रविवार, 22 दिसंबर 2024

हाथियों में मचाया उत्पात, पीरटांड़ के पालगंज में तीन घरों को किया क्षतिग्रस्त व फसलों को बर्बाद

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के पीरटांड़ प्रखण्ड के ग्रामीण इलाकों में गजराज का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है।  पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों ने पीरटांड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार उत्पात मचा रखा है। इसी कड़ी में शनिवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने पीरटांड प्रखंड के पालगंज पंचायत के सुगवाटांड़ टोला में घुस कर जमकर उत्पात मचाया। 

जहां हाथियों के झुंड ने गीता देवी, विलसी देवी एवं कौशल्या देवी के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं हाथियों ने घर मे रखे अनाज को खा लिया और बचे अनाज को बर्बाद कर दिया। वही हाथियों ने गांव के ही संतु राय के घर मे रखे धान और बारी में लगे आलू के फसल को रौंद डाला।


बताया गया कि हाथियों का झुंड शाम को पीरटांड़ के जलेबिया घाटी के पास था। वन विभाग के कर्मी नजर बनाए हुए थे, लेकिन देर रात हाथियों का झुंड जंगल होते हुए सुगवाटांड़ घुस गया। हाथियों के आगमन से  आसपास के ग्रामीण भी दहशत में है। स्थानीय लोगों नर इसकी सूचना वन विभाग को दी। वहीं सूचना मिलते ही झारखण्ड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। 


इस दौरान मंत्री ने हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किये गए तीन घरों के परिवार को दस दस हजार का चेक और एक एक पेटी चावल दिया। वहीं जिनका फसल और अनाज हाथियों ने बर्बाद किया उन्हें एक बोरा चावल दिया। मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि वन विभाग को बोलकर सभी भुक्तभोगी परिवार को उचित मुआवजा राशि भी दिलाया जाएगा। इस दौरान मंत्री के साथ बीडीओ मनोज मराण्डी, मुखिया शशीबाला देवी, पंसस योगेंद्र तिवारी,रवि रंजन सिन्हा,  रामेश्वर राय, बड़कू मुर्मू सहित कई लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें