शनिवार, 16 अगस्त 2025

दो दिनों से लापता विवाहिता की कुएं में मिली लाश, मायके वालों ने लगाया पति व अन्य पर हत्या का आरोप

गिरिडीह (Giridih)। दो दिनों से लापता विवाहिता का शव कुएं से बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीहा गांव की है।


मृतका की पहचान अलगडीहा गांव निवासी राजेंद्र राम की पत्नी कोमल देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी नही होने के कारण कोमल की निर्ममता पूर्वक हत्या करने का आरोप लगाया है।


घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मृतका के शव को कुंए से निकलवा कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।


मृतका के भाई बीरबल के अनुसार, कोमल की शादी वर्ष 2021 में अलगडीहा निवासी राजेंद्र राम से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले कोमल को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार इस बाबत दोनों पक्षों के बीच मध्यस्था हुई थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। अंततः ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी। 


 बताया कि कोमल के ससुराल वालों ने पहले कोमल को गर्म तेल से जलाया उसके बाद उसकी हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया है। मृतका के भाई बीरबल ने थाने में आवेदन देकर कोमल के पति राजेंद्र राम, सास-ससुर, भाई सहित अन्य ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।


बहरहाल मृतका के भाई के आवेदन के आलोक में पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। और, पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन करने में जुटी है।


राज्यपाल ने दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दिया श्रद्धांजलि

रांची (Ranchi)। महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज झारखंड विधानसभा परिसर में दिवंगत मंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा निबंधन विभाग, झारखण्ड सरकार रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


राज्यपाल श्री गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि सोरेन जी का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।



मौके पर राज्यपाल ने दिवंगत मंत्री सोरेन के शोक सन्तप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।





25 वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शामिल होने गिरिडीह के 33 सदस्यीय टीम कोडरमा रवना

गिरिडीह (Giridih)। 16 और 17 अगस्त को कोडरमा में आयोजित 25वीं सीनियर और 11वीं कैडेट राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने गिरिडीह के 33 सदस्यीय टीम शनिवार को कोडरमा रवाना हुई। गिरिडीह जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अमित स्वर्णकार ने बताया कि टीम में 30 खिलाड़ी और 2 कोच और 1 मैनेजर शामिल है। कहा कि टीम में शामिल सभी 33 लोग आज न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से कोडरमा के लिए रवाना हुए।


उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे झारखंड से लगभग 600 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है और इस प्रतियोगिता में ही स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा।


गिरिडीह टीम में 22 पुरुष और 8 महिला खिलाड़ी के साथ कोच आकाश स्वर्णकार और रोहित राय शामिल है।वहीं सीनियर खिलाड़ियों में नितिन, कृतिका बर्मन, कोमल गोंड, साक्षी कुमारी, अंजुम आरा, उदय कुमार, प्रिंस राज और नयन भट्टाचार्य शामिल हैं। जबकि कैडेट वर्ग में तनिषा आर्या, विकाश कुमार राय, राहुल कुमार राय, बेबी रावी, आरुष कुमार मंडल,आदित्या राज,अजय कुमार,नितेश कुमार मंडल, विक्की कुमार मंडल,गौतम कुमार, दीपांशु वर्मा,आनंद कुमार, मोहित कुमार, सुशांत मोदी, प्रियोंम मन्ना,आसिफ शफीक, रौनक राय,आयुष दास, खुशी कुमारी, आर्यन राजकुमार शामिल है।


श्री स्वर्णकार ने बताया कि अब तक कि सभी प्रतियोगिताओं में गिरिडीह टीम के खिलाड़ियों ने अपना उम्दा प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वाश जताया कि इस बार भी गिरिडीह के खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड टीम में अपना स्थान पक्का करेंगे।


गिरिडीह जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सुमीर शर्मा, संरक्षक निर्भय शाहबादी, महासचिव अमित स्वर्णकार के अलावा राहुल बर्मन, पंकज कुमार, शशिकांत विश्वकर्मा, मनोहर बर्मा, तपन भट्टाचार्य, पार्थो मन्ना, मुस्कान, अफरोज एवं अन्य सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों को कोडरमा के लिए रवाना किया। सबों ने खिलाड़ियों से पदक जीतने में कामयाब होने की शुभकामनाएं दी है।