रविवार, 5 दिसंबर 2021

फर्नीचर व्यवसायी के घर हुई लूटकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, छह अपराधी गिरफ्तार

लूटी गई कार, नगद राशि, गलाया गया सोना, चांदी के जेवरात व 8 मोबाइल पुलिस ने किया बरामद


[राजेश कुमार]
गिरिडीह: गिरिडीह के फर्नीचर व्यवसायी उत्तम गुप्ता के घर हुई डकैती कांड का पुलिस ने उदभेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग जिलों से छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

 गिरफ्तार अपराधियों में पलामू के आनंद कुमार महतो, गिरिडीह शहरी क्षेत्र के भण्डारीडीह निवासी संजय विश्वकर्मा और राजकुमार पासवान, धनबाद निवासी भुनेश्वर बेलदार, अहिल्यापुर (गांडेय) निवासी सुनील साव और सोने को गला कर बेचने वाले पलामू जिले के जेवर व्यवसायी गोपाल सोनी शामिल है। वंही पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से लूटी गई कार, नगद राशि, गलाया गया सोना, चांदी के जेवरात व 8 मोबाइल भी बरामद किया है। उक्त जानकारी डीएसपी संंजय कुमार रााणा ने रविवार को एक प्रेसवार्ता कर दी।

डीएसपी ने बताया कि 17 नवंबर को डकैती करने के बाद अपराधी व्यवसायी की हुंडई कार लेकर फरार हुए थे। कार को लेकर 18 नवंबर को अपराधी पलामू पहुंच गए।जहां कार को नया लूक दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पलामू-गढ़वा के बॉर्डर पर स्थित रेहला से कार को बरामद कर लिया गया है। बताया कि 18 नवम्बर को ही डकैती किये गये आभूषण को अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में बेच दिया। ज्वेलरी दुकानदार ने उसी शाम आभूषण को गला दिया। ताकि आभूषण की पहचान नहीं हो सके। इससे साथ ही 19 नवंबर को आभूषण का गला हुआ अवशेष बनारस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि फर्नीचर व्यवसायी उत्तम कुमार गुप्ता के घर में निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान उनके घर में घुस कर रेकी की थी।  गिरिडीह के एक अपराधी ने धनबाद और पलामू से आए अपराधियों को घर दिखाया था। उसके बाद डकैती की योजना बनी और डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। बहरहाल पुलिस ने लगातार छापामारी अभियान चलाकर मामले का खुलासा करते हुए इस कांड में शामिल 6 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफल हुई।

गौरतलब है कि बीते 17 नवंबर की रात नगर थाना क्षेत्र के बक्सीडीह रोड स्थित कांग्रेस ऑफिस से सटे फर्नीचर व्यवसायी उत्तम कुमार गुप्ता के घर भीषण डकैती हुई थी। अपराधियों ने उस दौरान घर मे धावा बोलकर कार और जेवरात समेत लाखों की संपत्ति लूट ली थी। इतना ही नहीं अपराधियों ने फर्नीचर व्यवसायी के पुत्र को भी मारपीट कर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया था। घटना के बाद इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

इस मामले में एसपी अमित रेणू के निर्देश पर पुलिस विशेष तरीके से जांच पड़ताल में जुटी थी। डीएसपी संजय कुमार राणा के मार्गदर्शन में नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी, कॉन्स्टेबल विमलेश कुमार महतो और अशोक कुमार लगातार मामले की तफ्तीश में जुटे थे। इस दौरान पुलिस ने धनबाद, पलामू और गिरिडीह के कई स्थानों पर छापेमारी की और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी किया। अंततः पुलिस अपराधियों को धर दबोचने में सफल हुई।

शनिवार, 4 दिसंबर 2021

49 वर्ष का हो गया है गिरिडीह जिला



◆4 दिसम्बर 1972 को हजारीबाग जिले का विभाजन से यह स्वतन्त्र जिला के रूप में अस्तित्व में आया था


[राजेश कुमार]
गिरिडीह : जिला 1972 में हजारीबाग से अलग होकर जिला बना था। यह जिला अभ्रक, कोयला, बांस, कटहल और पलास के लिए प्रसिद्ध है। झारखंड की सबसे ऊंची पहाड़ी पारसनाथ, इसी जिला में अवस्थित है। जो जैनियों का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल भी है। झारखंड धाम, हरिहर धाम, दुखहरण धाम, खंडोली डैम, सूर्य मंदिर, कबीर ज्ञान मंदिर, साई मंदिर, उसरी जलप्रपात जैसे पर्यटक स्थल गिरिडीह जिले में ही स्थित है। गिरिडीह विश्व प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस की कर्मभूमि भी रही है।


स्थापना, पृष्ठभूमि एवं भौगोलिक परिदृश्य :

गिरिडीह जिले का मुख्यालय गिरिडीह के रूप में शहर है। गिरिडीह जिला 4 दिसंबर 1972 को हजारीबाग से अलग होकर बना था। यह जिला 24 डिग्री 11 मिनट उत्तर अक्षांश और 86 डिग्री 18 मिनट पूर्व देशान्तर के बीच स्थित है। उत्तरी छोटा नागपुर प्रमण्डल के लगभग मध्य भाग में स्थित है , जिसके उत्तर में बिहार के जमुई और नवादा जिले पुर्व में देवधर और जामताड़ा दक्षिण में धनबाद और बोकारो तथा पश्चिम में हजारीबाग एवं कोडरमा जिले है। गिरिडीह जिला 4853.56 वर्ग किमी के क्षेत्र में फैला हुआ है। गिरिडीह घने जंगल से घिरा हुआ है और केंद्रीय और निचले पठार पर स्थित है। गिरिडीह के क्षेत्र का पश्चिमी हिस्सा केंद्रीय पठार पर स्थित है। निचले पठार में 1300 फीट की औसत ऊंचाई के साथ सतह को अपनाने वाली सतह शामिल है। निचले पठार का उत्तरी भाग मुख्य रूप से टेबल भूमि के लिए जाना जाता है। पठार 1300 फीट की ऊंचाई बनाए रखता है जब तक कि वह घाट तक पहुंच न जाए जहां औसत ऊंचाई 700 फीट है। यह क्षेत्र घने वनस्पति से ढका हुआ है, खासकर साल और सागवान जंगलों द्वारा। अन्य सामान्य पाए जाने वाली प्रजातियां सिमुल, बांस, पला, महुआ, कुसुम, आसन पियर, केंड और भल्वा हैं। बरकर और सकरी नदियां गिरिडीह के माध्यम से बहती हैं और इस क्षेत्र की जैव विविधता में अत्यधिक योगदान देती हैं। भौगोलिक दृष्टिकोण से गिरिडीह जिला जंगल झाड़ और पहाड़ों के बीच में बसा हुआ है। यह क्षेत्र उत्तरी छोटानागपुर पठार के अंतर्गत शामिल किया जाता है। यहां पहाड़ ही पहाड़ दिखाई पड़ते हैं। यहां स्थित पठारी भूभाग की औसत ऊंचाई समुद्र तल से 500 मीटर से भी अधिक है।

गिरिडीह का संक्षिप्त इतिहास :

गिरिडीह का शाब्दिक अर्थ है- पहाडों का डीह अर्थात पहाड़ों की भूमि अथवा क्षेत्र है।  पूरे गिरिडीह जिले में सैकड़ों पहाड़ है। अधिकतर पहाड़ डुमरी और पीरटांड़ के क्षेत्रों में दिखाई पड़ता है। गिरिडीह पहले हजारीबाग नामक जिले का हिस्सा था। शहर छोटानागपुर पठार में स्थित है। पूरे क्षेत्र में घने वन वनस्पति और पहाड़ी तलों से ढका हुआ है। यह क्षेत्र बसे हुए कई जनजातीय समुदायों के अधीन था । आजादी से पहले क्षेत्र हजारीबाग का हिस्सा था। मुंडा इस जनजातीय भूमि के पारंपरिक शासकों थे। 1556 एडी में मुगल सम्राट अकबर सत्ता में आने तक भूमि अनदेखा बनी रही। अकबर के उत्तराधिकार के बाद यह क्षेत्र मुगल साम्राज्य का हिस्सा बन गया। पूरे झारखंड के साथ हजारीबाग को खुखरा कहा जाता था। बाद में 18 वीं शताब्दी की शुरुआत में, इस क्षेत्र को हजारीबाग के ब्रिटिश नियंत्रित जिले में शामिल किया गया था। यह शहर लंबे समय से ब्रिटिश शासन के तहत दक्षिणपश्चिम फ्रंटियर एजेंसी का हिस्सा रहा है। बाद में 1854 में दक्षिणपश्चिम फ्रंटियर एजेंसी को छोटा नागपुर में बदल दिया गया। हालांकि वर्तमान समय में गिरिडीह शहर को राज्य के अलगाव से पहले बिहार सरकार द्वारा विकसित किया गया था।


स्थिति और विस्तार :

यह जिला उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के मध्य में स्थित है। इसके उत्तर में बिहार के जमुई और नवादा जिले हैं। पूर्व में देवघर और जामताड़ा जिला स्थित है। जबकि पश्चिम में हजारीबाग और कोडरमा जिला से यह सटा हुआ है। वहीं दक्षिण में धनबाद और बोकारो जिला स्थित है। शेरशाह सूरी मार्ग (NH-2) इस जिले से होकर गुजरती है। यह जिला 24°11′ उत्तरी अक्षांश से 24°18′ उत्तरी अक्षांश तक तथा 86°11′ पूर्वी देशांतर से 86°30′ पूर्वी देशांतर तक विस्तृत है। गिरिडीह का क्षेत्रफल 4854 वर्ग किलोमीटर (1874 वर्ग मील) है।

खनिज संसाधन :

गिरिडीह एक खनिज समृद्ध क्षेत्र है।  गिरिडीह अभ्रक और कोयले के लिए प्रसिद्ध है। सबसे अच्छी गुणवत्ता कोयला की खानें मौजूद है। खनिज समृद्ध भूमि में अबरख की उच्च उपलब्धता भी है। तिसरी और गावां प्रखण्ड में अयस्क और खनिजों से समृद्ध है जिसका उपयोग भारत सरकार द्वारा किया जाता है। यहां अभ्रक को चुना जाता है तथा इसे साफ कर बाहर भेजा जाता है। गिरिडीह में सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (CCL) की खानें हैं। क्षेत्र में जलवायु की स्थिति आम तौर पर शुष्क होती है। इस क्षेत्र में खर्च करने का सबसे सुखद समय सर्दियों के दौरान होता है। ग्रीष्म ऋतु मुख्य रूप से गर्म और आर्द्र हैं। मई के महीने के दौरान, कभी-कभी तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। क्षेत्र जून के महीने के दौरान मानसून का अनुभव करता है। गिरिडीह 24.18 डिग्री उत्तर 86.3 डिग्री पुर्व में स्थित है। इसकी औसत ऊंचाई 28 9 मीटर (9 48 फीट) है।  

वनस्पति :

गिरीडीह जिला बांस, कटहल और पलाश के लिए जाना जाता है। इसके अतिरिक्त यहां सखुआ (साल), महुआ, आम, कुसुम, सेमल, केंन्दु, आसन, पियार, अकेसिया, यूकेलिप्टस, शीशम, भेलवा आदि विभिन्न प्रकार के वृक्ष पाए जाते हैं।

पलाश : यहां बसंत ऋतु में पलाश के फूल से पूरे वन क्षेत्र महकने लगता है। जो पर्यटकों को बरबस ही अपनी और आकर्षित करता है पूरा जंगल पलाश के फूलों से ढक जाता है।

बांस : गिरिडीह पलाश के अतिरिक्त बांस के लिए भी जाना जाता है। बांस एक महत्वपूर्ण वनस्पति है जिसका इस्तेमाल घर बनाने, चटाई, टोकरी, सूप कई प्रकार के आवश्यक कार्यों में किया जाता है। बांस यहां बहुतायत में पाया जाता है। बांस के कोपले जिसे यहां करील के नाम से लोग जानते है

बांस का करील : इस करील का इस्तेमाल सब्जी, भुंजिया, अचार, मुरब्बा तथा दवा के रूप में प्रयोग में लाई जाती है।

कटहल : गिरिडीह जिला पृथ्वी के सबसे बड़े फल कटहल के लिए प्रसिद्ध है। यहां कटहल के पौधों को लगाया जाता है। कटहल को सब्जी और अचार आदि रूपों में प्रयोग में लाया जाता है।

यंहा की प्रमुख नदियां :

यहां दामोदर की बड़ी सहायक नदी बराकर बहती है। और बराकर की सहायक नदी उसरी नदी के किनारे गिरिडीह शहर बसा हुआ है। इसी नदी पर उसरी नामक आकर्षक जलप्रपात है। जिसे देखने के लिए हजारों पर्यटक प्रतिवर्ष पहुंचते हैं।


गिरिडीह के पर्यटन स्थल :

यह क्षेत्र प्रकृति की गोद में स्थित है जो आगंतुकों के लिए कई दर्शनीय स्थलों का भ्रमण विकल्प प्रदान करता है। यह क्षेत्र कई आकर्षक प्राकृतिक स्थलों के साथ बिखरा हुआ है। यह क्षेत्र कई भक्ति स्थानों का केंद्र भी है जो साल भर देखने के लिए तीर्थयात्रियों का तांता लगा रहता हैं। शहर में जाने के लिए कुछ लोकप्रिय स्थान हैं।

1. श्री सम्मेद शिखरजी (परसनाथ हिल्स)
2. लंगटा बाबा समाधि स्थल
3. उसरी फॉल
4. खंडोली बांध
5. हरिहर धाम
6. दुखिया महादेव मंदिर
7. झारखंड धाम
8. श्री कबीर ज्ञान मंदिर
9 . जलीय सूर्य मंदिर

बुधवार, 1 सितंबर 2021

डिक्की खोल रूपये की चोरी करते रंगे हाथ धराया चोर, लोगों ने किया पुलिस के हवाले

चोर की पूरी करतूत हुई सीसीटीवी में कैद
                    धराया डिक्की चोर

धनबाद : जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के बाघमारा बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया केशरगढ़ शाखा के समीप बाइक की डिक्की को खोल कर पैसा चोरी करने वाला चोर पकड़ा गया।

बाघमारा बाजार में बीसीसीएल कर्मी पुरन वेलदार कुछ समान खरीददारी करने हेतु अपनी बाइक को सड़क किनारे खड़ा किये और खरीददारी करने लगे। इसी दौरान एक चोर उनकी बाइक की डिक्की में रखे 20 हजार रुपये को डिक्की खोलकर चुरा लिया और भाग निकला। संयोगवश बीसीसीएल कर्मी की नजर चोर पर पड़ गई और वह दौड़ कर चोरी कर भाग रहे  चोर को पकड़ लिया। जिसके बाद स्थानीय लोगो ने चोर की जमकर पिटाई किया। धराये चोर ने बताया कि वह धनबाद स्टेशन के समीप रहता है। 

मामले की जानकारी मिलने पर बाघमारा पुलिस मौके पर पहुची। लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। चोर को पुलिस थाने ले गई । इस दौरान चोर की सारी करतूत पास के एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।

वही घटना के बावत थाने में दिये आवेदन में भुक्तभोगी बीसीसीएल कर्मी ने बताया कि वह हरिणा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की बाघमारा शाखा से 20 हजार रुपये निकासी किया था। जिसे बाइक की डिक्की में रख बाघमारा बाजार में सड़क किनारे बाइक को खड़ा कर दुकान समान लेने लगे। तभी उसकी नजर बाइक की डिक्की को तोड़ रहे चोर पर पड़ी और उन्होंने दौड़ कर उसे पकड़ लिया।
 
वही इस मामले में बाघमारा थाना एसआई अनिल भुइया ने कहा कि एक चोर बाइक की डिक्की को तोड़ पैसा चोरी कर रहा था। जिसे लोगो ने पकड़ लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुच चोर को कब्जे में लेकर थाने ले आई। भुक्तभोगी बीसीसीएल कर्मी के लिखित शिकायत पर आगे की कार्रवाई किया जाएगा।

मंगलवार, 31 अगस्त 2021

किसान मंच करेगा अपर समाहर्ता कार्यालय के समक्ष 7 सितम्बर से चरणबद्ध आंदोलन

किसान मंच की बैठक में हुआ गिरिडीह, बेंगाबाद व गांडेय कमिटी के पुनर्गठन
  
          किसान मंच की बैठक में मौजूद सदस्यगण

गिरिडीह :  किसान मंच की बैठक मंगलवार को स्थानीय झंडा मैदान में हुई। बैठक में किसानों को कानूनी अधिकार से वंचित करने के विरोध में आगामी 7 सितम्बर से किसान मंच द्वारा अपर समाहर्ता कार्यालय के समक्ष चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। 

किसान मंच के संयोजक सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि किसान मंच की ओर से गिरिडीह जिला के सभी 13 अंचल के रजिस्टर का प्रमाणित प्रति सूचना अधिकार के तहत मांगा था। निर्धारित समय पर जब सूचना नहीं मिला तो अपर समाहर्ता के न्यायालय में कूल 13 अपील दायर किया गया। प्रथम तिथि को सुनवाई के दौरान द्वितीय पक्ष से कोई उपस्थित नहीं हुआ। पुनः सुनवाई हेतु दूसरी तिथि 30 जुलाई को दी गई। लेकिन सुनवाई नहीं किया गया। बाद में 25 अगस्त का डेट दिया गया। 25 अगस्त को जब न्यायालय पहुंचा तो पता चला कि अपील वाद संख्या 9/21-22, 10/21-22 एवं, 20/21-22 के अपील की कार्यवाही समाप्त कर दी गई है। कहा कि अपील वाद का बिना सुनवाई के ही समाप्त कर देना किसानों को कानूनी अधिकार से वंचित कर देना है।

बैठक के दौरान जिला कमिटी द्वारा गिरिडीह, गांडेय और बेंगाबाद प्रखंड कमिटी का पुनर्गठन करते हुये हदीश अंसारी को गिरिडीह सदर प्रखंड का अध्यक्ष बनाया गया।  जबकि नबी अंसारी को बेंगाबाद प्रखंड  और बीरू प्रसाद वर्मा गांडेय प्रखंड का अध्यक्ष  को बनाया गया।  बैठक में अजीत कुमार सिन्हा, जागेश्वर ठाकुर, गंगाधर यादव के अलावे काफी में मंच से जुड़े महिला पुरुष सदस्य उपस्थित थे।

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

बैठक में वक्ताओं ने दिया महिला जागृति पर जोर,कहा महिला जागेगी तभी समाज मे आयेगा बड़ा परिवर्तन

85% मूलनिवासियों को उनका हक और अधिकार दिला सकता है बामसेफ :  राजेश कुमार रवि
                    बैठक में मौजूद लोग

गिरिडीह  :  बामसेफ जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रवि ने कहा कि भारत मे बामसेफ ही एक ऐसा संगठन है जो 85% मूलनिवासियों को उनका हक और अधिकार दिला सकता है। कहा कि जन जागृति के माध्यम से बहुजन समाज के लोग को जगाया जा सकता है। रवि जिले के जमुआ प्रखंड स्थित बुद्ध विहार में मंगलवार को आयोजित बाम भारत मुक्ति मोर्चा अन्य ऑफ सूट विंग की बैठक को बतौर मुख्य अथिति सम्बोधित कर रहे थे। 

 इस बैठक की अध्यक्षता प्रवीण कुमार एवं संचालन पंखराज दास ने किया। मौके पर रवि ने समाज की महिलाओ को जगाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि समाज की महिला जागेगी तभी समाज मे सबसे बड़ा परिवर्तन आयेगा।

वंही बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रवीण कुमार ने  मनुवादी व्यवस्था को त्यागने की वकालत करते हुये बहुजन समाज के महापुरूषों की इतिहास को पढ़ने पर बल दिया। कहा कि समाज के महापुरुषों की जीवनी और उनके इतिहास को जानकर ही समाज का विकास हो सकता है।

बैठक में नारायण कुमार दास , महेन्द्र दास, जयनारायण दास,राजकुमार पासवान, नंदकिशोर दास, रामेश्वर दास, राजकुमार दास, राधे दास, राजेन्द्र दास, प्रदीप रजक, महेश दास, चेतलाल दास सफीउलाल अंसारी, नेहाल खान, सुमन कुमार आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

बिरनी में स्वंय सेवकों ने मनाया विहिप के 75 वें स्थापना दिवस

विहिप के 75 वें स्थापना दिवस पर स्वंयसेवकों ने लिया प्रत्येक शनिवार को संध्या आरती व भजन करने का संकल्प

           स्थापना दिवस कार्यक्रम में मौजूद लोग

गिरिडीह :  जिले के बिरनी प्रखंड के बाराडीह पंचायत स्थित प्रतिमा धाम के अलावे झरखी व अरारी पंचायत के सिरमाटांड़ में विहिप का 57 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।

 कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर तथा द्वीप प्रज्जविलत कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विहिप व बजरंग दल की विशेषता और उपलब्धि पर चर्चा किया गया। वंही प्रत्येक शनिवार को सन्ध्या सत्संग, भजन व आरती करने का संकल्प मौजूद स्वंय सेवकों ने लिया।


मौके पर जिला सह मंत्री निरंजन कुमार ने बताया कि विहिप की स्थापना 29 अगस्त 1964 को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर किया गया था। तब से अब तक विहिप देश हित व समाजहित के कार्यों में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करती आ रही है। सामाजिक कुरीतियों को दूर कर एक शाश्वत समाज के निर्माण में इस संस्था के योगदान को भुलाया नही जा सकता।


विहिप प्रखंड अध्यक्ष सन्तोष कुमार साव की अगुवाई में आयोजित इस स्थापना दिवस कार्यक्रम में  अशोक कुमार कुशवाहा, ईश्वर पण्डित,गौतम सिंह,  आरती कुमारी, सरिता देवी, रजनी देवी, नागेश्वरी देवी,अनिता देवी, मालती देवी, विशाल बजरंगी , सदानन्द बर्णवाल, रोहित बजरंगी, मनु कुमार, चन्दन समेत बिरनी प्रखंड के विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी पहुंचे गिरिडीह, किया कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण

वोटरों से मिलकर चुनाव के प्रति किया वोटरों संग रायशुमारी  

          वोटरों से राय शुमारी करते अधिकारी

गिरिडीह : राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि कुमार मंगलवार को गिरिडीह पहुंचे। मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गिरिडीह के कई बूथों का निरीक्षण और कई बूथ के वोटरों से मुलाकात किया।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी जिले के धनवार विस के तिसरी प्रखंड स्थित दूधपनियां के मतदान केन्द्र 154 पहुंचे। इस दौरान उनके साथ धनवार एसडीएम धीरेन्द्र सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। मौके पर मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने मतदाता सूची में अंकित वोटरों के नाम के अनुसार वोटरों से मिले। कई वोटरों से मिलने के बाद और मतदान केन्द्र का निरीक्षण कर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरिडीह जिला मुख्यालय पहुंचे। 

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नौ के शास्त्री नगर स्थित मतदान केन्द्र संख्या 27 संत जोसेफ स्कूल पहुंचे। और वहां मौजूद बीएलओ से मतदाता सूची लेकर शास्त्री नगर के कई वोटरों से मिले। मौके पर मुख्य चुनाव पदाधिकारी के साथ प्रशिक्षु आईएएस सह प्रभारी बीडिओ पीयूष कुमार, सदर एसडीएम विशालदीप खलखो और सदर अचंलाधिकारी रविभूषण प्रसाद समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।

             बीएलओ से बात करते अधिकारी

बूथ निरीक्षण के क्रम में निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि पिछले कुछ चुनाव मेंतमाम प्रयासों के बाद भी अपेक्षित मतदान नहीं हुआ है। इसके कारणों को जानने हेतु बूथों का दौरा किया जा रहा है। 

गौरतलब है कि पिछले कुछ चुनाव में जिले के कई मतदान केंद्रों के मतदान का प्रतिशत औसत से बेहद कम रहा है। यधपि आयोग के निर्देश पर बेहतर मतदान कराने को लेकर हरसंभव प्रयास किए गए थे। महिलाओं के लिए खास तौर पर पींक बूथ तो आदर्श मतदान केन्द्र जैसे कारगर उपाय भी किया गया था। बाबजूद इसके मतदान का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। जिसे लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़ी नाराजगी जाहिर किया था।

बहरहाल निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के गिरिडीह आगमन के बाद यह माना जा रहा है कि गिरिडीह नगर निगम के साथ धनवार और बड़की सरिया के चुनाव की अधिसूसचना शीघ्र ही जारी हो सकती है। 

श्रीकृष्णा जन्माष्टमी पर हुआ भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन

भक्तों ने लगाया भक्ति रस की सरिता में गोंते


                उद्घाटन करते मुख्य अतिथि


गिरिडीह :  श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के गांडेय प्रखंड के बदगुंदा में सोमवार की रात्रि में भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव उपस्थित हुये। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। मौके पर यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हिंदू धर्म में सबसे प्रिय है। इनके जन्मोत्सव पर न केवल महिलाएं बल्कि पुरुष भी उपवास करते हैं और पूरे श्रद्धा भक्ति के साथ पूजा अर्चना करते है। उन्होंने कहा कि भक्ति से ही शक्ति मिलती है। इसलिए सभी को भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना करनी चाहिए।


इस दौरान आयोजित भक्ति जागरण कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जिससे गदगद हो श्रोता व दर्शक भाव विभोर हो कार्यक्रम का लुत्फ  उठाया और जमकर भक्ति रस की बहती सरिता में गोंते लगाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक समिति के कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय  रही। कार्यक्रम में दीपक कुमार, सुरेंद्र यादव, अजय कुमार समेत कई गण्यमान्य व प्रबुद्ध लोगों के साथ स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।


रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

जन्मष्टमी उत्सव में शामिल होने गये थे लोग, घर से लाखों के जेवरात व कीमती सामानों की हुई चोरी

बगोदर-बिष्णुगढ़ सीमा क्षेत्र में बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अलपीटो पंचायत अंतर्गत हेठली बोदरा गांव की


गिरिडीह : बगोदर इलाके में सोमवार रात जब परिवार के लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने गये थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर पर धावा बोल कर लाखों रुपये के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चुरा कर फरार हो गये।

जन्माष्टमी उत्सव मनाकर घर लौटे परिवार वालों ने घर की स्थिति देखा तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। घर के सभी ताले टूटे देखा। वंही घर में भीतर के सारे सामानों को बिखरे देखकर महिलाएं रोने लगीं। शोर गुल सुन आसपास के लोगों की भीड़ वँहा जुट गई। बाद में घटना की सूचना पुलिस को जानकारी दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार बगोदर-बिष्णुगढ़ सीमा क्षेत्र में बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अलपीटो पंचायत अंतर्गत हेठली बोदरा गांव के राधा कृष्ण मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया गया था। गृहस्वामी राजकुमार यादव, उनकी पत्नी और बच्चे इसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में केवल राजकुमार की बूढ़ी मां और ढाई साल की बच्ची सोई थी। इसी दौरान चोरों ने घर के मेन दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर पहुंचे और जिस कमरे में बूढ़ी माँ और बच्चे सो रहे थे, उस कमरे में बाहर से सिटकनी लगा दी। इसके बाद घर के तीन अलग-अलग कमरे में लगे तालों को तोड़ा और इत्मीनान से चोरी की घटना को अंजाम दिया। 

राजकुमार की पत्नी के अनुसार चोरों ने पांच बक्से को घर से थोड़ी दूरी पर मकई के खेत में फेंक दिया। जहां से चोरों का एक हाफ पैंट गिरा पड़ा मिला है बताया जा रहा है कि बर्तन और कपड़े को चोरों ने छोड़ दिया और जेवरात लेकर भाग गए।

सोमवार रात्रि हुई इस चोरी की सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। भुक्तभोगी राज कुमार यादव की पत्नी ने बताया कि एक लाख रुपए से अधिक के जेवरात चोरी हुए हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित भक्ति जागरण में रात भर झूमे श्रोता

सिहोडीह के गोकुलधाम चौधरी मुहल्ला में धूम धाम से मनाया गया जन्माष्टमी उत्सव

     गायन प्रस्तुत करती कलाकार व झूमते भक्तजन


गिरिडीह : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 11 सिहोडीह गोकुलधाम चौधरी मुहल्ला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बड़े ही धूम धाम से मनाया गया। मौके पर राधा-कृष्ण  की प्रतिमा पूजन उपरांत भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। जिसमें बोकारों की गायिका सुरभि ओर ज्योति ने श्रद्धालुओं को अपनी गीतों से रातभर झुमाते रहे। स्थानीय कलाकारों द्वारा इस अवसर पर एक से बढ़कर एक झांकी की प्रस्तुति की गई।

सिहोडीह गोकुलधाम चौधरी मुहल्ला में पिछले 2 वर्षों से राधा कृष्ण की प्रतिमा की स्थापना की गई थी। भक्ति जागरण के मौके पर स्थानीय वार्ड पार्षद अशोक राम ने कहा कि राधा कृष्ण की मूर्ति स्थापित होने से इस क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है। यहां के लोग अपनी समस्या या किसी भी विवाद का हल इस मंदिर के प्रांगण में बैठकर निपटा लेते है और कोई भी शिकायत आज तक उनके पास नही पहुँची है। 

उन्होंने कहा कि जल्द ही चौधरी मुहल्ला गोकुलधाम राधे नगर के नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में लखन चौधरी, जितु चौधरी, टेकलाल चौधरी, पंचम बर्मन, राजू चौधरी, दिलीप सिंह, उमेश यादव, भुनेश्वर चौधरी, मुकेश चौधरी, झगरू चौधरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।


रिपोर्ट : श्याम कुमार

आर्थिक तंगी से तंग आकर एक युवक ने की आत्महत्या

दैनिक मजदूरी करने वाला मजदूर था दुलारचंद दास

                  रोते बिलखते परिजन

गिरिडीह  :  गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह हरिजन मोहल्ला में आर्थिक तंगी से तंग आकर एक युवक ने फांसी के फंदे से झूलकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।

जानकारी के अनुसार सिहोडीह निवासी स्व मुंशी दास का पुत्र दुलारचंद दास (35) दैनिक मजदूरी करने वाला मजदूर था। उसने महिला समूह से साप्ताहिक लोन का पैसा कर्ज लिया था और आर्थिक तंगी के कारण सप्ताहिक लोन की क़िस्त जमा नही कर पा रहा था। इस कारण वह काफी तनाव में रहता था।  इस तनाव की वजह से ही सोमवार की देर रात्रि उसने आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिली।

                   पूछताछ करती पुलिस

परिजनों के अनुसार दुलारचंद सोमवार की रात परिवार के साथ खाना खाया और फिर सोने चला गया। सुबह जब परिवार के लोग जगे और दुलार के रूम का दरवाजा नहीं खुला देखा तो उन्हें शंका हुई। परिजनों ने रूम का गेट तोड़ कर देखा तो उसका शव फंदे से झूलते पाया। घटना की सूचना मुफस्सिल थाने की पुलिस को दी गई।  सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाने के सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद प्रसादसडल बल मौके पर पहुंचे और उसकी लाश को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

मौके पर मौजूद स्थानीय वार्ड पार्षद अशोक राम ने बताया कि सोमवार को ही दुलारचंद ने अपनी पत्नी को मायके भेज दिया था और रात को आत्महत्या कर  लिया। उन्होंने बताया कि महिला समिति से दुलार कुछ लोन लिया था। लेकिन वह पिछले कई सप्ताह से आर्थिक तंगी के कारण लोन का क़िस्त जमा नही कर पा रहा था। जिससे वह तनाव में रह रहा था।
बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। 

रविवार, 29 अगस्त 2021

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एनएमओपीएस ने सौपा मुख्यमंत्री के नाम झामुमो जिलाध्यक्ष को ज्ञापन

जिला संयोजक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली के लिये मिला प्रतिनिधिमंडल
          झामुमो जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते लोग
 

गिरिडीह :  राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली अभियान  (एनएमओपीएस) झारखंड के बैनर तले  एनएमओपीएस का एक प्रतिनिधि मंडल रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह से मुलाकात की। जिला संयोजक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने पुरानी पेंशन बहाली करने की मांग को लेकर झामुमो जिलाध्यक्ष को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। 

मौके पर जिला संयोजक मुन्ना कुशवाहा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के चुनावी घोषणा पत्र को याद दिलाते हुए उसे एनपीएस कर्मचारियों के हित में लागू करने का आग्रह किया। कहा कि सुना है कि - हेमंत है तो हिम्मत है-- इस कड़ी में हिम्मत दिखाते हुए अपने वायदे को पूरा करने का काम करें। ताकि झारखंड के सभी एनपीएस कर्मी तन मन से कार्य करते हुए राज्य को विकास के रास्ते पर अग्रसर हो सके। 

             प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोग

वहीं झामुमो जिलाध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए ज्ञापन को वह स्वयं मुख्यमंत्री को सौंपेंगे साथ ही स्थानीय विधायक के माध्यम से भी वर्तमान विधानसभा सत्र में ध्यानाकृष्ट कराऊंगा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार अपने चुनावी वायदे को एक-एक कर पूरा कर रही है। आप सबों की भी मांग को अवश्य पूरा किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में जिला संरक्षक मोहम्मद इम्तियाज अंसारी और घनश्याम गोस्वामी, जिला प्रवक्ता राजेंद्र प्रसाद, मीडिया प्रभारी महेंद्र प्रसाद दांगी,वीरू वर्मा, प्रमंडलीय महिला उपाध्यक्ष शमा परवीन, जिला कार्यकारिणी के प्रियंका माथुर,जनसेवक संघ के अध्यक्ष भरत मांझी, सचिव लखनलाल पंडित,नीतू कुमारी, श्वेता कुमारी, स्वीटी गुप्ता, बबीता कुमारी, शिवजी मुर्मू, रजनीकांत, फूलचंद मुर्मू अजय बेसरा,चंदन कुमार सिंह, विजय कुमार, सोना साहू, पंकज कुमार चक्रम, पिंटू कुमार वर्मा, लालमोहन दास, संदीप कुमार एवं दयानंद, गजेंद्र प्रसाद, मनीष कुमार, सुदीप कुमार, सुशील कुमार आनंद, बबलू चौधरी, प्रेमलता मुर्मू, त्रिपुरारी प्रसाद सिंह, नौशाद समा, विनोद प्रसाद यादव, जिला कोषाध्यक्ष रविकांत चौधरी झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव मोहम्मद अख्तर अंसारी, मोहम्मद इकबाल कुंवर लाल पान, जिला सहसंयोजक बैजनाथ कुमार महतो, संतोष कुमार तिवारी, रेनू कुमारी, शंकर प्रसाद, प्रभात पांडे, संजय कुमार बरनवाल, रामकिंकर उपाध्याय, पप्पू कुमार, राजेश कुमार सिंह, लिपिकीय संवर्ग के विकास कुमार, अनुज कुमार, बम शंकर सिंह, मौर्य तबस्सुम, जहां स्मिता प्रसाद पापिया सरकार अमृता कुमारी, संध्या संथालिया आदि लोग मौजूद थे।

मृत बिजली मिस्त्री के परिजनों को जन कल्याण संगठन के अध्यक्ष ने किया आर्थिक मदद

पुत्र एवं पुत्री की शिक्षा की जिम्मेवारी लेते हुये दिया पुत्रियों की शादी में हर सम्भव सहयोग का आश्वासन  

गिरिडीह :  जन कल्याण संगठन के अध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह देवरी प्रखंड के बजगुन्दा निवासी दिवंगत बिजली मिस्त्री सहादत अंसारी के परिजनों से रविवार को मुलाकात किया और उन्हें यथा सम्भव आर्थिक सहयोग किया। वंही उन्होंने दिवंगत बिजली मिस्त्री के पुत्र एवं पुत्री की शिक्षा की जिम्मेवारी लेते हुये पुत्रियों की शादी में भी हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। 

गौरतलब है कि बीते बुधवार को 11हजार हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से देवरी प्रखंड अंतर्गत बजगुन्दा निवासी बिजली मिस्त्री सहादत अंसारी की मौत हो गई थी। मृतक बिजली मिस्त्री अपने पीछे पत्नी, 6 पुत्री और एक पुत्र छोड़ गये है। जिनमे दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है।

मौके पर संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन हमेशा गरीब और मजलूम लोगों की हिमायती रही है। संगठन हमेशा जन कल्याण के कार्यों में भागीदारी का निर्वहन करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
मौके पर शमीम अंसारी, रजाक अंसारी, डॉ अजीम अंसारी समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सबो ने श्री सिंह का इस नेक कार्य की सराहना की।

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

अग्रवाल समाज की बैठक में लिया गया अग्रसेन जयंती समारोह मनाने का निर्णय

अग्रसेन जयंती में समाज के प्रतिष्ठित व विभिन्न विभागों में पदस्थापित लोगों को किया जाएगा आमंत्रित 
गिरिडीह : अग्रवाल समाज गिरिडीह की रविवार को हुई बैठक में भगवान अग्रसेन जयंती समारोह मनाने का निर्णय लिया गया है। बैठक बरवाडीह में अनिरुद्ध अग्रवाल के आवासीय सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता अग्रवाल समाज के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद अग्रवाल ने की।

बैठक में उपस्थित एक एक सदस्यों से विचार लिया गया। सबने राय दी कि हर साल की भांति इस साल भी भगवान अग्रसेन महाराज की जयंती मनाई जाएगी। निर्णय लिया गया कि कोविड महामारी को देखते हुए सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार समारोह की भव्यता तय होगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि शीघ्र ही अग्रवाल समाज की कमेटी पुनर्गठित की जाएगी। इस बार समाज की सक्रियता बढ़ाने के लिए यूथ और महिला कमेटी का भी गठन करने का प्रस्ताव लाया गया है। 

कहा गया कि कोविड महामारी की वजह से समाज की गतिविधियां नहीं के बराबर रही। अब इसे फिर से क्रियाशील किया जायेगा। इस बार आयोजित अग्रसेन की जयंती में समाज के प्रतिष्ठित और विभिन्न विभागों में पदस्थापित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। आगे की रणनीति बनाने के लिए पुनः 12 सितंबर को बैठक बुलाई गई है।

बैठक में मुख्य रुप से शम्भू शंकर अग्रवाल, दिनेश प्रसाद अग्रवाल, राजेश प्रसाद अग्रवाल, विकाश चंद्र अग्रवाल, अशोक कुमार गुप्ता, अनिल कुमार, सुधीर कुमार, सुधांशु कु अग्रवाल, रंजीत कुमार मोदी, विजय शंकर लाल, विनोद कुमार अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, अनिल कुमार अग्रवाल व जयंती अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

शनिवार, 28 अगस्त 2021

नगर निगम चुनाव : मेयर पद के लिये कई दावेदारों ने ठोंकी ताल

नगर निगम चुनाव की सुगबुगाहट हुई शुरू, मेयर पद के लिये कई दावेदारों ने ठोंकी ताल

     नगर निगम के मेयर पद के सम्भावित प्रत्याशी

गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम चुनाव का बिगुल अभी बजा भी नही कि गिरिडीह में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। निगम के मेयर पद के चुनावी समर में कूद अपनी किस्मत आजमाने की जुगत में कई लोग हाथ-पांव मारते दिख रहे हैं। विभिन्न दलों के लोगों ने मेयर के पद के लिये अपनी अपनी दावेदारी की ताल ठोंक रहे है।

गौरतलब है कि गिरिडीह नगर निगम के मेयर रहे सुनील पासवान की जाति प्रमाणपत्र गलत होने के कारण उन्हें मेयर के पद से अपदस्थ किये जाने के बाद यंहा चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। महापौर का सीट पूर्व की भांति यदि अनुसूचित जाति के लिए ही आरक्षित रही तो इसे लेकर भाजपा की ओर से संभावित उम्मीदवारों में कुछ चेहरे मजबूती से अपनी दावेदारी को लेकर प्रयासरत है। जिसमें जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, महेश राम, दारा हजरा, भाजपा एससी मोर्चा के जिला महामंत्री प्रकाश दास के नाम सुर्खियों में है। वंही दूसरी ओर झामुमो और आजसू पार्टी ने भी अपनी प्रबल दावेदारी के लिये कमर कस लिया है।

झामुमो की ओर से जंहा गत चुनाव में मेयर पद के लिये चुनाव लड़ी प्रमिला मेहरा के अलावे भी कई नाम उभर कर सामने आ रहे है वंही आजसू पार्टी के प्रबल दावेदार के रूप में अर्जुन बैठा ने भी अपनी दावेदारी की ताल ठोंक दिया है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने अब तक अपना पत्ता नही खोला है। जबकि गत चुनाव उप मेयर के पद पर कांग्रेस के प्रत्याशी ने अपना एक अलग कृतिमान स्थापित कर यह बताया था कि आज भी गिरिडीह निगम क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का जनाधार कायम है। हालांकि इस बार के चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल भी काफी सतर्क है। सम्भावित प्रत्याशियों के जाति प्रमाण पत्र की करीने से जांच पड़ताल कर रही है। ताकि गत चुनाव की गलती पुनः न दुहरायी जाय।

हालांकि झारखण्ड सरकार ने बीते मंगलवार को सम्पन्न हुई केबिनेट की बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि आसन्न चुनाव दलगत आधार पर नहीं होगा। ऐसे में आने वाले समय मे मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। क्योंकि चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाने को सभी सम्भावित प्रत्याशी स्वतंत्र होंगे। किसी भी प्रत्याशी के ऊपर पार्टी का कोई शिकंजा नही होगा। ऐसे में पार्टी समर्थित उम्मीदवार के प्रति स्वतंत्र उम्मीदवार के लिये पार्टी का प्रोटोकॉल किस हद तक प्रभावित रहेगा यह तो वक्त ही बतायेगा। 
दूसरी ओर चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी चुनाव की सारी तैयारियां को अंतिम रूप देने में जिला प्रशासन जुट गई है। बस सबों को चुनाव सम्बन्धी रणभेरी बजने का इंतज़ार है।

विजय पासवान के परिवार वालों को कब मिलेगा न्याय

प्राथमिकी दर्ज होने के एक माह बाद भी पुलिस को नही मिली है कोई सफलता

 गिरिडीह:  विजय पासवान के मौत के लगभग एक माह बीत चुके है। लेकिन अब तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नही की है। जिससे परिजनों में निराशा का आलम वयाप्त हो गया है।

विदित हो कि विजय पासवान कोलकाता में रहते थे। पिछले 19 जुलाई 2021 को शिवम बस में सवार होकर गिरिडीह आ रहे थे। लेकिन वह घर नहीं पहुंच पाये। धनवाद में वह घायल अवस्था में पुलिस को मिले।  पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बेहोशी की हालत में उनके जेब से मिले आधार कार्ड के माध्यम से पुलिस ने परिजनों को संपर्क कर मामले की जानकारी दिया। परिजन पहुंचे और कोलकाता के अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया। जंहा इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने शिवम बस के खिलाफ धनवार थाने में हत्या का आरोप लगाकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। लेकिन इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।

बहरहाल जो भी हो विजय पासवान की मौत हत्या है या दुर्घटना इसकी सच्चाई पुलिस जांच रिपोर्ट के बाद ही आएगी। 

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

जिला स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 77 पीड़ितों के अनुदान की राशि हुई स्वीकृत


गिरिडीह :  उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में शनिवार को अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 एवं संशोधित नियम 2016 के तहत जिला स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न थाना प्रभारियों के कार्यालय से कुल 86 पीड़ितों का अत्याचार से राहत अनुदान राशि की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुआ। उक्त प्रस्ताव के अवलोकन के पश्चात समीति द्वारा सर्वसम्मति से कुल 86 पीड़ितों में 77 पीड़ितों के बीच राशि की स्वीकृति प्रदान की गई। शेष 09 पीड़ितों का चिकित्सा परीक्षा एवं पुष्टिकारक चिकित्सा रिपोर्ट के अभाव में स्वीकृति प्रदान नहीं की जा सकी।

वंही बैठक में डीसी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को शेष 09 पीड़ितों का आरोप पत्र पुलिस अधीक्षक से शीघ्र प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वीकृत राशि हेतु विभाग से आवंटन की मांग करने को कहा ताकि नियमावली के अनुसार संबंधित पीड़ितों को मुआवजे की स्वीकृत राशि प्रदान की जा सकें।

गौरतलब है कि गिरिडीह जिला अंतर्गत 77 पीड़ितों में 22 पीड़ितों को प्रति व्यक्ति 1 लाख रुपए, 01 पीड़ित को 50 हजार रूपए तथा 54 पीड़ितों को प्रति व्यक्ति  25 हजार रूपए की राशि की स्वीकृति दी गई है। इस प्रकार कुल 77 पीड़ितों को कुल 36 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति दी गई है।

फिट इंडिया फ्रीडम रन का नेहरू युवा केंद्र ने किया आयोजन

फिट इंडिया फ्रीडम रन का नेहरू युवा केंद्र ने किया आयोजन 
            रन को सम्बोधित करते जिप उपाध्यक्ष

 गिरिडीह : नेहरू युवा केंद्र द्वारा आजादी के 75 वी वर्षगाँठ के मौके पर अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया।
 गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित इस फ्रीडम रन के दौरान जिला युवा अधिकारी द्वारा युवाओं को फिटनेस की शपथ दिलाई गई। 

कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक राहुल सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, हाई स्कूल के विद्यार्थी, स्पोर्ट्स अकादमी के छात्र, युवा मंडल के सदस्यगण समेत जिले के अन्य युवा ने सरीक हुये।

केंद्र के जिला युवा अधिकारी ने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन बीते 13 अगस्त से  अगामी 02 अक्तूबर तक सम्पूर्ण भारतवर्ष में किया जा रहा है। जिला स्तर के साथ साथ जिले के 75 गाँवो में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इस फ्रीडम रन का शुभारंभ जिला परिषद उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला अधिकारी गौरव कुमार आदि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन हेतु डीसी ने किया बैठक

शैक्षणिक सत्र 2021-22 में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन हेतु डीसी ने किया बैठक


                       बैठक करते डीसी

गिरिडीह :    उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार  में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय के कक्षा-6 में नामांकन हेतु सूची अनुमोदन सम्बन्धी बैठक हुई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक को आगामी शैक्षणिक सत्र 2021-22 में प्रत्येक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन लेने का निर्देश दिया। नामांकन में जिले के उन छात्राओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया जो सुदूरवर्ती व दुर्गम क्षेत्र से आते हो। साथ ही उग्रवाद प्रभावित दूरस्थ क्षेत्र के अनुसूचित जाति, जनजाति समुदाय व गरीबी रेखा से नीचे बसर करने वाले परिवारों को प्राथमिकता देते हुए नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि चयन समिति प्रखंड स्तर से प्राप्त सूची का विश्लेषण कर नामांकन में वैसी बालिकाओं को प्राथमिकता देंगे जो वास्तविक रूप से जरूरतमंद है।

बैठक के दौरान गांडेय विधायक डॉ सरफराज अहमद ने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने की आवश्यकता है। इस दिशा में सार्थक प्रयास किया जाना चाहिये। उन्होंने विद्यालयों के आधारभूत संरचनाओं को विकसित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बंध में भी बैठक के दौरान विस्तार से चर्चा किया। और उसे अमल में लाने का उपायुक्त से अनुरोध किया।
बैठक में  गांडेय विधायक डॉ सरफराज अहमद,  गिरिडीह, बगोदर एवं धनवार के विधायक प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कस्तूरबा गांधी विद्यालय के सभी अधिकारी, अध्यापक, अध्यापिकाएं एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बने पिंटू हाजरा

मध्य विद्यालय अहिल्यापुर के विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बने पिंटू हाजरा
                     चुनाव में मौजूद लोग

गिरिडीह : गांडेय प्रखंड अंतर्गत अहिल्यापुर पंचायत के मध्य विद्यालय अहिल्यापुर परिसर में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव पर्यवेक्षक और पुलिस प्रशासन के मौजूदगी में सम्पन्न हुआ।
प्रबंधन समिति का चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से किया।

          चुनाव के दौरान उपस्थित अभिभावकगण

चुनाव कराने पहुंचे पर्यवेक्षक आशीष सिन्हा, सिकन्दर मंडल और किशोर कुमार ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव में ग्रामीणों की सहमति से 12 वैसे महिला और पुरुषों को सदस्य के रूप में चयन किया गया जिनके बच्चे विद्यालय में नामांकित है।
मौके पर सर्वसम्मति से पिंटू हाजरा को निर्विरोध अध्यक्ष तथा काजल देवी को संयोजिका एवं  बेबी देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया।

मौके पर मुखिया अरुण कुमार हाजरा,प्रधानाध्यापक सानंद गौरव, पूर्व मुखिया पति सदानंद राम, समाजसेवी कृष्णनंदन राम अग्रवाल, वार्ड सदस्य राजदीप रवानी, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक गुजा हाजरा, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय अहिल्यापुर प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष नवीन रवानी सह विद्यालय शिक्षक सुजीत कुमार, सुखलाल दास के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

डीडीसी पहुंचे गांडेय किया मनरेगा योजनाओं का औचक निरीक्षण

कर्मियों को दिये कई आवश्यक निर्देश
                  निरीक्षण करते डीडीसी

गिरिडीह : डीडीसी शशि भुषण मेहरा शनिवार को गांडेय प्रखंड पहुंचे और मनरेगा समेत कई योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान डीडीसी अहिल्यापुर पंचायत के  बघाडीह पहुँच वहाँ मो. कमाल रज़ा एवं मो. खलील शेख की आम बागवानी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में कई प्रकार की अनियमितता और लापरवाही को देखते हुये डीडीसी ने रोजगार सेवक, कनीय अभियंता, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाया। साथ ही उन्होंने उन सबो को कई आवश्यक निर्देश भी दिये। उन्होंने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विनय कुमार को  क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने एवं मनरेगा योजना का लाभ आम लोगों तक निश्चित रूप से पहुंचने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने लाभुक खलील शेख को आम बागवानी के भीतर खास-फूंस की साफ सफाई करने का निर्देश दिया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार, पंचायत मुखिया अरुण कुमार हाज़रा एवं काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

लायंस क्लब द्वारा लगाये गए हृदय एवं मानसिक रोग सम्बन्धी मेडिकल कैप में लाभान्वित हुये लोग

ऑर्किड मेडिकल सेंटर रांची के सहयोग से स्थानीय विश्वनाथ नर्सिंग होम में लगा कैम्प

        डॉ फरहान शिकोह का स्वागत करते लोग 

गिरिडीह : लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह टाउन द्वारा ऑर्किड मेडिकल सेंटर रांची के सहयोग से स्थानीय विश्वनाथ नर्सिंग होम में शनिवार को हृदय एवं मानसिक रोग सम्बन्धी एक मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। इस कैम्प में विशेष रूप से हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर फरहान शिकोह एवं डॉक्टर गोविंद माधव उपस्थित होकर कैम्प में आये लोगों की जांच किया और उंन्हे उचित परामर्श दिया। वंही कैंप में ईसीजी की सुविधा के साथ आवश्यक दवाओं का भी मुफ्त वितरण किया गया।

                  परामर्श देते डॉक्टर       

गौरतलब है कि इस कोरोना काल के दौरान लोगों को हृदय संबंधी रोगों एवं मानसिक रोग की विशेष शिकायत रही थी। शहर में यह सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण लायन्स क्लब ने लोगों की परेशानीयो को ध्यान में रखते हुए इस कैम्प का आयोजन किया। कैम्प को सफल बनाने में आर्किड मेडिकल सेंटर के आकाश जी, नितिन जी एवं अरविंद जी का विशेष सहयोग रहा है।

                     जांच करते डॉक्टर

मौके पर लायंस क्लब के जोनल चेयर पर्सन लायन विकास खेतान, क्लब प्रेसिडेंट प्रवीण बगड़िया, सचिव निर्मल सलामपुरिया, कैंप कोऑर्डिनेटर अनिल अग्रवाल एवं दीपक जैन के अलावा लायन डॉक्टर नीरज  डोकानिया, दिनेश खेतान, सुनील केडिया, अशोक बगड़िया, संजय डगेइच,  संजय भुदोलिया प्रदीप डोकानिया,संजय जैन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।


तालाब में डूबने से हुई एक किशोर की मौत, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

            तालाब से युवक को निकलते लोग

गिरिडीह : जिले के गावां थाना क्षेत्र के गदर में शनिवार को तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। 

 बताया जाता है कि धनेपुर गांव निवासी मो निजाम का 15 वर्षीय पुत्र मो आशिक शनिवार को अपने दोस्तों के साथ बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह अपने दोस्तों के साथ तालाब में स्नान करने लगा। स्नान करने के दौरान आशिक तालाब में गहरा पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। आशिक को तालाब में डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वे बचा नहीं पाये। 

बाद में आशिक के दोस्तों घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना पाकर ग्रामीण तालाब में कूद पड़े और आशिक की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसे गहरे पानी से निकाला गया और स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जंहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशिक की मौत की खबर सुन परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है वंही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।

बुधवार, 25 अगस्त 2021

अनुसूचित जाति के छात्र का नामांकन नहीं लेने का प्रधानाध्यापक आरोप

प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को आवेदन देकर किया प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग 

गिरिडीह : भारत में शिक्षा दर बढ़ाने तथा नौनिहालों के भविष्य को संवारने के लिए सरकार शिक्षा के क्षेत्र में करोड़ों रुपए खर्च कर रही है।  ऐसे में अगर विद्यालय में छात्र का नाम नामांकन ना हो तो इसमें दोषी किसे माना जाए ?ऐसा ही एक मामला सदर प्रखंड के कमला नेहरू कन्या मध्य विद्यालय में प्रकाश में आया है।

जानकारी के अनुसार आईसीआर रोड निवासी धीरज पासवान ने बीईओ को एक आवेदन देकर दोषी प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के माध्यम से उन्होंने कहा है कि बीते 16 अगस्त को मैं अपने पुत्र श्रेष्ठ रंजन कुमार का नामांकन को लेकर विद्यालय पहुंचे थे। विद्यालय में प्रधानाध्यापक श्रीकांत पांडेय से नामांकन को लेकर बातचीत की तो उन्होंने बच्चे का नामांकन लेने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि अनुसूचित जाति के बच्चों का नामांकन नहीं लिया जाना है सरकार का स्पष्ट निर्देश है।  

 इस बाबत जब प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विद्यासागर मेहता से पुछा गया तो उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है। मामले की जांच कर दोषी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किया जाएगा। कहा कि इस तरह का मामला एक भी विद्यालय से आज तक नहीं आया था। विद्यालय में पहुंचने वाले सभी बच्चों का नामांकन किया जाना है। 

बहरहाल जो भी हो प्रधानाध्यापक एवं अभिभावक के इस विवाद में बच्चे का भविष्य अधर में लटक गया है। एक ओर जहां करोना काल में 2 वर्षों से विद्यालय में ताला लटका हुआ है। 

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

 

बिजली के चपेट में आने से बिजलीबथान गांव के युवक की हुई मौत

युवक को बचाने के क्रम में उसकी बुजुर्ग माँ को भी लगा बिजली का जोरदार झटका

बेंगाबाद(गिरिडीह) :  प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत अंतर्गत बिजलीबथान गांव में बुधवार की सुबह बिजली के चपेट में आने से गांव के एक 36 वर्षीय नेमचंद प्रसाद वर्मा की मौत हो गई। 

जानकारी अनुसार मंगलवार की रात हुई बारिश के कारण शॉट शर्किट की वजह से गांव के कई लोगो का टीवी,पंखा समेत अन्य बिजली के उपकरण जल गये थे। बुधवार की सुबह नेमचंद जब मोटर चालू करने गया उसी क्रम में उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया।  आनन् फानन में उसे इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया जंहा डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

बताया जाता है नेमचंद घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से परिजनों पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा है। नेमचन्द अपने पीछे 30 वर्षीय पत्नी मंजू वर्मा, दो पुत्री 13 वर्षीया मधु कुमारी और 100 वर्षीया ख़ुशी कुमारी एवं 7 वर्षीय पुत्र निर्भय कुमार को छोड़ गया।
  

रिपोर्ट : दीपक कुमार वर्मा

भारतीय बुद्धिस्ट सोसाइटी महासंघ की बैठक सम्पन्न

कामेश्वर पासवान बने सोसाइटी के  जिलाध्यक्ष व बबलू भारद्वाज राष्ट्रीय सचिव

गिरिडीह :  भारतीय बुद्धिस्ट सोसाइटी महासंघ जिला कार्यकारिणी की एक बैठक गांधी चौक स्थित एक होटल में सम्पन्न हुआ। बैठक में जंहा संगठन की मजबूती पर चर्चा किया गया। वंही जिला समिति के अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव के नामों की भी घोषणा की गई।

मौके पर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार तथागत और प्रदेश अध्यक्ष राधा चरण सिंह ने भारतीय बुद्धिस्ट सोसाइटी का जिलाध्यक्ष के रूप में कामेश्वर पासवान एवं राष्ट्रीय सचिव के पद पर बबलू भारद्वाज के नामों की घोषणा की। मौके पर दोनों  नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल माला और बुके देकर उनका स्वागत किया गया।

 इस दौरान नव नियुक्त जिलाध्यक्ष कामेश्वर पासवान ने कहा कि वह जिले के सभी प्रखण्डों के साथ साथ नगर निगम क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा अहम भूमिका अदा करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार तथागत ने दोनों को शुभकामना देते हुए सोसाइटी के प्रति कार्य करने का निर्देश दिया।

 वही मौके पर जिला उपाध्यक्ष उमेश दास, हीरो दास, मथुरा दास, मोहन दास, काली दास, मंतोष राणा, रंजीत रंजन,  धर्मनाथ रविदास, संजय पासवान, राजकुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

उदनाबाद में सम्पन्न हुआ तुरी समाज का मिलन समारोह

समाज के लोगों ने लिया समाज से कुरीतियों को दूर करने का संकल्प

गिरिडीह : झारखंड प्रदेश तुरी समाज द्वारा बुधवार को उदनाबाद में भिखारी तुरी के प्रागण में तुरी समाज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिला तुरी समाज के जिलाध्यक्ष कृष्णा तुरी की अध्यक्षता एवं प्रदीप तुरी के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि धनबाद जिला तुरी समाज के जिलाध्यक्ष तपेन्द्र तुरी उपस्थित थे। 


कार्यक्रम का शुभारंभ आगत अतिथियों द्वारा समाज के पूर्वजों के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अन्य लोगों ने एक स्वर में समाज मे फैली कुरूतियो को दूर करने और शिक्षा के क्षेत्र में समाज के बच्चों को सही मार्ग दर्शन देने का संकल्प दुहराया। मौके पर आगामी चुनाव में तुरी समाज की भूमिका भी अहम होने सम्बन्धी एक रणनीति भी तैयार की गईं। इस दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। जिसका उपस्थित लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया और कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों का हौसला अफजाही कर उनके उज्ज्वल भविष्य की भी कामना किया।

कार्यक्रम में देवघर से आये अनिल दयाल, भाजपा नेता गोविंद तुरी, महेश राम, ब्रजमोहन तुरी, प्रभा देवी, किरण देवी, भिखारी तुरी ने जंहा उपस्थित होकर मंच की शोभा बढ़ाया। वंही कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटू तुरी, दिनेश तुरी, कृष्णदेव तुरी, नकुल तुरी, नेमचंद तुरी, भुनेश्वर तुरी, अशोक तुरी, जागेश्वर तुरी, तुलसी तुरी, मीना देवी, रीमा देवी, ममता देवी, उमेश तुरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।

रिपोर्ट : श्याम कुमार

11 हजार की बिजली तार के चपेट में आ बिजली मिस्त्री गम्भीर, हुई मौत

हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री झुलसा, हुई मौत

गिरिडीह : जिले के देवरी प्रखंड के जरियाबागी नदी के समीप 11 हजार तार को ठीक करने बिजली के  पोल पर चढ़े बिजली मिस्त्री करंट के चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। आननफानन में घायल मिस्त्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने गिरिडीह रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि देवरी थाना क्षेत्र के बजगुंदा निवासी 45 वर्षीय बिजली मिस्त्री शहादत अंसारी जिस स्थान पर बिजली ठीक करने पोल पर चढ़ा था। वँहा से बांसडीह और रायडीह फीडर दोनों का तार गुजरा है। शहादत ने भूल वश बांसडीह फीडर का शर्टडॉउन लेकर रायडीह फीडर में काम करने लगा। जिस कारण वह बिजली करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। 

गिरिडीह में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। बिजली मिस्त्री की मौत के बाद बिजली मिस्त्री के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

स्वर्गीय कैलाश यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर किया गया प्रतिमा अनावरण

शामिल हुए विभिन्न राजनीतिक दलों व समाज के प्रबुद्ध लोग


गिरिडीह :  राजद के कद्दावर नेता सह समाज सेवी स्वर्गीय कैलाश यादव की प्रथम पुण्यतिथि बुधवार को जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोती लेदा गांव में समारोह पूर्वक मनाया गया। इस दौरान गांव में उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। 


राष्ट्रीय यादव सेना द्वारा आयोजित इस प्रतिमा अनावरण सह श्रद्धांजलि समारोह में न केवल स्वजातीय समाज के लोग बल्कि विभिन्न समाज के लोग और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतागण शामिल हुये और उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उंन्हे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव, गोडडा के पूर्व विधायक संजय यादव, धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, भाकपा माले नेता राजेश यादव एवं राजेश सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोतीलेदा पंचायत के मुखिया रामकुमार वर्मा एवं संचालन धर्मेंद्र यादव ने किया। जबकि आगत अतिथियों का स्वागत भाजपा नेता सह पूर्व जिप उपाध्यक्ष छोटे लाल यादव ने किया।

गौरतलब है कि स्वर्गीय कैलाश यादव की एक वर्ष पूर्व 25 अगस्त को अपराधियों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। स्वर्गीय यादव क्षेत्र में वयाप्त जाति विशेष की दबंगई के खिलाफ बेंगाबाद थाने में अर्जी देकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी पूर्व से घात लगाये दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया था। जिसमे कैलाश यादव की मौत हो गई थी जबकि उनके साथ बाइक पर सवार इंद्र लाल वर्मा गम्भीर रूप से घायल हो गये थे। 


इस घटना के बाद पूरे जिले में गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग के लोगों ने आक्रोश वयाप्त हो गया था।  सर्व समाज के लोगों ने हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हेतु आवाज बुलंद किया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य हत्यारे को गिरफ्तार कर पाने में नाकामयाब रही है। यधपि राष्ट्रीय यादव सेना की अगुवाई में यादव समाज के लोग अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार आंदोलन जारी रखा हुआ है। इसी आंदोलन को गति देने के लिए स्वर्गीय कैलाश यादव के पहली पुण्यतिथि पर उनके प्रतिमा का अनावरण किया गया साथ ही साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। 


कार्यक्रम में झारखंड सरकार में मंत्री रहे सुरेश पासवान, बगोदर के पूर्व विधायक नागेन्द्र महतो, भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष प्रो बिनीता कुमारी, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव,ओम प्रकाश यादव, सरयू प्रसाद वर्मा, बाली यादव, वासुदेव यादव, रामजी यादव, राजेंद्र यादव, किशन यादव समेत काफी संख्या में महिलाएं व अन्य समाज के कई प्रबुद्ध लोग शामिल थे।

मंगलवार, 24 अगस्त 2021

विद्या विकास समिति का मिश्रित शिक्षा पर विभाग स्तरीय शोध संगोष्ठी का हुआ आयोजन

सतीश्वर प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में हुई संगोष्ठी

गिरिडीह : विद्या विकास समिति के तत्वाधान में मिश्रित शिक्षा पर विभाग स्तरीय शोध संगोष्ठी हजारीबाग का आभासी आयोजन हुआ। गोष्ठी की अध्यक्षता सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने किया। मुख्य अतिथि डॉ के के गुप्ता, प्राध्यापक विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग, मुख्य वक्ता डॉ अशोक अभिषेक, सहायक प्राध्यापक तिलैया, अमरकांत झा,प्रांतीय शोध गोष्ठी संरक्षक एवं अजय कुमार तिवारी, प्रदेश सचिव विद्या विकास समिति,झारखंड की गरिमामयी उपस्थिति रही।अतिथि परिचय प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा, प्रस्तावना प्रदीप कुमार सिन्हा एवं संचालन अजीत कुमार मिश्र ने किया।

 मुख्य अतिथि गुप्ता ने कहा कि गुणात्मक शिक्षा के लिए वर्तमान में 06 विधि का प्रयोग बच्चों के लिए किया जा रहा है।ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षा ही मिश्रित शिक्षा है।यह वर्तमान परिप्रेक्ष्य में एक चुनौती है इसे स्वीकारना होगा।आत्म विश्लेषण करके प्रत्येक शिक्षक को बच्चों पर शोध करना होगा।

 मुख्य वक्ता अशोक अभिषेक ने कहा कि विद्यालय और महाविद्यालय की शिक्षा में काफी अंतर होता है।परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शिक्षक को अध्ययनशील होना चाहिए। एक शिक्षक अपने लिए नहीं बल्कि एक छात्र के लिए अध्ययन करता है।कोविड-19 हमारी सभी अवधारणाओं को ध्वस्त करके रख दिया है।इससे सबसे अधिक प्रभावित शिक्षा जगत हुआ है हमारे बच्चे हुए हैं। किंतु वर्तमान में संभावनाओं के कई द्वार भी खुले हैं।आधुनिक तकनीकि का प्रयोग कर हम बच्चों को बेहतर गुणात्मक शिक्षा दे सकते हैं। गोष्ठी में ओम प्रकाश सिन्हा, विभाग प्रमुख, तुलसी प्रसाद ठाकुर,विभाग के समस्त प्रधानाचार्य और संबंधित आचार्य-दीदी जी उपस्थित हुए।