मुम्बई (Mumbai)। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, करोड़ों दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने आज अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
धर्मेंद्र के निधन के समय उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटे सनी देओल और बॉबी देओल सहित परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में मौजूद थे। परिवार ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि “धर्मेंद्र जी ने हमेशा मुस्कुराते हुए जीवन जिया, वे एक शानदार इंसान और महान कलाकार थे।”
धर्मेंद्र एक परिचय :
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1960 के दशक में फिल्म "दिल भी तेरा हम भी तेरे" से की थी। उन्होंने शोले, चुपके चुपके, सीता और गीता, धरम वीर, यादों की बारात जैसी अनगिनत हिट फिल्मों में अभिनय किया। अपने अभिनय, सरल स्वभाव और मजबूत व्यक्तित्व के कारण धर्मेंद्र को “ही-मैन ऑफ बॉलीवुड” कहा जाता था। धर्मेंद्र को उनके अभिनय के लिए कई पुरस्कार मिले हैं। उन्हें 1997 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2012 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। वह सांसद भी रह चुके थे। धर्मेंद्र के दो बेटे सनी देओल और बॉबी देओल हैं, जो दोनों ही अभिनेता हैं। उनकी बेटी ईशा देओल भी एक अभिनेत्री हैं।
धर्मेंद्र के निधन से भारतीय सिनेमा ने अपने सुनहरे युग के सबसे बड़े सितारों में से एक को खो दिया है। उनके निधन की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसको और सेलेब्रिटी उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
वरिष्ठ अभिनेता अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा कि —“धर्मेंद्र जी सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक युग थे। उनकी मुस्कान, उनका दिल और उनकी इंसानियत हमेशा याद रहेगी।” धर्मेंद्र अपने पीछे एक शानदार विरासत छोड़ गए हैं — उनका परिवार, उनका सिनेमा और करोड़ों प्रशंसकों का प्यार।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें