गिरिडीह। गिरिडीह में विधानसभा चुनाव के मतदान की तिथि की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। ज्यों ज्यों मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है। सभी प्रत्याशियों के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ उनके आकाओं द्वारा चुनाव प्रचार का कार्य तेज कर दिया गया है। नित्य बड़े बड़े नेताओं की सभा गिरिडीह जिले के विभिन्न इलाकों में हो रही है।
इस बीच अलग अलग प्रत्याशियों के समर्थक व कार्यकताओं के बीच जुबानी जंग भी छिड़ गई है। लेकिन यह जुबानी जंग अब घातक रूप लेता जा रहा है। जुबानी जंग अब हिंसा का रूप भी लेने लगा है।
इसी कड़ी में गुरुवार की रात गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के मुफ्फसिल क्षेत्र के दो कार्यकर्त्ताओं सुधीर यादव और महेश यादव पर कतिपय लोगों द्वारा ताबड़तोड़ चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चाकू की वार से लहलुहान दोनों कार्यकर्ताओं को अन्य लोगों ने आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया और उनका इलाज कराया। इनमें एक कार्यकर्ता के पेट मे तो दूसरे के पीठ पर चाकू से वार किया गया है। हालांकि चिकित्सकों ने दोनों को खतरे से बाहर बताया है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही जेएलकेएम प्रत्याशी नवीन आनंद चौरसिया सदर अस्पताल पहुंचे और दोनों कार्यकर्ताओं का हाल समाचार लिया। मौके पर उन्होंने इस मामले से गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार को अवगत कराया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चौरसिया ने इस घटना को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के लोग उनके कार्यकर्त्ताओं के ऊपर हमला कर रहे हैं। विभिन्न मुहल्ले में लगाये गए उनके पार्टी के झंडे को उखाड़े जा रहे है, वहीं कई कार्यकर्त्ताओं को
धमकी तक दी जा रही है। उन्होंने इस प्रकार के कृत्य को लोकतंत्र के लिए सही नहीं बताया है।