गुरुवार, 11 दिसंबर 2025

विवादित भूमि की जांच करने धनवार पहुंचे उपायुक्त, लगाया अवैध कब्जा करने वालों को कड़ी फटकार

फर्जी दस्तावेज के सहारे सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को दी कड़ी चेतावनी

गिरिडीह (Giridih)। जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरहन्द पंचायत के महुआटाँड़ मौजा में 14 एकड़ विवादित जमीन का निरीक्षण करने उपायुक्त रामनिवास यादव विवादित स्थल पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर अपना पक्ष रखने को कहा। इस दौरान उन्होंने पाया कि उक्त विवादित जमीन को लेकर किसी भी पक्ष के पास कोई वैध कागजात नहीं है। फर्जी तरीके से कागजात बनाकर जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।


निरीक्षण के दौरान जमीन का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि कागजात के अनुसार उक्त विवादित जमीन का किस्म गैरमजरूआ खास है जो सरकार की जमीन है, इस पर किसी भी पक्ष द्वारा अवैध कब्जा करना जुर्म होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पक्ष द्वारा अगर जमीन पर अवैध कब्जा किया जाता है तो संबंधित पक्ष पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



बता दें कि उक्त विवादित जमीन को लेकर ग्रामीणों एवं सोबरन साव पिता स्व. खेदन नायक के बीच विगत पाँच वर्षों से विवाद चल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार उक्त विवादित जमीन जिसका खाता नं० 68 प्लॉट नं० 320,288 तथा खाता नं० 31, प्लॉट नं0 5/1 में कुल करवा 11.85 एकड़ है जो गैरमजरूआ खास है। जिस पर गोरहन्द के ही सोबरन साव पिता स्व. खेदन नायक द्वारा अवैध तरीके से कागजात बनाकर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। यधपि ग्रामीण उक्त विवादित जमीन पर खेल मैदान एवं उच्च विद्यालय का भवन निर्माण कराना चाहते हैं।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि खेल मैदान एवं विद्यालय भवन निर्माण के लिये विभाग द्वारा अन्य भूमि उपलब्ध कराया जाएगा। 


निरीक्षण के दौरान खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन, एलआरडीसी सुनील कुमार प्रजापति, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेंद्र दास अंचलाधिकारी जसवंत सिंहा, धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल, घोड़थम्बा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल के अलावे गोरहन्द पंचायत की मुखिया कौशल्या देवी, मुखिया प्रतिनिधि भीखी पासवान, परसन पंचायत मुखिया रामदेव यादव, बुद्ध को पंचायत मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र यादव सहित सैकड़ो लोगों उपस्थित थे।


आज 11 दिसम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 11: 12 :: 2025, गुरुवार

11 दिसम्बर 2025 : आज पौष माह, कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि और गुरुवार दिन है। दिसंबर का महीना शांति, उत्सव और आध्यात्मिक उमंग से भरा हुआ माना जाता है। जैसे-जैसे वर्ष अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता है, प्रकृति भी ठंडी हवाओं, मधुर धूप और शांत वातावरण के साथ एक नया संतुलन लेकर आती है। यह समय हेमंत ऋतु की स्थिरता और शीत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक होता है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिसंबर अत्यंत विशेष महीना माना जाता है, क्योंकि इस दौरान उत्पन्न एकादशी, मोक्षदा एकादशी, धानुर्मास की शुरुआत, गीता जयंती और क्रिसमस जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाते हैं। इस महीने भगवान विष्णु की आराधना, दान, तप और साधना का विशेष महत्व माना जाता है। साल के अंतिम महीने में लोग नए वर्ष की तैयारियों, आध्यात्मिक साधना और परिवार के साथ समय बिताने पर विशेष ध्यान देते हैं। समृद्धि, शांति और शुभ फल प्राप्त करने के लिए यह महीना बेहद मंगलकारी माना जाता है।

सप्तमी तिथि आज दोपहर 01:56 PM तक जारी रहेगी। इसके बाद अष्टमी तिथि लग जाएगी। आज के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:54 AM से 12:35 PM तक है। इस दिन राहुकाल 01:32 PM से 02:50 PM तक रहेगा। आज गुरूवार के दिन सूर्य देव राशि वृश्चिक राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा सिंह राशि में रहेंगे। आज कालाष्टमी और मासिक कृष्ण जन्माष्टमी है। वार के हिसाब से आप गुरूवार का व्रत रख सकते हैं, जो भगवान विष्णु को समर्पित होता है। गुरुवार के दिन दूध में केसर या हल्दी मिलाकर पीने से कुंडली में गुरु की स्थिति मजबूत होती है। जीवन में सकारात्मकता बनी रहती है। इस दिन शिवजी का अभिषेक करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। नकारात्मकता दूर करने के लिए घर के मुख्य द्वार पर जल में हल्दी और गंगाजल मिलाकर छिड़काव करना चाहिए। 'ऊं क्लीं बृहस्पतये नम:' मंत्र का 108 बार जाप करने से बृहस्पति देव की कृपा प्राप्त होती है। साथ ही गुरु दोष से राहत मिलती है। भगवान विष्णु की पूजा और विष्णु स्तोत्र या सहस्रनाम का पाठ करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके अलावा गाय को चने की दाल और गुड़ खिलाने से भी गुरु मजबूत होता है और जरूरी कार्यों में सफलता मिलती है।

                   जय श्री चित्रगुप्त भगवान

सप्तमी तिथि विशेष रूप से तन-मन की शक्ति, उन्नति और शुभ फल प्रदान करती है। सूर्य उपासना, आरोग्य वृद्धि, प्रयास में सफलता और मानसिक स्थिरता के लिए शुभ मानी जाती है। गुरुवार का दिन स्वयं बृहस्पति देव का प्रतिनिधित्व करता है—इसलिए आज का दिन ज्ञान, धर्म, भाग्य, आर्थिक विवेक और धार्मिक कार्यों में विशेष रूप से अनुकूल है। आज चित्रगुप्तवार है। आज संसार के समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की आज पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करने से इंसान के सभी विघ्न बाधाओं का नाश होता है। आज के दिन चित्रगुप्त स्तुति एवं चित्रगुप्त चालीसा का पाठ अवश्य करें। भगवान चित्रगुप्त की पूरे भक्ति भाव से आरती करें। आपके सभी कष्टों का निवारण होगा। घर मे सुख, शांति और समृद्धि आयेगी। आपके यश और कृति में वृद्धि होगी। दिन शुभ व मंगलमय होगा।

कालाष्टमी तिथि शिवजी के उग्र रूप काल भैरव की आराधना का विशेष पर्व है। इस दिन उपवास, काले तिल, तेल का दीपक, और भैरव स्तुति अत्यंत शुभ फल देती है। अष्टमी तिथि देवी उपासना, साधना और सिद्धि के लिए शुभ है।


आज का पंचांग: 11 दिसम्बर 2025, दिन: बुधवार      युगाब्द      : 5127         विक्रम संवत : 2082         शक संवत : 1947         ऋतु:  हेमन्त                      मास     :  पौष                पक्ष  :  कृष्ण पक्ष       सूर्योदय : 07: 04 AM,    सूर्यास्त :05:25 PM  तिथि : सप्तमी 01:57 PM तक उपरांत अष्टमी          नक्षत्र : पूर्व फाल्गुनी 03:55 AM तक उपरांत उत्तर फाल्गुनी                                                                राहुकाल : 01: 32 PM से 02: 50 PM तक              चन्द्रमा :  सिंह राशि पर संचार करेगा                     व्रत/त्यौहार : गुरुवार व्रत, चित्रगुप्तवार, भगवान चित्रगुप्त पूजन दिवस, कालाष्टमी


आज :: 11 :: 12 :: 2025  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): मेष राशि के जातक आज सूर्य भगवान को जल चढ़ाएं इससे आपको फायदा मिलेगा। आज के दिन वाहन चलाने से सावधानी बरतने में ही आपकी भलाई है। परिवार में मांगलिक कार्यक्रम हो सकता है तो इसके साथ ही शादीशुदा जिंदगी में क्लेश होने की संभावना है। मन में किसी के बारे में बुरा ना सोचे। आप चोटिल हो सकते हैं लेकिन बिजनेस में आज लाभ मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। लाल रंग पहनने से फायदा होगा। हाल ही में किसी खास व्यक्ति के प्रति आपका आकर्षण बढ़ा है, और आज उनसे बातचीत शुरू करने का उपयुक्त समय मिल सकता है। वहीं विवाहित जातकों को दांपत्य जीवन में कुछ तनाव महसूस हो सकता है। जीवनसाथी किसी पुराने मुद्दे को लेकर नाराज़गी जता सकता है, इसलिए धैर्य रखें।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): वृष राशि के जातक आज के दिन सफेद रंग धारण करें।राशिफल 11 दिसंबर 2025 की बात करें तो पीपल के वृक्ष में लाल धागा बांधने से आपको फायदा होगा। परिवार और प्यार के लिए बहस करने से बचें क्योंकि यह आपके रिश्ते बिगाड़ सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी बहुत सावधानी बरतनी जरूरी है तो बिजनेस में लाभ मिलने के संकेत नजर आ रहे हैं। आज प्रेम संबंध स्थिर रहेंगे। प्रेमी से मिलने का अवसर मिल सकता है और आप अपनी भावनाएँ सहजता से व्यक्त कर पाएंगे। जो लोग अभी तक सिंगल हैं, उनका समय परिवार के साथ बीतेगा। विवाहिता जातकों को रिश्तों में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं, इसलिए शांत रहें।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): मिथुन राशि के जातक के लिए हरा रंग शुभ है। राशिफल 11 दिसंबर 2025 की बात करें तो मार्केटिंग में आपको फायदा होने वाला है तो हनुमान जी का पाठ करने से आज लाभ मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य को लेकर आपको विशेष सावधान रहने की जरूरत है तो पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ सकती है। आय वृद्धि होगी लेकिन खर्चे में भी बढ़ोतरी होगी। सिंगल जातकों के लिए ग्रहों की स्थिति अनुकूल है और कोई खास व्यक्ति आपके जीवन में कदम रख सकता है। विवाहित लोगों के लिए दिन सामान्य रहेगा, और आप दोनों मिलकर भविष्य को लेकर अच्छी योजनाएँ बना सकते हैं।


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : कर्क राशि के जातक तिल और शक्कर जल में प्रवाहित करने से आपको फायदा होगा। गुलाबी रंग पहने। राशिफल 11 दिसंबर 2050 में नौकरी में प्रमोशन के साथ-साथ बिजनेस में वृद्धि के आसार दिखाई दे रहे हैं। रुके हुए कार्य पूरे होंगे। आज के दिन आपको काम के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि आय के नए श्रोत खुल रहे हैं। प्रेम जीवन शांत और सामान्य रहेगा, पर बातचीत करते समय शब्दों का ध्यान रखें ताकि साथी की भावनाएँ आहत न हों। विवाहित जातकों को आज जीवनसाथी की कुछ छोटी इच्छाओं जैसे शॉपिंग आदि को पूरा करना पड़ सकता है।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): सिंह राशि के जातक के लिए सरकारी नौकरी के द्वार खुल रहे हैं। संतान पक्ष से खुशखबरी मिल सकती है। बैंगनी रंग पहने और इसके साथ ही शिवजी की पूजा करने से आपको फायदा होगा। शादीशुदा जिंदगी में अनबन होने की संभावना है तो ऐसे में वाणी पर कंट्रोल रखें। इसी से आप अपना रिश्ता बचा सकते हैं। दांपत्य जीवन में आज कुछ खटपट हो सकती है, पर शाम तक माहौल बेहतर होने की संभावना है। अविवाहित लोगों के लिए कोई विवाह प्रस्ताव या नई मित्रता का संकेत बन रहा है।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): कन्या राशि के जातक के लिए आज शुभ रंग पिच है तो घी का दीपक जलाकर तुलसी में दिखाने से आपको धन लाभ मिलने के योग दिखाई दे रहे हैं। कोई भी काम करने से आपको नुकसान हो सकता है। परिवार के साथ समय बिताएं क्योंकि दूरियां आपके बीच बढ़ सकती है। प्रेम जीवन स्थिर और संतुलित रहेगा। साथी के साथ गहरी और सार्थक बातचीत करें, जिससे रिश्ता और मजबूत होगा। विवाहित जातकों के लिए भी दिन अच्छा रहेगा और आपसी समझ बनी रहेगी।


तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): तुला राशि के जातक के लिए हरा रंग शुभ है तो इसके अलावा गाय या बकरी को चारा खिलाने से आपको फायदा होगा। प्यार में धोखा मिलने की पूरी संभावना है तो घर में अपनों का खास ख्याल रखना जरूरी है। सेहत के मामले में भी आपको मुंह की खानी पड़ सकती है। इसके अलावा ऑफिस में आपके काम की सराहना होने वाली है लेकिन मेहनत की जरूरत है। यदि आप जीवनसाथी से कोई बात छिपा रहे हैं, तो यह रिश्ते में दूरी पैदा कर सकती है। बेहतर है कि ईमानदार और स्पष्ट संवाद करें। अविवाहित लोगों के जीवन में भी किसी खास व्यक्ति के आने के योग हैं।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): वृश्चिक राशि के जातक आज परिवार के साथ समय बिताए क्योंकि यह आपके लिए जरूरी है। सफेद रंग आपके लिए शुभ है तो आज आपको बच्चों के साथ मस्ती करने का मौका मिलेगा अगर आप किसी से एक तरफा प्यार कर रहे हैं तो उसे इजहार करना आपके लिए आज हित में नहीं है। जो भी करें सोच समझकर करें लेकिन जॉब में पूरे योग बन रहे हैं। आज रिश्तों को मजबूत बनाने में संवाद अहम भूमिका निभाएगा। साथी से खुलकर बात करें और बंधन को गहरा करें। विवाहित लोगों के लिए दिन अच्छा है। छोटी यात्रा या डेट का अवसर मिल सकता है।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): धनु राशि के जातक आज गुलाबी रंग पहनने से आपको फायदा होगा। लाल रुमाल अपने पास रखें और इसके अलावा ऑफिस में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बिजनेस के मामले में आज का दिन हित में है। निवेश करने से पहले आप जरा भी ना सोचे क्योंकि इसका आपको रिटर्न मिलने वाला है। विवाहित जातकों के लिए दिन सामान्य रहेगा, लेकिन बातचीत में मिठास बनाए रखना जरूरी है। किसी विवाद से बचें और उन मुद्दों को न छेड़ें जो तनाव बढ़ा सकते हैं। जीवनसाथी के साथ पुरानी यादों को ताज़ा करने का मौका मिलेगा।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): मकर राशि के जातक आज आपके राशिफल की बात करें तो आज लाल रंग पहनना आपके लिए शुभ है। गाय को रोटी खिलाने से आपको फायदा होगा तो इसके अलावा आज प्यार का इजहार करने में कभी भी पीछे ना रहे। समाज में आपकी मान सम्मान में वृद्धि होने वाली है तो आय के मामले में आज वृद्धि के संकेत दिखाई दे रहे हैं। यदि आप चाहते हैं कि रिश्ता मजबूत रहे, तो अपने साथी की खूबियों की सराहना करें। विवाहित जातकों के लिए दिन अनुकूल है और बाहर घूमने-फिरने की योजना संभव है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कुंभ राशि के जातक तांबे के लोटे में पानी भरकर रखें इससे आपको फायदा होगा। इसके साथ ही नीला रंग पहनने से सभी बिगड़े हुए काम बनेंगे। स्वास्थ्य के मामले में आज दिन काफी एनर्जेटिक रहने वाला है तो शेयर मार्केट में निवेश करने से भी आपको फायदे मिलेंगे। बेवजह बहस करने से बचें क्योंकि इससे मनमुटाव आ सकता है। दांपत्य जीवन में कुछ असहमति या छोटी बहस की स्थिति बन सकती है, इसलिए संयम रखें। प्रेम संबंधों में दिन अच्छा रहेगा और दिल की बातें साझा करने से रिश्ता और गहरा होगा।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज हरा रंग मीन राशि के जातक के लिए शुभ है।गरीब को खाना खिलाने से आपको फायदा होगा। बिजनेस में नुकसान के योग दिखाई दे रहे हैं तो ऐसे में कहीं भी इन्वेस्ट करने से पहले 100 बार सोचें। माता-पिता का सानिध्य मिलने वाला है तो प्यार के मामले में आज नजर से बचें क्योंकि आपके रिश्ते में दरार आ सकती है। दोस्तों के साथ रिश्ता मजबूत होगा। सिंगल जातक अपना समय परिवार व दोस्तों के साथ खुशी से बिताएंगे। प्रेम संबंधों में साथी के साथ छोटी यात्रा या डेट का मौका मिल सकता है और खर्च भी हो सकता है। विवाहित लोगों के लिए दिन संतुलित और सामान्य रहेगा।


कृपया ध्यान दें👉

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


बुधवार, 10 दिसंबर 2025

अनुमण्डल पदाधिकारी ने अवैध खनन व अवैध परिवहन के विरुद्ध की कार्रवाई, तीन वाहन जब्त

गिरिडीह (Giridih)। खोरीमहुआ अनुमण्डल पदाधिकारी अनिमेष रंजन के नेतृत्व में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से बीती रात धनवार प्रखण्ड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध बोल्डर, पत्थर लदे, बिना वाहन चालान एवं ओवरलोडिंग की स्थिति में संचालित हो रहे तीन वाहनों को जब्त किया गया।


जब्त किए गए वाहनों वाहन संख्या JH11P-5820, वाहन संख्या JH11AT-6983 एवं वाहन संख्या JH11P-6860 शामिल हैं। इन तीनों वाहनों को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर घोड़थम्बा ओ.पी. में रखा गया है। साथ ही खनन एवं परिवहन अधिनियमों के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।


अनुमण्डल पदाधिकारी अनिमेष रंजन ने बताया कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन से सरकारी राजस्व को क्षति पहुँचती है तथा ओवरलोडिंग से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे अवैध कार्य किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्रशासन नियमित रूप से छापामारी अभियान चलाएगा और बिना चालान अथवा ओवरलोडिंग वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों एवं गिरोहों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में और भी व्यापक अभियान संचालित किए जाएंगे।


संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

पुलिस ने सास ससुर को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ


गिरिडीह (Giridih)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदरडीह में मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता का शव उसके घर मे ही फंदे से झूलती मिली। मृतका की पहचान बगोदरडीह निवासी मो सहजाद की 24 वर्षीय पत्नी नगमा खातून के रूप में हुई है।


नगमा की मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उसके मायके वालों ने नगमा के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगा जमकर हो हल्ला मचाया। मायके वालों का आरोप है कि नगमा की गला दबा कर पहले हत्या की गई है फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिये उसे फांसी के फंदे से लटकाया गया है।


मृतका की मां ने बताया कि नगमा की शादी वर्ष 2020 में बगोदरडीह निवासी सहजाद से हुई थी। सहजाद मुम्बई में जेसीबी चालक के रूप में कार्यरत है। नगमा अपने ससुराल में अपने सास सास और एक ढेड़ साल के बेटे के साथ रहती थी। बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे हमेशा प्रताड़ित करते थे। मृतका की मां के अनुसार न केवल नगमा को उसके सास ससुर मारते पीटते थे, जबकि उसका पति भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। यहां तो नगमा के फोन से हम सबों के नम्बर को ब्लाक कर दिया था। ताकि हमारी बेटी हमसबों से बात चीत नहीं कर सके।


घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस घटना स्थल पहुंची और मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। वहीं पुलिस ने सास ससुर को हिरासत में लेकर पूछ ताछ शुरू की है।


प्रेम प्रसंग में युवक पर जानलेवा हमला, मारपीट कर कुएं में फेंका, युवक गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)। प्रेम-प्रसंग मामले में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। प्रेमिका के परिजनों ने न केवल युवक के साथ मारपीट किया बल्कि उसे गम्भीर रूप जख्मी हालत में कुएं में फेंक दिया। इस ठंड के मौसम में युवक रात भर कुएं में कराहता रहा। सुबह जब मामले की सूचना परिजनों को हुई तो उन्होंने युवक को कुएं से निकाल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसे उपचार हेतु आईसीयू में भर्ती किया है। घटना गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र की है। गम्भीर रूप से घायल युवक बंगारी गांव निवासी विनोद कुमार है।


विनोद की मां ने बताया कि बिनोद सोमवार की देर शाम को ही घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सुबह जब कुछ ग्रामीणों ने बताया कि देर रात कुछ लोगों ने एक युवक को पीटकर कुएं में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे तो कुएं के अंदर विनोद कराहता हुआ मिला। किसी तरह उसे बाहर निकाला और तुरंत इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल लाया। जहां युवक की हालात गम्भीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस मामले को लेकर उनके बेटे विनोद के साथ लड़की के परिजनों ने मारपीट की थी।


इस बाबत पूछे जाने पर बेंगाबाद थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और न ही उन्हें इसकी आधिकारिक जानकारी प्राप्त हुई है। बहरहाल पुलिस इस सूचना के आधार पर अपने स्तर से मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।


जिला स्तरीय रबी कार्यशाला में शामिल हुए उपायुक्त, दिया किसानों को कई आवश्यक टिप्स

आधुनिक तकनीक अपनाकर अधिक से अधिक पैदावर लें किसान : उपायुक्त


गिरिडीह (Giridih)। अनुमंडल कृषि प्रक्षेत्र, पचंबा में जिला स्तरीय रबी कार्यशाला 2025 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में उपायुक्त रामनिवास यादव शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त समेत कृषि संबद्ध विभाग के पदाधिकारी एवं प्रगतिशील कृषकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।


कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखण्ड स्तरीय प्रसार कर्मियों एवं प्रगतिशील किसानों से कार्यशाला में दी जा रही जानकारी को आत्मसात करने और किसानों को जागृत होकर इसका लाभ लेने की अपील की। कहा कि पुराने समय में सिंचाई व्यवस्था और आधुनिक तकनीकी अपनाकर कैसे आगे बढ़ सकते और अच्छी पैदावार ले सकते हैं। इसी उद्देश्य से यह कार्यशाला आहूत है। उपायुक्त ने इस दौरान मत्स्य विभाग द्वारा संचालित वेद व्यास योजना एवं सहकारिता विभाग द्वारा बिरसा फसल बीमा योजना के बारे में बताया और किसानों से केसीसी का लाभ लेने एवं निर्धारित समय पर जमा करने की बातें कही। ताकि उन्हें और अधिक राशि मिल सकेगी, अन्यथा व्याज अधिक भरना पड़ता है।



कार्यशाला के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने कृषि विभाग अंतर्गत चल रही योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शतप्रतिशत अनुदान पर बिरसा फसल विस्तार योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत चना, मसूर, नेशनल मिशन ऑन इडियल ऑयल-ऑयल सीड के तहत् सरसों बीज का वितरण ऑन लाईन ओटीपी के माध्यम से ब्लॉक चेन टेक्नोलोजी एवं कृषि मेपर ऐप के माध्यम से किया जा रहा है। इस वर्ष गिरिडीह जिला में भी रबी 2025 से सभी प्रखण्डों में डिजिटल कॉप सर्वे का कार्य भी किया जाना है। जिसके लिए जिला स्तर एवं प्रखण्ड स्तर का दल के साथ साथ सुपरवाईजर एवं सर्वेयर का गठन किया गया है। इसके लिए दो सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं दो प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी को प्रशिक्षित किया गया है। किसान समृद्धि योजना के तहत् जिला में 410 इकाई लक्ष्य के अनुसार लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए योग्य इच्छुक किसानों से ऑनलाईन आवेदन कराने की बातें कही।


जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 से गिरिडीह जिला में 58 केन्द्रों पर धान अधिप्राप्ति किया जायेगा जिसके लिये 2450/- प्रति क्वींटल निर्धारित है। किसान धान बेचने हेतु अपना निबंधन कराएँ। इसके साथ साथ इनके द्वारा बाताया गया कि रबी मौसम में फसलों का बीमा कराया जा रहा है। मात्र एक रुपये टोकन मनी के साथ किसान प्रकृतिक आपदा से फसल नुकसान का लाभहेतु अपना फसल का बीमा अवश्य कराएँ।


जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, सहायक मिट्टी रसायनज्ञ, कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी द्वारा विभागीय संचालित योजनाओं को विस्तार पूर्वक बताया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र के विशेषज्ञ द्वारा रबी मौसम में फसलों में लगने वाले कीट/व्याधि से नुकसान एवं नियंत्रण की जानकारी विस्तार पूर्वक दी गई। कार्यक्रम का मंच संचालन कृषि विभाग कर प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक रमेश कुमार ने किया। कार्यकम में सभी प्रखण्ड के प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, जनसेवक, किसान मित्र, प्रगतिशील किसान, विभागीय कर्मचारी सहित 150 प्रतिभागी भाग लिये।


गिरिडीह में हुआ बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी का भव्य उद्घाटन

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह में बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी का उद्घाटन बुधवार को कोलडीहा स्थित किरण पब्लिक स्कूल में किया गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विसपुते उपस्थित थे।


इस उद्घाटन कार्यक्रम में स्कूल के चेयरमैन अशोक कुमार सिंह , बलविंदर सिंह सलूजा, पुरुषोत्तम मिश्रा, प्राचार्य राघव भोक्ता, स्कूल के डायरेक्टर राजीव रंजन सिंह, झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी गुलाम रब्बानी, वार्ड पार्षद नुरूल होदा मौजूद थे। जिन्होंने मैदान में फुटबॉल खेलकर फुटबॉल अकादमी का विधिवत शुभारंभ किया।


मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों व बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। खेल कूद एक ओर हमें अनुशासन में रहना सिखाता है तो दूसरी ओर हमें तंदुरुस्त भी रखता है। अतः हमें नियमित रूप से खेलना चाहिए। उन्होंने किरण पब्लिक स्कूल में बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी का स्थापित किये जाने की सराहना करते हुए कहा कि हमारी कामना है कि यहां के बच्चे राष्ट्र स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन करे।


वहीं झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी गुलाम रब्बानी ने कहा कि इस फुटबॉल अकादमी में जो बच्चे तैयार होंगे वह राज्य स्तर ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर खेलेंगे और स्कूल और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने झारखण्ड फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से इस बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी को हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।


स्कूल के चेयरमैन अशोक कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति बच्चों की अच्छी शिक्षा के साथ- साथ सहगामी क्रियाओं की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तत्पर है। ताकि यहां अध्ययनरत बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। विद्यालय इसके लिये दृढ़संकल्पित है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मो जियाउद्दीन, प्रीति कुमारी, जेपी पंडित, पंचानंद कुमार, आकाश जालान समेत अन्य शिक्षक - शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ ने किया वेंडर्स के बीच कम्बल वितरण

गिरिडीह (Giridih)। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के मौके पर गिरिडीह फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ द्वारा बढ़ते ठंड और शीतलहर को देखते हुए दूर-दराज से आए वेंडर्स के बीच कंबल वितरण किया गया।


फुटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ के अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा टार्जन एवं कांग्रेस नेता पंकज कुमार सागर के नेतृत्व में गांधी चौक पर सब्जी आदि बेचने वाले वेंडर को कंबल दिया गया। मौके पर संघ के अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने कहा मानवता ही सबसे बड़ी धर्म है। आज विश्व मानवाधिकार दिवस के मौके पर मानव सबसे बड़ा धर्म और मानवता के नाते यह काम किया गया।


संघ के सचिव अफगान उर्फ बबलू ने कहा की फूटपाथ दुकानदार विक्रेता संघ एक सामाजिक संस्था है। संस्था गरीबों और असहाय लोगों को जागरुक करने के साथ साथ फुटपाथी दुकानदारों और वंडर्स की आवाज को बुलंद करती है।


इस अवसर पर संघ के मोहम्मद इकबाल एतराम, सितारा, शक्ति कुमार साहा, मोहम्मद झुमरी, पोगा, पवन कुमार भोला साव, राहुल कुमार, रंजीत खटीक, हसन रजा, सुनील वर्मा, मोहम्मद समीर, मोहम्मद चिंटू, चौहान कुमार, शौकत अजीज आदि मौजूद थे।


उपायुक्त ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, बच्चों से ली पढ़ाई, और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी

गिरिडीह (Giridih)। उपायुक्त रामनिवास यादव बुधवार को जिले कर धनवार एवं बिरनी प्रखण्ड के विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां बच्चों से उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी की जानकारी ली वहीं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।


उपायुक्त श्री यादव ने धनवार प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जटहा और बिरनी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दलांगी का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ने विद्यालय की व्यवस्था, शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया। साथ ही विद्यालय में शिक्षा का स्तर कैसा है, और बच्चे क्या सीख रहे हैं समेत विभिन्न बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की।


उपायुक्त ने शैक्षणिक गतिविधियां, पेयजल, शौचालय, आधारभूत संरचना, किचेन शेड, बच्चों को मिल रही भोजन की गुणवत्ता आदि व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कक्षाओं का निरीक्षण किया और छात्रों से उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारियों और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में रखे उपस्थिति पंजी, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षकों की संख्या, सामग्री पंजी व अन्य अभिलेखों की भी जांच की।


मौके पर उपायुक्त ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास, मानसिक, बौद्धिक व नैतिक सुनिश्चित करना शिक्षकों, अभिभावकों और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा ही वह आधार है जिस पर राज्य और देश का भविष्य टिका है।