन साखी पाठ, समाधि पर चादर अर्पण के साथ "जागो हिन्दू जागो नाटक" का हुआ मंचन

गिरिडीह। श्री कबीर ज्ञान मंदिर में सद्गुरु विवेक साहब का दो दिवसीय निर्वाण महोत्सव गुरुवार से शुरू हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के पहले दिन संत कबीर के साखीग्रंथ का पाठ किया गया। बाद में सद्गुरु विवेक साहब के समाधि पर चादर अर्पण किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में कबीर के अनुयायी भक्त व श्रद्धालु कबीर ज्ञान मन्दिर पहुंच अखंड पाठ में भाग लिया। 

वहीं इस अवसर पर नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा भाव नृत्य की प्रस्तुति की गई। इस दौरान "जागो हिंदू जागो" नामक नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से हिंदू संस्कृति पर मुगल आक्रांताओं का प्रहार, भारत भूमी पर पड़े उनके कलुषित कदम और उनके द्वारा की गई दरिंदगी को दर्शाया गया। जिसमें हिंदुओं की आपसी फूट के कारण हुई पराजय, लोगों के स्वार्थ के कारण राष्ट्र को हुए अहित और महान विभूतियां के त्याग का दिग्दर्शन कराया गया। बताया गया कि कैसे इतिहास को तोड़ मरोड़ कर आज के बच्चों को दिखाया पढ़ाया जाता है। नाटक के माध्यम से जिस अकबर को अकबर महान की पदवी दी गई है। उनके द्वारा हिंदू समाज पर किये गये अत्याचार और उसकी बर्बरता को दिखाया गया। वहीं दूसरी ओर महाराणा प्रताप के भीषण त्याग को भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर कबीर ज्ञान मंदिर को काफी आकर्षक और भव्य ढंग से सजाया गया है। 21 वर्ष पूर्व आज ही के दिन मन्दिर परिसर में गुरु गोविंद धाम मंदिर की स्थापना हुई थी। गुरु गोविंद धाम मंदिर में भगवान नारायण और सदगुरु कबीर का मनोहारी विग्रह अवस्थित है। इस मंदिर की स्थापना कर जीवन में समृद्धि और अध्यात्म दोनों को बराबर का स्थान देने का संदेश सदगुरू मां ज्ञान ने दिया है। 

कार्यक्रम के पहले दिन सद्गुरु मां ज्ञान द्वारा दिव्या भजन प्रस्तुत किये गये। वहीं महाआरती और भंडारे के साथ पहले दिन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

गिरिडीह (Giridih)। नेहरू युवा केंद्र द्वारा गिरिडीह स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे बीते दिनों बेंगाबाद, डुमरी, तिसरी, पीरटांड़ एवं जमुआ प्रखण्ड में सम्पन्न हुए प्रखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी, नय्यर परवेज, केदार महतो, नितेश महतो सहित कई अतिथि उपस्थित थे। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुषों के लिये फुटबॉल, 400 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद, वहीं महिलाओं के लिये कबड्डी, 200 मीटर दौड़ एवं रस्सी कूद प्रतियोगिताएं आयोजित हुई।


युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालक केदार महतो ने किया। मौके पर नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किये जाएंगे। इस दौरान प्रतियोगिता के सभी विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर एवं सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में चंचल, सत्यम, लंबोदर आदि की भूमिका सराहनीय रही।


प्रतियोगिताओं के विजेताओं की सूची :

400 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग)
प्रथम   : अमन वास्के 
द्वितीय : सुनील मरांडी
तृतीय  : नरेश बेसरा 
 
लंबी कूद (पुरुष वर्ग)
प्रथम  : सौरभ कुमार 
द्वितीय: नरेश बेसरा 
तृतीय : बसंत कुमार 

फ़ुटबॉल 

विनर   : युवा मंडल, नगड़ी, तिसरी।
रनर    : युवा स्पोर्टिंग क्लब, डुमरी।


रस्सी कूद (महिला वर्ग)
प्रथम  : रोशनी कुमारी 
द्वितीय: सामेत्री कुमारी 
तृतीय : उमा कुमारी

200 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) 
प्रथम   : रोशनी कुमारी 
द्वितीय : प्रिया कुमारी 
तृतीय  : सविता वास्के 

कबड्डी
विनर : इंद्रा द फाइटर एकेडमी, डुमरी।
रनर  : नेहरू युवा क्लब, बेंगाबाद।


तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को लिया चपेट में, हादसे में व्यक्ति की दर्दनाक मौत

गिरिडीह (Giridih)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटका जीटी रोड के लक्षीबागी के समीप गुरुवार अहले सुबह हुई एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक व्यक्ति अटका गांव निवासी गणेश मेहता था। वह अटका पूर्वी यमुना नगर में गन्ना का जूस बेच अपना तथा अपने परिवार का भरण पोषण करता था। 

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार अहले सुबह लगभग 5 बजे बरही तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े अटका निवासी गणेश मेहता को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही गणेश मेहता की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बगोदर ट्रामा सेंटर भेजा।

वहीं घटना की खबर पाकर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो एवं जिप सदस्य दुर्गेश नंदन बगोदर स्थित पोस्मार्टम हाउस पहुंचे और इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया। मौके पर विधायक ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।