गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू हुई। नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों के लिये वार्ड पार्षद प्रत्याशी के लिये गिरिडीह सदर प्रखंड कार्यालय में नामांकन किया जाना है। जिसके लिये नगर क्षेत्र के अलग अलग वार्डों के लिये अलग अलग निर्वाची पदाधिकारी नियुक्ति किये गए हैं। वहीं नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता के कार्यालय कक्ष में नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे।
बता दें कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 वार्ड हैं। जिनमें वार्ड संख्या 01 से 09 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के समक्ष, वार्ड संख्या 10 से 18 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी अंचलाधिकारी के समक्ष, वार्ड संख्या 19 से 27 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी कार्यपालक दंडाधिकारी के समक्ष कक्ष कमरा संख्या 01 में एवं वार्ड संख्या 28 से 36 तक के वार्ड पार्षद अभ्यर्थी भूमि सुधार उप समाहर्ता के समक्ष कमरा संख्या 02 में नामांकन प्रपत्र दाखिल करेंगे।
सभी निर्वाची पदाधिकारी आज नामांकन के पहले दिन अपने अपने कार्यालय कक्ष में मुस्तैद दिखे। हालांकि आज नामांकन के पहले दिन अब तक एक भी नामांकन नहीं हुआ है।
आज सदर प्रखंड कार्यालय में वार्ड पार्षद पद के संभावित उम्मीदवारों द्वारा नामांकन प्रपत्र समेत अन्य कागजात खरीदने वाले की काफी भीड़ देखी गयी। नामांकन प्रपत्र खरीद के लिये भी चार अलग अलग काउंटर प्रखण्ड कार्यालय में बनाये गये हैं। ताकि नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों को कोई परेशानी न हो।
वहीं चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई स्तरों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस बीच चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाने से राजनीतिक गलियारे में भी काफी तेजी आ गयी है। हालांकि नगर निकाय का चुनाव दल गत नहीं हो रही है। बाबजूद इसके सभी राजनीतिक पार्टी अपने पार्टी के प्रत्याशी के लिये लोगों को गोलबंद करने में जुट गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें