रविवार, 22 दिसंबर 2024

दामोदर यादव हत्याकांड में शामिल सभी सात आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह(GIRIDIH)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिलगा गांव निवासी दामोदर यादव हत्याकांड में शामिल सभी सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उनके पास से हत्याकांड में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल, बाइक और लोहे का पंच भी बरामद किया है। उक्त जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने रविवार की शाम प्रेसवार्ता कर दी।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों मो. ताजउद्दीन उर्फ बिट्टू उर्फ फैजान अंसारी, मो. एहसान अंसारी, मो. ताज पे. मोईनउद्दीन, मिथुन हाड़ी, मोहन पासवान उर्फ रितिक, मो. समीर एवं मो. तौफिक शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि कल यानि 21 दिसम्बर को मुफ्फसिल थाना अन्तर्गत चिलगा गांव से सटे कबरीबाद माईंस के निकट दो बाइक पर सवार व्यक्ति को ब्लास्टिंग प्वाइंट पर जाने से सीसीएल ब्लास्टिंग इंचार्ज  द्वारा रोका गया था। उन दोनों लड़कों को ब्लास्टिंग इंर्चाज वसंता कुमार एवं चिलगा के धर्मेंद्र यादव द्वारा मना किया गया तो वे लोग  बहस बाजी करने लगे। इसी बीच चिलगा गांव वालों के सहयोग से उन दोनों को वहां से भगाया गया और वे दोनों बाइक से निकल गये। इसी के बाद वादी मनोज यादव के भाई दामोदर यादव उम्र करीब 42 वर्ष घर से निकलकर बाहर रोड किनारे गली के पास बैठे हुए थे। तभी करीब आधा घंटा बाद पुनः दोनों बाईक सवार अपने साथ करीब 05-06 बाईक में सवार होकर करीब 10 व्यक्ति हाथ में चाकू, रड, भूजाली, लाठी एवं डंडा लेकर आये और वादी के भाई दामोदर यादव को जान मारने की नियत से सभी 08-10 अज्ञात व्यक्ति घेर कर लाठी डंडा से मारपीट करते हुए दामोदर यादव को पेट एवं सीना में चाकू से तीन-चार बार वार किया, जिससे दामोदर यादव गम्भीर रुप से जख्मी होकर जमीन पर गिर गये थे। हो-हल्ला होने पर नैना कुमारी एवं जितनी देवी बीच-बचाव के लिए आयी तो उनके साथ भी अज्ञात बदमाशों के द्वारा लात-घूसा से मारपीट किया गया। जख्मी दामोदर यादव को ईलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया। जहाँ इलाज के दौरान दामोदर यादव की मौत हो गई। इसी दौरान घटना में संलिप्त दो व्यक्तियों ताजउद्दीन उर्फ बिट्टू उर्फ फैजान अंसारी और मो. एहसान अंसारी को ग्रामीणों द्वारा घटनास्थल पर ही पकड़ा गया जबकि अन्य भागने में सफल रहे थे।

उन्होंने बताया कि हत्याकांड की गंभीर घटना के बाद उनके (एसपी के) निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया हैं।


भाजपा नगर इकाई की बैठक में शामिल हुए प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, दिया कार्यकर्ताओं को कई टिप्स

गिरिडीह (GIRIDIH)। भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई की बैठक रविवार को पचम्बा दुर्गा मन्दिर प्रांगण में हुई। बैठक की अध्यक्षता व संचालन नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा ने की। इस बैठक में बतौर  मुख्य अतिथि  प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविन्द्र कुमार राय शामिल हुए।


संगठन महापर्व निमित सदस्यता अभियान कार्यशाला को लेकर आहूत इस बैठक के दौरान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय ने गिरिडीह नगर के कार्यकर्ताओं को कई दिशा निर्देश दिये। उन्होंने पचम्बा के 3 शक्ति केंद्र को मिला कर लगभग 5 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

वहीं इस दौरान मुख्य अतिथि के हाथों आज से हर एक बूथ पर सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। वहीं आगामी 25 दिसम्बर को हर एक बुथो पर अटल बिहारी वाजपेई की जयंती मनाने एवं 29 दिसम्बर को हर बुथो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने को मुख्य अतिथि ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया। 


बैठक में जिला महामंत्री संदीप डगाईच, इंजीनियर विनय सिंह, ज्योति शर्मा, मिथुन चंद्रवंशी, पवन कांधवे, नरेंद्र सिंह, सदानंद वर्मा, रीना शर्मा, शिल्पा सिन्हा, दीपक साह के अलावे काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व नेतागण मौजूद थे।



माहुरी वैश्य महामंडल की बैठक में अगला अधिवेशन सरिया मंडल में करने का निर्णय

गिरिडीह (GIRIDIH)। माहुरी वैश्य महामंडल के कार्यकारिणी समिति की बैठक रविवार को भंडारीडीह स्थित माहुरी छात्रावास सह मथुरासिनी मंदिर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महामंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं संचालन महामंत्री उमाशंकर चरण पहाड़ी ने किया। बैठक में महामंडल के अंतर्गत आनेवाले 43 मंडलों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित विशेष आमंत्रित सदस्य के अलावा समाज के सैकडों महिला पुरुष शामिल हुए।


बैठक की शुरुआत मां मथुरासिनी आरती वंदना के साथ शुरू हुई। मौके पर महामंडल के अध्यक्ष ने समाज में पिछड़ रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने एवं उनके जीविकोपार्जन के लिये कदम उठाने की बात कही।  बैठक में टाटा मंडल में बीते दिनों सम्पन्न हुए कार्यकारणी समिति के बैठक की सम्पुष्टि, अंतरंग समिति की कार्यवाही की सम्पुष्टि की गई। वहीं आगामी अधिवेशन कराने पर चर्चा किया गया।  बैठक में महामंडल के कोषाध्यक्ष द्वारा आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। वहीं आगला अधिवेशन  सरिया मंडल में करने का निर्णय लिया गया। 


बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ, राजेंद्र कुमार, अनिल गुप्ता, रवि कपसीमे, राज कुमार अठघरा, सुमित एकघरा, रेणु कुमारी, उमाशंकर चरण पहाडी, प्रदीप कुमार, शिव कुमार गुप्ता, सुरेश राम,सुनील कुमार,संजय कंधवे,यदुनंदन राम, अनुज सेठ, मनीष आकाश, केंद्रीय महिला समिति की अध्यक्ष पूनम प्रकाश, उपाध्यक्ष सुनीता सेठ, सचिव प्रतिमा सेठ व केंद्रीय नवयुवक समिति के अध्यक्ष संजीत तर्वे के अलावा अंतरंग समिति के सदस्यगण मौजूद थे।


हाथियों में मचाया उत्पात, पीरटांड़ के पालगंज में तीन घरों को किया क्षतिग्रस्त व फसलों को बर्बाद

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के पीरटांड़ प्रखण्ड के ग्रामीण इलाकों में गजराज का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है।  पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों ने पीरटांड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार उत्पात मचा रखा है। इसी कड़ी में शनिवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने पीरटांड प्रखंड के पालगंज पंचायत के सुगवाटांड़ टोला में घुस कर जमकर उत्पात मचाया। 

जहां हाथियों के झुंड ने गीता देवी, विलसी देवी एवं कौशल्या देवी के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं हाथियों ने घर मे रखे अनाज को खा लिया और बचे अनाज को बर्बाद कर दिया। वही हाथियों ने गांव के ही संतु राय के घर मे रखे धान और बारी में लगे आलू के फसल को रौंद डाला।


बताया गया कि हाथियों का झुंड शाम को पीरटांड़ के जलेबिया घाटी के पास था। वन विभाग के कर्मी नजर बनाए हुए थे, लेकिन देर रात हाथियों का झुंड जंगल होते हुए सुगवाटांड़ घुस गया। हाथियों के आगमन से  आसपास के ग्रामीण भी दहशत में है। स्थानीय लोगों नर इसकी सूचना वन विभाग को दी। वहीं सूचना मिलते ही झारखण्ड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। 


इस दौरान मंत्री ने हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किये गए तीन घरों के परिवार को दस दस हजार का चेक और एक एक पेटी चावल दिया। वहीं जिनका फसल और अनाज हाथियों ने बर्बाद किया उन्हें एक बोरा चावल दिया। मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि वन विभाग को बोलकर सभी भुक्तभोगी परिवार को उचित मुआवजा राशि भी दिलाया जाएगा। इस दौरान मंत्री के साथ बीडीओ मनोज मराण्डी, मुखिया शशीबाला देवी, पंसस योगेंद्र तिवारी,रवि रंजन सिन्हा,  रामेश्वर राय, बड़कू मुर्मू सहित कई लोग उपस्थित थे।

कर्ण गोष्ठी महिला समूह ने वृद्धाश्रम में मनाया चौथा स्थापना दिवस

गिरिडीह (GIRIDIH)।  कर्ण गोष्ठी महिला समूह द्वारा संगठन का चौथा वर्षगांठ रविवार को स्नेहदीप वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान संगठन की महिलाओं ने वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों को स्वादिष्ट भोजन कराया और का आशीर्वाद लिया। 


कार्यक्रम की अगुवाई समूह की संस्थापक सुनीता दास और राखी दास ने की। इस अवसर पर संजू चौधरी, सिया कुमारी, रीना कुमारी, ऊपा रानी दास,चंदा लाभ, सुनंदा कर्ण, चेतना कुमारी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थी।


मौके पर समूह की संस्थापक सुनीता दास ने बताया कि यह महिलाओं का समूह समाज हित में बीते चार वर्षों से काम कर रही है। भविष्य में भी समूह लोकहित के कार्यों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान समूह की महिलाओं ने वृद्धाश्रम के वृद्धजनों के साथ सहानुभूतिपूर्ण बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिया।

अपराध की योजना बना रहे छह अपराधियों को पुलिस ने किया दो देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार

गिरिडीह(GIRIDIH)।  गिरिडीह पुलिस ने जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के घुज्जी जंगल में अपराध की योजना बना रहे छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने दो देसी कट्टे भी बरामद किए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विमल कुमार ने रविवार को प्रेसवार्ता कर दी। 





उन्होंने बताया कि अपराधियों की योजनाओं के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और यह कार्रवाई की। एसपी ने बताया कि सूचना के आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंच अपराधियों की योजना का सत्यापन किया और उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। 



एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में मो समीर अंसारी,रेहान अंसारी और रिजवान अंसारी धनवार का निवासी है। जबकि फणीभूषन साव एवं शिबू साव बिरनी का तथा  सिराजुद्दीन अंसारी लालबाजार का निवासी है। सभी छह अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस को दिए स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे सभी इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जुटे हुए थे। लेकिन पुलिस की तत्परता ने उनकी योजनाओं को नाकाम कर दिया।



इधर,एसपी डॉक्टर विमल कुमार ने इस सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गिरिडीह पुलिस क्षेत्र में अपराधों पर काबू पाने के लिए लगातार मेहनत कर रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाइयों को जारी रहेगी।